उफान पर नर्मदा और घाट पर रील देखने में मशगूल था युवक
एसडीईआरएफ कमांडेंट की तत्परता से टला बड़ा हादसा
- मंडला के महिष्मति घाट पर दिखी भारी लापरवाही
- तेज बहाव के बीच जान जोखिम में डालकर मोबाइल चला रहा था युवक, वीडियो आया सामने
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में भारी बारिश के चलते जीवनदायिनी नर्मदा नदी इन दिनों उफान पर है। शनिवार को नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बह रहा था। ऐसे में घाटों पर जाना जानलेवा हो सकता है, लेकिन इसके बावजूद लोगों की लापरवाही थमने का नाम नहीं ले रही है। इसी लापरवाही का एक जीता-जागता उदाहरण महिष्मति घाट पर देखने को मिला, जहां एक युवक उफनती नदी के तेज बहाव के बीच बैठकर मोबाइल पर रील देखने में व्यस्त था। रविवार को इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है।
मोबाइल में इतना मग्न कि भूल गया मौत का खौफ
जानकारी अनुसार शनिवार को जब नर्मदा नदी रौद्र रूप में थी, तब महिष्मति घाट पर यह युवक अपनी जान की परवाह किए बिना पानी के एकदम करीब बैठा था। वह मोबाइल पर रील देखने में इतना मशगूल था कि उसे नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर, तेज बहाव और आसपास मंडराते खतरे का बिल्कुल भी भान नहीं था। एक छोटी सी चूक उसे सीधे मौत के मुंह में ले जा सकती थी।
कमांडेंट ने पुल से देखा, दौड़कर घाट पर पहुंचे
इसी दौरान नर्मदा तट पर सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद स्टेट डिजास्टर इमरजेंसी रिस्पांस फोर्स के कमांडेंट हेमराज परस्ते की नजर बड़े पुल से इस लापरवाह युवक पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए वे बिना समय गंवाए तुरंत बड़े पुल से नीचे घाट पर पहुंचे और युवक को उस खतरनाक जगह से दूर हटाया।

प्रशासन की अपील, घाटों से दूर रहें
कमांडेंट हेमराज परस्ते ने युवक को उसकी इस भारी लापरवाही के लिए फटकार लगाई और उफनती नदी व तेज बहाव के बीच घाट पर बैठने के जानलेवा खतरों के बारे में सख्ती से समझाया। बताया गया कि जिला और पुलिस प्रशासन लगातार लोगों से यह अपील कर रहा है कि वे बाढ़ के समय नदी और घाटों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें, क्योंकि ऐसी जरा सी लापरवाही किसी भी समय बड़े हादसे की वजह बन सकती है।









