श्रीराम वार्ड में घर के बाहर से बाइक चोरी
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई शातिर चोरों की करतूत
- कबाड़ी को औने-पौने दाम में बाइक बेचने की फिराक में थे आरोपी
- फुटेज के आधार पर तलाश में जुटी कोतवाली पुलिस
मंडला महावीर न्यूज 29. शहर के श्रीराम वार्ड में वाहन चोरी का एक मामला सामने आया है। यहां 25 सितंबर की मध्यरात्रि बदमाशों ने एक घर के बाहर खड़ी बाइक को अपना निशाना बनाया। चोरी की यह पूरी वारदात घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसका वीडियो अब सामने आ गया है।
जानकारी अनुसार घटना 25 सितंबर की रात करीब 1.53 बजे की है। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि दो अज्ञात युवक पहले बाइक के आसपास घूमते हैं और सड़क की तरफ रैकी करते हैं। कुछ देर माहौल भांपने के बाद एक युवक बाइक के पास पहुंचता है और शातिर तरीके से लॉक खोलकर उसे बाहर निकाल लेता है। इसके बाद दूसरा युवक भी उस पर बैठ जाता है और दोनों आराम से मौके से फरार हो जाते हैं।
कोतवाली में शिकायत, खुद भी सुराग जुटा रहे मालिक
बाइक मालिक विकास राहुल श्रीवास ने इस घटना की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को साक्ष्य के तौर पर सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध करा दिया है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
खैरी के कबाड़ी ने खरीदने से किया इनकार
इस मामले में पुलिस के साथ बाइक मालिक ने भी अपने स्तर पर चोरों की तलाश शुरू की। विकास ने जब शहर के कबाड़ और पुराने वाहन खरीदने वालों को सीसीटीवी फुटेज दिखाया, तो एक अहम जानकारी हाथ लगी। पता चला कि दोनों युवक खैरी क्षेत्र के एक कबाड़ कारोबारी के पास वह चोरी की बाइक बेचने पहुंचे थे, लेकिन कारोबारी ने उसे खरीदने से साफ इनकार कर दिया। वाहन मालिक ने बताया कि कबाड़ी के मना करने के बाद आरोपी अब भी बाइक लेकर शहर में ही घूम रहे हैं और उसे किसी अन्य को बेचने की कोशिश कर रहे हैं। फिलहाल कोतवाली पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों के पकड़े जाने की उम्मीद है।









