जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में दिव्यांशी धनानी ने मारी बाजी

जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में दिव्यांशी धनानी ने मारी बाजी, हासिल किया प्रथम स्थान

  • मेरे सपनों का भारत विषय पर रखे ओजस्वी विचार
  • कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने किया सम्मानित

मंडला महावीर न्यूज 29. सेवा संकल्प अभियान के तहत उत्कृष्ट विद्यालय, मंडला में आयोजित जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में निर्मला सीनियर सेकेंडरी स्कूल की मेधावी छात्रा कु. दिव्यांशी धनानी ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस बड़ी उपलब्धि से उन्होंने अपने विद्यालय और परिवार का नाम रोशन किया है।

कक्षा 12वीं की छात्रा दिव्यांशी ने इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में मेरे सपनों का भारत विषय पर अपने ओजस्वी और अत्यंत प्रभावी विचार प्रस्तुत किए। उनकी शानदार प्रस्तुति, बेबाक शैली और आत्मविश्वास ने निर्णायक मंडल सहित वहां उपस्थित सभी श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिसके चलते उन्हें प्रथम पुरस्कार का विजेता घोषित किया गया।

कैबिनेट मंत्री और अतिथियों ने किया सम्मानित 

प्रतियोगिता के बाद आयोजित सम्मान समारोह में मध्यप्रदेश शासन की कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उइके, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. संजय कुशराम और जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मुन्नी वरकड़े द्वारा दिव्यांशी को मंच पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। अतिथियों ने छात्रा की प्रतिभा की सराहना करते हुए उसका उत्साहवर्धन किया।

परिवार और शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल 

बताया गया कि दिव्यांशी धनानी शहर के नर्मदा जी वार्ड निवासी भगवानदास धनानी और श्रीमती संगीता धनानी की सुपुत्री हैं। बिटिया की इस शानदार सफलता पर पूरे परिवार में हर्ष का माहौल है। सामाजिक जनों, स्कूल प्रबंधन, इष्टमित्रों और शुभचिंतकों ने दिव्यांशी को इस उपलब्धि पर ढेरों बधाइयां देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


Leave a Comment