रोजगार के नाम पर ले गए आंध्र प्रदेश, अब युवक लापता

काम दिलाने के बहाने युवक को ले गए बाहर

बहन ने जताई हत्या की आशंका, सांसद से की शिकायत

  • रोजगार के नाम पर ले गए आंध्र प्रदेश, अब युवक लापता
  • मजदूरी हड़पने और हत्या के संदेह में परिजनों ने लगाई न्याय की गुहार

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के निवास तहसील अंतर्गत ग्राम मुरलापानी की एक महिला ने अपने भाई के लापता होने और उसकी हत्या की आशंका जताते हुए मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते से लिखित शिकायत की है। महिला ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र के ही कुछ युवक उसके भाई को काम दिलाने के बहाने अपने साथ ले गए थे, जिसके बाद से उसका कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिल रहा है।

आवेदिका श्रीमति मिथिलेश मरावी निवासी ग्राम मुरलापानी ने बताया कि विगत 28 मई को रामनाथ निवासी ग्राम पड़रिया और हेमराज निवासी ग्राम मुरलापानी उसके भाई जुगराज के घर आए थे। उन्होंने जुगराज को बाहर कंपनी में काम करने का झांसा दिया और मोटरसाइकिल पर बैठाकर जबलपुर ले गए। जाने से पहले जुगराज ने 50 किलो उड़द बेचकर पैसे भी अपने पास रख लिए थे। जबलपुर पहुंचने पर रामनाथ और हेमराज के साथ मंतराम ग्राम उमरडीह और प्रीतम ग्राम घुघरी भी मिल गए। परिजनों को बताया गया कि वे सभी आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में एक एल्युमिनियम कंपनी में काम करने जा रहे हैं।

दे रहे गोलमोल जवाब 

शिकायत में बताया गया कि हेमराज महज दो दिन बाद ही धान की बोनी करने का बहाना बनाकर वापस गांव आ गया, जबकि उसने विजयवाड़ा जाने की बात कही थी। इसके बाद 2 अगस्त की रात और 3 अगस्त की सुबह जुगराज ने मंतराम के मोबाइल नंबर से अपनी बहन मिथिलेश को कॉल किया और मजदूरी के पैसे भेजने के लिए खाता नंबर मांगा। जब आवेदिका मिथिलेश ने 3 अगस्त की शाम को काम से लौटकर मंतराम के नंबर पर वापस कॉल किया, तो मंतराम ने धोखा से कॉल लगने की बात कहकर फोन काट दिया और जुगराज से बात नहीं कराई। उसी रात जब दोबारा फोन लगाया गया तो मंतराम का मोबाइल बंद आने लगा। इसके पांच दिन बाद हेमराज और मंतराम ने परिजनों को बताया कि जुगराज कंपनी से भाग गया है।

मजदूरी हड़पने और हत्या का संदेह 

बताया गया कि परिजनों को जानकारी मिली है कि जुगराज की मजदूरी का पैसा रामनाथ ने अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करा लिया है। इस पूरे घटनाक्रम और आरोपियों के भ्रामक जवाबों को देखते हुए बहन मिथिलेश ने गहरी चिंता व्यक्त की है। आवेदिका ने सांसद से गुहार लगाते हुए आशंका जताई है कि मजदूरी के पैसे न देने पड़े, इसलिए इन चारों रामनाथ, हेमराज, मंतराम और प्रीतम ने मिलकर उसके भाई की हत्या कर दी है। पीडि़त परिवार ने मंडला सांसद से इस गंभीर मामले में हस्तक्षेप कर उचित और कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है, जिससे लापता युवक का सच सामने आ सके।


Leave a Comment