निवास में आउटसोर्स कर्मचारी संघ की बैठक आयोजित
9 ब्लॉकों के कर्मचारी हुए एकजुट, नियमितीकरण व वेतन वृद्धि पर बनी रणनीति
- जिला अध्यक्ष अशोक यादव की मौजूदगी में मंथन
- प्रदेश अध्यक्ष के माध्यम से मुख्यमंत्री को सौंपा जाएगा मांगों का ज्ञापन
मंडला महावीर न्यूज 29. मध्यप्रदेश आउटसोर्स कर्मचारी संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक निवास में संपन्न हुई। जिला अध्यक्ष अशोक यादव की उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में मंडला जिले के सभी 9 ब्लॉकों से बड़ी संख्या में आउटसोर्स कर्मचारी एकत्रित हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांगों, विशेषकर नियमितीकरण और वेतन वृद्धि को लेकर ठोस रणनीति तैयार करना रहा।
नियमितीकरण और वेतन वृद्धि पर हुआ गहन मंथन
बैठक के दौरान जिले के विभिन्न ब्लॉकों से आए कर्मचारियों ने अपनी समस्याएं और विचार साझा किए। वक्ताओं ने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारी विभिन्न विभागों में पूरी निष्ठा के साथ अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उन्हें न तो सम्मानजनक वेतन मिल पा रहा है और न ही भविष्य की कोई सुरक्षा है। बढ़ती महंगाई के बीच अल्प वेतन में परिवार का भरण-पोषण करना कठिन होता जा रहा है। सभी कर्मचारियों ने एक स्वर में शासन से नियमितीकरण और वेतन वृद्धि की मांग को प्रमुखता से उठाया।
प्रदेश अध्यक्ष के माध्यम से मुख्यमंत्री को सौंपेंगे ज्ञापन
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि निवास में हुए इस मंथन और कर्मचारियों की मांगों को लेकर अब संघ के प्रदेश अध्यक्ष के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस ज्ञापन के जरिए प्रदेश सरकार से आउटसोर्स कर्मचारियों के हित में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की गुहार लगाई जाएगी।
नौ ब्लाकों के पदाधिकारी, कर्मचारी रहे मौजूद
जिला अध्यक्ष अशोक यादव ने सभी 9 ब्लॉकों के कर्मचारियों से संगठन को मजबूत करने और एकजुट रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के अधिकारों और मांगों की पूर्ति के लिए संघ पूरी मजबूती के साथ अपनी आवाज शासन तक पहुंचाएगा। बैठक में सभी नौ ब्लॉकों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।









