पराली जलाने की 34 घटनाएं दर्ज, 19 हार्वेस्टर पर प्रकरण व 4 मामलों में प्राथमिकी दर्ज

Advertisements

25 मामलों में पंचनामा तैयार, नैनपुर क्षेत्र के चार गांवों में हुई कार्रवाई

  • पराली जलाने की 34 घटनाएं दर्ज, 19 हार्वेस्टर पर प्रकरण व 4 मामलों में प्राथमिकी दर्ज
  • मंडला में नरवाई जलाने वालों पर प्रशासन की सख्ती, अधिकारियों ने खेतों में बुझाई आग

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में नरवाई और पराली जलाने की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है। विगत दिवस नैनपुर विकासखंड के ग्राम समनापुर, गोकुलथाना, सांगवा और अलीपुर में पराली जलाने वाले किसानों के खेतों का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया गया और संबंधित कृषकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के लिए थाना प्रभारी नैनपुर को प्रकरण प्रस्तुत किए गए।बताया गया कि कलेक्टर के निर्देशानुसार और अनुविभागीय कृषि अधिकारी नैनपुर और उप संचालक कृषि के मार्गदर्शन में कृषि, राजस्व एवं कृषि अभियांत्रिकी विभाग के संयुक्त दल ने मौके पर पहुंचकर खेतों में लगी आग को हरे पत्तों की मदद से बुझाया। इस दौरान मौजूद किसानों को नरवाई जलाने से होने वाले पर्यावरणीय और भूमि की उर्वरता संबंधी दुष्परिणामों के बारे में अवगत कराया गया और पराली प्रबंधन के वैकल्पिक उपायों की जानकारी देते हुए समझाइश दी गई। कार्रवाई के समय एसडीओ अरविन्द कुमार वर्मा, सहायक कृषि यंत्री शोभित थांवरे, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी पीएस वरकड़े, नायब तहसीलदार रामप्रकाश वरकड़े समेत कृषि व राजस्व विभाग के अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।

जिले में 34 घटनाएं दर्ज, हार्वेस्टर पर भी कार्रवाई 

प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार जिले में अब तक नरवाई जलाने की कुल 34 घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इनमें से 25 मामलों में पंचनामा तैयार किया गया है, जबकि 19 हार्वेस्टर के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किए गए हैं और 4 मामलों में प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की गई है। जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे फसल अवशेषों को खेतों में न जलाएं और पर्यावरण व मिट्टी की सेहत बचाने के लिए पराली प्रबंधन के निर्धारित तरीकों को अपनाएं।


Leave a Comment