नारायणगंज-बलाई पुल के पास जानलेवा बना स्पीड ब्रेकर
लगातार हादसों का शिकार हो रहे राहगीर
- बिना संकेतक वाले ब्रेकर से दुर्घटनाओं का बढ़ा ग्राफ
- स्थानीय लोगों ने की रिफ्लेक्टर और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर नारायणगंज और बलाई पुल के समीप बना स्पीड ब्रेकर इन दिनों वाहन चालकों के लिए बड़ी परेशानी और हादसों का सबब बन गया है। बिना किसी पूर्व चेतावनी और संकेतक के बने इन ब्रेकर के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें अचानक ब्रेक लगाने से कई दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो चुके हैं।
बताया गया कि हादसों का मुख्य कारण ब्रेकर पर सफेद पेंट और रिफ्लेक्टर का न होना है। इसके अलावा सड़क पर ब्रेकर आने से पहले कोई चेतावनी बोर्ड भी नहीं लगाया गया है। इस लापरवाही के कारण तेज गति में आ रहे वाहन चालकों को अचानक से ब्रेकर दिखाई देता है, जिससे वाहन अनियंत्रित हो जाते हैं। रात के समय और कम रोशनी में यह समस्या और भी खतरनाक रूप ले लेती है।
लगातार हो रही इन दुर्घटनाओं को लेकर स्थानीय निवासियों और राहगीरों में भारी रोष है। लोगों का कहना है कि सुरक्षा के मद्देनजर ब्रेकर बनाना उचित है, लेकिन सुरक्षा मानकों की अनदेखी करना सीधे तौर पर लोगों की जान जोखिम में डालना है। स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि किसी बड़ी जनहानि के होने से पहले तत्काल इस ब्रेकर पर सफेद पेंट कराया जाए और उचित दूरी पर रिफ्लेक्टर एवं चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, जिससे ब्रेकर के कारण होने वाले सड़क हादसों पर अंकुश लग सके।








