मिनीट्रक की अज्ञात वाहन से टक्कर, ड्राइवर की मौके पर मौत

मंडला में NH-30 पर भीषण सड़क हादसा

मिनीट्रक की अज्ञात वाहन से टक्कर, ड्राइवर की मौके पर दर्दनाक मौत

  • रफ्तार का कहर
  • जबलपुर से बिस्किट लेकर मंडला आ रहे मिनीट्रक के उड़े परखच्चे
  • केबिन में फंसा मालिक का शव

मंडला महावीर न्यूज 29.  नेशनल हाईवे-30 पर मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत बबेहा पुल के पास तड़के करीब 5 बजे एक मिनीट्रक की किसी अज्ञात वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण दुर्घटना में मिनीट्रक के चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका सहायक गंभीर रूप से घायल हो गया है।

जबलपुर से मंडला आ रहा था वाहन

जानकारी अनुसार मिनीट्रक जबलपुर से पतंजलि के बिस्किट और अन्य सामान लोड करके मंडला की ओर आ रहा था। बबेहा पुल के पास हुई यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मिनीट्रक के सामने का हिस्सा (केबिन) पूरी तरह पिचक कर क्षतिग्रस्त हो गया।

वाहन मालिक ही चला रहा था मिनीट्रक

मृतक चालक की शिनाख्त जबलपुर निवासी 40 वर्षीय विजय पटेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विजय पटेल ही इस वाहन के मालिक थे और वे खुद इसे चला रहे थे। वहीं, इस दुर्घटना में घायल हुए 45 वर्षीय सहायक रमेश पटेल को इलाज के लिए तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

रेस्क्यू और पुलिस की कार्रवाई

हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, डायल-112 और हाईवे हेल्पलाइन-1033 की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गईं। क्षतिग्रस्त केबिन में फंसे ड्राइवर के शव को निकालने के लिए रेस्क्यू टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने मृतक के परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना दे दी है। फिलहाल, पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है।


Leave a Comment