राष्ट्र भक्ति की अलख जगाने दो मिनट राष्ट्र के नाम

राष्ट्र भक्ति की अलख जगाने दो मिनट राष्ट्र के नाम

  • मंडला में हर महीने राष्ट्रगान से होगी नई शुरुआत
  • हम फाउंडेशन की पहल को मिला समर्थन

मंडला महावीर न्यूज 29. देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने के उद्देश्य से हम फाउंडेशन मंडला ने एक अनूठी पहल शुरू की है। अब हर महीने की पहली तारीख को सुबह 9 बजे शहर के गणमान्य नागरिक नेहरू स्मारक पर एकत्र होकर राष्ट्रगान करेंगे। इस कार्यक्रम का शुभारंभ 1 अगस्त को पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने राष्ट्रगान गाकर किया। जनहित और देशभक्ति से प्रेरित इस स्वयंसेवी संस्था ने निर्णय लिया है कि पूरे देश के साथ मध्यप्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में इस परंपरा को शुरू किया जाएगा। मंडला में हुए पहले कार्यक्रम में भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित किए गए, जिसके बाद राष्ट्रगीत का गायन हुआ।

इस अवसर पर शहर के कई वरिष्ठ नागरिक जिसमें डॉ. हर्ष कर्महे, डॉ. ओपी तपा, पतंजलि योग समिति से सुनील बाली, हम फाउंडेशन प्रदेश संरक्षक बीके राय और सुधीर कांसकार शामिल थे। कार्यक्रम की व्यवस्था और अनुशासन की सभी उपस्थित नागरिकों ने सराहना की। बताया गया कि यह कार्यक्रम हर महीने की पहली तारीख को नेहरू स्मारक में आयोजित होगा। आगामी माह 1 सितंबर का कार्यक्रम पतंजलि योग समिति, मंडला के द्वारा आयोजित किया जाएगा। हम फाउंडेशन मंडला की इस पहल को नागरिकों का व्यापक समर्थन मिल रहा है, जो देशप्रेम की भावना को जागृत करने के लिए एक सकारात्मक कदम है।


 

Leave a Comment