जय मां दुर्गे कृषि केंद्र सील, खाद-बीज में गड़बड़ी पर कार्रवाई

जय मां दुर्गे कृषि केंद्र सील, खाद-बीज में गड़बड़ी पर कार्रवाई

  • कृषि विभाग की टीम ने मारा छापा, स्टॉक रजिस्टर में अनियमितता मिलने पर लिया एक्शन

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के नारायणगंज ब्लॉक में खाद-बीज विक्रेताओं पर प्रशासन का शिकंजा कसता जा रहा है। कृषि विभाग की एक टीम ने जय मां दुर्गे कृषि केंद्र पर औचक निरीक्षण किया, जिसमें गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। इसके बाद दुकान को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।

जानकारी अनुसार जांच के दौरान दुकानदार बिना वैध प्रिंसिपल सर्टिफिकेट के कीटनाशक और खरपतवार नाशक दवाइयां बेच रहा था। इसके साथ ही वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी कार्यालय में यूरिया खाद का स्टॉक शून्य दर्ज कराया गया था, जबकि दुकान पर इसका विक्रय किया जा रहा था। टीम को कुछ उत्पादों के लिए कोई वैध बिल या दस्तावेज भी नहीं मिले।

बताया गया कि जांच में यह भी सामने आया कि दुकान के स्टॉक रजिस्टर और विक्रय अभिलेख में कई विसंगतियां थीं। विक्रेता द्वारा की गई इन अनियमितताओं को देखते हुए टीम ने कीटनाशक अधिनियम की धारा और उर्वरक नियंत्रण आदेश की धारा के तहत कार्रवाई की। कार्रवाई करते हुए दुकान को तत्काल सील कर दिया गया और सभी प्रकार के विक्रय पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इस कार्रवाई में अनुविभागीय कृषि अधिकारी डीके वारस्कर, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी प्रीति लौवंशी, कृषि विस्तार अधिकारी हरिओम झरिया और सुनील रावत, शिवाल निखर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


 

Leave a Comment