मंडला में चक्रवाती तूफान अकवान के असर से बदला मौसम
3.4 मिमी बारिश दर्ज, कटाई के लिए तैयार फसलों को लेकर किसान चिंतित
- बादलों और रिमझिम बारिश से तीन दिन में 8 डिग्री चढ़ा न्यूनतम तापमान
- आगामी तीन दिनों तक हल्की बारिश का अनुमान
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदल गया है। शुक्रवार सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं और रात में रिमझिम बारिश हुई। शनिवार सुबह भी बादलों और कोहरे के चलते धूप नहीं निकल सकी। मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटे में जिले में लगभग 3.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने आगामी तीन दिनों तक मौसम में यह बदलाव बने रहने का अनुमान जताया है। इस अवधि में आसमान में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी या बौछारें पडऩे की संभावना है। विभाग के अनुसार इसके बाद मौसम साफ होने के आसार हैं।
खरीफ फसलों को लेकर बढ़ी किसानों की चिंता
मौसम के इस बदलाव ने जिले के किसानों की चिंता बढ़ा दी है। वर्तमान में खरीफ सीजन की फसलें पककर तैयार हैं, दलहन व तिलहन की कटाई शुरू हो चुकी है और धान की फसल भी कटाई के लिए तैयार खड़ी है। ऐसे में बारिश से खेतों में खड़ी और कटकर रखी फसलों को नुकसान पहुंचने तथा उपज की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका से किसान चिंतित हैं। हालांकि, भारी बारिश की कोई चेतावनी नहीं होने से फिलहाल बड़े नुकसान की आशंका कम जताई गई है।
तीन दिन में करीब 8 डिग्री बढ़ा न्यूनतम तापमान
बादलों की सक्रियता का असर तापमान पर भी साफ तौर पर दिखा है। पिछले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब 8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 19 नवंबर को न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस था, जो 20 नवंबर को बढ़कर 13.5 डिग्री और 21 नवंबर को 18.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। तापमान में इजाफे से सुबह-रात की ठंड में कमी आई है और दिन में हल्की उमस महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों तक तापमान में हल्की बढ़ोतरी रह सकती है, जिसके बाद आसमान साफ होने पर न्यूनतम तापमान गिरेगा और ठंड का असर फिर से बढऩे लगेगा।









