मंडला पुलिस का महा-जागरूकता अभियान
- खेल के मैदान से लेकर पंचायतों तक गूंजा सुरक्षा और नशा मुक्ति का संदेश
- हेलमेट की अनिवार्यता और साइबर ठगी से बचने के लिए ग्रामीणों व छात्रों को किया जागरूक
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस अधीक्षक मंडला के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में जन-जागरूकता का विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत यातायात नियमों, हेलमेट के अनिवार्य उपयोग, नशा मुक्ति, साइबर अपराध और महिला सुरक्षा जैसे गंभीर विषयों पर ग्रामीणों व युवाओं को विस्तार से जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान थाना बिछिया पुलिस ने ग्राम लपती में चल रही क्रिकेट प्रतियोगिता के बीच पहुँचकर खिलाडिय़ों को खेल के साथ जीवन की सुरक्षा का संदेश दिया। उपनिरीक्षक प्रवीण मालवीय ने खिलाडिय़ों को नशे से दूर रहने और दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने की शपथ दिलाई। वहीं थाना कोतवाली द्वारा कटरा स्थित शासकीय सीनियर आदिवासी बालक छात्रावास में छात्र-छात्राओं को सुरक्षित यातायात व्यवहार के प्रति जागरूक किया गया।
पंचायतों और सार्वजनिक मंचों पर जागरूकता कार्यक्रम
पिंडरई चौकी के महावीर चौक रंगमंच पर आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों को वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर फ्रॉड और महिला अपराधों से बचने के तरीके बताए गए। नैनपुर थाना के ग्राम पंचायत निवारी में लोकल फॉर वोकल और नशा विरोधी अभियान के तहत कार्यशाला आयोजित कर ग्रामीणों को सामाजिक सहभागिता हेतु प्रेरित किया गया। चाबी चौकी और मोहगांव के ग्राम चाबी और खैरी मॉल में पुलिस ने ग्रामीणों को यातायात नियमों और नशा मुक्ति के संबंध में विस्तृत जानकारी देकर उन्हें जागरूक नागरिक बनने की अपील की। बताया गया कि मंडला पुलिस का यह अभियान जिले के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुँचकर आम जनता के बीच सुरक्षा और सतर्कता का वातावरण निर्मित करने में सफल रहा है।









