अपहरण के बाद नाबालिग नागपुर से दस्तयाब, आरोपी गिरफ्तार

अपहरण के बाद नाबालिग नागपुर से दस्तयाब, आरोपी गिरफ्तार

  • टिकरिया पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले की टिकरिया पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अपहृत नाबालिग किशोरी को नागपुर से दस्तयाब कर लिया है। किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।
जानकारी अनुसार विगत 01 अगस्त को नारायणगंज थाना टिकरिया क्षेत्र के एक गाँव से एक नाबालिग लड़की लापता हो गई थी। परिजनों ने बताया कि लड़की स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने थाना टिकरिया में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल अपराध बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

बताया गया कि थाना प्रभारी गोपाल घासले के निर्देशन पर उप निरीक्षक निधि नेमा, सहायक उप निरीक्षक नारायण तराम, आरक्षक दीपक द्विवेदी और महिला आरक्षक सीमा चौहान की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी और मानवीय दोनों तरह के स्रोतों का उपयोग कर लगातार सुराग जुटाए। लगातार प्रयासों के बाद 28 अगस्त को पुलिस टीम को सफलता मिली। टीम ने नागपुर, महाराष्ट्र से नाबालिग अपहृता को दस्तयाब किया और उसके साथ मौजूद आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी ने किशोरी के साथ दुष्कर्म भी किया था। इसके बाद आरोपी के खिलाफ बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी लगाई गईं। बताया गया कि सिवनी निवासी आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इस मामले में पुलिस की तत्परता और सक्रियता की सराहना की जा रही है।



 

Leave a Comment