तेज रफ्तार यात्री बस पलटी, 20 से अधिक घायल, स्कूली छात्र भी शामिल
- निवास-मंडला मार्ग में हुआ हादसा
- ग्रामीणों ने कांच तोड़कर घायलों को निकाला बाहर
- यात्री बस का चालक, परिचालक और क्लीनर मौके से फरार
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में बेलगाम और तेज रफ्तार कहर पर लगाम नहीं लग पा रही है। लापरवाह वाहन चालक यात्रियों की जान से खिलवाड़ करते नजर आ रहे है। जिले के सभी मार्गो में चलने वाले यात्री वाहन नियमों को ताक में रखकर वाहन का संचालन कर रहे है। जिले में अधिकत्तर यात्री वाहन अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लापरवाही पूर्वक तेज रफ्तार में वाहन को दौड़ाते है। जिससे हादसे का अंदेशा हमेशा बना रहता है। तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण कई सड़क हादसे हो चुके है, बावजूद इसके वाहन चालकों की आंखे नहीं खुलती है। इसके बाद भी लापरवाही का आलम बना हुआ है, जिसका खामियाजा एक बार फिर शनिवार को मंडला निवास मार्ग में दो दर्जन से अधिक यात्रियों को भुगतना पड़ा।

जानकारी अनुसार निवास थाना क्षेत्र के ग्राम सिंगपुर में शनिवार सुबह एक यात्री बस के अनियंत्रित होकर पलट गई। यात्री बस में अपने गतंव्य तक जा रहे यात्रियों के साथ स्कूली बच्चे भी सवार थे, जो अपने स्कूल जा रहे थे। इस हादसे में स्कूल के बच्चों समेत करीब दो दर्जन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए निवास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। निवास पुलिस ने बताया कि यात्री बस घुघरी से जबलपुर जा रही थी, जिसमें लगभग 40 यात्री सवार थे। यात्रियों ने बताया कि बस की रफ्तार बहुत तेज थी। ग्राम सिंगपुर में बबलिया के पास बस अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई और इमली के पेड़ से टकराने के बाद पलट गई।
ग्रामीणों ने कांच तोड़कर बाहर निकाले यात्री
हादसे के बाद यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुँच गए। उन्होंने तत्काल 100 डायल 108 और 112 को सूचना दी। पुलिस और एम्बुलेंस के पहुँचने से पहले ही ग्रामीणों ने मानवता का परिचय देते हुए बस के कांच तोड़कर घायलों को बाहर निकालना शुरू कर दिया। बाद में पुलिस और एम्बुलेंस कर्मियों ने भी ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन को पूरा किया और सभी घायलों को तत्काल निवास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हादसे की सूचना मिलते ही निवास नायब तहसीलदार आलोक सोनी और थाना प्रभारी वर्षा पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची। बताया गया है कि घटना के बाद से बस का चालक, परिचालक और क्लीनर मौके से फरार हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हादसे में ये हुए घायल
मंडला निवास मार्ग में ग्राम सिंगपुर के पास हुए हादसे में करीब 20 यात्री घायल हो गए है। घायलों में शालिनी भवेदी पिता राजकुमार निवासी पड़ीतलई (14), शिववती पति धनलाल निवासी घुघरी (30), पार्वती पति आपो निवासी घुघरी (50), आर्यन पिता रामप्रसाद, निवासी घुघरी (2), भूरा सिंह पिता वरतू सिंह निवासी वनग्राम घुघरी (45), भाग्यश्री पिता धनलाल निवासी घुघरी (18), श्याम लाल यादव पिता ध्याली यादव निवासी घुघरी माल (42), परमू लाल यादव पिता हीरा लाल निवासी केवलारी (52), सुकरती बाई पति भूरा लाल निवासी केवलारी (42), गुड्डी बाई पति चरण लाल (35), भड़की बाई यादव पति परमू लाल निवासी केवलारी (32), सोनिया बाई पति सुरेश ग्राम केवलारी (31) नन्हे लाल पिता बैसाखी लाल निवासी मसूर घुघरी (60), हुलकर पिता हनुमत निवासी घुघरी माल (62), छात्रों में लक्ष्मी यादव पिता राजू यादव निवासी धनगांव (15), संकरी यादव पिता लंबू सिंह निवासी मुरझोर (13), राधा मार्को पिता प्रकाश सिंह मार्को निवासी मुरझौर (13) समेत अन्य यात्री घायल हुए है। वहीं छात्रा शालनी भवेदी पिता राजकुमार की गंभीर हालत को देखते हुए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रैफर कर दिया है। शेष सभी घायलों का इलाज सीएचसी निवास में जारी है, और अधिकांश को मामूली चोटें आई हैं।
बस हादसे के बाद सभी मरीज स्वस्थ, एक रेफर
सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने बताया कि ग्राम सिंगपुर के पास बस पलटने की घटना में घायल हुए 23 लोगों को अस्पताल लाया गया था। इनमें से 15 मरीजों को प्राथमिक चिकित्सा के बाद सुबह 11 बजे ही छुट्टी दे दी गई थी। शेष 8 मरीजों को निगरानी में रखा गया। इन मरीजों की जाँच के लिए जिला स्तरीय टीम जिसमें डॉ. सुमित सिंगौर, डॉ. वायके झरिया और अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अंकित जायसवाल ने गहन परीक्षण किया। जाँच के बाद 7 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने बताया कि एक मरीज उल्कट काकोडिय़ा को कमर में चोट लगने के कारण अस्पताल में भर्ती रखा गया है। वहीं 16 वर्षीय शालिनी भवेदी को सिर में चोट लगने के कारण बेहतर जाँच और इलाज के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर किया गया है। शेष सभी मरीजों की हालत सामान्य है। फिलहाल निवास पुलिस घटना की जांच कर रही है और हादसे के बाद से फरार बस चालक, परिचालक और क्लीनर की तलाश जारी है।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे












