बीजाडांडी के हंसिका पेट्रोल पंप पर बारिश ने खोली व्यवस्थाओं की पोल

बीजाडांडी के हंसिका पेट्रोल पंप पर बारिश ने खोली व्यवस्थाओं की पोल

चैंबर से पानी उफनने के कारण ईंधन वितरण ठप

  • मशीन के पास बने ड्रेनेज से लगातार बह रहा पानी
  • घंटों परेशान हुए वाहन चालक
  • पेट्रोल-डीजल के लिए 10 किलोमीटर दूर जाने की मजबूरी

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बीजाडांडी में स्थित हंसिका पेट्रोल पंप की अव्यवस्थाओं ने एक बार फिर वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जिले भर में पिछले दो-तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण चारों तरफ जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई है। इसी बारिश ने हंसिका पेट्रोल पंप पर जल निकासी के लिए बनाई गई व्यवस्थाओं की पोल खोल कर रख दी है। पंप परिसर में डिस्पेंसर मशीन के पास बना ड्रेनेज चैंबर ओवर फ्लो हो गया है, जिसके कारण रविवार को पेट्रोल-डीजल का वितरण पूरी तरह से रोक देना पड़ा।जानकारी अनुसार पेंट्रोल पंप मेंईधन लेने गए वाहन चालकों ने पंप की अव्यवस्था का वीडियो बना लिया। वीडियों में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि ईंधन भरने वाली मशीन डिस्पेंसर के ठीक नीचे जमीन पर लगे चौकोर ढक्कन वाले चैंबर से लगातार पानी उफन कर बाहर बह रहा है। पानी के जमाव और बहाव के कारण पेट्रोल देना बंद कर दिया गया और वहां फर्श पर लगने वाले इंटरलॉकिंग पेवर ब्लॉक अपनी जगह छोड़ दिए है, जिससे वाहन चालकों गिरने का खतरा भी बना हुआ है। बताया गया कि सुरक्षा और तकनीकी कारणों से मशीन के पेट्रोल वाले हिस्से नोजल पर काले रंग से क्रॉस का निशान लगा दिया गया है, जो इस बात का प्रमाण है कि मशीन से ईंधन का वितरण बंद है। बताया गया कि रात्रि में भारी वाहन भी ईधन लेने पहुंच रहे है, लेकिन पंप बंद होने से उन्हें निराशा हाथ लग रही है।

घंटों इंतजार के बाद बैरंग लौटे वाहन चालक

रविवार शाम के समय चेम्बर से ओवरफ्लो होते पानी और जलभराव के कारण स्थिति और खराब हो गई। हाईवे से गुजरने वाले और स्थानीय वाहन चालक पेट्रोल-डीजल भरवाने के लिए पंप पर पहुंचे और घंटों तक लाइन में लगकर इंतजार करते रहे। लेकिन चैंबर से लगातार निकल रहे पानी के कारण पंप प्रबंधन ने ईंधन देना पूरी तरह से बंद कर दिया। आखिरकार परेशान होकर वाहन चालकों को बिना ईंधन के ही वहां से लौटना पड़ा।

10 किलोमीटर दूर जाने की मजबूरी

इस अव्यवस्था का सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है। बताया गया है कि बीजाडांडी क्षेत्र में पेट्रोल-डीजल भरवाने के लिए केवल दो ही पंप हैं। इनमें से एक यह हंसिका पेट्रोल पंप है, जबकि दूसरा पंप अभी तक विधिवत शुरू नहीं हो पाया है। हंसिका पंप पर सेवाएं ठप होने के कारण अब इस पूरे इलाके के वाहन चालकों को पेट्रोल-डीजल भरवाने के लिए मजबूरी में करीब 10 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करके दूसरे स्थानों पर जाना पड़ रहा है।

मैनेजर ने दी सफाई, पहले भी अव्यवस्थाओं पर हुई कार्रवाई

इस समस्या के संबंध में जब हंसिका पेट्रोल पंप के मैनेजर से बात की गई, तो उन्होंने इसका ठीकरा पेट्रोलियम कंपनी पर फोड़ दिया। मैनेजर का कहना है कि पानी निकासी के लिए यह चैंबर पेट्रोलियम कंपनी द्वारा ही बनवाया गया था। उन्होंने बताया कि इस तकनीकी खामी और ओवरफ्लो की जानकारी कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है और जल्द ही इस व्यवस्था को दुरुस्त कर लिया जाएगा। बताया गया कि हंसिका पेट्रोल पंप पर अव्यवस्थाओं का यह कोई पहला मामला नहीं है। सूत्रों ने बताया कि इससे पहले भी इस पेट्रोल पंप पर अव्यवस्थाओं को लेकर कार्रवाई की जा चुकी है। फिलहाल पंप पर पानी का रिसाव जारी है और ईंधन वितरण पूरी तरह से बंद होने के कारण हाईवे के मुसाफिर और स्थानीय नागरिक भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं।


Leave a Comment