मवई में सेंट्रल बैंक का सर्वर ठप, 10 दिनों से 50 गांवों का कामकाज ठप

मवई में सेंट्रल बैंक का सर्वर ठप, 10 दिनों से 50 गांवों का कामकाज ठप

  • दिवाली से पहले ग्राहकों को भारी परेशानी
  • मवई का एकमात्र राष्ट्रीयकृत बैंक बीमार, न निकासी न जमा
  • सेंट्रल बैंक मवई में सर्वर समस्या से ठप पड़ा कामकाज, ग्रामीणों को भारी परेशानी

मंडला महावीर न्यूज 29. मवई क्षेत्र के एकमात्र राष्ट्रीयकृत बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शाखा मवई में पिछले 10 दिनों से सर्वर सिस्टम खराब होने के कारण बैंक का समूचा कामकाज पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है। इस बैंक पर आसपास के लगभग 50 गांवों के खाताधारक अपने वित्तीय लेनदेन के लिए निर्भर हैं, जिन्हें इस तकनीकी खराबी के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

त्योहार के समय नकदी संकट 

लगातार सर्वर खराब रहने से न तो पैसे की निकासी हो पा रही है और न ही कोई जमा या अन्य बैंकिंग कार्य संभव हो पा रहा है। यह समस्या विशेष रूप से दिवाली जैसे बड़े त्योहार के समय आई है, जब लोगों को बाजार से खरीदारी करने, मजदूरों का भुगतान करने और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए नकद पैसों की सर्वाधिक आवश्यकता होती है। बैंक सेवा ठप होने से ग्रामीणों के लिए ये सभी कार्य करना असंभव हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि हमारे सभी लेनदेन इसी बैंक से होते हैं। त्योहार के समय ऐसी समस्या से हमें बहुत नुकसान हो रहा है।

एटीएम भी है बंद 

ग्रामीण रामसिंह चमरू पंद्रे लालसिंह ने बताया कि बैंक का एटीएम भी दो साल पहले बंद कर दिया गया था। ऐसे में, सर्वर ठप होने के बाद क्षेत्र में एक भी एटीएम की सुविधा उपलब्ध नहीं है, जिससे ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। ग्रामीणों ने बैंक प्रबंधन और संबंधित विभाग से सर्वर व्यवस्था जल्द से जल्द बहाल करने की मांग की है ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।

बैंक प्रबंधक का आश्वासन 

इस संबंध में बैंक प्रबंधक वेद प्रकाश मेहर ने बताया कि सर्वर समस्या गंभीर है, लेकिन इसके समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। बैंक प्रबंधक वेद प्रकाश मेहर ने आश्वासन दिया कि, “सोमवार को जबलपुर से आईटी की टीम आने वाली है, जिसके बाद सोमवार तक बैंक का कामकाज सुचारू रूप से चालू हो जाएगा। ग्रामीणों को अब उम्मीद है कि सोमवार तक उनकी वित्तीय परेशानियाँ दूर हो सकेंगी।



 

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

Advertisements

Read More Articles