मंडला में हत्या के आरोपी बेटे के कारण परिवार का सामाजिक बहिष्कार
मां ने पुलिस और जनसुनवाई में लगाई न्याय की गुहार
- बेटे के अपराध की सजा भुगत रही मां
- गांव वालों ने किया अलग-थलग
- एसपी ऑफिस में सुरक्षा की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के बम्हनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुगदरा में एक मां को अपने बेटे के अपराध की ऐसी सजा भुगतनी पड़ रही है, जिसने पूरे परिवार को गांव में अलग-थलग कर दिया है। आरोप है कि हत्या के आरोपी बेटे के चलते ग्रामीणों ने उसकी मां और पूरे परिवार का सामाजिक बहिष्कार कर दिया है, जिससे उनका गांव में रहना मुश्किल हो गया है। पीड़ित परिवार ने अब पुलिस और जनसुनवाई में पहुंचकर सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित मां, संध्या यादव (निवासी मुगदरा) ने बताया कि उनके घर के सामने रहने वाले रविंद्र यादव के भाई की कुछ महीने पहले हत्या हो गई थी। इस मामले में उनके बेटे को भी आरोपी बनाया गया है और वह वर्तमान में जेल में है। महिला का आरोप है कि पीड़ित पक्ष यह कहकर उन्हें प्रताड़ित कर रहा है कि “तुमने और तुम्हारे बेटे ने मिलकर हत्या की है।” इस कारण पिछले दो महीने से परिवार को लगातार परेशान किया जा रहा है।
गांव वालों ने किया सामाजिक बहिष्कार
महिला ने एसपी ऑफिस में दिए गए आवेदन में बताया कि गांव वालों को उनके खिलाफ भड़काया गया है और गांव में पंचायत बैठाकर उनके परिवार का सामाजिक बहिष्कार कर दिया गया है। गांव के लोग उनसे बातचीत नहीं करते, खेती-बाड़ी के काम में रुकावट डालते हैं और दुकानदारी या अन्य किसी भी कार्य के लिए उन्हें मना कर दिया गया है। यहां तक कि रक्षाबंधन (30 अगस्त) के दिन जब उनके घर परिवार के लोग आए थे, तो उन्हें मारने की कोशिश की गई।
पुलिस ने दिया मदद का भरोसा
इस पूरे मामले में मंडला के एडिशनल एसपी ने बताया कि महिला की शिकायत मिली है। उन्होंने कहा, “महिला के बेटे ने अपने एक पड़ोसी रिश्तेदार की कुछ महीने पहले हत्या कर दी थी। महिला का कहना है कि इसी कारण से गांव वाले उनसे दूरी बना रहे हैं और बहिष्कार जैसी स्थिति पैदा हो गई है।”
एडिशनल एसपी ने आगे बताया कि बम्हनी थाना प्रभारी को इस मामले में निर्देशित कर दिया गया है। थाना प्रभारी, अन्य विभागों और सरपंच के साथ मिलकर गांव में शांति का माहौल स्थापित करने के लिए काम कर रहे हैं। पहले भी इस तरह की शिकायत पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई थी, और अब आगे की कार्रवाई के लिए भी आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं, ताकि गांव में सामान्य और शांतिपूर्ण माहौल बना रहे।








