मंडला में पैसे के लेन-देन को लेकर खूनी संघर्ष

मंडला में पैसे के लेन-देन को लेकर खूनी संघर्ष

80 हजार के विवाद में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला

  • जबलपुर रेफर
  • डबल मनी का साया
  • राजीव कॉलोनी में सरेआम चाकूबाजी, पुलिस जांच में जुटी

मंडला महावीर न्यूज 29.  शहर की राजीव कॉलोनी में बुधवार रात पैसे के लेन-देन के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मोंटफोर्ट स्कूल के पास रात करीब 8 बजे 36 वर्षीय इम्तियाज खान पर कुछ युवकों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल इम्तियाज को प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है, जहां फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

बातचीत के दौरान हुआ हमला

पीड़ित इम्तियाज खान के अनुसार, उन्हें अपने ही मोहल्ले के निवासी सलमान से लगभग 80 हजार रुपए लेने थे। बुधवार रात वह इसी सिलसिले में सलमान के परिजनों से बात कर रहे थे। तभी सलमान, आरिफ और शिब्बू समेत कुछ अन्य लोग वहां आ धमके। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर भीड़ के बीच आरिफ ने इम्तियाज की पीठ पर चाकू से वार कर दिया। जब दूसरा वार किया गया, तो बचाव के दौरान इम्तियाज के हाथ के अंगूठे में भी गहरी चोट आई।

‘डबल मनी’ कारोबार से जुड़े होने का आरोप

इम्तियाज ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि मुख्य हमलावर आरिफ से भी उन्हें करीब एक लाख रुपए लेने हैं। आरिफ उनके साले का दोस्त है, जिसके चलते उन्होंने उसे यह रकम दी थी। पीड़ित ने आरिफ पर शहर में चल रहे ‘डबल मनी’ (पैसे दोगुने करने वाले अवैध) कारोबार से जुड़े होने का गंभीर आरोप लगाया है।

पीठ पर आया 6 सेंटीमीटर गहरा घाव

जिला अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर डॉ. प्रवीण उइके ने बताया कि घायल को रात करीब 8:30 बजे अस्पताल लाया गया था। शुरुआती जांच में उनकी पीठ पर 5 से 6 सेंटीमीटर गहरा घाव पाया गया, जिस पर टांके लगाए गए हैं। उनके अंगूठे में भी चोट है। पीठ के घाव की गंभीरता को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज, जबलपुर रेफर कर दिया गया।

पुलिस जांच में जुटेगी

इस वारदात ने मंडला शहर में एक बार फिर ‘डबल मनी’ के अवैध लेन-देन से जुड़ी चर्चाओं को हवा दे दी है। हालांकि, चाकूबाजी की असली वजह, डबल मनी का कनेक्शन और इसमें शामिल सभी आरोपियों की सटीक भूमिका पुलिस जांच के बाद ही पूरी तरह से साफ हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।


Leave a Comment