विद्यार्थियों को नौकर नहीं मालिक बनो का दिया मंत्र
- उत्कृष्ट विद्यालय मंडला में उद्यमिता को बढ़ावा देने कार्यक्रम आयोजित
मंडला महावीर न्यूज 29. शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मंडला में स्वदेशी जागरण मंच के तत्वावधान में उद्यमिता प्रोत्साहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा छात्रों को उद्यमी बनने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम की शुरुआत में विशिष्ट अतिथि विनायक तांबे ने स्वदेशी की अवधारणा पर प्रकाश डाला और घर-घर तक स्वदेशी उत्पादों को पहुँचाने पर जोर दिया। इसके बाद सुधीर कांसकर ने मंडला की कलादीर्घा और गोंडी संस्कृति की विशेषताओं से छात्रों को परिचित कराया। कार्यक्रम में उद्यमी रामकुमार सिंगौर और श्री पाटिल ने अपनी सफल उद्यमिता कहानियाँ साझा कीं, जिनसे विद्यार्थियों को प्रेरणा मिली।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता महाकौशल प्रांत के पूर्णकालिक मनोहर लाल पथरोल ने नौकर नहीं, मालिक बनो की थीम पर जोर देते हुए छात्रों को कौशल विकास के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि आज के समय में सिर्फ डिग्री से काम नहीं चलेगा, बल्कि अपनी खुद की पहचान बनाने के लिए हुनरमंद होना भी जरूरी है। कार्यक्रम का संचालन स्वदेशी जागरण मंच के विचार प्रमुख अनुपम दुबे ने किया। इस दौरान कुछ छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्राचार्या कल्पना नामदेव ने सभी विद्यार्थियों को स्वदेशी संकल्प की शपथ दिलाई और उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस कार्यक्रम में स्वदेशी जागरण मंच के जिला संयोजक रितेश ताम्रकार, जिला सह-संयोजक डॉ. रेखा चौरसिया और अन्य सदस्य उपस्थित रहे। विद्यालय के सभी शिक्षकगण और 11वीं और 12वीं कक्षा के लगभग 80 विद्यार्थियों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया।









