सिंधी प्रीमियर लीग-रोमांचक फाइनल में वननेस टीम ने मारी बाजी

सिंधी प्रीमियर लीग

रोमांचक फाइनल में वननेस टीम ने मारी बाजी

  • सुभाष वार्ड स्ट्राइकर्स को 9 रन से हराकर बनी चैंपियन
  • महाराजपुर में एसपीएल का समापन
  • चिराग रहदवानी बने मैन ऑफ द सीरीज
  • विजेता टीम को मिला 21 हजार का पुरस्कार

मंडला महावीर न्यूज 29. श्री झूलेलाल क्रिकेट काउंसिल द्वारा पौड़ी महाराजपुर खेल परिसर में आयोजित सिंधी प्रीमियर लीग का समापन बेहद रोमांचक मुकाबले के साथ हुआ। सिंधी समाज के युवाओं द्वारा आयोजित इस रात्रि कालीन क्रिकेट प्रतियोगिता के खिताबी मुकाबले में वननेस टीम ने विजय पताका फहराते हुए चैंपियनशिप अपने नाम कर ली।फाइनल के रोमांचक मुकाबले में फाइनल मैच वननेस टीम और सुभाष वार्ड स्ट्राइकर्स के बीच खेला गया। सुभाष वार्ड स्ट्राइकर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। निर्धारित 10 ओवरों में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट के नुकसान पर 63 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम 10 ओवरों में 6 विकेट खोकर केवल 54 रन ही बना सकी। परिणामस्वरूप वननेस टीम ने यह मुकाबला 9 रन से जीत लिया। फाइनल मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आलोक फागवानी को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

पुरस्कारों की बौछार 

विजेता वननेस टीम को चमचमाती ट्रॉफी के साथ 21 हजार रुपये की नकद राशि प्रदान की गई। वहीं उपविजेता सुभाष वार्ड स्ट्राइकर्स को उपविजेता कप और 11 हजार रुपये से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही मैन ऑफ द सीरीज चिराग रहदवानी, बेस्ट बैट्समैन दक्ष जेठमलानी, बेस्ट बॉलर मोन्टी गिदवानी, बेस्ट फील्डर तुषार सामतानी रहे।

सामाजिक एकता की मिसाल 

मैच की शुरुआत भगवान झूलेलाल की आरती और राष्ट्रगान के साथ हुई। इस टूर्नामेंट में कुल 12 टीमों ने हिस्सा लिया, जिसमें नन्हे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। छोटे खिलाडिय़ों के उत्साहवर्धन के लिए मां नर्मदा सिंधु सेवा समिति द्वारा उन्हें स्मृति चिन्ह दिए गए। कार्यक्रम में पूज्य सिंधी पंचायत अध्यक्ष पारस असरानी एवं आयोजक मनोज फागवानी ने युवाओं को खेल भावना की सीख दी। इस अवसर पर सिंधु नवयुवक मंडल के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में समाज की महिलाएं, पुरुष और बच्चे उपस्थित रहे। आयोजन समिति के सदस्यों और सहयोगियों को भी उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।



 

Leave a Comment