मवई के शासकीय औद्योगिक महाविद्यालय में अव्यवस्थाओं का आलम
शिक्षकों की अनियमित उपस्थिति व मूलभूत सुविधाओं के अभाव से पढ़ाई प्रभावित
- प्रभारी प्राचार्य की मौजूदगी और बिल-वाउचर की प्रमाणिकता पर उठे सवाल
- क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से की औचक निरीक्षण व निष्पक्ष जांच की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के वनांचल क्षेत्र मवई में संचालित शासकीय औद्योगिक महाविद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। विकासखंड के ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों के विद्यार्थियों के लिए उच्च एवं तकनीकी शिक्षा का यह एक प्रमुख केंद्र है, लेकिन यहां व्याप्त कथित अव्यवस्थाओं के कारण विद्यार्थियों का शैक्षणिक भविष्य प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय स्तर पर मिल रही शिकायतों के अनुसार, महाविद्यालय में पदस्थ कुछ शिक्षक नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहते, जिसका सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। इसके साथ ही प्रभारी प्राचार्य की नियमित मौजूदगी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि संस्थान में उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित नहीं हो पा रही है, जिससे यह प्रश्न खड़ा हो गया है कि महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की निगरानी आखिर कौन कर रहा है।
पेयजल, बिजली, पंखे और बैठक व्यवस्था बदहाल
महाविद्यालय में विद्यार्थियों के लिए बुनियादी सुविधाओं का भी भारी अभाव बताया जा रहा है। पर्याप्त एवं व्यवस्थित बैठक व्यवस्था, शुद्ध पेयजल, बिजली, पंखे और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी से विद्यार्थी खासे परेशान हैं। गर्मी और उमस के मौसम में पंखे व स्वच्छ पेयजल जैसी अनिवार्य सुविधाएं न मिलने से विद्यार्थियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। नियमित कक्षाओं और सुविधाओं के अभाव का सीधा असर विद्यार्थियों की उपस्थिति पर भी पड़ रहा है।
खर्चों और बिल-वाउचर की पारदर्शिता संदेह के घेरे में
व्यवस्थाओं के साथ-साथ महाविद्यालय में होने वाले खर्चों को लेकर भी शिकायतें सामने आ रही हैं। स्थानीय स्तर पर आरोप लगाए जा रहे हैं कि संस्थान को प्राप्त राशि का उपयोग पारदर्शी ढंग से नहीं किया जा रहा है और विभिन्न मदों में किए गए व्यय तथा उनके बिल-वाउचर की प्रमाणिकता संदिग्ध है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है, लेकिन यदि शिकायतों में सच्चाई है तो यह गंभीर वित्तीय अनियमितता का मामला हो सकता है।
अधिकारियों की निगरानी पर सवाल, औचक निरीक्षण की मांग
लगातार सामने आ रही शिकायतों के बावजूद संबंधित विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा नियमित समीक्षा न किए जाने पर भी सवाल उठ रहे हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि वनांचल के दूरस्थ गांवों से विद्यार्थी बेहतर भविष्य की उम्मीद लेकर यहां आते हैं, ऐसे में बुनियादी सुविधाओं और नियमित शिक्षण का अभाव उनके साथ अन्याय है। क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और उच्च शिक्षा विभाग से महाविद्यालय का औचक निरीक्षण कराने, शिक्षकों व प्रभारी प्राचार्य की उपस्थिति की जांच करने और प्राप्त राशि व बिल-वाउचर का भौतिक एवं दस्तावेजी सत्यापन कराने की मांग की है। साथ ही परिसर में स्वच्छ पेयजल, बिजली, पंखे और उचित बैठक व्यवस्था तत्काल बहाल करने की गुहार लगाई है।










