42 गांवों को मिलेगा सिंचाई का पानी, बनेगी 100 मेगावाट बिजली

Advertisements

42 गांवों को मिलेगा सिंचाई का पानी, बनेगी 100 मेगावाट बिजली

बसानिया बहुउद्देश्यीय परियोजना से समृद्ध होंगा मंडला, डिंडौरी

  • नर्मदा पर बनेगा 84 मीटर ऊंचा बांध, रोजगार व इको-टूरिज्म को लगेंगे पंख
  • 25 नवंबर को प्रभारी मंत्री की मौजूदगी में होगी विशेष बैठक

मंडला महावीर न्यूज 29. नर्मदा नदी की जल क्षमता का बेहतर उपयोग कर प्रदेश के विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से प्रस्तावित बसानिया बहुउद्देश्यीय परियोजना मंडला और डिंडौरी जिले के लिए मील का पत्थर साबित होगी। नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण द्वारा बरगी बांध से लगभग 120 किलोमीटर ऊपर प्रस्तावित इस परियोजना से दोनों जिलों के 42 गांवों की कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही पेयजल आपूर्ति, 100 मेगावाट जलविद्युत उत्पादन, स्थानीय रोजगार और पर्यटन के माध्यम से क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है। यह परियोजना बरगी बांध के जल भंडारण और सिंचाई क्षेत्र को भी मजबूती प्रदान करेगी।

जानकारी अनुसार कृषि प्रधान मंडला और डिंडौरी जिलों में वर्षा पर निर्भरता और सिंचाई के सीमित साधनों के कारण किसानों को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। इस परियोजना के तहत दोनों जिलों के 42 गांवों की लगभग 8780 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई का लाभ मिलेगा। खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए आधुनिक दबावयुक्त पाइप प्रणाली प्रस्तावित है, जिससे पानी की बर्बादी रुकेगी और किसानों को फसलों की आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त जल उपलब्ध हो सकेगा।

100 मेगावाट होगा बिजली उत्पादन 

परियोजना के तहत 100 मेगावाट जलविद्युत उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 25-25 मेगावाट क्षमता की चार इकाइयां स्थापित की जाएंगी, जो प्रदेश की ऊर्जा क्षमता को बढ़ाने में अहम योगदान देंगी। तकनीकी स्वरूप के अनुसार यह बांध लगभग 1190 मीटर लंबा और अधिकतम 84 मीटर ऊंचा होगा। इसकी सकल जल भंडारण क्षमता 1786 मिलियन घन मीटर निर्धारित की गई है।

प्रभावित परिवारों के लिए आदर्श पुनर्वास व्यवस्था 

परियोजना में प्रभावित परिवारों के सम्मानजनक पुनर्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। प्रभावितों के लिए सर्वसुविधायुक्त आदर्श पुनर्वास बस्तियां विकसित की जा रही हैं, जहां शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और स्वच्छ पेयजल जैसी सभी बुनियादी सुविधाएं होंगी। प्रशासन द्वारा पूर्णत: पारदर्शी प्रक्रिया और विशेष पैकेज के माध्यम से उचित मुआवजा व समय पर पुनर्वास सुनिश्चित किया जा रहा है, इसके साथ ही स्थानीय नागरिकों से निरंतर संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।

रोजगार, मत्स्य पालन और इको-टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा 

बांध के निर्माण से स्थानीय श्रमिकों और युवाओं को सीधे रोजगार मिल रहा है। जलाशय बनने के बाद मत्स्य पालन स्थानीय अर्थव्यवस्था का प्रमुख आधार बनेगा, जिसमें महिला स्व-सहायता समूहों को प्राथमिकता देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जाएगा। इसके अलावा बसनिया जलाशय और आसपास के वन क्षेत्र को प्रमुख इको-टूरिज्म केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे गाइड, परिवहन, खानपान और आतिथ्य क्षेत्र में स्थायी रोजगार के द्वार खुलेंगे। पर्यावरण संतुलन के लिए परियोजना क्षेत्र में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण भी किया जा रहा है।

इनका कहना है

बसानिया बहुउद्देश्यीय परियोजना को लेकर जो भी विसंगतियां आ रही हैं, उन्हें दूर किया जा रहा है। इस परियोजना से मंडला-डिंडौरी के विकास को रफ्तार मिलेगी, सिंचाई के साथ बिजली का उत्पादन होगा और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे। आगामी 25 नवंबर को प्रभारी मंत्री की उपस्थिति में बैठक आयोजित की जा रही है, जिसमें इस परियोजना पर विशेष फोकस किया जाएगा।
फग्गन सिंह कुलस्ते, सांसद, लोकसभा क्षेत्र मंडला


Leave a Comment