NH-30 पर रफ्तार का कहर
अज्ञात वाहन ने श्रमिक को कुचला, मौके पर दर्दनाक मौत
- मंगली गांव के पास मिला शव
- हिट एंड रन
- मंडला के मोतीनाला क्षेत्र में सड़क हादसे में हर्रा टोला के 39 वर्षीय मजदूर की जान गई
- जांच में जुटी पुलिस
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के नेशनल हाईवे-30 पर रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मोतीनाला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मंगली गांव के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक श्रमिक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मंगलवार सुबह सड़क किनारे शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सड़क किनारे पड़ा मिला शव, मजदूरी करता था युवक
जानकारी अनुसार मृतक की शिनाख्त हर्रा टोला निवासी 39 वर्षीय मेहरू सिंह (पिता दसरू सिंह) के रूप में हुई है। बताया गया है कि मेहरू सिंह पेशे से मजदूर थे। प्रारंभिक जांच में यह अंदेशा जताया जा रहा है कि सोमवार रात या मंगलवार तड़के किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मेहरू सिंह ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मंगलवार की सुबह जब मंगली गांव के ग्रामीण वहां से गुजरे, तो उन्होंने हाईवे किनारे शव पड़ा देखा और तत्काल ‘डायल-112’ पर इसकी सूचना पुलिस को दी।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
घटना की सूचना मिलते ही मोतीनाला थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिछिया स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। इस अचानक हुई दुर्घटना से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।
फरार अज्ञात वाहन की सरगर्मी से तलाश जारी
मोतीनाला थाना प्रभारी हेमंत बावरिया ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर गहन जांच शुरू कर दी है। हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दुर्घटना किस वाहन से और ठीक किस समय हुई। इसके लिए घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और जरूरी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।







