सफेद दूधिया धाराओं और प्राकृतिक सौंदर्य को निहारने उमड़ा जनसैलाब

Advertisements

मां नर्मदा की सफेद दूधिया धाराओं और प्राकृतिक सौंदर्य को निहारने उमड़ा जनसैलाब

सहस्त्रधारा में दो दिवसीय मेले का भव्य आगाज

  • काली चट्टानों के बीच सजी दुकानें और झूलों की रही धूम
  • परिवार संग पिकनिक का उठाया लुत्फ
  • 80 से 100 रुपये किलो बिकीं मेले की मिठाइयां

मंडला महावीर न्यूज 29. जिला मुख्यालय से लगभग तीन किलोमीटर दूर स्थित काली चट्टानों के बीच कल-कल बहती मां नर्मदा के पावन एवं विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सहस्त्रधारा में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी दो दिवसीय पारंपरिक मेले (मड़ई) का शुभारंभ हो गया है। मेले के पहले ही दिन शहर और आसपास के ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, पर्यटक और आम नागरिक यहां पहुंचे। सहस्त्रधारा की यह विशेष पहचान है कि यहां नर्मदा तट के दोनों ओर मेला भरता है, जिसके लिए मंडला और महाराजपुर दोनों ही ओर से सुगम मार्ग उपलब्ध हैं। नर्मदा की विशाल काली चट्टानों की श्रृंखला और उनके बीच से होकर बहती सफेद दूधिया जलधारा का अद्भुत दृश्य मेले में आए लोगों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र बना रहा।

बदले मौसम और बादलों के बीच लोगों ने उठाया मेले का आनंद 

इस वर्ष सहस्त्रधारा मेले के प्रारंभ होने से पहले ही क्षेत्र के मौसम का मिजाज बदल गया था। पिछले दो दिनों से आसमान में हल्के बादल छाए हुए हैं, जिससे मौसम बेहद खुशनुमा बना रहा। मेले के पहले दिन आसमान में छाए बादलों की छांव और काली चट्टानों के बीच बैठकर लोगों ने मां नर्मदा की दूधिया धाराओं को निहारते हुए मेले का भरपूर आनंद उठाया। सर्दी के इस मौसम में चट्टानों पर बैठकर प्राकृतिक सौंदर्य के बीच समय बिताने का अनुभव ही अलग होता है, यही कारण है कि जिले भर से लोग पर्यटन और मनोरंजन के लिए यहां बड़ी संख्या में एकत्रित हुए।

पिकनिक स्पॉट में तब्दील हुआ मेला स्थल, नवविवाहित जोड़े भी पहुंचे 

सहस्त्रधारा क्षेत्र एक प्रमुख पिकनिक स्पॉट के रूप में भी पूरे प्रदेश में मशहूर है। मेले के अवसर पर सुबह से ही लोग अपने पूरे परिवार के साथ यहां पहुंचने लगे थे। कई परिवारों ने नदी किनारे काली चट्टानों के बीच बैठकर भोजन पकाया और सामूहिक रूप से उसका आनंद लिया, जबकि अनेक परिवार घर से ही पकवान बनाकर लाए थे और प्रकृति की गोद में बैठकर सबके साथ भोजन किया। मेले में बड़े-बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के साथ-साथ युवक-युवतियों की भारी भीड़ रही। इसके अलावा, बड़ी संख्या में नवविवाहित जोड़े भी इस रमणीय स्थल पर घूमने और मेले का आनंद लेने पहुंचे थे।

सजी विभिन्न दुकानें, 80 से 100 रुपये किलो बिकीं मिठाइयां 

मेले में सभी वर्गों की जरूरतों और पसंद को ध्यान में रखते हुए खाने-पीने, मनोरंजन और दैनिक उपयोग की सामग्रियों की सैकड़ों दुकानें सजाई गई थीं। इस दौरान मिठाइयों की दुकानों पर भारी भीड़ देखी गई। जहां दीपावली के समय बाजार में मिठाइयों के दाम 300 से 1,000 रुपये प्रति किलोग्राम तक थे, वहीं मेले में देशी और शक्कर वाली मिठाइयां 80 से 100 रुपये प्रति किलोग्राम की किफायती दर पर बिकीं। बच्चों ने शक्कर से बनी पारंपरिक मिठाइयों की जमकर खरीदारी कराई। इसके अतिरिक्त मेले में खिलौनों, सिंघाड़े, कांदा, महिलाओं के श्रृंगार की सामग्री, चाट और फुल्की के ठेलों सहित घरेलू जरूरत के सामानों की दुकानों पर देर शाम तक ग्राहकों की भारी चहल-पहल बनी रही।

छोटे-बड़े झूलों ने बढ़ाई मड़ई की रौनक 

किसी भी पारंपरिक मड़ई या मेले की रौनक झूलों के बिना अधूरी मानी जाती है। सहस्त्रधारा मेले में भी बच्चों और युवाओं के मनोरंजन के लिए छोटे-बड़े कई झूले और अन्य साधन लगाए गए थे। कल-कल बहती नर्मदा के किनारे दूर-दराज से आए बच्चों, युवक-युवतियों ने इन झूलों का जमकर आनंद उठाया और मेले की यादगार शाम का लुत्फ लिया।

पौराणिक मान्यता, सहस्त्रबाहु के घमंड को तोड़ हजार धाराओं में बही थीं नर्मदा 

सहस्त्रधारा का धार्मिक और पौराणिक महत्व भी इसे प्रदेश और देश के अन्य हिस्सों के पर्यटकों के लिए खास बनाता है। प्रचलित मान्यता के अनुसार, प्राचीन काल में राजा सहस्त्रबाहु मां नर्मदा के अलौकिक सौंदर्य पर मोहित हो गए थे और उन्होंने विवाह का प्रस्ताव रखा था। मां नर्मदा द्वारा इस प्रस्ताव को अस्वीकार किए जाने पर सहस्त्रबाहु ने अपने अहंकार में आकर अपनी हजार भुजाओं से नर्मदा का प्रवाह रोकने का प्रयास किया। लेकिन मां नर्मदा रुकी नहीं और उनकी भुजाओं के बीच व अगल-बगल से होकर हजारों धाराओं में विभक्त होकर आगे बढ़ गईं। इसी कारण इस पावन स्थल का नाम सहस्त्रधारा पड़ा। आज भी यहां नर्मदा की जलधारा काली चट्टानों के बीच अनेक छोटे-छोटे जलप्रपात बनाती हुई बहती है, जिसका मनमोहक दृश्य देखने पर्यटक खिंचे चले आते हैं।


फोटो- मोहित पटेल


Leave a Comment

You May Like This