नामी पहलवान सूर्यकुण्ड धाम में दिखाएंगे दमखम

सूर्यकुण्ड धाम में इनामी दंगल का भव्य आयोजन 24 अगस्त को

  • जिलेभर के नामी पहलवान दिखाएंगे दमखम

मंडला महावीर न्यूज 29. जिला मंडला के सकवाह स्थित श्री सूर्यकुण्ड धाम में इस वर्ष भी विशाल इनामी दंगल का आयोजन होने जा रहा है। यह आयोजन 24 अगस्त रविवार को दोपहर 2 बजे से शुरू होगा। दंगल को लेकर क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

सूर्यकुण्ड धाम महाआरती भंडारा समिति ने जानकारी देते हुए बताया कि यह परंपरागत दंगल श्री सूर्यकुण्ड हनुमान जी महाआरती भंडारा समिति के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। इसमें प्रदेश और आसपास के जिलों के नामी-गिरामी पहलवान भाग लेंगे और अपने दमखम का प्रदर्शन करेंगे। पहलवानों के बीच रोमांचक मुकाबले होंगे और विजेताओं को आकर्षक इनाम दिए जाएंगे।

कार्यक्रम स्थल श्री सूर्यकुण्ड धाम धार्मिक आस्था और श्रद्धा का केंद्र माना जाता है। यहां के हनुमान जी प्रतिदिन तीन रूप धारण करते हैं, जिसके दर्शन के लिए दूर-दूर से भक्त आते हैं। इस धार्मिक आस्था के बीच दंगल का आयोजन लोगों के लिए एक विशेष आकर्षण बन जाता है। समिति ने समस्त क्षेत्रवासियों और खेल प्रेमियों से इस अवसर पर उपस्थित होकर दंगल का आनंद लेने और पहलवानों का उत्साहवर्धन करने का आग्रह किया है। आयोजकों का मानना है कि ऐसे आयोजन से न केवल परंपरा को बढ़ावा मिलता है बल्कि युवाओं में खेल और संस्कृति के प्रति नई ऊर्जा का संचार भी होता है।


 

Leave a Comment