सहायक आयुक्त के ठोस आश्वासन के बाद शिक्षकों का धरना प्रदर्शन स्थगित
एक महीने में होगा समस्याओं का निराकरण
- अध्यापक संयुक्त मोर्चा और प्रशासन के बीच बनी सहमति
- बीईओ कार्यालय की लापरवाही पर होगी कार्रवाई
- बकाया एरियर भुगतान का मिला भरोसा
मंडला महावीर न्यूज 29. अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा नैनपुर द्वारा बीईओ कार्यालय की घोर लापरवाही और भ्रष्टाचार के विरोध में 31 अगस्त से प्रस्तावित धरना प्रदर्शन स्थगित कर दिया गया है। सहायक आयुक्त अरूण कुमार शुक्ला और क्षेत्रीय प्रबंधक विष्णु सिंगौर द्वारा समस्याओं के त्वरित निराकरण के ठोस आश्वासन के बाद शिक्षकों ने यह निर्णय लिया।
धरना प्रदर्शन की सूचना मिलते ही सहायक आयुक्त अरूण कुमार शुक्ला ने मोर्चा के ब्लॉक संयोजक संजीव सोनी से चर्चा की। उन्होंने समस्याओं को शीघ्र सुलझाने और लापरवाह बाबुओं पर कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद क्षेत्रीय प्रबंधक विष्णु सिंगौर को विशेष प्रतिनिधि के रूप में नैनपुर भेजा गया। माध्यमिक शाला सर्रा पिपरिया में क्षेत्रीय प्रबंधक और संयुक्त मोर्चा के बीच लंबी वार्ता हुई। शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और सहायक आयुक्त की ओर से एक महीने के भीतर निराकरण के वादे के बाद मोर्चा ने थाने के सामने शाम 4.30 से 6.30 बजे तक प्रस्तावित अपने धरना कार्यक्रम को स्थगित करने की घोषणा की।
इन विषयों पर हुई चर्चा और समझौते
मोर्चा के ब्लॉक संयोजक संजीव सोनी ने बताया गया कि चर्चा के दौरान वर्ष 2018 से बाकी क्रमोन्नति एरियर, बकाया एचआरए और वेतन-वृद्धि के एरियर का शीघ्र भुगतान किया जाएगा। इसके लिए सभी संकुलों से पात्र शिक्षकों की सूची और गणना पत्रक एकत्र किए जाएंगे। सहायक आयुक्त कार्यालय में क्रमोन्नति फाइल जमा करने से पूर्व संकुल और बीईओ कार्यालय के बाबू द्वारा पूर्ण जांच सुनिश्चित की जाएगी, जिससे प्रपत्रों के अभाव में फाइलें वापस न लौटें। प्राथमिक शिक्षकों की प्रथम क्रमोन्नति के आदेश जारी करने की तैयारी पूरी हो चुकी है तथा द्वितीय क्रमोन्नति की प्रक्रिया जारी है। माध्यमिक शिक्षकों की अधिकांश क्रमोन्नति फाइलें जबलपुर भेजी जा चुकी हैं और शेष कमियां पूरी कर भेजी जा रही हैं। एरियर भुगतान में जानबूझकर लापरवाही बरतने वाले और गुमराह करने वाले बाबू व अन्वेषक के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। अतिशेष शिक्षकों की सूची जारी कर च्वाइस फिलिंग के आधार पर उन्हें नए सिरे से स्कूल आवंटित किए जाएंगे।
शिक्षक प्रतिनिधिमंडल ने जताया आभार
सकारात्मक वार्ता के बाद संयुक्त मोर्चा के अमर सिंह चंदेला, इंद्रेश तिवारी, मनीष कटकवार, नफीस खान, नंदकिशोर कटारे, राकेश राठौर, आशीष तिवारी, सुरेश श्रीवास्तव, ईवनीश खान, नीरज यादव, गणेश ठाकुर, उज्जवल बढि़ए, उमा तिवारी, दशरथ पगाडे, राजेश उराड़े, महेश मरकाम, राजेश पाण्डेय, रश्मि मरावी, राधा उइके, तरला पंद्रो, अनुपमा तिवारी, निधि गुप्ता और संजीव सोनी ने सहायक आयुक्त अरुण कुमार शुक्ला का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।









