बीजाडांडी में बेलगाम हुए अपराधी
लूट और चोरी के मामलों में पुलिस के हाथ खाली
- टीआई को हटाने की मांग ने पकड़ा जोर
- सीसीटीवी में कैद होने के बाद भी नहीं पकड़ा गया चोर
- उधर 48 घंटे बाद भी नहीं मिले लूट के सुराग
- भाजपा नेता बोले सीएम तक जाए बात
मंडला महावीर न्यूज 29. बीजाडांडी थाना क्षेत्र में इन दिनों अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस प्रशासन पंगु नजर आ रहा है। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी, लूट और अवैध शराब की बिक्री से आम जनता और जनप्रतिनिधियों में भारी आक्रोश है। पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं और लगातार हो रही नाकामी के कारण अब थाना प्रभारी को हटाने की मांग तेज हो गई है।
जानकारी अनुसार करीब डेढ़ माह पहले बीजाडांडी ब्लॉक मुख्यालय स्थित साहू ट्रेडर्स और ग्राम मौैयानाला निवासी शिव कुमार के घर अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। हैरान करने वाली बात यह है कि साहू ट्रेडर्स में हुई चोरी की घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। फुटेज में चोर मोबाइल पर बातचीत करते हुए स्पष्ट नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि सीसीटीवी में चोर के मोबाइल का आईपी एड्रेस भी सामने आया है, बावजूद इसके आज दिनांक तक बीजाडांडी पुलिस चोरों को पकडऩे में नाकाम रही है।
दिनदहाड़े कर्मचारी से लूट, आरोपी नदारद
चोरी के मामलों का खुलासा तो दूर, क्षेत्र में अब लूट की घटनाएं भी होने लगी हैं। बीते 24 सितंबर की दोपहर ग्राम उदयपुर जमुनिया रोड पर बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी को टक्कर मारी और लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। इस घटना को भी 48 घंटे से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस के हाथ अभी भी खाली हैं और लुटेरों का कोई अता-पता नहीं है।
धरना प्रदर्शन की चेतावनी
लगातार बढ़ रहे अपराधों और पुलिस की निष्क्रियता को देखते हुए क्षेत्रीय जनता के साथ पक्ष-विपक्ष के जनप्रतिनिधियों ने भी थाना प्रभारी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द थाना प्रभारी को नहीं हटाया गया, तो वे उग्र धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
इनका कहना है
मेरी दुकान में चोरी हुए करीब डेढ़ माह का समय बीतने को है, लेकिन आज तक बीजाडांडी पुलिस चोरों को नहीं पकड़ पाई है। फुटेज होने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं।
ऋषभ साहू, अधिवक्ता एवं संचालक, साहू ट्रेडर्स
यह पुलिस और वरिष्ठ नेताओं की नाकामी है। स्थानीय नेता पुलिस प्रशासन के लिए बहुत कुछ कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। अब इस मामले को भोपाल स्तर पर मुख्यमंत्री जी के पास ले जाना चाहिए। अगर थाना प्रभारी को हटा दिया जाता है, तो पुलिस प्रशासन अपने आप सही हो जाएगा।
डुमारी लाल कुम्हारे, भाजपा मंडल अध्यक्ष, बीजाडांडी









