पति की दीर्घायु के लिए सिंधी समाज की महिलाओं ने रखा तीजा व्रत
पारंपरिक परिधानों और सोलह श्रृंगार में किया तीजड़ी माता का पूजन
- मेहंदी की रस्म से चांद के दीदार तक, दिखा सेल्फी का क्रेज
- सिंधी समाज की महिलाओं ने धूमधाम से मनाया तीजा पर्व
मंडला महावीर न्यूज 29. सिंधी समाज की महिलाओं द्वारा पति की दीर्घायु, पारिवारिक खुशहाली और सुख-समृद्धि की कामना के साथ मनाया जाने वाला पवित्र तीजा पर्व मंडला में पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुहागिन महिलाओं ने जहां अपने पति की लंबी उम्र के लिए यह निर्जला व्रत रखा, वहीं कुंवारी कन्याओं ने भी सुयोग्य वर की प्राप्ति की कामना के साथ इस व्रत को किया। पर्व को लेकर महिलाओं में भारी उत्साह देखा गया, जिसकी शुरुआत एक दिन पूर्व पारंपरिक मेहंदी की रस्म के साथ हुई।
बताया गया कि सोमवार की सुबह महिलाओं ने ब्रह्म मुहूर्त में उठकर सरगी का सेवन किया और अपने कठिन व्रत का संकल्प लिया। इसके पश्चात महिलाओं ने नए परिधान धारण कर सोलह श्रृंगार किया। हाथों में सजी-धजी पूजा की थाली लेकर महिलाएं सामाजिक पुरोहित के घर एकत्रित हुईं। यहां पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ तीज माता की पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर विशेष रूप से तीज माता का फुलेहरा तैयार कर उसे झूले में बांधा गया। इस फुलेहरे में विभिन्न प्रकार के ताजे फल और पूजन सामग्री को शामिल किया गया था। महिलाओं ने अपनी पारंपरिक आस्था के साथ तीज माता को झूला झुलाया और फुलेहरा का विधिवत पूजन संपन्न किया।
चंद्र दर्शन कर महिलाओं ने खोला व्रत
शाम के समय सामाजिक पुरोहित के निवास पर तीजड़ी माता की कथा का भव्य आयोजन किया गया। इस कथा में बड़ी संख्या में समाज की महिलाओं और युवतियों ने भाग लिया और पूरी श्रद्धा के साथ कथा का श्रवण किया। दिन भर के उपवास के बाद रात के समय महिलाओं को चंद्रोदय का बेसब्री से इंतजार रहा। आसमान में चांद नजर आते ही महिलाओं ने चंद्रदेव की पूजा की और उन्हें अर्घ्य अर्पित किया। इसके पश्चात सुहागिन महिलाओं ने अपने पति की आरती उतारी और पति के हाथों से जल ग्रहण कर अपना व्रत पूर्ण किया।
पारंपरिक ड्रेस कोड का रहा जलवा
तीजा पर्व पर पारंपरिक ड्रेस कोड महिलाओं की पहली पसंद रहा। पर्व को लेकर महिलाओं ने कई दिन पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी थीं। इस खास मौके पर महिलाओं ने अपनी पसंदीदा पारंपरिक साडिय़ां, लहंगे और सूट पहने। मुख्य रूप से लाल, गुलाबी, रानी और हरे रंग के परिधानों में सजी महिलाओं ने पर्व की रौनक को और भी बढ़ा दिया।
सेल्फी और फोटोशूट का दिखा खास क्रेज
तीजा व्रत में जहां एक ओर महिलाओं ने पूरे विधि-विधान से पारंपरिक रस्मों का निर्वहन किया, वहीं पूजा के बाद आधुनिकता का रंग भी देखने को मिला। सजी-धजी महिलाओं में सेल्फी और फोटोशूट का खासा क्रेज नजर आया। खूबसूरत पारंपरिक ड्रेसअप के साथ महिलाओं ने अपनी सखियों और परिवार के सदस्यों के साथ जमकर तस्वीरें खिंचवाईं। 
इन तस्वीरों के जरिए महिलाओं ने इस पावन पर्व के यादगार पलों को डिजिटल रूप में संजोया। बताया गया कि घर के बड़े-बुजुर्गों के मार्गदर्शन में संपन्न हुए इस पर्व ने युवा पीढ़ी को भी अपनी संस्कृति से जोड़ा। इस शुभ अवसर पर पतियों ने अपनी पत्नियों को स्नेह स्वरूप उपहार भेंट किए, जिससे पर्व की खुशियां दोगुनी हो गईं। पूरे दिन मंडला के सिंधी समाज में उल्लास और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।








