मंडला के एग्री स्टार्टअप को मिली बड़ी सफलता
- गौ-अर्क उत्पादों के विकास के लिए प्री-सीड फंडिंग
- केंद्र सरकार की प्रेरणा योजना के तहत हुआ चयन
- कृषि में उद्यमिता को मिलेगा बढ़ावा
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला के दो युवा गजेन्द्र गुप्ता और सौरभ चटर्जी के प्रयासों को बड़ी सफलता मिली है। उनके एग्री स्टार्टअप पूरा सोशल सॉल्यूशंस का चयन केंद्र सरकार की प्रेरणा योजना के तहत हुआ है। इस पहल के तहत उन्हें गौ-अर्क आधारित जैविक उत्पादों के विकास वैज्ञानिक विश्लेषण, परीक्षण और फील्ड ट्रायल के लिए जवाहर आर-एबीआई, जबलपुर के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने का मौका मिला है।
बताया गया कि जबलपुर में हुए एक समारोह में डॉ. मनदीप शर्मा कुलगुरु, नानाजी देशमुख वेटनरी साइंस यूनिवर्सिटी, प्रो. पीके मिश्रा कुलगुरु, जवाहर लाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय और डॉ. मोनी थॉमस सीईओ, जवाहर आर-एबीआई की उपस्थिति में एमओए का आदान-प्रदान किया गया। इस अवसर पर पूरा सोशल सॉल्यूशंस के डायरेक्टर गजेन्द्र गुप्ता और सहयोगी सदस्य विनोद शर्मा मौजूद रहे।
गजेन्द्र गुप्ता ने बताया कि इस एमओए के अनुसार मार्च 2026 तक गौ-अर्क उत्पादों के विकास और उनके परीक्षण का लक्ष्य रखा गया है। इस काम में जवाहर आर-एबीआई की टीम के साथ डॉ. प्रकाश इतनकर, निर्मल कुमार अवस्थी, और सुरेंद्र गुप्ता जैसे विशेषज्ञ भी मार्गदर्शन दे रहे हैं। बताया गया कि आजकल रासायनिक खेती के दुष्प्रभावों को देखते हुए प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी दिशा में काम करते हुए गजेन्द्र गुप्ता और सौरभ चटर्जी ने अपने मॉडल में गौ-अर्क आधारित जैविक उत्पादों को विकसित करने का प्रस्ताव रखा।
गजेन्द्र गुप्ता ने बताया कि यह मॉडल मिट्टी के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने, फसल की उपज बढ़ाने और पौधों को कीटों और बीमारियों से प्राकृतिक रूप से बचाने में मदद करेगा। उनके इस अभिनव मॉडल को भारत सरकार की प्रेरणा योजना के तहत प्री-सीड फंडिंग के लिए चुना गया है। पूरा सोशल सॉल्यूशंस के इस मॉडल का चयन एक लंबी और कठिन प्रक्रिया के बाद हुआ है। इसमें आवेदनों की शॉर्टलिस्टिंग, विशेषज्ञों के समक्ष प्रस्तुति और कई चरणों का प्रशिक्षण शामिल था, जिसके बाद मंत्रालय की मंजूरी मिली है।









