चक्रवाती तूफान अकवन का असर, मंडला, डिंडौरी और बालाघाट समेत 9 जिलों में बारिश व वज्रपात का अलर्ट
मंडला में बदला मौसम का मिजाज, दिनभर छाए रहे बादल
- नहीं हुए सूर्यदेव के दर्शन, तापमान में गिरावट, दिन में भी महसूस हुई ठिठुरन
- ठंडक बढऩे से लोगों को निकालने पड़े गर्म कपड़े
- 13.5 डिग्री रहा न्यूनतम तापमान, शाम को हुई रिमझिम बारिश
मंडला महावीर न्यूज 29. इन दिनों मौसम के दो अलग-अलग मिजाज देखने को मिल रहे हैं। एक ओर जहां पश्चिमी और मध्य मध्यप्रदेश के कई जिले शीतलहर की चपेट में हैं, वहीं दूसरी ओर बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान अकवन के असर से पूर्वी मध्य प्रदेश के कई जिलों में बारिश और गरज-चमक की संभावना बन गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा शुक्रवार को जारी दैनिक मौसम बुलेटिन में बताया कि यह तूफान ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटों को पार कर अब कमजोर पड़ रहा है, लेकिन इसके प्रभाव से जिले के मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। इस बदले मिजाज के कारण शुक्रवार शाम को रिमझिम बारिश हुई।
जानकारी अनुसार मंडला सहित 9 जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं के चलने की चेतावनी दी गई है। जिसके चलते मौसम के मिजाज में अचानक आए बदलाव ने शुक्रवार को मंडला जिले में ठंडक बढ़ा दी। शुक्रवार को सुबह से ही आसमान में घने बादलों का डेरा रहा, जिसके चलते दिनभर सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। बादलों की आवाजाही और मौसम की नमी को देखकर पूरे दिन ऐसा प्रतीत होता रहा कि मानो अब बारिश हो जाएगी। हालांकि दिनभर बूंदाबांदी नहीं हुई, लेकिन धूप न निकलने के कारण दिनभर वातावरण में हल्की ठंडक और सिहरन बनी रही। वहीं शाम सात बजे के बाद मौसम ने फिर करवट ली और काफी देर तक रिमझिम बारिश का दौर चलता रहा।
बताया गया कि शुक्रवार को जिले का न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा। धूप न खिलने के कारण दोपहर के समय भी मौसम में ठंडापन बना रहा। अब तक केवल सुबह और रात में महसूस होने वाली ठंड का असर दिन में भी दिखाई दिया। बदली और ठंडी हवा के चलते लोगों को अलमारियों से स्वेटर, जैकेट और शॉल जैसे गर्म कपड़े बाहर निकालने पड़े। दोपहिया वाहन चालकों, स्कूली बच्चों और सुबह काम पर निकलने वाले लोगों ने सबसे अधिक ठंडक महसूस की।
बाजार और जनजीवन पर दिखा असर
मौसम में आए इस बदलाव का असर शहर के बाजारों और सामान्य जनजीवन पर भी नजर आया। शाम ढलते ही ठंडक और बढ़ गई, जिसके चलते चाय की दुकानों और गर्म व्यंजनों के ठेलों पर लोगों की भीड़ देखी गई। वहीं गर्म कपड़ों के बाजार में भी अब ग्राहकों की चहल-पहल बढऩे लगी है। दूसरी ओर आसमान में छाए बादलों और बारिश की आशंका ने ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों की चिंता भी थोड़ी बढ़ा दी है। मौसम के इस उतार-चढ़ाव के बीच लोग सर्दी-जुकाम से बचाव के लिए भी सतर्कता बरत रहे हैं। मौसम के जानकारों के अनुसार यदि आगामी दिनों में बादल छंटते हैं, तो रात के तापमान में और अधिक गिरावट आ सकती है।
गरज, चमक के साथ तेज हवाएं चलने की चेतावनी
मौसम विभाग ने बताया कि 21 नवंबर की सुबह 8.30 बजे तक के लिए पूर्वी मध्य प्रदेश के 9 जिलों में विशेष चेतावनी जारी की है। इसके तहत मंडला, डिंडौरी, बालाघाट, अनूपपुर, शहडोल, सिंगरौली, सीधी, रीवा और मऊगंज जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ वर्षा या बौछारें पडऩे की संभावना है। इन जिलों में वज्रपात के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं भी चल सकती
नागरिकों और किसानों के लिए विशेष सलाह
बताया गया कि शीतलहर से बचाव के लिए सिर, गर्दन, हाथ व पैरों को गर्म कपड़ों से ढककर रखें और अति आवश्यक होने पर ही बाहर निकलें। रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए विटामिन-सी युक्त मौसमी फल, हरी सब्जियां और गर्म पेय पदार्थों का सेवन करें। इसके साथ ही किसानों को सलाह दी है कि खाली हो चुके खेतों में किसान लहसुन, अगेती मटर, आलू, प्याज, तोरिया और सरसों की बुवाई की तैयारी करें। अलसी, चना, मटर व सरसों की बुवाई से पहले बीजों को कैप्टान या थायरम 2 ग्राम प्रति किग्रा बीज और राइजोबियम कल्चर से उपचारित करें। इसके साथ ही खरीफ फसलों की पराली न जलाने और उसे मिट्टी में मिलाकर उर्वरता बढ़ाने की सलाह दी गई है।











