पैरा एथलीट प्रतियोगिता में सांदीपनि विद्यालय के खिलाडिय़ों ने दिखाए दम
- सांदीपनि के पैरा-एथलीटों ने किया कमाल
- राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में चांद चक्रवर्ती और ओमप्रकाश ने जीते मेडल
मंडला महावीर न्यूज 29. टीटी नगर स्टेडियम भोपाल में विगत दिवस 23 से 26 अगस्त तक आयोजित हुई 15वीं राज्य स्तरीय पैरा-एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में नारायणगंज के सांदीपनि विद्यालय के खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में चांद चक्रवर्ती ने 100 मीटर दौड़ में दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि ओमप्रकाश नरेती ने तवा फेंक में दूसरा स्थान प्राप्त कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया।
बताया गया कि इन खिलाडिय़ों को पिछले तीन महीनों से ब्लॉक खेल समन्वयक करुणा मर्सकोले द्वारा कड़ी ट्रेनिंग दी जा रही थी। उनके साथ सुजीता यादव ने भी सहयोग किया। खेल समन्वयक करुणा मर्सकोले ने बताया कि यह पहली बार था जब नारायणगंज विकासखंड के दिव्यांग खिलाडिय़ों ने ऐसी किसी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लिया और उनके प्रदर्शन ने सभी को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में और भी दिव्यांग खिलाडिय़ों को प्रशिक्षण दिया जाएगा जिससे उन्हें भी अपना हुनर दिखाने का मौका मिल सके।
खिलाडिय़ों के इस शानदार प्रदर्शन के लिए जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी विकास, रविंद्र ठाकुर, सांदीपनि विद्यालय प्राचार्य अर्चना नेमा, अरविंद पटले, जिला खो-खो कोच डॉ. आकाश खत्री, जिला हैंडबॉल कोच सोना दुबे सहित जिले के सभी विकासखंड समन्वयकों और स्कूल स्टाफ ने उन्हें बधाई दी।









