मंडला जिला अस्पताल को मिली दो नए शव वाहन की सौगात
- नि:शुल्क मिलेगी सेवा
- मंडला सांसद, कलेक्टर ने हरी झंडी दिखा कर शुरू हुई सुविधा
- सरकारी अस्पताल में हुई मौत के बाद ही मिलेगी सेवा
मंडला महावीर न्यूज 29. लोक स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग मंडला द्वारा जिले को दो शव वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने बताया कि जिला कलेक्टर सोमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में इन शव वाहनों का संचालन जिला अस्पताल से शुरू किया गया है। इन वाहनों का उद्देश्य रोगियों या दुर्घटना पीडि़तों की मृत्यु के बाद उनके शवों को उनके निवास स्थान या श्मशान घाट तक नि:शुल्क पहुंचाया जाएगा।
इस सेवा का शुभारंभ मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, कलेक्टर मंडला सोमेश मिश्रा, सीईओ मंडला श्रेयांश कूमट, नपा अध्यक्ष विनोद कछवाहा द्वारा हरी झंडी दिखा कर इस सुविधा की शुरूआत की। सिविल सर्जन डॉ. विजय सिंह धुर्वे ने बताया कि यह सेवा केवल जिले की सीमा के भीतर ही उपलब्ध होगी। इन वाहनों का उपयोग केवल सरकारी अस्पताल में हुई मृत्यु के मामलों में किया जाएगा। इस सेवा का लाभ उठाने के लिए मृत्यु प्रमाण पत्र उपलब्ध कराना भी आवश्यक होगा।

बताया गया कि जिले को मिले दो नए शव वाहन सेवा से मंडला जिले के निवासियों को राहत मिलेगी। ये सुविधा उनके लिए बेहतर साबित होगी, जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं और जिन्हें शव को ले जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। योजना का शुभारंभ शनिवार 1 अगस्त को किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा, भाजपा जिला पर्यावरण प्रभारी जयदत्त झा, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. यतींद्र झरिया, सहायक प्रबंधक अजय सिंह सैयाम, डॉ. जागृति अग्रवाल, डॉ. कांची सिंह, डॉ. रमा पटेल, शरद मेश्राम, अर्जुन सिंह, कपिल शर्मा, पद्मक्षी शुक्ला, माया भोयर, दीपिका, सोनम, दिव्या और नर्सिंग स्टाफ सहित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।









