लोकल यूथ सर्वेयरों ने मानदेय और नियमितीकरण की मांग

लोकल यूथ सर्वेयरों ने मानदेय और नियमितीकरण की मांग

  • आर्थिक संकट में गिरदावरी कार्य में कार्यरत लोकल यूथ सर्वेयर
  • विधायक को सौंपा ज्ञापन, विधायक ने विधानसभा में मुद्दा उठाने का दिया आश्वासन

मंडला महावीर न्यूज 29. निवास विधानसभा क्षेत्र के समस्त लोकल यूथ सर्वेयरों ने विधायक चैन सिंह बरकड़े को उनके निवास पर एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में लोकल यूथ सर्वेयरों ने अपनी नियुक्ति, कार्यों और वर्तमान में आ रही आर्थिक परेशानियों का उल्लेख किया है। सर्वेयरों ने बताया कि उनकी नियुक्ति माह जुलाई 2024 में शासन के आदेशानुसार गिरदावरी कार्य के लिए प्रत्येक पटवारी हल्का ग्राम में ऑनलाइन माध्यम से हुई थी। वे ई-केवाईसी, फार्मर आईडी और आरओआर बनाने जैसे कार्यों को पूर्ण निष्ठा से कर रहे हैं। उन्होंने आगामी डिजिटल क्रॉप सर्वेक्षण में भी सहयोग करने की बात कही।

सर्वेयरों ने डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य का पारिश्रमिक आज दिनांक तक अपर्याप्त बताया और कहा कि वे पिछले काफी समय से राजस्व एवं ग्रामीण विकास कार्यों में सहयोग कर रहे हैं, लेकिन वर्तमान में रोजगार की अनिश्चितता और मानदेय के अभाव में मानसिक, आर्थिक और सामाजिक रूप से संकटग्रस्त हैं। उन्होंने प्रत्यक्ष रूप से शासकीय अमले के साथ कार्य करते हुए सेवाएं प्रदान करने की इच्छा व्यक्त की।

परिवार का पालन पोषण करना मुश्किल 

सर्वेयरों ने बताया कि नियमावली के अनुसार फसल गिरदावरी वर्ष में तीन बार सारा एप के माध्यम से पूर्ण की जानी है, लेकिन प्रति खसरा 8 रूपए के मानदेय से परिवार का पालन-पोषण करना मुश्किल है। उन्होंने 8 रूपए की जगह नियमित मासिक मानदेय देने के साथ अन्य मांगों के लिए अनुरोध करते हुए उन्होंने लोकल यूथ सर्वेयर की नवीन भर्ती पर तत्काल रोक लगाई जाए। लोकल यूथ सर्वेयर को ग्राम रोजगार सहायक की तर्ज पर राजस्व सहायक का दर्जा दिया जाए। शासन द्वारा पहचान पत्र जारी किया जाए। नियमित रोजगार का दर्जा प्रदान किया जाए। निश्चित एवं सम्मानजनक मासिक मानदेय निर्धारित किया जाए। शासन द्वारा समस्त लोकल यूथ सर्वेयरों का महासम्मेलन कराया जाए।

विधानसभा सत्र में रखेंगे मामला 

विधायक चैन सिंह बरकड़े ने सर्वेयरों को आश्वासन दिया कि वे जल्द ही इस मामले को विधानसभा सत्र में रखेंगे और समस्त सर्वेयरों को भुगतान कराने का प्रयास करेंगे। ज्ञापन सौंपने के दौरान समस्त लोकल यूथ सर्वे अध्यक्ष निवास ब्लॉक लखनलाल पंद्रे, निवास तहसील लोकल यूथ सचिव किरण कुमार सोनवानी, उपाध्यक्ष सत्येंद्र सिंगरौरे एवं समस्त लोकल यूथ सर्वेयरों द्वारा विधायक को ज्ञापन सौंपा।


रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे


Leave a Comment