स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता-कैबिनेट मंत्री

स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता- कैबिनेट मंत्री

  • मंडला में आकांक्षी हाट का शुभारंभ
  • वोकल फॉर लोकल को मिलेगा प्रोत्साहन

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला में सोमवार को पांच दिवसीय आकांक्षा हाट का शुभारंभ हुआ। इस हाट मेले का उद्घाटन लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उईके और सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने किया। 15 अगस्त तक चलने वाला यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वोकल फॉर लोकल की परिकल्पना को साकार करने और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।

उद्घाटन के अवसर पर कैबिनेट मंत्री सपंतिया उईके ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार स्थानीय कारीगरों और स्व-सहायता समूहों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि सरकार की प्राथमिकता है कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिले। उन्होंने मंडला की गोंडी पेंटिंग का जिक्र किया, जिसे जीआई टैग मिल चुका है। उन्होंने कहा कि प्रशासन मिलेट्स फेस्टिवल, शिल्पी मेला और फूड फेस्टिवल जैसे आयोजनों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने का लगातार प्रयास कर रहा है।

सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मवई और नारायणगंज जैसे आकांक्षी विकासखंडों में ऐसे आयोजन बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि मंडला के प्रसिद्ध शहद, कोदो-कुटकी-रागी जैसी फसलों की अच्छी मांग है, और ऐसे हाट इन्हें उचित बाजार दिलाने में मदद करेंगे। उन्होंने सभी से इस हाट का प्रचार-प्रसार करने की अपील की।

इस अवसर पर मंत्री और सांसद ने हाट में लगे 22 स्टालों का अवलोकन किया और आजीविका मिशन के स्व-सहायता समूह द्वारा बनाए गए व्यंजनों का भी स्वाद चखा। इस दौरान नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, जिला पंचायत सदस्य शैलेष मिश्रा, कलेक्टर सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, एसडीएम मण्डला सोनल सिडामसहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद रहे।



 

Leave a Comment