बम्हनी बंजर में मढ़ई के दौरान विवाद के बाद 21 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत
- लिमरूआ गांव की मढ़ई में मारपीट व शराब सेवन के बाद युवक की मौत
- पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच, पीएम रिपोर्ट से खुलेगा राज
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के बम्हनी-बंजर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लिमरूआ में मढ़ई के दौरान हुए विवाद के बाद एक 21 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक युवक की पहचान ओंमकार के रूप में हुई है।
जानकारी अनुसार ग्राम लिमरूआ में आयोजित मढ़ई के दौरान युवक ने अत्यधिक मात्रा में शराब का सेवन किया था। इसी दौरान मढ़ई में विवाद और मारपीट की घटना भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद युवक नशे की हालत में अपने घर पहुंचा और सो गया, लेकिन सुबह होने के बाद वह नहीं उठा।
पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम, जांच जारी
युवक के नहीं उठने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने तुरंत इसकी सूचना बम्हनी-बंजर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया और शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया।
पीएम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह
फिलहाल युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। मढ़ई के दौरान हुए विवाद में अंदरूनी चोट आने, अत्यधिक शराब सेवन या किसी अन्य वजह से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।









