कुश्ती प्रतियोगिता में पहलवानों ने दिखाया दमखम
- मेजर ध्यानचंद की जयंती में बजरंग व्यायामशाला द्वारा कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन
- मेजर ध्यानचंद की जयंती पर पहलवानों ने दिखाया दम
मंडला महावीर न्यूज 29. राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर श्री बजरंग व्यायामशाला अखाड़ा प्रबंधन समिति मंडला ने शुक्रवार को कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया। इस कुश्ती प्रतियोगिता में स्थानीय पहलवानों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपना दमखम दिखाया। बताया गया कि आयोजित होने वाली कुश्ती प्रतियोगिता में स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलता है, बल्कि युवाओं में शारीरिक शिक्षा और खेल के प्रति रुचि भी बढ़ती है।

बजरंग व्यायामशाला में आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता को तीन श्रेणियों में बांटा गया था। सीनियर वर्ग में रोमांचक मुकाबले में संजय सिंधिया ने बाजी मारी और विजेता बने, जबकि प्रियांशु सिंधिया उपविजेता रहे। जूनियर वर्ग में आशीष सिंधिया ने जीत हासिल की और आकाश उईके दूसरे स्थान पर रहे। सब-जूनियर वर्ग में परमवीर बरमैया ने अपने प्रतिद्वंद्वी शिवा राव को हराकर विजेता का खिताब जीता।

आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता में सभी विजेता और उपविजेता पहलवानों को मुख्य अतिथि और श्री बजरंग व्यायामशाला के अध्यक्ष विनोद कछवाहा ने पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं और खेल भावना को बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। इस प्रतियोगिता को सफल बनाने में निर्णायक की भूमिका वाजिद खान, शिवम वासु सिंधिया और सतीश मरकाम ने निभाई। श्री बजरंग व्यायामशाला अखाड़ा प्रबंधन समिति के सदस्यों और अन्य पदाधिकारियों ने इस सफल आयोजन में अपना सहयोग दिया।










