जल विहार, कार्यक्रम, गणेशोत्सव, आयोजन, विरोध, अपराध, हादसा, अवैध शराब, अपराध
भगवान ने किया जल विहार, भक्ति भाव से मनाया डोल ग्यारस पर्व
- नर्मदा घाट में किया पूजा अर्चना
- श्री हरि के जयकारे से गूंज उठा नगर
मंडला महावीर न्यूज 29. डोल ग्यारस पर्व भक्ति भाव से मनाया गया। भक्तों ने भगवान को जयकारों के साथ जल विहार कराया। वहीं नर्मदा नदी में जल स्तर में बढ़ोत्तरी हुई है, जिसके कारण भक्त भगवान को नर्मदा घाट किनारे लाकर पूजन अर्चन के बाद नौका बिहार कराकर वापस अपने स्थान ले गए। वहीं रंगरेज घाट में डोल ग्यारस पर्व पर मेले का आयोजन किया गया। डोल ग्यारस के मेले में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।

डोल ग्यारस पर्व पर मंदिर में विशेष पूजन के साथ विमान नगर में निकालते हुए रंगरेज घाट पहुंचे। डोल ग्यारस पर्व पर भक्तो में भगवान के प्रति आस्था देखने मिली। मंदिर में पूजन-अर्चन का दौर चलता रहा। भगवान को संगम घाट, पीपल घाट, रंगरेज घाट, नाव घाट समेत महाराजपुर में भक्त उमड़ पड़े। डोल ग्यारस पर्व पर नगर एवं उपनगर महाराजपुर से डोल निकाले गए। डोल प्रमुख मार्गो से होते हुए नर्मदा तट पर पहुंचे लेकिन सुरक्षा की दृष्टि से जिला प्रशासन ने इंतजाम किये थे।
नगर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रो से भी बड़ी संख्या में भगवान के दर्शन के लिए श्रृद्घालु पहुंचे। श्री राम मंदिर, कृष्ण मंदिर, पीपल घाट नर्मदा आश्रम, पुरवा, हनुमानघाट से भगवान का विमान गाजे-बाजे के साथ निकाला गया। भक्तो ने श्री हरि के जयकारे लगाये। नगर डोल ग्यारस पर्व पर भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में लीन हो गया। यहां सुबह से देर शाम तक पूजन अर्चन का दौर चलता रहा।
रंगरेजघाट में लगा मेला
डोल ग्यारस पर्व पर रंगरेज घाट में मेला भरा। मेले में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। बताया गया है कि शहरी क्षेत्र के अलावा ग्रामीण क्षेत्रो से भी लोग रंगरेज घाट मेला स्थल में पहुंचे। डोल ग्यारस मेले को लेकर लोगो में खासा उत्साह रहा है। जिसके चलते लोग डोल ग्यारस के मेले में उत्साह के साथ शामिल हुए। पर्व के चलते शहर के स्वामी सीताराम वार्ड स्थित रंगरेजघाट में मेले का आयोजन गांधी मैदान में किया गया। मेले में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
पीपल घाट में पहुंचे भक्त
नर्मदा आश्रम पीपल घाट में जगदीश दास महाराज के सानिध्य में प्रतिवर्ष डोल ग्यारस पर्व मनाया जाता है। इसमें स्थानीय समेत आसपास जिले के भक्त पहुंचे। यहां धूमधाम से भगवान श्रीकृष्ण का पूजन अर्चन किया जाता है। यहां भगवान श्रीकृष्ण को डोल में बिठाकर नगर भ्रमण कराते हुए रंगरेज घाट, पुरवा का भ्रमण कराया गया। जिसमें बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहेे है।
घाटो पर रही सुरक्षा
डोल ग्यारस पर्व में नर्मदा घाट पर पहुंचने वाले लोगो की संख्या को देखते हुए सुरक्षा इंतजाम किए गए। यहां घाट के आसपास व मुख्य चौक, चौराहों में पुलिस बल तैनात रहा। वहीं झूला पुल में भी लोगों का हुजूम लगा रहा। यहां यातायात पुलिस तैनात रही, लोगों को पुल के किनारे आने से रोका गया। जिससे कोई अप्रिय घटना ना हो सके।
प्रमुख स्थानों से निकले भगवान के डोला
डोल ग्यारस पर्व पर नगर एवं उपनगर महाराजपुर से डोल निकाले गए। डोल प्रमुख मार्गो से होते हुए नर्मदा तट पर पहुंचे। विशेष पूजन अर्चन के बाद भगवान को नगर भ्रमण कराया गया। इस दौरान नगर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रो से भी बड़ी संख्या में भगवान का जलविहार देखने श्रृद्घालु पहुंचे। श्री राममंदिर, कृष्ण मंदिर, पुरवा, हनुमानघाट से भगवान का विमान गाजे बाजे के साथ निकाला गया। भक्तो ने श्री हरि के जयकारे लगाये। नगर डोल ग्यारस पर्व पर भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में लीन हो गया। यहां सुबह से देर शाम तक पूजन अर्चन का दौर चलता रहा।
नगरपालिक द्वारा हुई व्यवस्था
नगरपालिका द्वारा मेला स्थल की साफ सफाई समुचित स्थान पर प्रतिष्ठानों का लगना, पानी व बिजली व्यवस्था, नगरपालिका के द्वारा कराई गई। मेले के दौरान नर्मदा घाट में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो जिसके लिए नपा द्वारा गोताखोरों व लाईफ गार्डों की व्यवस्था रही। वहीं होमगार्ड के द्वारा नर्मदा तटों पर चौकसी रखी। मेला में असामाजिक तत्वों के द्वारा अप्रिय घटना न घट सके जिसके लिए पुलिस की चाक चौबंध व्यवस्था रही।
बच्चों ने उठाया लुफ्त
मेले में आए बच्चों ने चाट, पकोड़ी, खिलौनों व झूलों का भरपूर आनंद उठाया। जिनके साथ उनके पालकों ने भी मेले का पूरा मजा लिया। झूलों का आनंद बच्चों समेत युवतियों ने भी उठाया। मेले में आए व्यापारियों ने बताया कि इस वर्ष मेला स्थल साफ -सुथरा व सुविधाजनक रहा। मेला स्थल में लोगों की भीड़ जमा होने से मेला स्थल संकीर्ण हो गया है।
भक्ति और उत्साह के साथ मनाया डोल ग्यारस, भक्तों ने निकाली शोभायात्रा
- नारायणगंज में गूंजे जय श्री हरि के जयकारे, नगर में हुआ भगवान का भ्रमण
मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज मुख्यालय में डोल ग्यारस का पर्व बड़े ही धूमधाम और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भक्तों ने भगवान राधा-कृष्ण का विशेष पूजन कर एक भव्य शोभायात्रा निकाली, जिसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। नारायणगंज के राधा-कृष्ण कुटी मंदिर से शुरू हुई यह शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। भक्तों ने गाजे-बाजे के साथ भगवान के विमान को नगर में भ्रमण कराया। रास्ते भर जगह-जगह भक्तों ने भगवान के जयकारे लगाए और पूजा-अर्चना कर प्रसाद चढ़ाया। इस दौरान श्रद्धालुओं में भगवान के प्रति गहरी आस्था और उत्साह देखने को मिला।
बताया गया कि मंदिर में सुबह से ही पूजन-अर्चन का सिलसिला शुरू हो गया था, जो देर शाम तक चलता रहा। भगवान के दर्शन करने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पूरा नगर भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में लीन हो गया। शोभायात्रा के बाद भगवान का डोल वापस राधा-कृष्ण कुटी मंदिर पहुंचा, जहां इसका विधिवत समापन किया गया। इस दौरान वातावरण पूरी तरह से भक्तिमय रहा। डोल ग्यारस का यह आयोजन न सिर्फ धार्मिक महत्व रखता है, बल्कि यह भक्तों को एक साथ आने और अपनी आस्था को प्रकट करने का अवसर भी देता है।
पारंपरिक स्वाद का तड़का, गणेशोत्सव पर महिलाओं ने लगाया फूड स्टॉल
- झूलेलाल कॉलोनी में लजीज सिंधी व्यंजनों का स्वाद और विविध आयोजन
मंडला महावीर न्यूज 29. गणेशोत्सव पर्व पर श्री झूलेलाल कॉलोनी सुभाष वार्ड में महिलाओं के द्वारा फूड स्टॉल का आयोजन किया गया। इस आयोजन में महिलाओं और युवाओं ने पहल करते हुए सिंधी पारंपरिक डिश के साथ अनेक लजीज व्यंजन बनाए। इन व्यंजनों की खास बात रही की सभी डिश अलग-अलग किस्म के थे। इसमें ढोढा चटनी, पुलाव आलू, दाल पकवान, इडली सांभर, डोसा,ढाबेली, समोसा,दही एवं अनेक लजीज चटपटे व्यंजन खास रहे। आयोजित स्टॉल में बच्चों ने गेम्स की टेबिल लगाई। इसमें बच्चों में काफी उत्साह देखा गया।
महिलाओं ने बताया कि इसका उद्देश्य गणेशोत्सव पर्व को सेलिब्रेट करने के साथ पारंपरिक व्यंजनों को बढ़ावा देना है। फूड स्टॉल के लिए महिलाओं में काफी उत्साह देखा गया, इसमें छोटी उम्र से लेकर बड़ी उम्र तक की महिलाओं ने सहभागिता करते हुए लजीज व्यंजन के स्टाल लगाए। महिलाओं ने इसके लिए विशेष तैयारी की और कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने में अहम योगदान दिया। महिलाओं ने धार्मिक संदेश देते हुए फूड स्टॉल में भगवान गणेश के जयकारे लगाए। आयोजित फूड स्टॉल में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
पारंपरिक सिंधी व्यंजन रहे खास
श्री झूलेलाल गणेशोत्सव समिति द्वारा आयोजित पहली बार फूड फेस्टिवल लोगों के लिए मनोरंजन का केंद्र रहा, इसमें बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता करते हुए आयोजन की तारीफ की आयोजन में खास बात रही कि इसमें सिंधी डिश को प्राथमिकता मिली और इसके साथ ही नए नए स्वादिष्ट व्यंजनों को शामिल किया गया। महिलाओं के साथ-साथ बच्चों में भी विशेष उत्साह देखा गया।
बच्चों ने लगाए गेम्स के स्टॉल
आयोजित फूड फेस्टिवल में जहां एक ओर लजीज व्यंजन खास रहे वहीं बच्चों ने भी आगे आते हुए गेम्स के स्टाल लगाए इसमें बच्चों के मनपसंद गेम्स को शामिल किया गया और लोगों ने इसमें बढ़ चढ़कर सहभागिता की,बच्चों ने अपनी दक्षता के आधार पर गेम्स खेले। बच्चों का उत्साह वर्धन हुआ और आयोजन की सराहना हुई।
सार्थक ऐप में ई-अटेंडेंस का विरोध, स्वास्थ्य कर्मचारियों ने सौंपा ज्ञापन
- नेटवर्क की समस्या से जूझ रहे मैदानी कर्मचारी
- सार्थक ऐप से मुक्त करने की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के अलग-अलग विभागों में अपने कार्य क्षेत्र में उपस्थिति दर्ज कराने की व्यवस्था है। वहीं कुछ विभागों में सार्थक ऐप के माध्यम से ई-अटेंडेंस शुरू किया गया है। जिसमें आदिवासी बाहुल्य जिला मंडला के कई ग्रामों में नेटवर्क की समस्या है, जिसके चलते शासन द्वारा शुरू की गई ऑनलाईन उपस्थिति में बाधा आ रही है। उपस्थिति दर्ज नहीं होने पर कर्मचारियों की अनुपस्थिति दर्ज हो रही है। इस समस्या को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज के अंतर्गत कार्यरत बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी राज्य सरकार द्वारा शुरू किए गए सार्थक ऐप में ई-अटेंडेंस दर्ज कराने का विरोध कर रहे हैं। कर्मचारियों ने इस संबंध में अपनी समस्याओं को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल को ज्ञापन सौपतें हुए सार्थक ऐप से उन्हें मुक्त रखने की मांग की है।
कर्मचारियों का कहना है कि सरकार के निर्देशानुसार अस्पताल प्रशासन और चिकित्सा शिक्षा विभाग ने शासकीय अस्पतालों में उपस्थिति दर्ज कराने के लिए सार्थक ऐप अनिवार्य किया है, लेकिन यह नियम मैदानी कर्मचारियों पर लागू नहीं होना चाहिए। उनका तर्क है कि मैदानी स्तर पर काम करने वाले कर्मचारी अपने कार्यक्षेत्र में रहकर ही विभिन्न पोर्टलों पर हितग्राहियों के लाभ को ऑनलाइन दर्ज करते हैं। इन पोर्टलों में लाभार्थी की उपस्थिति उनकी लोकेशन के साथ दर्ज होती है, जिसे आसानी से ट्रैक किया जा सकता है।
कर्मचारियों ने अपनी मुख्य समस्या बताते हुए कहा कि प्रत्येक उप-स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत चार से नौ गांव आते हैं, और इनमें से कई गांवों में मोबाइल नेटवर्क की सुविधा नहीं है। नेटवर्क की इस गंभीर समस्या के कारण सार्थक ऐप में ई-अटेंडेंस दर्ज करना लगभग असंभव है। बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी ने बताया कि शासन द्वारा संचालित विभिन्न सॉफ्टवेयर तभी काम करते हैं जब इंटरनेट उपलब्ध हो। इस वजह से हमें अपने मूल पदस्थापना स्थल को छोड़कर ऐसी जगह पर जाना पड़ता है जहां नेटवर्क हो, जिससे हम अपना काम कर सकें। ऐसी स्थिति में सार्थक ऐप पर हाजिरी लगाना हमारे लिए संभव नहीं है।
कर्मचारियों ने कहा कि वे पहले से ही कई ऑनलाइन पोर्टलों पर काम कर रहे हैं, जो उनकी उपस्थिति को दर्ज करते हैं। ऐसे में सार्थक ऐप का अतिरिक्त बोझ उनके काम में बाधा डाल रहा है। उन्होंने सीबीएमओ से अपील की है कि उनकी व्यावहारिक समस्याओं को ध्यान में रखते हुए उन्हें सार्थक ऐप में ई-अटेंडेंस से छूट दी जाए। इस मुद्दे को लेकर कर्मचारियों में काफी रोष है और वे उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द ही उनकी मांगों पर विचार किया जाएगा।
अवैध शराब पर नैनपुर पुलिस का शिकंजा, भैंसवाही गांव से आरोपी गिरफ्तार
- शिकायत मिलते ही पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई, सात लीटर कच्ची शराब जब्त
मंडला महावीर न्यूज 29. नैनपुर पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत ग्राम भैंसवाही में कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से सात लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब जब्त की गई है। बताया गया कि ग्राम भैंसवाही के नागरिकों ने थाना नैनपुर में अवैध शराब बिक्री की शिकायत करते हुए ज्ञापन सौंपा था। इस ज्ञापन के संबंध में पुलिस अधीक्षक मंडला रजत सकलेचा को अवगत कराया गया, जिन्होंने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
जानकारी अनुसार थाना प्रभारी नैनपुर निरीक्षक बलदेव सिंह मुजाल्दा ने अपनी टीम के साथ नैनपुर के ग्राम भैंसवाही में छापामार कार्रवाई की। इस दौरान फागूलाल मरावी 32 वर्ष पिता रमेश प्रसाद मरावी निवासी भैंसवाही के कब्जे से सात लीटर हाथ भट्टी कच्ची महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 1050 रुपये है। आरोपी को अवैध रूप से शराब बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। नैनपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें आश्वस्त किया कि भविष्य में अवैध शराब बिक्री की कोई भी सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में निरीक्षक बलदेव सिंह मुजाल्दा, उप-निरीक्षक रमेश इंगले, प्रधान आरक्षक राजेश उइके, प्रधान आरक्षक जगदीश मसराम, आरक्षक ओमप्रकाश, नीरज, मुकेश राहंगडाले, महिला आरक्षक सुमन उइके और आरक्षक रंजीत उलाडी शामिल रहे।
नैनपुर जंक्शन दुर्दशा पर बहा रहा आंसू, 6 महीने से मार्ग में पड़ा है विशाल पेड़
- रेलवे अधिकारी उदासीन
- एशिया का सबसे बड़ा जंक्शन बदहाली का शिकार
मंडला महावीर न्यूज 29. कभी एशिया के सबसे बड़े नैरोगेज जंक्शन के रूप में मशहूर रहा नैनपुर जंक्शन आज अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहा है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के तहत आने वाले इस जंक्शन में रेलवे अधिकारियों की उदासीनता और उपेक्षा का एक और उदाहरण सामने आया है, जहां वार्ड नंबर 12 स्थित हनुमान मंदिर और पंजाबी गुरुद्वारे के सामने पिछले छह महीने से एक विशाल पेड़ रास्ते को अवरुद्ध किए हुए है।
बताया गया कि यह पेड़ लगभग छह महीने पहले आए आंधी-तूफान के कारण गिरा था। छह महीने बीत जाने के बाद भी रेलवे के किसी भी अधिकारी या कर्मचारी ने इसे हटाने की जहमत नहीं उठाई है। इस कारण यह महत्वपूर्ण रास्ता पूरी तरह से बंद हो गया है। हैरानी की बात यह है कि इसी रास्ते के आसपास रेलवे क्वार्टर स्थित हैं और रेलवे कर्मचारियों का भी इसी रास्ते से आना-जाना होता है। इसके बावजूद, किसी ने इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया है।
बताया गया कि गिरा हुआ पेड़ अब झाडिय़ों और बेलों से ढकने लगा है, जो रेलवे की लापरवाही दिखा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नैनपुर के साथ सौतेला व्यवहार कर रहा है। न सिर्फ इस रास्ते को साफ नहीं किया गया है, बल्कि शहर में रेलवे से संबंधित अन्य जगहों पर भी साफ-सफाई, सड़क और नालियों की स्थिति बेहद खराब है। मुख्य मार्ग से स्टेशन को जोडऩे वाले रास्ते को छोड़कर बाकी सभी रास्तों और नालियों की हालत बदहाल है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि रेलवे की इस उदासीनता से उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वे मांग करते हैं कि रेलवे अधिकारी जल्द से जल्द इस गिरे हुए पेड़ को हटाकर रास्ते को सुचारू करें और नैनपुर जंक्शन से संबंधित सभी आधारभूत सुविधाओं पर ध्यान दें। अन्यथा, यह ऐतिहासिक जंक्शन अपनी पहचान पूरी तरह से खो देगा।
मध्यान्ह भोजन में गड़बड़ी का मामला आयोग ने लिया संज्ञान
- मंडला में बच्चों को नहीं मिल रहा मेन्यू के अनुसार भोजन
- आयोग ने कलेक्टर से मांगा जवाब
मंडला महावीर न्यूज 29. मप्र मानव अधिकार आयोग ने विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित 12 मामलों में संज्ञान लिया है, जिनमें से एक मामला मंडला जिले का है। यह मामला जिले के अमगवां गांव की एक प्राथमिक शाला में बच्चों को मेन्यू चार्ट के अनुसार मध्यान्ह भोजन न मिलने से संबंधित है, जिसे आयोग ने प्रथम दृष्टया मानव अधिकार उल्लंघन माना है। यह जानकारी मध्य प्रदेश मानव अधिकार आयोग-मित्र शिकायत प्रकोष्ठ शाखा मंडला के सावन सिंह ठाकुर ने दी है। आयोग के कार्यवाहक अध्यक्ष राजीव कुमार टंडन ने इस मामले पर गंभीरता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलब किया है।
भुगतान न मिलने से प्रभावित हुआ मध्यान्ह भोजन
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मंडला जिले की ग्राम पंचायत खड़देवरा के अमगवां गांव की प्राथमिक शाला में मध्यान्ह भोजन का संचालन स्व सहायता समूह द्वारा किया जाता है। लेकिन समूह को पिछले चार महीने से भुगतान नहीं मिला है, जिसके कारण वे बच्चों को तय मेन्यू चार्ट के हिसाब से भोजन नहीं दे पा रहे हैं। इस वजह से बच्चों को सही पोषण नहीं मिल पा रहा है, जो उनके स्वास्थ्य और विकास के लिए बेहद जरूरी है। मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने इस मामले पर संज्ञान लेते हुए कलेक्टर मंडला से मामले की जांच कराने और की गई कार्रवाई का प्रतिवेदन एक माह के भीतर प्रस्तुत करने को कहा है।
अज्ञात वाहन ने मकान के बाहर खड़ी गाडिय़ों को रौंदा
- निवास में देर रात हुआ हादसा, दो कारें क्षतिग्रस्त
- पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही
मंडला महावीर न्यूज 29. निवास नगर के संजय निकुंज के सामने सोमवार देर रात एक अज्ञात वाहन ने दो खड़ी कारों और एक बाउंड्री वॉल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों गाडिय़ां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। यह घटना रात करीब 12.30 बजे की बताई जा रही है। टक्कर के बाद अज्ञात वाहन का चालक मौके से फरार हो गया।
बताया गया कि हादसे में क्षतिग्रस्त हुई कारों में से एक कार क्रमांक एमपी 20 सीएल 1128 शासकीय महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सदन मरावी की है। दूसरी कार देवकी मरावी पति अवधेश की स्विफ्ट डिजायर क्रमांक एमपी 50 सी 6189 है। दोनों कारें जयंती कछवाहा के मकान के सामने खड़ी थीं, जहां डॉ. सदन मरावी और देवकी मरावी किराए पर रहती हैं।
बताया गया कि घटना की पूरी सीसीटीवी फुटेज पुलिस के हाथ लग गई है। निवास पुलिस फुटेज के आधार पर जांच कर रही है और अज्ञात वाहन व उसके चालक की पहचान करने में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे
श्री झूलेलाल गणेशोत्सव में गूंजे जय श्री श्याम के भजन, खाटू श्याम मंडली ने बांधा समा
- श्री झूलेलाल गणेशोत्सव समिति द्वारा भव्य भजन संध्या का आयोजन
मंडला महावीर न्यूज 29. श्री झूलेलाल गणेशोत्सव समिति द्वारा आयोजित दस दिवसीय महोत्सव के अंतर्गत जय श्री श्याम भजन संध्या का आयोजन किया गया। यह आयोजन श्री खाटू श्याम मंडली द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसने अपनी सुरीली आवाज से सभी भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
भजन संध्या की शुरुआत पारंपरिक रूप से श्री खाटू श्याम और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ हुई। इसके बाद मंडली के सदस्यों ने भगवान गणेश और श्री खाटू श्याम के मनमोहक भजनों की प्रस्तुति दी। उनके भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और उपस्थित सभी लोग झूम उठे।
समिति द्वारा आयोजित दस दिवसीय महोत्सव में विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, और इसी कड़ी में यह भजन संध्या का उत्साहवर्धक आयोजन किया गया। इस दौरान सभी धर्म-आस्था प्रेमी भावविभोर होकर भक्ति में लीन हो गए। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित भक्तों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।
मवई सेंट्रल बैंक में सर्वर डाउन, ग्रामीणों का कामकाज ठप
- मवई सेंट्रल बैंक में स्टाफ की कमी और एटीएम बंद होने से बढ़ी मुश्किलें
मंडला महावीर न्यूज 29. मवई मुख्यालय स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा पिछले 10 दिनों से सर्वर की गंभीर समस्या से जूझ रही है, जिसके कारण ग्राहकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस तकनीकी खराबी की वजह से बैंक में किसी भी तरह का लेन-देन, जमा, निकासी या अन्य बैंकिंग कार्य नहीं हो पा रहा है।
बताया गया कि इस शाखा से लगभग 50 से 60 गांवों के ग्रामीण जुड़े हुए हैं। किसान वर्ग जिन्हें इस समय खाद और बीज खरीदने के लिए पैसों की सख्त आवश्यकता है, दूर-दूर से बैंक पहुँच रहे हैं, लेकिन उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सिर्फ बैंक शाखा ही नहीं, बल्कि बैंक से जुड़े ग्राहक सेवा केंद्र पर भी नगद उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिससे आम जनता में भारी रोष है।
परेशान ग्रामीणों ने बताया कि पिछले दो सालों से मवई में सेंट्रल बैंक का एटीएम भी बंद पड़ा है, जिससे उनकी मुश्किलें और भी बढ़ गई हैं। ग्रामीणों की यह भी पुरानी मांग है कि मवई मुख्यालय पर एक और राष्ट्रीयकृत बैंक की शाखा खोली जाए जिससे उन्हें बार-बार ऐसी समस्याओं से न जूझना पड़े। ग्रामीणों ने प्रशासन और बैंक प्रबंधन से जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान करने की मांग की है, जिससे आम जनता और किसानों को राहत मिल सके। इसके साथ ही मवई सेंट्रल बैंक में स्टाफ की कमी बनी हुई हैं।
इनका कहना है
कनेक्टिविटी ना होने के कारण एवं बीएसएनल का नेटवर्क बंद होने के कारण यह परेशानी आई है। बेंगलुरु सिस्टम सुधारा जा रहा है, कल बैंक का काम सुचारू रूप से चालू हो जाएगा।
वेद प्रकाश मेहर, बैंक प्रबंधक, मवई
रिपोर्टर- संदीप श्रीवास, मवई
ग्रामीणों को परोसी कीड़े लगे गुड़ की चाय, छात्रावास अधीक्षक पर गंभीर आरोप
- वायरल वीडियो से हुआ खुलासा
- ग्रामीणों ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. आदिवासी बाहुल्य जिला मंडला में एक वायरल वीडियों में ग्रामीणों को कीड़े वाले गुड़ की चाय पिलाने का मामला सामने आया है। यह घटना विगत माह स्वतंत्रता दिवस के अवसर का है, जब पूरा देश आजादी का जश्न मना रहा था, वहींमंडला जिले के ग्राम खलौडी में संचालित नेताजी सुभाष चंद्र बोस बालिका छात्रावास में उपस्थित हुए ग्रामीणों को कीड़े लगे गुड़ की चाय परोस दी गई। यह आरोप छात्रावास अधीक्षक पूजा डोंगरे पर लगे हैं। ग्रामीणों का दावा है कि 15 अगस्त को आयोजित कार्यक्रम में उन्हें कीड़े लगे गुड़ से बनी चाय परोसी गई, जिससे कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई थी।
बताया गया कि यह घटना उस समय सामने आई जब एक वायरल वीडियो में कथित तौर पर अधीक्षक पूजा डोंगरे अपने कर्मचारियों से यह कहते हुए सुनाई देती हैं, कि ग्रामीणों को कीड़े वाले गुड़ की चाय ही पिलाओ और मेरे लिए दूसरी चाय बनाना। इस वीडियो के सामने आने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा और भी भड़क गया। ग्रामीणों का कहना है कि कीड़े लगे गुड़ की चाय पीने के बाद कुछ लोगों को उल्टी और स्वास्थ्य संबंधी अन्य परेशानियां हुईं, जिसके बाद उन्हें डॉक्टर से सलाह लेनी पड़ी। इस घटना से ग्रामीण बेहद नाराज हैं और उनका कहना है कि अगर अधीक्षक का ग्रामीणों के प्रति ऐसा रवैया है, तो छात्रावास में रहने वाली बालिकाओं के भोजन और स्वास्थ्य की गुणवत्ता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मामले में तत्काल और सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि दोषी अधीक्षक पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। बालिकाओं के अभिभावकों ने भी इस आरोप को गंभीर बताते हुए कहा कि अगर अधीक्षक दोषी पाई जाती हैं, तो उन्हें तुरंत उनके पद से हटाया जाना चाहिए जिससे बच्चियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुनिश्चित किया जा सके।
अधीक्षक ने दी सफाई
इस मामले पर अपनी सफाई देते हुए छात्रावास अधीक्षक पूजा डोंगरे ने कहा कि गुड़ खराब था, जिसके बाद दूसरा गुड़ और शक्कर मंगवाकर चाय बनाई गई। उन्होंने वायरल वीडियो को तोड़-मरोड़कर पेश करने का आरोप लगाया है। हालांकि ग्रामीण उनकी इस सफाई को मानने को तैयार नहीं हैं। उनका तर्क है कि अगर गुड़ खराब था तो शुरुआत में ही उसका इस्तेमाल क्यों किया गया?
चार महीने से नहीं मिला मध्यान्ह भोजन का भुगतान
- बच्चों को परोसा जा रहा चावल, दाल तो कभी सब्जी
- सरकार की योजनाओं पर उठ रहे सवाल
- बच्चों के विकास पर पड़ रहा प्रभाव
मंडला महावीर न्यूज 29. सरकार की स्कूली बच्चों के लिए चलाई जा रही महत्वपूर्ण योजना मध्यान्ह भोजन अब सवालों के घेरे में नजर आ रही है। जिले में एक नहीं कई प्राथमिक शालाओं में मध्यान्ह भोजन मेन्यू चार्ट के हिसाब से नहीं बनाया जा रहा है। बच्चों के शरीरिक विकास के लिए उचित पोषण युक्त आहार देने की मंशा का क्रियान्वयन जिले की स्व सहायता समूह नहीं कर पा रही है, कारण समूह को पिछले चार माह से मध्यान्ह भोजन के लिए भुगतान नहीं मिल है। जिससे नौनिहाल मध्यान्ह भोजन में जो मिल रहा है, वहीं भोजन कर रहे है।
जानकारी अनुसार जब हमारी टीम मंडला जिले की ग्राम पंचायत खड़देवरा के अमगवां गाँव पहुंची और बच्चों को दिये जाने वाले मध्यान्ह भोजन की जानकारी ली तो पता चला कि यहां पिछले कई महिनों से बच्चों को मेन्यू चार्ट के हिसाब से भोजन नहीं खिलाया जा रहा है। प्राथमिक शालाओं में संचालित मध्यान्ह भोजन अब सवालों के घेरे में है। अमगवां के प्राथमिक शाला में पढऩे वाले 42 बच्चों को मेन्यू के हिसाब से पूरा खाना नहीं मिल रहा है। बच्चों को सिर्फ दाल-चावल तो कभी चावल के साथ सब्जी परोसी जा रही है, जबकि मेन्यू में सब्जी और अन्य पौष्टिक आहार भी शामिल हैं।
बताया गया कि जन शिक्षा केंद्र हिरदेनगर के अंतर्गत आने वाली शासकीय प्राथमिक शाला अमगवां में कक्षा पहली से पांचवीं तक के 42 बच्चे दर्ज हैं। इन बच्चों के लिए माँ नर्मदा स्व सहायता समूह द्वारा मध्यान्ह भोजन का संचालन किया जा रहा है, लेकिन समूह का कहना है कि उन्हें पिछले चार महीने से भुगतान नहीं मिला है। समूह अध्यक्ष ने बताया कि वे अपने पास से पैसा लगाकर बच्चों को भोजन करा रही हैं। आर्थिक तंगी के कारण वे बच्चों को मेन्यू के हिसाब से पौष्टिक और स्वादिष्ट भोजन नहीं दे पा रही हैं।
बिना भुगतान के परोस रहे भोजन
माँ नर्मदा स्व सहायता समूह अध्यक्ष बंसती सिंगरौरे ने बताया कि पदमी सोसाइटी के सेल्समैन ने जुलाई माह के राशन के लिए उनके फिंगरप्रिंट भी ले लिए थे, लेकिन उन्हें राशन नहीं दिया गया। अब अगस्त का महीना भी खत्म हो चुका है, और अभी तक उस महीने का भी राशन नहीं मिला है। इस वजह से समूह के सामने बच्चों को खाना खिलाना एक बड़ी चुनौती बन गई है। स्व सहायता समूह ने अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए बताया कि वे अपने पास से पैसा लगाकर बच्चों को भोजन करा रहे हैं। उनकी आर्थिक स्थिति इतनी मजबूत नहीं है कि वे लगातार बिना भुगतान के यह काम जारी रख सकें। यही नहीं, उन्हें राशन भी समय पर नहीं मिल रहा है।
सरकार की मंशा पर सवाल
बताया गया कि सोमवार को मेन्यू के अनुसार बच्चों को चावल के साथ तुअर की दाल और चना-टमाटर की सब्जी खिलानी थी। लेकिन उन्हें केवल दाल और चावल दिया गया। इस घटना से सरकार की पोषण आहार को प्राथमिकता देने की मंशा पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। जब समय पर भुगतान और राशन ही नहीं मिलेगा, तो स्व-सहायता समूह बच्चों को पौष्टिक भोजन कैसे दे पाएगा।
बच्चों पर पड़ रहा असर
बताया गया कि मध्यान्ह भोजन में बिना मेन्यू चार्ट के बच्चों को भोजना कराना एक गाँव की समस्या नहीं है, बल्कि यह उन सरकारी तंत्र की खामियों को उजागर करती है, जो सीधे तौर पर बच्चों के भविष्य और स्वास्थ्य से जुड़ी हुई हैं। शिक्षा का अधिकार कानून और पोषण योजनाओं का लाभ तभी मिलेगा, जब जमीनी स्तर पर उनका सही क्रियान्वयन होगा। जिले के नौनिहालों को मिलने वाले पौष्टिक मध्यान्ह भोजन से वंचित किया जा रहा है, जिसका सीधा असर उनके विकास पर भी पड़ रहा है।
इनका कहना है
समूह का भुगतान ना होने से उधारी मिलने में उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, तीन माह का भुगतान सोमवार को भोपाल से हो गया है, आगे से मेन्यू चार्ट के हिसाब से बच्चों को भोजन दिया जाएगा।
मुकुल पटेल, एमडीएम प्रभारी, मंडला
मध्यान्ह भोजन की राशि पिछले चार महीने से समूहों के खाते में नहीं आने के कारण समूह सदस्य परेशान हो रहे थे। इसलिए मैन्यू के आधार पर भोजन दे पाने में असक्षम थे। मध्यान्ह भोजन की राशि का भुगतान प्रतिमाह एक निश्चित तारीख के पहले सरकार को करना चाहिए।
पीडी खैरवार, संरक्षक
मध्यान्ह भोजन योजना संचालक समूह मंडला
नाबालिग से छेड़छाड़ करने वाला शिक्षक 48 घंटे में गिरफ्तार
- निवास पुलिस की त्वरित कार्रवाई
- आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जेल
मंडला महावीर न्यूज 29. थाना निवास पुलिस ने एक नाबालिग छात्रा से अशोभनीय व्यवहार करने वाले शिक्षक को 48 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। थाना निवास पुलिस टीम ने तत्परता एवं गंभीरता से कार्य कर एक सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। बताया गया कि थाना क्षेत्र निवास में एक नाबालिग छात्रा द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई कि 27 अगस्त को दोपहर करीब 2 बजे स्कूल में पदस्थ शिक्षक ने उसे जबरन गले लगाकर गलत नीयत से छेड़छाड़ की। जिसकी शिकायत निवास थाने में की गई।
बताया गया कि प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना निवास में तत्काल भारतीय न्याय संहिता, पॉक्सो अधिनियम एवं अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराओ में अपराध पंजीबद्ध कर एक विशेष टीम गठित की गई जिसमें एसडीओपी निवास के मार्गदर्शन में फरार आरोपी की तलाश प्रारंभ की गई। गहन पतासाजी कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल मंडला भेजा गया है।
टीम का रहा विशेष योगदान
इस कार्रवाई में निवास पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा। टीम में निवास थाना प्रभारी निरीक्षक वर्षा पटेल, सहायक उप निरीक्षक अरुण आर्मो, आरक्षक रोहित कुमार कुशवाहा, हरवंश ठाकुर, साइबर सेल से सुरेश भटेरे एवं सूर्यचंद बघेल अजय यादव का विशेष योगदान रहा।
बाल गणेश प्रतिमा बनी आकर्षण का केंद्र, सोशल मीडिया में वायरल
- ग्राम कोहका का श्री गणेश पंडाल देखने उमड़ रही भीड़
- छत्तीसगढ़ की तर्ज पर स्थापित की प्रतिमा
मंडला महावीर न्यूज 29. निवास विकासखंड के ग्राम कोहका में इस वर्ष स्थापित किया गया श्री गणेश पंडाल इन दिनों लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। यहाँ स्थापित भगवान श्री गणेश का बाल स्वरूप की प्रतिमा भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बन गई है, जिसे देखने के लिए दूर-दूर से लोग पहुँच रहे हैं।
जानकारी अनुसार इस प्रतिमा को डिंडोरी जिले के शहपुरा विकासखंड के बिछिया ग्राम के मूर्तिकार द्वारा बनाई गई हैं। बताया गया कि सिद्धिविनायक समिति द्वारा स्थापित यह प्रतिमा इसलिए भी खास है क्योंकि पिछले वर्ष इसी तरह की एक प्रतिमा छत्तीसगढ़ में स्थापित हुई थी, जो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थी। इस साल वही बाल गणेश की छवि ग्राम कोहका में स्थापित की गई है, और यह भी खूब वायरल हो रही है।
पंडाल में उमड़ रही भीड़
श्री गणेश स्थापना के बाद से ही ग्राम कोहका में विराजमान श्रीगणेश प्रतिमा को देखने बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे है और अपने मोबाइल में तस्वीरें सहजकर रख रहे है। सुबह-शाम की आरती में भी भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। समिति ने पंडाल की विशेष साज-सज्जा भी की है, जो भक्तों के उत्साह को और बढ़ा रही है। यह बाल गणेश प्रतिमा लोगों में गहरी श्रद्धा और उत्साह पैदा कर रही है, और उम्मीद है कि आने वाले दिनों में और भी ज्यादा लोग दर्शन के लिए यहाँ पहुँचेंगे।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे
धार की टीम बनी विजेता, मंडला की टीम उपविजेता
- ईएमआरएस की राज्य स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता आयोजित
मंडला महावीर न्यूज 29. शासकीय एकलव्य आवासीय विद्यालय सेमरखापा में दो दिवसीय ईएमआरएस राज्य स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता आयोजित की गई है। जिसका समापन आज मंगलवार को दूसरे दिन की प्रतियोगिता के बाद किया जाएगा। बताया गया कि प्रतियोगिता के पहले दिन सोमवार को बालिका वर्ग के मुकाबले संपन्न हुए। जिसमें फाइनल मुकाबला धार और मंडला जिले की टीमों के बीच खेला गया। धार की टीम ने शुरू से ही बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मंडला पर बढ़त बना ली और अंत में 10 अंकों से जीत हासिल कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। वहीं मंडला जिले की टीम उपविजेता रही। इस प्रतियोगिता में कुल 10 जिलों की बालिका टीमों ने हिस्सा लिया।
बताया गया कि मैच का शुभारंभ जिला पंचायत मंडला उपाध्यक्ष इंजीनियर कमलेश तेकाम ने किया। वहीं पहले दिन की प्रतियोगिता के समापन में निवास विधायक चैनसिंह वरकड़े उपस्थित रहे। इस दौरान मंच पर सहायक आयुक्त वंदना गुप्ता, प्राचार्य रीना, जिला क्रीड़ा अधिकारी मंगल सिंह पंद्रे सहित नीरज अग्रवाल, जावेद अली, सोना दुबे, आशीष महेश्वरी समेत गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में पीटीआई मधु कछवाहा, गौतम सुर, अवध कुमार पटेल, लीला सिंह पंद्रों, प्रशांत बसाल, महेश मरावी, सुधीर कछवाहा और शशांक मिश्रा के साथ ब्लॉक समन्वयक करुणा मर्सकोले और अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा। मैच के अंत में सभी खिलाडिय़ों को खेल प्रेमियों ने बधाई और शुभकामनाएं दीं। मंच का संचालन अवध पटेल और शशांक मिश्रा द्वारा किया गया।
राष्ट्रगान के लिए एकजुट हुआ मंडला, हम फाउंडेशन का आयोजन
- अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने किया राष्ट्रगान कार्यक्रम का नेतृत्व
मंडला महावीर न्यूज 29. हम फाउंडेशन भारत सामाजिक संगठन द्वारा 1 सितंबर को दो मिनट राष्ट्र के नाम कार्यक्रम के तहत राष्ट्रगान का आयोजन किया गया। यह इस कार्यक्रम का दूसरा महीना था। इस बार के आयोजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। हम फाउंडेशन की मंडला शाखा द्वारा हर महीने की पहली तारीख को यह कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। सुबह 9 बजे स्थानीय नेहरू स्मारक चौक पर भारत माता को नमन करते हुए राष्ट्रगीत का गायन किया गया। नियत समय से 15 मिनट पहले ही फाउंडेशन के सभी पदाधिकारी और सदस्य कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए थे।
इस महीने के आयोजन में पतंजलि योग समिति के सदस्य भी शामिल हुए, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ गई। हम फाउंडेशन की इस पहल का मुख्य उद्देश्य सभी संगठनों और समाजसेवियों को राष्ट्र प्रेम के लिए एकजुट करना है। संगठन लगातार इस दिशा में प्रयास कर रहा है जिससे सभी लोग मिलकर देश के प्रति अपनी भावनाओं को व्यक्त कर सकें। यह पहल न केवल राष्ट्रभक्ति को बढ़ावा दे रही है, बल्कि विभिन्न सामाजिक समूहों को एक साझा मंच पर ला रही है।
राहुल गांधी के बयान के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन, कांग्रेस कार्यालय का घेराव कर फूंका पुतला
- राहुल गांधी ने देश की मातृशक्ति का किया अपमान-प्रफुल्ल मिश्रा
मंडला महावीर न्यूज 29. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत माताजी पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की कथित अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में सोमवार को भाजपा महिला मोर्चा मंडला ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय का घेराव कर राहुल गांधी का पुतला दहन किया। यह विरोध प्रदर्शन भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा के निर्देश पर हुआ। इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने न सिर्फ प्रधानमंत्री की माताजी, बल्कि पूरे देश की मातृशक्ति का अपमान किया है। कार्यकर्ताओं ने इस कृत्य को अक्षम्य बताया और कहा कि देश की जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री शशि पटेल ने कहा कि राहुल गांधी की यह सोच केवल एक परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे देश की माताओं और बहनों का अपमान है। उन्होंने कहा कि देश इस तरह की संकीर्ण मानसिकता को कभी बर्दाश्त नहीं करेगा। वहीं नैनपुर नगरपालिका अध्यक्ष, कृष्णा पंजवानी ने कहा कि राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माताजी के लिए अमर्यादित भाषा का प्रयोग करके करोड़ों भारतीयों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति इस बयान का कड़ा विरोध करती है और कांग्रेस पार्टी को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।

जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस की यह ओछी मानसिकता केवल प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र की माताओं और बहनों का अपमान है। उन्होंने कहा कि भाजपा इसे सहन नहीं करेगी और लोकतांत्रिक तरीके से इसका कड़ा विरोध जारी रखेगी। महिला मोर्चा ने एकजुट होकर संकल्प लिया कि वे देश की गरिमा और मातृशक्ति के सम्मान के लिए हमेशा संघर्षरत रहेंगी। विरोध प्रदर्शन में महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष मंजू कछवाहा, प्रदेश मंत्री शशि पटेल, भाजपा ग्रामीण अध्यक्ष अनीता तिवारी, नगरपालिका नैनपुर अध्यक्ष कृष्णा पंजवानी, नगर परिषद अध्यक्ष मीना हरदहा (बम्हनी), रजनी मरावी (बिछिया), श्रद्धा उईके, शिखा श्रीवास्तव, उमा यादव, ओमवती उइके सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। इसके साथ ही नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, पूर्व विधायक डॉ. शिवराज शाह, पारस असरानी, विनय मिश्रा, मंडल अध्यक्ष शिवा रानू राजपूत और राजकुमार चौकसे सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद थे।
गणपति के जयकारों से गूंजा नगर, महाआरती में उमड़े श्रद्धालु
- श्री झूलेलाल गणेशोत्सव समिति ने की महाआरती, लगाया छप्पन भोग
मंडला महावीर न्यूज 29. श्री झूलेलाल गणेशोत्सव समिति सुभाष वार्ड द्वारा आयोजित गणेशोत्सव के अवसर पर भव्य महाआरती और छप्पन भोग का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन शामिल हुए, जिनके जयकारों से पूरा नगर गूंज उठा। समिति द्वारा प्रतिदिन विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, और इसी कड़ी में यह महाआरती विशेष आकर्षण का केंद्र रही। महाआरती में भगवान गणपति से सभी परिवारों की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की गई। बड़ी संख्या में पुरुषों, महिलाओं और बच्चों ने एक साथ भगवान गणेश की आराधना की और जयकारे लगाए।

आरती में मां रेवा कावड़ यात्रा समिति, पंडित रानूनाथ शर्मा और संध्या आरती मंच रपटा घाट के सदस्यों ने अपना विशेष योगदान दिया। इस दौरान भक्तों ने श्रद्धापूर्वक फूलों की वर्षा की, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। आयोजन में भगवान गणेश की आकर्षक मूर्ति बनाने वाले मूर्तिकार शुभम प्रजापति को सम्मानित भी किया गया। आरती, पूजा और छप्पन भोग प्रसादी में नगर के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान मनमोहक स्पार्कल आतिशबाजी भी की गई, जिसने लोगों का मन मोह लिया।

महाआरती के बाद सिद्धिविनायक को छप्पन भोग के विविध व्यंजनों का भोग लगाया गया। ये व्यंजन परिवारों द्वारा अपने घरों से बनाकर लाए गए थे। गणेश जी की आरती के साथ-साथ मां जगतजननी की भी आराधना की गई। कार्यक्रम का समापन परंपरागत पल्लव पूजा के साथ हुआ, जिसके बाद सभी उपस्थित लोगों को महाप्रसादी का वितरण किया गया।
कान्हा में शुरू हुआ हाथियों की शाही खातिरदारी
- सात दिन होगी हाथियों की मालिश और पसंदीदा पकवानों से खुशामदीद
- 5 सितंबर को हाथी रिजुविनेशन कैंप का समापन
- समापन में होगी खेल गतिविधियां और पुरस्कार वितरण
मंडला महावीर न्यूज 29. कान्हा राष्ट्रीय उद्यान में प्रतिवर्ष होने वाला हाथी रिजुविनेशन कैंप 31 अगस्त से शुरू हो गया है। इस रिजुवेनेशन कैम्प का उद्घाटन कान्हा टायगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक रवीन्द्र मणि त्रिपाठी, भा.व.से., द्वारा पारंपरिक विधि से हाथियों का सम्मान करते हुये किया गया। सात दिनों तक चलने वाले इस शिविर में पार्क के 17 विभागीय हाथियों में से 15 की शाही देखभाल की जाएगी। यह कैंप हाथियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए 16 साल से आयोजित किया जा रहा है। बताया गया कि साल भर कान्हा के ये हाथी पार्क की सुरक्षा, गश्त और अन्य कामों में व्यस्त रहते हैं। यह कैंप उन्हें आराम देने और उनका स्वास्थ्य सुनिश्चित करने का एक अनूठा तरीका है। इन सात दिनों में हाथियों को भरपूर आराम, पौष्टिक भोजन और चिकित्सीय देखभाल मिलती है, जिससे वे नई ऊर्जा के साथ फिर से अपनी ड्यूटी पर लौट सकें।

जानकारी अनुसार इस वर्ष कैंप में 10 नर और 5 मादा हाथी शामिल हैं। उनकी देखभाल के लिए एक विशेष मेनू और कार्यक्रम तैयार किया गया है। इस शाही कैम्प में हाथियों के पसंदीदा खाना उन्हें दिया जाएगा। जिसमें मक्का और बाजरे की रोटियां, नारियल, केले, गन्ना, अनानास, आम, पपीता, नाशपाती और मौसमी फल खिलाए जाएंगे। उनके लिए गेहूं का आटा, सोयाबीन का आटा, चना का बेसन, गुड़ और नमक से बने व्यंजन भी परोसे जाएंगे। हाथी रिजुविनेशन कैंप का समापन 5 सितंबर को खेल गतिविधियों और पुरस्कार वितरण के साथ होगा। इसके बाद 6 सितंबर को सभी हाथी अपने-अपने निर्धारित कैंपों में लौट जाएंगे।

स्वास्थ्य का रखा जाएगा ध्यान
कान्हा पार्क के क्षेत्र संचालक ने बताया कि इस कैंप के दौरान हाथियों के रक्त के नमूने जांच के लिए लिए जाएंगे। इसके साथ ही उनके नाखूनों की ट्रिमिंग की जाएगी, पेट के कृमियों को साफ करने के लिए दवा दी जाएगी और जरूरत पडऩे पर उनके दांतों की कटाई भी की जाएगी। इस रिजुविनेशन कैंप के दौरान हाथियों को रोजाना तेल की मालिश दी जाएगी, जिससे उनकी मांसपेशियों को आराम मिलेगा और वे तरोताजा महसूस करेंगे।
पुराने और नए साथियों का मिलन
बताया गया कि कान्हा में फिलहाल 17 विभागीय हाथी हैं, जिनमें कुछ को दूसरे राज्यों से खरीदा गया है और कुछ कान्हा में ही जन्मे हैं। इन हाथियों में 6 मादा, 10 नर और एक नवजात बच्चा शामिल है। सबसे उम्रदराज मादा हाथी वनदेवी हैं, जिनका जन्म 1941 में हुआ था। वहीं, सबसे नया सदस्य 3 जुलाई 2025 को जन्मा है, जिसकी माँ का नाम निर्मला है। सुरक्षा कारणों से इस नवजात बच्चे और उसकी माँ को इस साल कैंप से दूर रखा गया है, ताकि वे हर्पीस जैसे संक्रामक रोगों से बचे रहें।
अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
इस महत्वपूर्ण आयोजन को सफल बनाने के लिए कान्हा टाइगर रिजर्व के अधिकारियों को अलग-अलग दिनों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सहायक संचालक, परिक्षेत्र अधिकारी और वन्यप्राणी चिकित्सा अधिकारी की टीम इस पूरे कार्यक्रम की निगरानी करेगी। 4 सितंबर को डॉ. आरके चतुर्वेदी महावतों और चाराकटरों का स्वास्थ्य परीक्षण भी करेंगे।
कान्हा में नए प्रवेश द्वार सरही गेट से होगी सफारी के लिए टिकटों की बुकिंग
- पर्यटकों की सुविधा के लिए वन विभाग का अहम फैसला
- कान्हा टाइगर रिजर्व के प्रवेश नियमों में बदलाव
मंडला महावीर न्यूज 29. कान्हा टाइगर रिजर्व में वन्यजीव सफारी के लिए प्रवेश नियमों में बदलाव करते हुए वन विभाग ने एक अहम फैसला लिया है। जिसमें कान्हा पार्क आने वाले पर्यटकों को सुविधा मिलेगी। पहले खटिया गेट से ही सरही के लिए प्रवेश किया जाता था, लेकिन अब सरही में सफारी के लिए सरही गेट से ही सफारी की टिकट बुकिंग हो सकेगी।
जानकारी अनुसार कान्हा में सफारी का अनुभव करने वाले पर्यटकों के लिए यह बड़ी खबर है। जहां मप्र वन विभाग ने कान्हा टाइगर रिजर्व के सरही प्रवेश द्वार को सफारी वाहनों के लिए खोलने का फैसला किया है। अब तक पर्यटकों को अन्य गेटों से ही प्रवेश मिलता था, लेकिन इस नए बदलाव से पर्यटन और भी सुलभ हो जाएगा। बताया गया कि पर्यटकों को अगले पर्यटन सत्र 2025-26 से सरही गेट से प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। इस गेट से प्रवेश के लिए सुबह 19 और शाम 17 परमिट वाहन जारी किए जाएंगे। इस फैसले का मुख्य उद्देश्य पर्यटकों के लिए सफारी का अनुभव बेहतर बनाना और अन्य प्रवेश द्वारों पर वाहनों के दबाव को कम करना है।
बताया गया है कि यह निर्णय बिजनेस एनालिस्ट अक्षय पंवार की मांग पर लिया गया है। उन्होंने एक पत्र लिखकर सरही गेट से प्रवेश की अनुमति देने का अनुरोध किया था, जिसे वन विभाग ने स्वीकार कर लिया है। इस पहल से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय क्षेत्र में भी आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि होगी। बताया गया कि इस बदलाव से सरही गेट के पास के क्षेत्रों से आने वाले पर्यटकों को लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी, जिससे उनका समय और ऊर्जा दोनों बचेंगे। कान्हा पार्क प्रबंधन की यह पहल पर्यावरण अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आने वाले समय में वन विभाग इस नए नियम के क्रियान्वयन के लिए संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करेगा जिससे पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
नारायणगंज में आवारा पशुओं पर नकेल, प्रशासन ने शुरू की कार्रवाई
- शिकायत पर सीईओ ने दिए निर्देश
- 19 पशु पकड़े
- मालिकों पर लगा जुर्माना
मंडला महावीर न्यूज 29. नेशनल हाईवे पर आवारा पशुओं से हो रही परेशानी और हादसों की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जनपद पंचायत नारायणगंज उपाध्यक्ष अविनाश शर्मा की शिकायत के बाद जनपद पंचायत नारायणगंज सीईओ ने आवारा पशुओं को पकडऩे का अभियान शुरू करने का आदेश दिया।
जानकारी अनुसार जनपद उपाध्यक्ष अविनाश शर्मा ने 25 अगस्त को सीईओ को पत्र लिखकर बताया था कि नेशनल हाईवे से लगे गांवों में आवारा पशुओं के झुंड घूम रहे हैं, जिससे किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं और सड़क पर दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। शिकायत को संज्ञान लेते हुए नारायणगंज सीईओ ने 26 अगस्त को एक आदेश जारी किया। इसमें पड़रिया, पटेहरा, मैली, खैरी, देवरी, कुम्हा, कूड़ामैली, भावल, चिरईडोंगरी और कोंडरामाल जैसी ग्राम पंचायतों को निर्देश दिया गया कि वे आवारा पशुओं को पकड़कर सिवनीमाल स्थित गौशाला में पहुंचाना सुनिश्चित करें।
बताया गया कि इस निर्देश का पालन करते हुए ग्राम पंचायत पटेहरा ने रविवार को नेशनल हाईवे से 19 आवारा पशुओं को पकड़ा। सरपंच काली चरण मार्को ने बताया कि इनमें से 13 पशुओं के मालिकों पर 500-500 रुपए का जुर्माना लगाया गया और उन्हें भविष्य में लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी गई। सभी पशु मालिकों को जुर्माने की रसीद भी दी गई। बचे हुए 6 पशुओं को फूलसागर गौशाला भेज दिया गया है। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि इसी तरह की कार्रवाई अन्य ग्राम पंचायतों में भी की जाएगी जिससे किसानों और आमजन को इस समस्या से स्थायी निजात मिल सके।
अज्ञात वाहन ने ट्रक को मारी जोरदार टक्कर, दो घायल
- अज्ञात वाहन मौके से फरार
- मंडला नारायणगंज मार्ग में बबैहा पुल में हुआ हादसा
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला नारायणगंज एनएच 30 मार्ग में ग्राम कोंडरामाल के पास स्थित बबैहा पुल पर विगत रात्रि दो वाहनों की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में ट्रक क्रमांक यूपी 64 एच 7289 बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ट्रक चालक और परिचालक घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे की जानकारी तत्काल कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पहुंची। हादसे के बाद हाईवे मार्ग पर स्थित बबैहा पुल पर एक ट्रक आड़ा हो गया था। जिसके कारण हाईवे मार्ग के दोनों तरफ जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को सीधा कराकर आवागमन सुचारू कराया। वहीं हादसे के बाद अज्ञात वाहन मौके से फरार हो गया।
जानकारी अनुसार जबलपुर की तरफ से आ रहा ट्रक मंडला की तरफ जा रहा था। वहीं मंडला की तरफ से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने जबलपुर की तरफ से आ रहे ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों वाहनों की जोरदार टक्कर हो गई, जिससे जबलपुर की तरफ से आ रहा ट्रक क्षतिग्रस्त हो गया। हालाकि इस हादसे में ट्रक चालक परिचालक को मामूली चोटे आई है। वहीं एक बड़ा हादसा टल गया। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई है। हादसे की जांच की जा रही है।
सच्ची भक्ति से ही सतलोक में मिलता जाने का मार्ग
- जगतगुरु संत रामपाल महाराज का सत्संग आयोजित
- सत्संग में पहुंचे श्रद्धालुओं को ज्ञान गंगा पुस्तक का किया वितरण
मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड निवास के ग्राम बाहुरपायली में जगतगुरु संत रामपाल महाराज का सत्संग एलईडी टीवी के माध्यम से आयोजित किया गया। इस सत्संग में निवास, बरबटी, सिंगपुर और कुंडम सहित आसपास के कई गाँवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। संत रामपाल महाराज ने अपने प्रवचन में सतलोक के रहस्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने समझाया कि हमारा यह लोक नाशवान है, जहाँ जन्म-मृत्यु और दुख अनिवार्य हैं। इसके विपरीत सतलोक एक ऐसा अमर धाम है, जहाँ न तो जन्म होता है, न मृत्यु, न कोई बीमारी और न ही किसी तरह का दुख है।
उन्होंने शास्त्रों का हवाला देते हुए बताया कि यजुर्वेद और गीता में भी इस परम धाम का उल्लेख है, जहाँ जाने के बाद जीवात्मा को फिर से इस संसार में जन्म नहीं लेना पड़ता। संत ने कहा कि इस लोक में सिर्फ वही लोग जा सकते हैं, जो शास्त्रों के अनुसार सच्ची भक्ति करते हैं। उन्होंने बताया कि सतलोक में सिर्फ सुख और शांति है।
ज्ञान गंगा पुस्तक का किया वितरण
सत्संग में आए श्रद्धालुओं ने कहां कि उन्हें पहले स्वर्ग ही अंतिम लोक लगता था, लेकिन सत्संग सुनकर उन्हें यह ज्ञान मिला कि स्वर्ग भी नाशवान है और केवल सतलोक ही अमर है। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं को ज्ञान गंगा नामक पुस्तक वितरित की गई। इस पुस्तक में सतलोक के रहस्य और वहाँ तक पहुंचने के सच्चे मार्ग का विवरण दिया गया है।
खाई में गिरी एंबुलेंस, चालक और कर्मचारी बाल-बाल बचे
- ग्रामीणों की मदद से घायलों को पहुंचाया अस्पताल
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला निवास मार्ग में बबलिया रिपटा से चकदेही मेंहदवानी पहुंच मार्ग पर मुरलापानी गाँव में एक एंबुलेंस का संतुलन बिगडऩे से वह सड़क किनारे खाई में पलट गई। इस हादसे में एंबुलेंस चालक और उसमें बैठे कर्मचारी बाल-बाल बच गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल मदद के लिए हाथ बढ़ाया और घायलों को बबलिया प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भेजा गया।
बताया गया कि हादसा तब हुआ जब एंबुलेंस चालक बबलिया रिपटा से चकदेही मेंहदवानी में जा रहा था। इसी दौरान घाट पर एम्बुलेंस से चालक ने अपना संतुलन खो दिया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। वाहन पलटते ही ग्रामीणों ने दौड़कर मदद की। उन्होंने फौरन घायलों को वाहन से बाहर निकाला। ग्रामीणों के सहयोग से सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और तुरंत बबलिया स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया। फिलहाल वाहन का चालक और उसमें बैठे अन्य कर्मचारी सही सलामत है।
राधा अष्टमी पर भक्तिमय हुआ वरदान आश्रम
मंडला: राधा-कृष्ण का अभिषेक, भक्तों ने किया भजन-कीर्तन
मंडला महावीर न्यूज 29. राधा अष्टमी के अवसर पर अंजनिया स्थित वरदान आश्रम में श्रद्धा और भक्ति से सराबोर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान श्रद्धालुओं ने प्रात: भगवान श्री कृष्ण जी के साथ राधा जी का दूध, दही, घी, शक्कर, शहद पंचामृत से अभिषेक कर पूजन और 108 कमल के पुष्पों से अर्चन कर मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।
पूजा-अर्चना के पश्चात पंडित रामगोपाल शास्त्री ने उपस्थित श्रद्धालुओं को राधा अष्टमी का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि राधा जी भक्ति और प्रेम की प्रतीक हैं। राधा नाम का स्मरण करने मात्र से जीवन में सुख-समृद्धि और शांति की प्राप्ति होती है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और भजन-कीर्तन के साथ वातावरण भक्तिमय बना रहा। शाम को भजन संध्या का आयोजन हुआ।
राधाष्टमी पर मंदिरों में उमड़े भक्त, भजन-कीर्तन और भंडारे का आयोजन
- वृंदावन स्वामिनी राधारानी का प्राकट्य उत्सव नगर में हर्षोल्लास से मनाया गया
मंडला महावीर न्यूज 29. वृन्दावन स्वामिनी राधारानी जी का प्राकट्य उत्सव नगर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। नगर में अलग अलग हुए विविध धार्मिक आयोजनों में भक्त राधारानी और श्रीकृष्ण का संकीर्तन करते नजर आए। नगर के वार्ड 15 स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर में राधाष्टमी के पवन अवसर पर सुबह 8 बजे से 12 बजे तक विभिन्न कार्यक्रमो का आयोजन किया गया। दिन भर चले आयोजनों में यहां भक्तों का तांता लगा रहा। इस अवसर पर सुबह 8 बजे से 12 बजे तक विभिन्न कार्यक्रमो का आयोजन गोविंद प्रसाद सोनी के द्वारा राधाकृष्ण मंदिर पर रखा गया। पूजन पाठ भजन कीर्तन व महा प्रसाद का वितरण किया गया।
इस्कॉन परिवार ने भी वृंदावन स्वामिनी राधारानी का प्राकट्य उत्सव भव्य रूप में आयोजित किया। जिसके अंतर्गत सुबह 9.30 बजे हरिनाम संकीर्तन, 10.30 से राधाष्टमी कथा 11 बजे से श्री राधारानी का अभिषेक, दोपहर 12 बजे आरती एवं छप्पन भोग के बाद महाप्रसाद का वितरण किया गया। यहां राधारानी के जन्मोत्सव पर इस्कॉन परिवार के महिला एवं पुरुष भक्त एक सी पोशाक में बड़ी संख्या में उत्साह से शामिल हुए। इसी तरह मुख्य मांग पर प्रोहित शर्मा परिवार द्वारा भी राधारानी के छाया चित्र पर दीप प्रज्जवलित कर आरती पश्चात शाम 5 बजे राजेश्वरी राधा रानी को भोग अर्पित कर महाप्रसाद भंडारा का वितरण प्रारंभ किया गया जो देर रात्रि तक संचालित रहा।
संभाग के कैडेट्स को बताए एक अच्छे लीडर के गुण
- एनसीसी कैडेट्स के लिए मिशन लीडरशिप फोर्ज कार्यशाला
- प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में नेतृत्व क्षमता विकास पर एक दिवसीय कार्यशाला
मंडला महावीर न्यूज 29. प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एक दिवसीय मिशन लीडरशिप फोर्ज, एसएससीडी कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य एनसीसी कैडेट्स में नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व का विकास करना था। कार्यशाला के मुख्य अतिथि 1 एमपी आर्टि रेजीमेंट एनसीसी जबलपुर के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल विक्रांत त्यागी (सेना मेडल) थे। उन्होंने एनसीसी कैडेट्स को परिदृश्य आधारित साक्षात्कार देने, छिपी हुई प्रतिभाओं को उजागर करने और प्रभावी टीम बनाने के तरीकों के बारे में बताया। कर्नल त्यागी ने प्रोजेक्टर और उदाहरणों की मदद से पूरे संभाग के कैडेट्स को समझाया कि एक अच्छे लीडर में कौन-कौन से गुण होने चाहिए।
क्राइस्ट चर्च स्कूल, जबलपुर के प्राचार्य श्री सितिज शायरील जेकॉब ने तकनीकी बदलावों और डिजिटलीकरण को अपनाने पर जोर दिया। एग्रीकल्चर कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. राहुल डोंगरे ने स्वस्थ जीवन शैली और मानसिक स्वास्थ्य के बारे में जानकारी दी। मनोवैज्ञानिक डॉ. सुमित पासी ने बताया कि मनोविज्ञान कैसे समस्या-समाधान की क्षमता विकसित करता है। ब्रेन चाइल्ड स्कूल के प्राचार्य श्री निशांत शुक्ला ने प्रभावी संवाद और टीम वर्क के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस ऐतिहासिक कार्यशाला में 1 एमपी आर्टि रेजीमेंट एनसीसी जबलपुर से सूबेदार मेजर राकेश कुमार, सूबेदार सुनील कुमार और अन्य पीआई स्टाफ समेत जबलपुर संभाग के विभिन्न महाविद्यालयों और स्कूलों के एनसीसी अधिकारी और कैडेट्स भी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। इस कार्यक्रम के आयोजन में प्राचार्य डॉ. अनिल गुप्ता और एनसीसी अधिकारी डॉ. राजेश धुर्वे का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजेश धुर्वे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन एनसीसी अधिकारी डॉ. राजेश मस्तकार ने किया।
मुस्ताक अहमद प्रीमियर फुटबॉल लीग का शुभारंभ
- पदमी और नर्मदा स्पोर्ट्स क्लब ने दर्ज की शानदार जीत
मंडला महावीर न्यूज 29. महात्मा गांधी स्टेडियम में रविवार को स्वर्गीय मुस्ताक अहमद प्रीमियर फुटबॉल लीग का शानदार आगाज हुआ। जनपद पंचायत मंडला अध्यक्ष सोनू भलावी ने मुख्य अतिथि के रूप में इस प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस लीग में जिले की कुल 16 टीमें भाग ले रही हैं, जिन्हें 4 अलग-अलग पूल में विभाजित किया गया है।
बताया गया कि प्रतियोगिता का पहला मैच सहजार और पदमी के बीच खेला गया। पहले हाफ में सहजार के खिलाड़ी मोहन मरावी ने एक गोल करके अपनी टीम को बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ में भी यह बढ़त बनी रही, लेकिन आखिरी 10 मिनटों में पदमी के केशू और राम कुमार ने लगातार दो गोल करके अपनी टीम को 2-1 से जीत दिला दी। इस मैच के मैन ऑफ द मैच का खिताब राम कुमार को मिला।
दूसरा मैच नर्मदा स्पोर्ट्स क्लब और आजाद स्पोर्ट्स क्लब जंतीपुर के बीच खेला गया, जो पूरी तरह से एक तरफा रहा। नर्मदा स्पोर्ट्स क्लब ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 8-0 से शानदार जीत हासिल की। टीम की ओर से प्रिंस और बॉबी ने 3-3 गोल, जबकि अभिषेक और प्रथम ने 1-1 गोल किया। प्रिंस उइके को इस मैच का मैन ऑफ द मैच चुना गया।
इस आयोजन को सफल बनाने में जिला फुटबॉल संघ अध्यक्ष डॉ. दिलीप शर्मा, सचिव अनिल सोनी, राजेंद्र शर्मा, पार्षद विनय वरदानी, अली इमाम अंसारी, पंकज उसराठे और बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों ने योगदान दिया। आयोजकों ने सभी खेल प्रेमियों से स्टेडियम पहुँचकर खिलाडिय़ों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।
तीन संतान के नाम पर शिक्षकों को ब्लैक मेल करने का मामला उजागर
- एसोसिएशन ने बैठक कर शिक्षकों को दी कानूनी जानकारी और सुरक्षा का आश्वासन
मंडला महावीर न्यूज 29. ट्राइबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन द्वारा मवई ब्लॉक के उन शिक्षकों की बैठक ली गई जिनकी 3 संताने हैं। मवई ब्लॉक के कई शिक्षकों द्वारा एसोसिएशन को बताया कि मवई क्षेत्र में कुछ व्यक्तियों के द्वारा तीन संतान के नाम पर ऐसे शिक्षकों को ब्लैकमेल किया जा रहा था।
बैठक में एक शिक्षक ने बताया कि उनसे तीन संतान होने के आधार पर एक लाख रुपये की मांग की गई थी। कई अन्य शिक्षकों ने भी इसी तरह की परेशानियों से एसोसिएशन के पदाधिकारियों को अवगत कराया। इन शिकायतों के बाद ट्राइबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष डीके सिंगौर, जिला अध्यक्ष दिलीप मरावी और महिला विंग की जिला अध्यक्ष मीना साहू ने शिक्षकों को इस नियम से जुड़ी कानूनी जानकारी दी।
पदाधिकारियों ने शिक्षकों को बताया कि तीन संतान का नियम उन पर लागू नहीं होता है, क्योंकि न तो उनकी नियुक्ति के समय तीन संतानें थीं और न ही उनकी तीसरी संतान के जन्म के समय मध्य प्रदेश सिविल सेवा नियम लागू था। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विभाग ने नियम बनने के बाद किसी भी शिक्षक से कोई अंडरटेकिंग नहीं ली है। एसोसिएशन ने सभी शिक्षकों से अपील की है कि वे बिना डरे और ईमानदारी से अपना काम करें। उन्होंने शिक्षकों को भरोसा दिलाया कि अगर कोई व्यक्ति फिर से धमकाता है या पैसे की मांग करता है, तो उसकी जानकारी एसोसिएशन को दें, जिसके बाद पुलिस में शिकायत की जाएगी।
पदाधिकारियों ने शिक्षकों को अपनी संतानों से संबंधित जानकारी न छिपाने और उसे सेवा पुस्तिका में दर्ज कराने की सलाह दी है। एसोसिएशन ने बताया कि वे इस मामले में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रेयांस कूमट से मिल चुके हैं, जिन्होंने आश्वासन दिया है कि किसी भी शिक्षक के साथ अन्याय नहीं होगा। जल्द ही एसोसिएशन सामान्य प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव से मिलकर भी शिक्षकों का पक्ष रखेगा। बैठक में सरिता सिंह, उमेश यादव, प्रदीप पटेल, आसित लोध, गोपाल राजपूत समेत अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे।
हाईवे में रेत से फिसला शिक्षक, ट्राले से हुई मौत
- एनएच 30 मार्ग में अंजनिया चौकी क्षेत्र में दर्दनाक हादसा
- अवैध रेत परिवहन पर ग्रामीणों में आक्रोश
मंडला महावीर न्यूज 29. अंजनिया चौकी क्षेत्र के नेशनल हाईवे 30 मार्ग में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक शिक्षक की मौत हो गई। बाइक पर सवार शिक्षक रेत से फिसलने के बाद अनियंत्रित होकर एक ट्रॉले की चपेट में आ गया। जिससे शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। यह सड़क हादसा अंजनिया के अहमदपुर चौराहा से 200 मीटर पहले पुरानी बंजी रोड के पास सुबह करीब 10.40 बजे हुआ। मृतक की पहचान 59 वर्षीय राजकुमार झारिया के रूप में हुई है, जो अंजनिया निवासी थे और ग्राम बघरौड़ी में प्राथमिक शाला में शिक्षक थे।

जानकारी अनुसार शिक्षक राजकुमार घर से स्कूल जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हाईवे पर बिखरी हुई रेत के कारण उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वे पीछे से आ रहे एक ट्रॉले के पहिए के नीचे आ गए। हालांकि उन्होंने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन सिर पर पहिया चढऩे के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों में आक्रोश
घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में मातम छा गया। ग्रामीणों ने इस हादसे को लेकर भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि क्षेत्र में अवैध रेत के परिवहन के दौरान ट्रैक्टरों से हाईवे पर रेत बिखेर दी जाती है, जिससे कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। ग्रामीणों ने बताया कि तीन दिन पहले ही उन्होंने इस बारे में स्थानीय प्रशासन को सूचित किया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने बताया कि अंजनिया, मांद, खामटीपुर, नारा-दिवारा सहित कई गांवों से हो रहे अवैध रेत परिवहन पर रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक इस पर लगाम नहीं लगती, ऐसे हादसे होते रहेंगे।
पुलिस की हिरासत में ट्राला चालक
सड़क हादसे की सूचना मिलते ही अंजनिया पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एंबुलेंस और ग्रामीणों की मदद से शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने बताया कि ट्रॉला चालक को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
जर्जर स्कूल से परेशान बच्चों ने गणेश जी को लिखा भावुक पत्र
- मंडला के ग्राम तलैया टोला में स्कूल भवन न होने से बच्चे रंगमंच में पढऩे को मजबूर
- प्रशासन पर उठे सवाल
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले भर में भक्त श्री गणेश की भक्ति में लीन है। इस वर्ष गणेशोत्सव के अवसर पर मंडला जिले के ग्राम तलैया टोला के बच्चों ने अपनी अनोखी और दिल छू लेने वाली प्रार्थना से सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है। इन बच्चों ने एक भावुक पत्र भगवान गणेश को लिखा है, जिसमें उन्होंने अपने टूटे हुए स्कूल भवन की व्यथा सुनाई है और जल्द से जल्द नया भवन बनवाने की गुहार लगाई है। यह पत्र शिक्षा विभाग की अनदेखी और प्रशासनिक उदासीनता को उजागर कर रहा है।
बताया गया कि स्कूली बच्चों की यह मार्मिक अपील गणेशोत्सव के दौरान सामने आई है, वहीं ग्रामीणों और बच्चों को उम्मीद है कि भगवान गणेश की कृपा से प्रशासन की नींद टूटेगी और जल्द ही उनके विद्यालय भवन के निर्माण की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएँगे, जिससे वे भी बाकी बच्चों की तरह अच्छे माहौल में पढ़ाई कर सकें। बच्चों ने अपने पत्र में लिखा है गणेश भगवान हमारी परेशानी कोई नहीं समझ रहा। हम सभी बच्चे आपसे प्रार्थना करते हैं कि हमारा स्कूल भवन फिर से बनवा दीजिए, जिससे हम मन लगाकर पढ़ाई कर सकें। यह मासूम बच्चों की अपील सीधे तौर पर यह सवाल उठाती है कि क्या सब पढ़ें, सब बढ़ें जैसी सरकारी योजनाओं का लाभ हर बच्चे तक पहुँच रहा है, या नहीं।

शाला भवन टूटा, नए भवन का कर रहे इंतजार
विकासखंड मंडला के संकुल केंद्र शासकीय हवेली उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बम्हनी के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत देवगांव के पोषक ग्राम तलैया टोला में लगभग 26 बच्चे प्राथमिक विद्यालय में पढ़ते हैं। यह स्कूल भवन काफी समय से जर्जर हालत में था। तकनीकी अधिकारियों की रिपोर्ट के बाद इसे गिरा दिया गया था। ग्रामीणों और शिक्षकों को उम्मीद थी कि जल्द ही नया भवन बन जाएगा, लेकिन एक साल बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।
रंगमंच में लग रही कक्षाएं, श्रीगणेश प्रतिमा भी स्थापित
स्कूल भवन न होने के कारण मजबूरन बच्चों को गांव के सांस्कृतिक रंगमंच में पढ़ाया जा रहा है। वर्तमान में इसी रंगमंच पर गणेश प्रतिमा स्थापित है और उसी पंडाल में कक्षा पहली से पाँचवीं तक के बच्चे एक साथ बैठकर पढ़ रहे हैं। इस अव्यवस्थित माहौल से न केवल उनकी पढ़ाई बुरी तरह से प्रभावित हो रही है, बल्कि शिक्षकों को भी एक साथ कई कक्षाओं को संचालित करने में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
कई बार कर चुके शिकायत
स्थानीय लोगों और अभिभावकों में इस स्थिति को लेकर गहरी नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि वे कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। अभिभावकों का आरोप है कि बच्चों का भविष्य दांव पर लगा है और शिक्षा विभाग इस पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। ग्रामीणों का मानना है कि सरकारी योजनाओं और नारों का कोई मतलब नहीं रह जाता, जब बच्चों को एक सुरक्षित और स्थाई स्कूल भवन जैसी मूलभूत सुविधा भी उपलब्ध न हो।
तेज रफ्तार यात्री बस पलटी, 20 से अधिक घायल, स्कूली छात्र भी शामिल
- निवास-मंडला मार्ग में हुआ हादसा
- ग्रामीणों ने कांच तोड़कर घायलों को निकाला बाहर
- यात्री बस का चालक, परिचालक और क्लीनर मौके से फरार
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में बेलगाम और तेज रफ्तार कहर पर लगाम नहीं लग पा रही है। लापरवाह वाहन चालक यात्रियों की जान से खिलवाड़ करते नजर आ रहे है। जिले के सभी मार्गो में चलने वाले यात्री वाहन नियमों को ताक में रखकर वाहन का संचालन कर रहे है। जिले में अधिकत्तर यात्री वाहन अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लापरवाही पूर्वक तेज रफ्तार में वाहन को दौड़ाते है। जिससे हादसे का अंदेशा हमेशा बना रहता है। तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण कई सड़क हादसे हो चुके है, बावजूद इसके वाहन चालकों की आंखे नहीं खुलती है। इसके बाद भी लापरवाही का आलम बना हुआ है, जिसका खामियाजा एक बार फिर शनिवार को मंडला निवास मार्ग में दो दर्जन से अधिक यात्रियों को भुगतना पड़ा।

जानकारी अनुसार निवास थाना क्षेत्र के ग्राम सिंगपुर में शनिवार सुबह एक यात्री बस के अनियंत्रित होकर पलट गई। यात्री बस में अपने गतंव्य तक जा रहे यात्रियों के साथ स्कूली बच्चे भी सवार थे, जो अपने स्कूल जा रहे थे। इस हादसे में स्कूल के बच्चों समेत करीब दो दर्जन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए निवास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। निवास पुलिस ने बताया कि यात्री बस घुघरी से जबलपुर जा रही थी, जिसमें लगभग 40 यात्री सवार थे। यात्रियों ने बताया कि बस की रफ्तार बहुत तेज थी। ग्राम सिंगपुर में बबलिया के पास बस अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई और इमली के पेड़ से टकराने के बाद पलट गई।
ग्रामीणों ने कांच तोड़कर बाहर निकाले यात्री
हादसे के बाद यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुँच गए। उन्होंने तत्काल 100 डायल 108 और 112 को सूचना दी। पुलिस और एम्बुलेंस के पहुँचने से पहले ही ग्रामीणों ने मानवता का परिचय देते हुए बस के कांच तोड़कर घायलों को बाहर निकालना शुरू कर दिया। बाद में पुलिस और एम्बुलेंस कर्मियों ने भी ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन को पूरा किया और सभी घायलों को तत्काल निवास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हादसे की सूचना मिलते ही निवास नायब तहसीलदार आलोक सोनी और थाना प्रभारी वर्षा पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची। बताया गया है कि घटना के बाद से बस का चालक, परिचालक और क्लीनर मौके से फरार हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हादसे में ये हुए घायल
मंडला निवास मार्ग में ग्राम सिंगपुर के पास हुए हादसे में करीब 20 यात्री घायल हो गए है। घायलों में शालिनी भवेदी पिता राजकुमार निवासी पड़ीतलई (14), शिववती पति धनलाल निवासी घुघरी (30), पार्वती पति आपो निवासी घुघरी (50), आर्यन पिता रामप्रसाद, निवासी घुघरी (2), भूरा सिंह पिता वरतू सिंह निवासी वनग्राम घुघरी (45), भाग्यश्री पिता धनलाल निवासी घुघरी (18), श्याम लाल यादव पिता ध्याली यादव निवासी घुघरी माल (42), परमू लाल यादव पिता हीरा लाल निवासी केवलारी (52), सुकरती बाई पति भूरा लाल निवासी केवलारी (42), गुड्डी बाई पति चरण लाल (35), भड़की बाई यादव पति परमू लाल निवासी केवलारी (32), सोनिया बाई पति सुरेश ग्राम केवलारी (31) नन्हे लाल पिता बैसाखी लाल निवासी मसूर घुघरी (60), हुलकर पिता हनुमत निवासी घुघरी माल (62) समेत अन्य यात्री घायल हुए है। सभी घायलों का इलाज सीएचसी निवास में जारी है, और अधिकांश को मामूली चोटें आई हैं।
हादसे में ये हुए घायल
मंडला निवास मार्ग में ग्राम सिंगपुर के पास हुए हादसे में करीब 20 यात्री घायल हो गए है। घायलों में शालिनी भवेदी पिता राजकुमार निवासी पड़ीतलई (14), शिववती पति धनलाल निवासी घुघरी (30), पार्वती पति आपो निवासी घुघरी (50), आर्यन पिता रामप्रसाद, निवासी घुघरी (2), भूरा सिंह पिता वरतू सिंह निवासी वनग्राम घुघरी (45), भाग्यश्री पिता धनलाल निवासी घुघरी (18), श्याम लाल यादव पिता ध्याली यादव निवासी घुघरी माल (42), परमू लाल यादव पिता हीरा लाल निवासी केवलारी (52), सुकरती बाई पति भूरा लाल निवासी केवलारी (42), गुड्डी बाई पति चरण लाल (35), भड़की बाई यादव पति परमू लाल निवासी केवलारी (32), सोनिया बाई पति सुरेश ग्राम केवलारी (31) नन्हे लाल पिता बैसाखी लाल निवासी मसूर घुघरी (60), हुलकर पिता हनुमत निवासी घुघरी माल (62), छात्रों में लक्ष्मी यादव पिता राजू यादव निवासी धनगांव (15), संकरी यादव पिता लंबू सिंह निवासी मुरझोर (13), राधा मार्को पिता प्रकाश सिंह मार्को निवासी मुरझौर (13) समेत अन्य यात्री घायल हुए है। वहीं छात्रा शालनी भवेदी पिता राजकुमार की गंभीर हालत को देखते हुए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रैफर कर दिया है। शेष सभी घायलों का इलाज सीएचसी निवास में जारी है, और अधिकांश को मामूली चोटें आई हैं।
बस हादसे के बाद सभी मरीज स्वस्थ, एक रेफर
सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने बताया कि ग्राम सिंगपुर के पास बस पलटने की घटना में घायल हुए 23 लोगों को अस्पताल लाया गया था। इनमें से 15 मरीजों को प्राथमिक चिकित्सा के बाद सुबह 11 बजे ही छुट्टी दे दी गई थी। शेष 8 मरीजों को निगरानी में रखा गया। इन मरीजों की जाँच के लिए जिला स्तरीय टीम जिसमें डॉ. सुमित सिंगौर, डॉ. वायके झरिया और अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अंकित जायसवाल ने गहन परीक्षण किया। जाँच के बाद 7 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने बताया कि एक मरीज उल्कट काकोडिय़ा को कमर में चोट लगने के कारण अस्पताल में भर्ती रखा गया है। वहीं 16 वर्षीय शालिनी भवेदी को सिर में चोट लगने के कारण बेहतर जाँच और इलाज के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर किया गया है। शेष सभी मरीजों की हालत सामान्य है। फिलहाल निवास पुलिस घटना की जांच कर रही है और हादसे के बाद से फरार बस चालक, परिचालक और क्लीनर की तलाश जारी है।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे
बाइक से 4.50 लाख रुपए भरा बैग चोरी, पुलिस जांच में जुटी
- मेडिकल दुकान के बाहर हुई वारदात, सीसीटीवी से मिला सुराग
मंडला महावीर न्यूज 29. शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में बड़ चौराहा स्थित एक मेडिकल दुकान के बाहर से एक युवक की बाइक से 4.50 लाख रुपए से भरा बैग चोरी हो गया। यह घटना तब हुई जब युवक दवा खरीदने के लिए दुकान के अंदर गया हुआ था। पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की तलाश कर रही है।
गूढ़ा अंजनिया निवासी शिवांशु सिंगरौरे ने पुलिस को बताया कि वह अपनी बड़ी माँ के साथ बैंक गया था। उन्होंने पहले बैंक ऑफ महाराष्ट्र से 30 हजार रुपए निकाले। इसके बाद उनके बड़े पिता कृष्ण कुमार सिंगरौरे ने सहकारी बैंक से 2.50 लाख रुपए और चाचा मनोज कुमार कौशिक ने 2 लाख रुपए निकालकर उसे दिए। कुल 4.50 लाख रुपए एक बैग में रखकर वह दवा लेने के लिए मेडिकल स्टोर पर गया।
शिवांशु ने बताया कि उसने पैसों से भरा बैग बाइक की हैंडल पर टांग दिया था। उसकी एक महिला रिश्तेदार बाइक के पास ही खड़ी थीं, जिसके कारण वह बेफिक्र होकर दुकान में चला गया। इसी का फायदा उठाते हुए पहले से रेकी कर रहे एक अज्ञात चोर ने मौका पाकर पैसों से भरा बैग उड़ा लिया। घटना का पता चलते ही शिवांशु के होश उड़ गए। आसपास काफी तलाश करने के बाद भी बैग और आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उसने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बैंक और आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया। फुटेज में एक ही हुलिए और शक्ल का व्यक्ति बार-बार नजर आया है। पुलिस का मानना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
72 घंटे में सुलझा हत्या का मामला, आरोपी गिरफ्तार
- मामूली विवाद के बाद युवक की जमकर की थी पिटाई
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला पुलिस ने एक हत्या के मामले में आरोपी को घटना के 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी संजू भांवरे निवासी मरारटोला माधोपुर 38 वर्ष को 29 अगस्त को माधोपुर बाईपास से पकड़ा गया है। बताया गया कि घटना 26 अगस्त की है। मृतक जगन्नाथ भांवरे 35 वर्ष का एक दिन पहले आरोपी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इस विवाद के बाद आरोपी ने जगन्नाथ को धमकी भी दी थी। अगले दिन सुबह करीब 9 बजे जब जगन्नाथ डगनी टोला रोड पर जा रहे थे, इसी दौरान तारा बाई के घर के पास आरोपी संजू भांवरे ने जगन्नाथ पर हमला कर दिया।
बताया गया कि आरोपी ने जगन्नाथ को लात-घूँसों से बुरी तरह पीटा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन तत्काल जगन्नाथ को जिला अस्पताल मंडला ले गए, लेकिन इलाज के दौरान जगन्नाथ की मृत्यु हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉ. अभिषेक मार्को ने बताया कि मारपीट में लगी चोटों के कारण मृतक के फेफड़े, तिल्ली और पेट में गंभीर क्षति हुई थी, जिसके कारण जगन्नाथ की मौत हो गई।
पुलिस ने बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। अंजनिया चौकी प्रभारी उप-निरीक्षक प्रवीण शर्मा के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया, जिसमें सहायक उप-निरीक्षक मेहंतलाल और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की, जो घटना के बाद से फरार था। अंजनिया चौकी प्रभारी ने बताया कि सूचना मिलने पर आरोपी को माधोपुर बाईपास से गिरफ्तार किया गया। आरोपी को 30 अगस्त को न्यायालय में पेश किया गया है।
पुत्र की दीर्घायु के लिए माताओं ने रखा व्रत
- इस व्रत को करने से नहीं आती संतान पर विपदा
मंडला महावीर न्यूज 29. भादो माह में त्यौहारों का सिलसिला चल रहा है। संतान सप्तमी पर महिलाओं ने अपनी संतानों की सुख, समृद्धि और दीर्घायु के लिए संतान सांते का व्रत रखा। संतान सप्तमी के अवसर पर घरों में विभिन्न प्रकार के व्यंजनों के साथ विशेष तौर पर महिलाओं ने 7 पुआ स्वयं के लिए और 7 पुआ पंडि़तों, कुंआरी कन्याओं को खिलाने के लिए बनाये थे।
संतान सप्तमी व्रत की पूर्णता के पहले महिलाओं ने विधि विधान से माता पार्वती की पूजा अर्चना कर पुष्य बेलपत्री, भोग सामग्री अर्पित कर संतान सप्तमी की कथा का श्रवण करने के बाद सात पुये ग्रहण कर अपना व्रत समाप्त किया। संतान सप्तमी पर परम्परा के अनुसार महिलाओं द्वारा धूप, दीप, नारियल का समर्पण कर भगवान श्ंाकर और माता पार्वती के अलावा चांदी के कड़ों की पूजा कर अपने पुत्रों पर असीम स्नेह प्रकट किया। समूह में संतान सप्तमी पर पूजा अर्चना करते हुए महिलाओं ने सद्भावना, धर्म के प्रति निष्ठा का परिचय देकर चल रहे गणेशोत्सव में धर्म की बयार को और अधिक गतिशील कर दिया।
माताओं ने अच्छे भविष्य की प्रार्थना की
महिलाओं ने इस व्रत को रखकर पुत्र-प्राप्ति, पुत्र रक्षा के लिए महिलाएं ईश्वर से प्रार्थना की। पूजन से पहले पूजन स्थल में चौक, रंगोली बनाकर, चंदन, अक्षत, धूप, दीप, सुपारी नारियल आदि से शिव-पार्वती की पूजा की गई। भगवान भोलेनाथ को नैवेद्य-भोग के लिए खीर-पूड़ी और गुड़ के पुए बनाकर भगवान को अर्पित किए गए। महिलाओं ने जाम्बवती के साथ श्यामसुंदर तथा उनके बच्चे साम्ब की पूजा की। माताएं पार्वती का पूजन करके पुत्र प्राप्ति और उसके अच्छे भविष्य के लिए प्रार्थना की। पंडित विजयानंद शास्त्री ने बताया कि एक बार श्रीकृष्ण ने युधिष्ठर को बताया कि मेरे जन्म से पहले किसी समय मथुरा में लोमश ऋषि आए थे। मेरे माता-पिता देवकी और वासुदेव ने भक्ति पूर्वक उनकी पूजा की तो ऋषि ने कहा कि, हे देवकी! कंस ने तुम्हारी कई संतान को मार दिया है। इस दुख से मुक्त होने के लिए तुम संतान सप्तमी का व्रत करो।
आस्था का केंद्र है पिपरिया का गणेश मंदिर
- निवास के पिपरिया में स्थापित है कल्चुरी कालीन गणेश प्रतिमा
- वर्षो पूर्व एक बैगा को आया था स्वप्र कि खेत की जमीन के अंदर है प्रतिमा
मंडला महावीर न्यूज 29. निवास विकासखंड के ग्राम पिपरिया बस स्टैंड पर स्थित गणेश मंदिर में स्थापित गणेश जी की प्राचीन प्रतिमा अस्था का केंद्र है। गणेशोत्सव के साथ ही रोजाना भक्तों की कतार लगने लगी है। गणेश जी की स्थापना के पीछे स्थानीय लोगों की मान्यता है कि वर्षों पूर्व ग्राम के एक बैगा को स्वप्न आया था कि खेत में प्रतिमा है, जिसकी सूचना बैगा ने ग्राम के मुखिया को दी। जिससे मुखिया एवं ग्राम के लोग बैंड बाजों के साथ स्वप्न में बताए स्थान खेत पहुंच कर उस स्थान पर खुदाई की। खुदाई के दौरान गणेश जी की प्रतिमा मिली। गणेश जी की प्रतिमा के साथ नंदी बेल भी मिले।
बताया गया कि खेत की जमीन से मिली गणेश प्रतिमा को पिपरिया बस स्टेण्ड में मंदिर बनवाकर स्थापित किया गया। ग्राम के दिनेश चौकसे ने बताया की कल्चुरी काल की यह गणेश भगवान की प्रतिमा है। श्री गणेश की यह प्रतिमा सिद्धिदायक हैं, यहाँ मांगी हुई हर मनोकामना पूर्ण होती है। ग्राम पिपरिया के आलावा पूरे क्षेत्र के भक्त इस प्रतिमा के दर्शन करने पहुंचते हैं।
पुरातत्व में रुचि रखने वाले प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया की इस प्रकार की मूर्ती कला 9 वीं से 14 वीं सदी के बीच की है। जिसे हम कल्चुरी कालीन मूर्ती कला कहते हैं। गणेश मंदिर पर गणेश महिला मंडल पिपरिया द्वारा पूजा अर्चना, रामायण पाठ एवं साल भर विविध आयोजन किए जाते है गणेश महोत्सव के दौरान प्रतिदिन विभिन्न अनुष्ठान किए जा रहे हैं। नर्मदा परिक्रमा करने वाले साधू संत मंदिर में आकर रात्रि विश्राम भी करते हैं।
इनका कहना है
मैं कई वर्षों से भगवान गणेश के मंदिर में पूजा अर्चना कर रहा हूं, विधि विधान से भगवान गणेश की पूजा अर्चना की जाती है, इस मंदिर में आने से शांति मिलती है।
पंडित विनोद दुबे
कई वर्षों से भगवान गणेश जी पर मेरी आस्था हैं, मैं सुबह शाम मंदिर की साफ सफाई व पूजा अर्चना करता हूं, जिस दिन मंदिर नहीं गया तो वह दिन अधूरा सा लगता है। भगवान गणेश के साथ मंदिर में भोलेनाथ, नंदी भगवान व हनुमान जी की भी मूर्ति यहां पर स्थापित हैं।
दिनेश चौकसे, समाजसेवी
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे
मोतियाबिंद के मरीजों का होगा नि:शुल्क ऑपरेशन
- नारायणगंज सीएचसी में आयोजित होगा नेत्र रोग शिविर
मंडला महावीर न्यूज 29. ग्रामीण और जरूरतमंद लोगों को आंखों से जुड़ी गंभीर समस्याओं से छुटकारा दिलाने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज में देवजी नेत्रालय जबलपुर के सहयोग से नि:शुल्क नेत्र जांच एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर दो अलग-अलग तिथियों पर आयोजित होगा, जिसका उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को आंखों की बीमारियों से राहत दिलाना है। बताया गया कि पहला शिविर 15 सितंबर और दूसरा शिविर 30 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। दोनों ही शिविरों में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक मरीजों की आंखों की जांच की जाएगी।
शिविर में मोतियाबिंद से पीडि़त मरीजों की पहचान की जाएगी और उनका नि:शुल्क इलाज किया जाएगा। देवजी नेत्रालय के विशेषज्ञों द्वारा उन्नत तकनीकी से आंखों की जांच की जाएगी, जिसके बाद चयनित मरीजों को जबलपुर स्थित संस्थान में नि:शुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन और लेंस प्रत्यारोपण की सुविधा दी जाएगी। ऑपरेशन के बाद मरीजों को भोजन, आवास और दवाइयां भी मुफ्त में उपलब्ध कराई जाएंगी। इस शिविर में भाग लेने के लिए मरीजों को अपने साथ आधार कार्ड और आयुष्मान कार्ड की फोटोकॉपी लाना अनिवार्य है।
एटीएम कार्ड चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
- बिहार के शातिर चोरों ने अपनाया था गोंद का तरीका
- नैनपुर पुलिस ने सुलझाया मामला
मंडला महावीर न्यूज 29. नैनपुर पुलिस ने एटीएम कार्ड चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी बिहार के गया जिले के रहने वाले हैं और एटीएम कार्ड फंसाकर लोगों के खातों से लाखों रुपए निकाल लेते थे। पुलिस ने आरोपियों को पांच दिवस की पुलिस रिमांड के बाद न्यायालय में पेश किया गया।
जानकारी अनुसार घटना 23 जुलाई की है, जब फरियादी विश्वजीत सिंह वायामने पुलिस को बताया कि उनका और उनकी पत्नी का एटीएम कार्ड नैनपुर के एसबीआई एटीएम में फंस गया था। उसके पहले उन्होंने एटीएम से दस हजार रूपए की निकासी की थी, जिसके बाद एटीएम फंस गया। उन्होंने एटीएम के बाहर लिखे हेल्पलाइन नंबर पर कॉल किया, तो दूसरी तरफ से एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें शाम तक इंजीनियर के आने की बात कहकर घर भेज दिया। बाद में उन्हें पता चला कि उनके खाते से 1 लाख 5 हजार रुपए निकाल लिए गए हैं। इस पर पुलिस ने बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
बताया गया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने तत्काल सीसीटीवी फुटेज की जांच करने और साइबर टीम को सक्रिय करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा और एसडीओपी नैनपुर मनीष राज के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बलदेव सिंह मुजाल्दा ने एक टीम बनाई। टीम ने एटीएम और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक चार पहिया वाहन और तीन संदिग्ध व्यक्ति नजर आए जो बाद में सिवनी की तरफ जा रहे थे।
साइबर सेल मंडला की मदद से सिवनी पुलिस को सूचना दी गई। पता चला कि आरोपियों ने नैनपुर में चोरी किए गए एटीएम कार्ड से सिवनी के एटीएम से पैसे निकाले थे। पुलिस ने आरोपियों की तलाश की और उन्हें पिपरिया, होशंगाबाद में चोरी के एक अन्य मामले में गिरफ्तार किया गया। ये आरोपी अविनाश (35), सूरजकुमार (26) और धर्मेंद्र कुमार (21) हैं। पूछताछ में उन्होंने नैनपुर और रीवा में भी चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
बताया गया कि नैनपुर पुलिस ने आरोपियों को रीवा जेल के बाहर से गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे एटीएम के बाहर अपना मोबाइल नंबर हेल्पलाइन के रूप में चिपका देते थे। एक आरोपी गोंद जैसा लिक्विड एटीएम कार्ड डालने वाली जगह पर लगा देता था, जिससे कार्ड फंस जाता था। जब पीडि़त मदद के लिए कॉल करता, तो वे कार्ड चुराकर दूसरी जगह से पैसे निकाल लेते थे।
पांच दिन की पुलिस रिमांड पूरा होने के बाद 28 अगस्त को आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। इस सफल खुलासे में थाना नैनपुर के निरीक्षक बलदेव सिंह मुजाल्दा, उपनिरीक्षक सलमान कुरैशी, प्रधान आरक्षक प्रशांत चौधरी, आरक्षक सुरेश जैतवार, सजल चकोले और कंकुल नगपुरे के साथ साइबर सेल मंडला के सुरेश भटेरे और सूर्यचन्द्र बघेल का विशेष योगदान रहा।
कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में 248 छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण
- उमंग कार्यक्रम के तहत रानी दुर्गावती कॉलेज में जागरूकता कार्यशाला आयोजित
मंडला महावीर न्यूज 29. युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय रानी दुर्गावती स्नातकोत्तर महाविद्यालय में उमंग उच्च शिक्षा हेल्थ एवं वेलनेस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान 248 छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। कार्यक्रम मध्यप्रदेश सरकार के लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग और उच्च शिक्षा विभाग के सहयोग से आयोजित किया गया। सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती और कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनिल गुप्ता के मार्गदर्शन में कार्यक्रम का संचालन हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ जनभागीदारी समिति अध्यक्ष चंद्रशेखर निखारे ने किया। कार्यशाला की शुरुआत में खेल अधिकारी एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. गुलबहार खान ने कार्यक्रम के उद्देश्यों के बारे में बताया। प्राचार्य डॉ. अनिल गुप्ता ने छात्रों को स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहने की सलाह दी। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. डीके मरकाम ने युवाओं को स्वस्थ रहने के लिए व्यायाम, सही पोषण और खेल गतिविधियों के महत्व पर जानकारी दी।

आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण किया, जिसमें हीमोग्लोबिन जांच, एनीमिया और सिकल सेल स्क्रीनिंग, रक्तचाप, बॉडी-मास इंडेक्स, दांत और आंखों की जांच शामिल थी। किशोर स्वास्थ्य समन्वयक हेमंत राहंगडाले ने उमंग कार्यक्रम के तहत पूरे साल चलने वाली गतिविधियों के बारे में बताया। उन्होंने युवाओं को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श के लिए उमंग हेल्पलाइन नंबर 14425, मनहित मोबाइल एप्लिकेशन, टेलीमानस हेल्पलाइन नंबर 14416 और एआई आधारित चैटबॉट खुल के पूछो के बारे में भी जानकारी दी।
अंधत्व कार्यक्रम प्रबंधक एचएन चंद्रवंशी ने आंखों की देखभाल और राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े के बारे में बताया। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान छात्र-छात्राओं ने स्वास्थ्य संबंधी कई सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने जवाब दिया। इस अवसर पर प्राध्यापक डॉ. टीपी मिश्रा, डॉ. एसआर बघेल, डॉ. मुकेश आर्मो, डॉ. राजेश धुर्वे, डॉ. संतोष गुजरे, डॉ. दुर्गावती सल्लाम और कॉलेज के अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
कुश्ती प्रतियोगिता में पहलवानों ने दिखाया दमखम
- मेजर ध्यानचंद की जयंती में बजरंग व्यायामशाला द्वारा कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन
- मेजर ध्यानचंद की जयंती पर पहलवानों ने दिखाया दम
मंडला महावीर न्यूज 29. राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर श्री बजरंग व्यायामशाला अखाड़ा प्रबंधन समिति मंडला ने शुक्रवार को कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया। इस कुश्ती प्रतियोगिता में स्थानीय पहलवानों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपना दमखम दिखाया। बताया गया कि आयोजित होने वाली कुश्ती प्रतियोगिता में स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलता है, बल्कि युवाओं में शारीरिक शिक्षा और खेल के प्रति रुचि भी बढ़ती है।

बजरंग व्यायामशाला में आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता को तीन श्रेणियों में बांटा गया था। सीनियर वर्ग में रोमांचक मुकाबले में संजय सिंधिया ने बाजी मारी और विजेता बने, जबकि प्रियांशु सिंधिया उपविजेता रहे। जूनियर वर्ग में आशीष सिंधिया ने जीत हासिल की और आकाश उईके दूसरे स्थान पर रहे। सब-जूनियर वर्ग में परमवीर बरमैया ने अपने प्रतिद्वंद्वी शिवा राव को हराकर विजेता का खिताब जीता।

आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता में सभी विजेता और उपविजेता पहलवानों को मुख्य अतिथि और श्री बजरंग व्यायामशाला के अध्यक्ष विनोद कछवाहा ने पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं और खेल भावना को बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। इस प्रतियोगिता को सफल बनाने में निर्णायक की भूमिका वाजिद खान, शिवम वासु सिंधिया और सतीश मरकाम ने निभाई। श्री बजरंग व्यायामशाला अखाड़ा प्रबंधन समिति के सदस्यों और अन्य पदाधिकारियों ने इस सफल आयोजन में अपना सहयोग दिया।
संतान सप्तमी व्रत के लिए सोने, चांदी की दुकानें हुई गुलजार
- माताएं रखेंगी अपनी संतान के लिए व्रत
- इस व्रत को करने से नहीं आती संतान पर विपदा
मंडला महावीर न्यूज 29. संतान सप्तमी व्रत का एक और नाम मुक्ताभरण है। इसे भाद्रपद की सप्तमी तिथि को किया जाता है। यह व्रत पुत्र-प्राप्ति, पुत्र रक्षा के लिए महिलाएं करती हैं। इस व्रत को दोपहर तक किया जाता है। इस दिन महिलाएं चौक, रंगोली बनाकर, चंदन, अक्षत, धूप, दीप, सुपारी नारियल आदि से शिव-पार्वती की पूजा करती हैं। इस व्रत में चांदी की चूड़ी का विशेष महत्व है। इस पर्व पर भगवान शिव और माता पार्वती की विशेष पूजा का विधान है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार ये व्रत मुख्य रुप से संतान प्राप्ति, संतान रक्षा, संतान की खुशहाली और समृद्धि के लिए किया जाता है। इस पर्व को लेकर पहले से ही महिलाओं द्वारा बाजार पहुंचकर चांदी की चूड़ी खरीदने के लिए ज्वेलर्स की दुकानों में काफी भीड़ देखने को मिल रही है।
पंडित नीलू महाराज ने बताया कि यह व्रत माताओं द्वारा अपनी संतान के लिए किया जाता हैं। इस व्रत में भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा दोपहर तक कर लेने का विधान है। संतान सप्तमी के दिन माताएं सुबह स्नानादि के पश्चात व्रत करने का संकल्प भगवान शिव और मां पार्वती के सामने लेंती हैं। पूजा के लिए चौकी सजाएं और फिर शिव-पार्वती की मूर्ति रखने के बाद नारियल के पत्तों के साथ कलश स्थापित करें। इस दिन निराहार अवस्था में शुद्धता के साथ पूजन का प्रसाद तैयार कर लें। दोपहर के समय तक इस व्रत की पूजा कर लेनी चाहिए।

सोने, चांदी की दुकानें रही गुलजार
संतान सप्तमी पर्व को लेकर ज्वेलर्स की दुकानों पर महिलाओं की खूब भीड़ दिखाई दे रही है। महिलाओं ने चांदी की चूडिय़ों की जमकर खरीदारी शुरू कर दी है। त्यौहार के चलते शहर की ज्वैलर्स की दुकानें इस समय गुलजार है। संतान सप्तमी पर्व पर महिलाएं पूजा अर्चना कर चांदी की चूड़ी पहनती हैं। जिसके लिए महिलाओं की भीड़ चांदी की चूड़ी खरीदने सुनार की दुकानों में पहुंच रही है। जिले भर में संचालित ज्वैलर्स की दुकानों में विगत दो दिनों से सुबह से ही महिलाओं की खासी भीड़ देखी जा रही है। सोने के रेट अधिक होने के कारण विगत एक पखवाड़े से ज्वैलर्स की दुकानों में ग्राहक कम ही दिखाई दे रहे थे, लेकिन अचानक संतान सप्तमी पर्व नजदीक आते ही दुकानें एक बार फिर गुलजार हो गईं। इससे ज्वैलर्स भी काफी दिन बाद भीड़ देखकर खुश नजर आए।
सूती डोरा या चांदी की चूड़ी का महत्व
पंडित विजयानंद शास्त्री ने बताया कि मान्यता के अनुसार पूजा के समय सूती का डोरा या फिर चांदी की संतान सप्तमी की चूड़ी हाथ में अवश्य पहननी चाहिए। माना जाता है कि संतान सप्तमी के पूजन के बाद धूप, दीप ने वैद्य अर्पित करने के बाद संतान सप्तमी की कथा जरूर पढऩी या सुननी चाहिए। इसके बाद कथा पुस्तक का भी पूजन करना चाहिए। पूजन के बाद भगवान को भोग लगाकर व्रत खोलना चाहिए।
ऐसा है पूजा का विधान
बताया गया कि पूजा के लिए धरती पर चौक बनाकर उस पर चौकी रखते हुए उस पर भगवान शंकर व माता पार्वती की मूर्ति स्थापित करें और कलश की स्थापना करते हुए उस पर आम के पत्तों के साथ नारियल रखें। इसके बाद आरती की थाली तैयार करते हुए उसमें हल्दी, कुमकुम, चावल, कपूर, फूल, कलावा आदि सामग्री रखी जाती है। इसके बाद भगवान के सामने दीपक जलाया जाता है और केले के पत्ते में बांधकर 7 मीठी पूडिय़ों को पूजा स्थान पर रखते है। जिसके बाद संतान की रक्षा और उन्नाति के लिए प्रार्थना करते हुए भगवान शंकर को कलावा अर्पित किया जाता है।
इनका कहना है
संतान साते का पर्व महिलाओं के लिए खासा रहता है। मैं विगत 35 सालों से यह उपवास रख रही हूं, इस पर्व का खास महत्व अपने संतानों की खुशहाली और समृद्धि के लिए और अपने बच्चों के भविष्य के साथ अच्छे स्वस्थ्य के लिए यह व्रत रखती हूं।
यह व्रत पुत्र प्राप्ति, पुत्र रक्षा व पुत्र अभ्युदय के लिए भाद्रपद के शुक्ल पक्ष की सप्तमी को किया जाता है। इस व्रत का विधान दोपहर तक रहता है। माताएँ पार्वती जी का पूजन करके पुत्र प्राप्ति और उसके अभ्युदय का वरदान माँगती हैं।
संतान सप्तमी का व्रत, संतान की सुख-समृद्धि, दीर्घायु, और रक्षा के लिए रखा जाता है। इस दिन भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा की जाती है। इस व्रत को स्त्री व पुरुष दोनों ही रख सकते हैं। संतान की सुख-समृद्धि के लिए यह व्रत उत्तम माना जाता है।
अपहरण के बाद नाबालिग नागपुर से दस्तयाब, आरोपी गिरफ्तार
- टिकरिया पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले की टिकरिया पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अपहृत नाबालिग किशोरी को नागपुर से दस्तयाब कर लिया है। किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।
जानकारी अनुसार विगत 01 अगस्त को नारायणगंज थाना टिकरिया क्षेत्र के एक गाँव से एक नाबालिग लड़की लापता हो गई थी। परिजनों ने बताया कि लड़की स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने थाना टिकरिया में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल अपराध बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
बताया गया कि थाना प्रभारी गोपाल घासले के निर्देशन पर उप निरीक्षक निधि नेमा, सहायक उप निरीक्षक नारायण तराम, आरक्षक दीपक द्विवेदी और महिला आरक्षक सीमा चौहान की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी और मानवीय दोनों तरह के स्रोतों का उपयोग कर लगातार सुराग जुटाए। लगातार प्रयासों के बाद 28 अगस्त को पुलिस टीम को सफलता मिली। टीम ने नागपुर, महाराष्ट्र से नाबालिग अपहृता को दस्तयाब किया और उसके साथ मौजूद आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी ने किशोरी के साथ दुष्कर्म भी किया था। इसके बाद आरोपी के खिलाफ बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी लगाई गईं। बताया गया कि सिवनी निवासी आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इस मामले में पुलिस की तत्परता और सक्रियता की सराहना की जा रही है।
श्री झूलेलाल कॉलोनी में विराजे श्री गणेश, 10 दिन तक चलेगा उत्सव
- श्री झूलेलाल कॉलोनी में सातवां गणेशोत्सव
- भक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रहेगी धूम
मंडला महावीर न्यूज 29. श्री झूलेलाल कॉलोनी सुभाष वार्ड में गणेशोत्सव का पर्व प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी धूमधाम से मनाया जाएगा, मंगलवार रात्रि में गणेश प्रतिमा का आगमन हुआ। इस अवसर पर समिति एवं कॉलोन के सदस्यों द्वारा गजानन की प्रतिमा का फायर आतिशबाजी से स्वागत किया गया, आगमन के अवसर पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। बताया गया कि समिति के सदस्यों के द्वारा गणेशोत्सव का यह सातवां वर्ष है, जिसमें प्रतिवर्ष विविध आयोजन किए जाते हैं।
बताया गया कि समिति के सदस्यों ने इस वर्ष भी विविध आयोजन की रूपरेखा तैयार की है जिसमें रोजाना सुबह-शाम आरती पूजन की जा रही है, वहीं महाआरती का भव्य आयोजन भी किया जा रहा है। इसके साथ ही 56 भोग प्रसादी भगवान गणेश को अर्पित किया जाएगा। समिति के द्वारा समय-समय पर आयोजन किए जाते हैं जिसमें सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजन शामिल हैं। गणेशोत्सव में यहां पर बड़ी संख्या में धार्मिक आस्था प्रेमी शामिल होते हैं। दस दिन तक गणेशोत्सव की धूम रहेगी। हर साल की तरह इस वर्ष भी श्री झूलेलाल कॉलोनी की मूर्ति अपनी अलौकिकता के कारण आकर्षण का केंद्र साबित होगी ।
विधि विधान से हुई पूजा
भगवान गणेश की स्थापना के अवसर पर समिति के सदस्यों के द्वारा बुधवार को विधि विधान से पूजा की गई। इस अवसर पर पंडित रानूनाथ शर्मा की मौजूदगी में स्थापना के कार्यक्रम को परंपरागत रूप से निर्वहन किया गया इस अवसर पर भगवान गणेश की पूजा अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान किए गए।
भगवान गणेश की आरती के साथ हुआ शुभारंभ
स्थापना के बाद भगवान गणेश की विधिवत आरती की गई, इस अवसर पर झूलेलाल कॉलोनी के बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी गणेश उत्सव का पर्व धूमधाम से मनाए जाने के लिए रूपरेखा तैयार की गई है। इसमें समिति के सदस्यों के साथ कॉलोनी का सदस्य शामिल होकर इस आयोजन को यादगार बनाएंगे।
इनका कहना है
हर साल गणेशोत्सव की धूम रहती है। परंपरागत पूजा अर्चना के साथ विविध आयोजन शामिल करते हैं, जिसमें 56 भोग, बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम, महाआरती एवं अन्य आयोजन शामिल है। इस बार विविध खाद्य व्यंजनों के स्टाल लगाए जा रहे हैं जिसमें स्टॉल लगाने को लेकर प्रतिभागी उत्सुक नजर आ रहे हैं।
झूलेलाल कॉलोनी में श्री गणेश स्थापना का यह सातवां वर्ष है सभी लोग मिलकर गणपति उपासना करते हैं। सुबह-शाम आरती पूजा में कॉलोनी वासी शामिल होकर इस पर्व को धूमधाम से मनाते हैं। परंपरागत पूजा पाठ के साथ-साथ सांस्कृतिक आयोजन भी होते हैं।
बस स्टैंड में विराजे मंडला के महाराज, भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ स्वागत
- भक्ति, भव्यता और उत्साह का संगम, दस दिनों तक होगी आराधना
मंडला महावीर न्यूज 29. नगर की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर बन चुका महाराजा बस स्टैंड गणेशोत्सव समिति इस वर्ष भी अपने भव्य आयोजन और अनोखी प्रतिमा के कारण सुर्खियों में है। पिछले कई वर्षों से यह समिति नगरवासियों के लिए अद्भुत और मनमोहक प्रतिमाएं स्थापित कर रही है। यही कारण है कि यहां विराजे भगवान श्री गणेश को श्रद्धालु सम्मान से मंडला का महाराज कहते हैं।
बताया गया कि इस वर्ष भी जब गणेश जी की प्रतिमा नगर में पहुंची, तो दृश्य देखने लायक था। युवाओं और श्रद्धालुओं ने फूलों की वर्षा, आकर्षक लाइटिंग, रंग-बिरंगे झंडों और गगनभेदी बैंड-बाजों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। सैकड़ों की संख्या में जुटी भीड़ गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से गूंज उठी। रात होते ही बस स्टैंड का पूरा परिसर दुल्हन की तरह सजाया गया, जहां जगमगाती लाइटें और सजावट लोगों को अपनी ओर खींच रही थीं।
अनोखी प्रतिमा बनी आकर्षण का केंद्र
इस बार भी समिति ने युवाओं की मेहनत और नई सोच से एक अद्भुत और आकर्षक प्रतिमा तैयार की है। इसे देखने के लिए न केवल मंडला नगर, बल्कि आस-पास के गांव-देहात से भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। यहां आने वाले हर भक्त का कहना है कि बस स्टैंड का महाराज अपनी भव्यता और आस्था के कारण पूरे जिले में सबसे अलग है।
आध्यात्मिक और सांस्कृतिक आयोजन
गणेशोत्सव के दौरान समिति द्वारा सुंदरकांड पाठ, महाआरती, भजन संध्या और अन्य धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। इन आयोजनों में युवाओं का उत्साह देखते ही बनता है। युवाओं का कहना है कि गणेशोत्सव सिर्फ एक पर्व नहीं, बल्कि हिंदुत्व और भारतीय संस्कृति की एक जीवंत झलक है, जिसे वे बड़े ही गौरव और श्रद्धा के साथ मना रहे हैं।
बाबा माधवशाह का प्रकाशोत्सव मंडला में धूमधाम से मनाया
- भजन, सत्संग और लंगर का हुआ आयोजन
मंडला महावीर न्यूज 29. हरे माधव परमार्थ सत्संग समिति की कटनी शाखा मंडला के सेवादारों द्वारा सुभाष वार्ड स्थित सत्संग भवन में हरीराया सदगुरु बाबा माधवशाह साहिब का प्रकाशोत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मंडला के सेवकों ने सबसे पहले भजन, सुमिरन, अरदास और सत्संग का आयोजन किया। उन्होंने बाबा के अनमोल वचनों, लीलाओं और उपदेशों का बखान कर उनके जीवन पर प्रकाश डाला। इसके बाद बाबा माधवशाह की प्रतिमा पर शॉल चढ़ाई गई, जो श्रद्धा का प्रतीक रही।


समिति के सेवादारों ने इस शुभ अवसर को मनाने के लिए केक भी काटा और सभी उपस्थित लोगों को प्रकाशोत्सव की बधाई दी। इस आयोजन में पुरुष, महिलाएं और बच्चों सहित सभी सेवादार झूमकर नाचे और खुशियाँ जाहिर कीं। कार्यक्रम के अंत में महाप्रसादी के रूप में लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में आस्था प्रेमी उपस्थित रहे और प्रसाद ग्रहण किया।
पिंडरई में दशलक्षण महापर्व का भव्य शुभारंभ
- क्षमा से ब्रह्मचर्य तक की यात्रा, धर्म की गंगा में डूबे श्रद्धालु
- मुनिश्री नीरजसागर और निर्मदसागर की चरण संनिधि में दशलक्षण महापर्व शुरू
मंडला महावीर न्यूज 29. पिंडरई में विद्या-समय-रूपी नीरज की निर्मद वर्षा पिछले दो माह से हो रही है, और इसी कड़ी में दशलक्षण महापर्व का शुभारंभ हुआ। सकल दिगंबर जैन समाज पिंडरई द्वारा आयोजित यह पर्व मुनिश्री नीरजसागर और मुनिश्री निर्मदसागर की चरण संनिधि में मनाया जा रहा है, जहाँ क्षमा आदि दस धर्मों की गंगा बह रही है।
दशलक्षण धर्मों में पहला धर्म उत्तम क्षमा का है। पर्व के पहले दिन की शुरुआत प्रभात फेरी से हुई, जिसके बाद विद्याश्री परिवार की ओर से सभी को प्रभावना बांटी गई। इसके बाद, श्री जी का अभिषेक, शांतिधारा और सामूहिक पूजन आनंद के साथ संपन्न हुआ। सुबह की बेला में पूज्य मुनिद्वय की देशना (प्रवचन) का लाभ सभी को मिला।
मुनिश्री निर्मदसागर ने बताया कि दशलक्षण पर्व बीज से वृक्ष तक की यात्रा है। उन्होंने समझाया कि क्षमा रूपी धरती पर मृदु माटी के संपर्क से एक बीज का रोपण होता है, जिससे आर्जव रूपी पौधा बाहर आता है। इस पौधे के साथ अशुचिता रूपी खरपतवार भी आती है, जिसे हटाना जरूरी है। आर्जव रूपी पौधे को सत्य रूपी सूर्य के दर्शन होते हैं, फिर संयम रूपी फूल खिलते हैं और तप की सुगंध चारों ओर फैलती है। अंत में त्याग रूपी फल लगते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि एकदेश त्याग करना त्याग धर्म है और सर्वदेश त्याग करने को ही आकिंचन धर्म कहते हैं। सर्वदेश त्यागी ब्रह्म में लीन हो जाया करते हैं, और इसी को ब्रह्मचर्य धर्म कहते हैं।
धार्मिक अनुष्ठान और प्रवचन
साधु सेवा समिति के मीडिया प्रभारी ऋषभ जैन ने बताया कि मध्याह्न में संस्कृत भाषा के प्रथम ग्रंथ तत्त्वार्थसूत्र का वाचन बहन सान्या द्वारा किया गया। इसके बाद पूज्य मुनिश्री नीरजसागर की कक्षा में तत्त्वार्थसूत्र जी के प्रथम अध्याय की अर्थ सहित व्याख्या को सभी ने समझा। शाम के समय गुरु भक्ति, पापों के प्रक्षालन हेतु प्रतिक्रमण और आरती के साथ पर्व का पहला दिन धर्म ध्यान में व्यतीत हुआ।
दो बाईक की आमने सामने टक्कर, तीन घायल
- नारायणगंज कुई माल की घटना, एक रेफर
मंडला महावीर न्यूज 29. दो बाईक की आमने सामने टक्कर में तीन युवक घायल हो गए। घायलों मेें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल रैफर कर दिया गया। बताया गया कि दोनों बाईक सवार युवक आपस में रिश्तेदार थे। जिसमें दो अपने ग्राम कुई जा रहे थे, वहीं एक युवक कुई से नारायणगंज की तरफ जा रहा था। इसी दौरान दोनों बाईक की आमने सामने टक्कर हो गई और हादसा हो गया।
जानकारी अनुसार वीरन पिता टीकाराम 24 वर्ष निवासी कुई, बलमत सिंह पिता इंद्रा सिंह 20 वर्ष निवासी कुई नारायणगंज से अपने ग्राम कुई जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम कुई किसी कार्य से गए महेश पिता सुम्मत लाल 28 वर्ष निवासी डोभी वहां से नारायणगंज की तरफ लौट रहे थे। इसी दौरान कुईमाल के पास दोनों बाईक सवार युवक की आमने सामने टक्कर हो गई। दोनों बाईकों की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हादसे में दोनों बाईक सवार तीन युवक घायल हो गए। इस हादसे में महेश को गंभीर चोटे आई।
बताया गया कि हादसे के बाद एम्बुलेंस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज लाया गया। यहां घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया। वहीं महेश हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिसे चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल रैफर कर दिया गया। महेश को पैर और चेहरे में गंभीर चोटे आई है। जिसमें करीब 22 टांके लगाए गए। जिसके बाद एम्बुलेंस से जबलपुर भेजा गया। हादसे में घायल वीरन और बलमत को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज में भर्ती कर लिया गया। जिनका उपचार चल रहा है।
उदय चौक के राजा गजपति गजराज का भव्य स्वागत
- पुष्प वर्षा और आतिशबाजी से गूंजा मंडला
- मंडला में गणेश उत्सव की धूम
- उदय चौक के राजा गजराज का 18वां भव्य आगमन
मंडला महावीर न्यूज 29. गणेश उत्सव का पर्व पूरे जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में नगर के प्रमुख आकर्षण उदय चौक के राजा भगवान गजपति गजराज का इस वर्ष भी देर रात भव्य स्वागत किया गया। सजावटी लाइटों की जगमगाहट और पुष्पों की वर्षा के बीच जब गजराज गजपति की प्रतिमा उदय चौक पहुंची, तो पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल से गूंज उठा। इस अवसर पर भक्तों की भारी भीड़ और युवाओं का उत्साह देखने लायक था। देर रात तक चले इस स्वागत समारोह में शहर भर से श्रद्धालु उमड़े और गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो गया।

उदय चौक गणेश उत्सव समिति अध्यक्ष आशीष विश्वकर्मा ने बताया कि यह आयोजन लगातार 18 वर्षों से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समिति हर वर्ष नए आकर्षणों और भावनाओं से भरे कार्यक्रमों के जरिए श्रद्धालुओं को गणेश भक्ति में जोड़ती है। उनके प्रयासों का ही परिणाम है कि उदय चौक के राजा का गणेश उत्सव न केवल मंडला नगर बल्कि पूरे जिले और जिले से बाहर भी चर्चाओं में रहता है। समिति के कोषाध्यक्ष सृजल तिवारी ने बताया कि इस वर्ष भी पंडाल की सजावट और लाइटिंग में विशेष आकर्षण जोड़े गए हैं। श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं जिससे वे आसानी से दर्शन लाभ ले सकें।

इस भव्य स्वागत समारोह में समिति के सक्रिय सदस्य रजनीश रज्जन उसराठे, मयंक विश्वकर्मा, हिमांशु हनी बर्वे, ऋषभ सिंहा, अमन अग्रवाल, पंकज उसराठे, अर्जुन बरमैया, निलेश तिवारी, मृतुंजय तिवारी, हनि बर्वे, निशांत चौरसिया, मोनू चौरसिया, राजेश ताम्रकार, सानू डोंगसरे, असीम अग्रवाल, हिमांश भांगरे, निक्की साहू, सत्यम श्रीवास, गौरव विश्वकर्मा, आयुष बर्वे, निक्की श्रीवास, सागर वर्मा सहित समिति के अन्य कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
मंडला में एसीसी सीमेंट की भव्य कॉन्ट्रैक्टर मीट
- 250 ठेकेदारों ने लिया हिस्सा
- ज्ञान, पुरस्कार और मनोरंजन का संगम
- एसीसी कॉन्ट्रैक्टर मीट में नई तकनीकों पर चर्चा
मंडला महावीर न्यूज 29. बंधन मैरिज लॉन में एसीसी सीमेंट द्वारा 25 अगस्त को एक भव्य कॉन्ट्रैक्टर मीट का आयोजन किया गया, जिसमें जिले भर से लगभग 250 ठेकेदारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह आयोजन तकनीकी जानकारी, पुरस्कार और मनोरंजन का एक बेहतरीन संगम रहा।
इस कार्यक्रम में टेक्निकल हेड श्री प्रदीप बरंगे जी और ए.एस.एम. श्री जितेंद्र सिंह जी ने ठेकेदारों को निर्माण क्षेत्र की नई तकनीकी जानकारियों से अवगत कराया। उन्होंने एसीसी के विभिन्न उत्पादों की विशेषताओं और गुणवत्ता पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर सेल्स ऑफिसर श्री योगेश श्रीवास्तव और टी.एस.ई. श्री विवेक सोनी भी उपस्थित रहे।
डीलर्स की उपस्थिति और सम्मान
मीट में जिले के कई प्रतिष्ठित डीलर्स भी शामिल हुए, जिनमें Tapa Traders, M.K. Enterprises, Rahul Enterprises, Padma Traders, Veemwal Traders, Gurukripa Hardware, Ali Brother, Meera Traders, Kailash Chand Jain, Sahu Traders, Akash Construction और Leamn Enterprises प्रमुख रहे। कार्यक्रम के दौरान, उत्कृष्ट कार्य करने वाले कई ठेकेदारों को उनके योगदान के लिए पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।

मनोरंजन और मस्ती भरा माहौल
तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ, यह आयोजन मनोरंजन से भी भरपूर था। विभिन्न खेल-कूद, गाने और अन्य मनोरंजक गतिविधियों ने ठेकेदारों को खूब आनंदित किया। यह कॉन्ट्रैक्टर मीट मंडला के लिए एक अविस्मरणीय आयोजन साबित हुई, जिसने ज्ञान, मनोरंजन और आपसी संबंधों को मजबूत करने का काम किया।
तीन संतान वाले शिक्षकों को राहत, नियम में बदलाव की तैयारी
- शिक्षकों का संघर्ष रंग लाया, सरकार 3 संतान नियम को शिथिल करेगी
मंडला महावीर न्यूज 29. मध्यप्रदेश में तीन या उससे अधिक संतान वाले शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है। सरकार तीन संतान नियम को शिथिल करने पर विचार कर रही है। यह जानकारी स्वयं सामान्य प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव संजय शुक्ला ने दी है, जिसके बाद मंडला सहित प्रदेश भर के शिक्षकों में खुशी की लहर है। बताया गया कि मार्च 2000 में सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा एक अधिसूचना जारी की गई थी, जिसके तहत 26 जनवरी 2001 को या उसके बाद तीसरी संतान वाले व्यक्ति सरकारी नौकरी के लिए पात्र नहीं होंगे। हालांकि, इस नियम में यह स्पष्ट नहीं किया गया था कि यह केवल नई नियुक्तियों पर लागू होगा या सेवारत कर्मचारियों पर भी। इसी अस्पष्टता का फायदा उठाकर कुछ लोगों द्वारा शिक्षकों को ब्लैकमेल कर पैसे वसूले जा रहे थे। मंडला जिले में ही लगभग एक हजार ऐसे शिक्षक और कर्मचारी हैं, जो इस नियम से प्रभावित हैं।
जानकारी अनुसार शिक्षकों की इस परेशानी को समझते हुए ट्राईबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन ने पहल की। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने शिक्षकों के साथ कई बैठकें कीं और उन्हें समझाया कि अधिकांश शिक्षक इस नियम के दायरे से बाहर हैं और उन्हें डरने या ब्लैकमेल होने की कोई जरूरत नहीं है। इसके बाद, शिक्षकों ने एकजुट होकर इस समस्या का समाधान शासन स्तर से कराने का संकल्प लिया।
ऐसासिएशन के प्रतिनिधियों ने की मंत्रियों से मुलाकात
एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष डीके सिंगौर और जिला अध्यक्ष दिलीप मरावी के नेतृत्व में कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके और मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने शिक्षकों की पीड़ा को समझा और मुख्यमंत्री से बात करके नियमों को स्पष्ट और शिथिल कराने का भरोसा दिलाया। गुरुवार शाम को एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने फिर से मंत्री से मुलाकात की। जब कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके से उनके प्रयासों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र सौंपा है और मौखिक रूप से भी चर्चा की है। प्रतिनिधिमंडल के आग्रह पर कैबिनेट मंत्री ने तत्काल सामान्य प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव संजय शुक्ला से फोन पर बात की। प्रमुख सचिव ने बताया कि सरकार इस नियम को शिथिल करने पर विचार कर रही है और जल्द ही इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। प्रमुख सचिव के इस आश्वासन से तीन संतान वाले शिक्षकों और एसोसिएशन ने प्रसन्नता व्यक्त की और कैबिनेट मंत्री का आभार माना। कैबिनेट मंत्री ने भी शिक्षकों के इस संगठित प्रयास की सराहना की।
घर-घर विराजे प्रथम पूज्य श्री गणेश
- 10 दिवसीय गणेशोत्सव शुरू, होगी पूजा-अर्चना
मंडला महावीर न्यूज 29. भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष के चतुर्थी तिथि को प्रथम पूज्य गजानन का 10 दिवसीय उत्सव शुरू हो गया। भगवान गणेश की आराधना और मंत्रोच्चार के साथ भक्तो ने गणेश प्रतिमा घरों में स्थापित की है। घर में लंबोदर को विराजमान करने के लिए विधि विधान से पूजन अर्चन किया गया। सुबह से गणेश वंदना गूंजायमान होने लगी। गणेशोत्सव पर्व में भक्त प्रथम पूज्य की आराधना में लीन रहेंगे। नगर, उपनगर समेत ग्रामीण अंचलों में घर-घर और पंडालों में गणपति की पूजा अर्चना की गई।

जानकारी अनुसार भगवान गणेश को रिद्धि-सिद्धि और सुखों का प्रदाता माना जाता है। इनकी पूजा से जीवन में चल रहे संकटों का नाश होता है और मनचाहे वरदान की प्राप्ति होती है, इसलिए हर साल भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि को गणेश चतुर्थी का त्योहार मनाया जाता है। शास्त्रों के अनुसार देवी पार्वती ने मिट्टी के गणेश बनाकर उसमें प्राण डाले थे। माता पार्वती ने यह करिश्मा दिन बुधवार चतुर्थी तिथि और चित्रा नक्षत्र में किया था।

बताया गया है कि गणेशोत्सव पर्व 27 अगस्त से 06 सितंबर तक चलेगा। प्रथम पूज्य के पर्व के आगमन को लेकर भक्तो में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। प्रतिमा स्थापना के लिए मूर्ति न्यौछावर कर ले जाई गई। शाम तक गणेश प्रतिमाएं घर-घर में स्थापित की गई है। इस दौरान गणपति बप्पा मोरया के जयकारे गूूंजते रहे। गणेश स्थापना विधि विधान से पूजन अर्चन किया गया। भगवान गणपति को मोदक का भोग अर्पित किया गया।

सुबह से भगवान श्री गणेश की आरती, वंदना की गई। पर्व से नगर का वातावरण धर्ममय बना है। बाजार में पर्व को लेकर रौनक है। पर्व शुरू होने से नगर धर्ममय हो गया है। भगवान गणेश के दस दिवसीय उत्सव में गणेश भक्त पूजन अर्चन में जुटे है। नगर, उपनगरीय क्षेत्र महाराजपुर के अलावा बम्हनीबंजर, भुआबिछिया, नैनपुर, निवास, अंजनिया, मांद, बबलिया के साथ अन्य ग्रामीण अंचलों में घर-घर में गणेश प्रतिमाओं की स्थापना पूरे भक्ति भाव के साथ की गई है।
श्रीगणेश को दूर्वा, मोदक, लड्डू है प्रिय
भगवान गणपति को दूर्वा, मोदक, लड्डू विशेष प्रिय हैं, कहा जाता है कि घर में सीधी हाथ की ओर सूंड वाले गणेश स्थापित करना चाहिए। लक्ष्मी और सरस्वती के साथ गणेश पूजा का भी विधान है। भगवान गणेश प्रथम पूज्य हैं, हर मांगलिक काम से पहले इनकी पूजा होती है। गणेश बुद्धि के देवता हैं। किसी भी कार्य के शुभारंभ से पहले श्री गणेश का पूजन करने से कार्य में बाधा नहीं आती।
जिले के मूर्तिकार प्रतिमाओं के भरोसे
जिले में बहुत ही कम मूर्तिकार है। जो भी है उनका भरण पोषण मूर्ति निर्माण से ही होता है। मूर्तियां बनाकर ही अपने परिवार का पालन पोषण करते है। इसी के भरोसे पूरा वर्ष गुजर जाता है। लेकिन विगत वर्ष से महामारी के चलते जिले के मूर्तिकारों की आर्थिक स्थिति खराब हो गई है। मुख्यालय के मूर्तिकार लक्ष्मी नारायण वंशकार ने बताया कि पिछले वर्ष 200 गणेश मूर्तियां बनाए थे। इस वर्ष भी करीब 200 छोटी गणेश प्रतिमा एक फिट से लेकर चार फिट तक की बनाई गई है।
पुलिस अधीक्षक ने जारी किया 73 अधिकारियों और कर्मचारियों का तबादला आदेश
- प्रशासनिक दृष्टिकोण से किया गया पुलिस कर्मियों का स्थानांतरण
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस अधीक्षक मंडला ने प्रशासनिक दृष्टिकोण से 73 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण कर दिया है। इस तबादला सूची में उप निरीक्षक, कार्यवाहक उप निरीक्षक, सहायक उप निरीक्षक, कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक, कार्यवाहक प्रधान आरक्षक और आरक्षक शामिल हैं। बताया गया कि तबादला किए गए कर्मचारियों में से 62 अधिकारी और कर्मचारी, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, मंडला, रक्षित केंद्र मंडला से स्थानांतरित किए गए हैं। एक अधिकारी का तबादला थाना घुघरी से किया गया है और एक आरक्षक का तबादला थाना मवई से किया गया है।
पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि इन तबादले में उप निरीक्षक पूजा चौकसे को रक्षित केंद्र मंडला से थाना बिछिया भेजा गया है। उप निरीक्षक श्रीचंद मरावी को रक्षित केंद्र मंडला से थाना मोतीनाला स्थानांतरित किया गया है। उप निरीक्षक मनोज कुमार गौतम का तबादला थाना घुघरी से थाना मोहगांव किया गया है। कार्यवाहक उप निरीक्षक राजकुमार झारिया को रक्षित केंद्र मंडला से थाना बीजाडांडी भेजा गया है। कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक नीरज मिश्रा को रक्षित केंद्र मंडला से थाना कोतवाली में नवीन पदस्थापना मिली है। आरक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंगौर, जोगेन्द्र तेकाम और दुर्गेश भलावी को रक्षित केंद्र मंडला से थाना कोतवाली स्थानांतरित किया गया है। इसके साथ ही अन्य अधिकारी, कर्मचारियों का तबादला किया गया है।
मंडला में योग भवन का हुआ शुभारंभ
- गणेश चतुर्थी पर शुरू हुई नि:शुल्क योग कक्षाएं
- मिलेगा स्वस्थ जीवन का संदेश
मंडला महावीर न्यूज 29. लंबे इंतजार के बाद आखिरकार मंडला को योग भवन मिल गया है। गणेश चतुर्थी के शुभ अवसर पर इसका उद्घाटन किया गया, जहां अब प्रतिदिन नि:शुल्क योग एवं प्राणायाम कक्षाएं संचालित होंगी। इस उपलब्धि के लिए पंतजलि योग समिति ने कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके को धन्यवाद दिया हे। जिन्होंने इस भवन की उपलब्धता में सहयोग किया है। कार्यक्रम के शुभारंभ पर नपा सीएमओ गजानंद नाफड़े और नपा अध्यक्ष विनोद कछवाहा का भी आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर जिला प्रशासन के अधिकारियों, कर्मचारियों और योग प्रेमियों ने अपनी खुशी जाहिर की है।
बताया गया कि योग भवन में सबसे पहले योग समिति अध्यक्ष केडी दुबे के साथ वरिष्ठ योग गुरु सुनील बाली, रामगोपाल पटेल, सुधीर कांसकार, मुकेश सोनी एवं अन्य साथियों ने पूजा-अर्चना की। राजेंद्र उपाध्याय द्वारा मंगलाचरण एवं स्वस्ति वाचन के साथ कार्यक्रम का विधिवत आरंभ किया गया। भारत स्वाभिमान के जिला प्रभारी रामगोपाल पटेल ने सभी को योग और सूक्ष्म व्यायाम का अभ्यास कराया। इस दौरान अनिल वर्मा ने हर दिन की शुरुआत योग और स्वदेशी जागरण से करने का संदेश दिया। सुधीर कांसकार ने स्वदेशी को अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि इससे देश का धन देश में ही रहेगा।
सुनील बाली ने योग को भारतीय संस्कृति का हिस्सा बताते हुए कहा कि इसे अपनाने से व्यक्तिगत स्वास्थ्य लाभ के साथ देश का भी आर्थिक लाभ होगा। रामगोपाल पटेल ने नगरवासियों से अपील की कि वे माहेश्वरी घाट स्थित इस नए योग भवन में प्रतिदिन सुबह 5.30 से 7 बजे तक चलने वाली नि:शुल्क योग कक्षाओं में शामिल होकर योग का लाभ उठाएं। इस दौरान राकेश गुप्ता, अरविंद जोशी, श्याम श्रीवास, राजेंद्र उपाध्याय समेत अन्य गणमान्य नागरिक और योग गुरु उपस्थित रहे।
“प्रकृति के प्रहरी”
एक घना जंगल, जीवन से भरा,
हर पत्ता, हर कण, कुछ कहता नया।
हर जीव यहाँ एक कथा सुनाता,
सेवा और संतुलन का पाठ पढ़ाता।
भौंरा फूलों से दोस्ती निभाए,
पराग बटोर कर जीवन को बढ़ाए।
चमगादड़, रात का उड़न योद्धा,
बीज फैलाकर हरियाली लाए अगोता।
नेवला, साहसी, साँपों का शत्रु,
फिर भी संतुलन का रखवाला निपुण।
दीमक, मिट्टी की गहराई में बसती,
मिट्टी को उपजाऊ बना कर रखती।
भालू, जड़ें खोंदता, शहद तलाशे,
बीज गिराकर नए वृक्षों की आशा।
बिल्ली जैसा वन्य जीव – चित्तीदार, तेज़,
चुपचाप चलता, रखे जंगल का नेज़।
फिर आता है वह पक्षी — न ज्ञात नाम वाला,
ना कोई रंग विशेष, ना कोई आवाज़ वाला।
बस सेवा उसका धर्म, संतुलन उसका काम,
हर जीव की रक्षा में वह रहता निष्काम।
वह न उड़ता ऊँचाईयों की लालसा में,
ना बसता राजसी शाखाओं की आशा में।
जहाँ भी देखे असंतुलन, चुपचाप जुड़ जाए,
वृक्षों से संवाद करे, झाड़ियों से बतियाए।
वह पक्षी है, आत्मा उस जंगल की,
जो न दिखे, पर सांस है हर पत्ते की।
संग-साथ ये सब जीव मिलकर,
जंगल को बनाए जीवन का अक्षय सफर।
लेखक
विवेक जैन
प्रकृति परायण
बड़े शिव मंदिर श्री बजरंग व्यायाम शाला में बंधा जिले का सबसे बड़ा फुलहेरा
- मंडला में होता है भक्तिमय आयोजन, पूरी रात चलता है भजन कीर्तन
मंडला महावीर न्यूज 29. हरतालिका व्रत भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया को हस्त नक्षत्र के दिन मनाई जाती है। इस दिन कुमारी और सौभाग्यवती स्त्रियाँ गौरी-शंकर की पूजा करती हैं। यह व्रत मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल और बिहार में मनाया जाने वाला त्योहार करवाचौथ से भी कठिन माना जाता है, क्योंकि जहां करवाचौथ में चन्द्र देखने के बाद व्रत सम्पन्न होता है। वहीं इस व्रत में पूरे दिन निर्जल व्रत किया जाता है और अगले दिन पूजन के बाद ही व्रत परायण किया जाता है। इस व्रत से जुड़ी मान्यता है कि इस व्रत को करने वाली स्त्रियां पार्वती जी के समान ही सुख पूर्वक पतिरमण करके शिवलोक को जाती हैं।
बताया गया कि सौभाग्यवती स्त्रियां अपने सुहाग को अखण्ड बनाए रखने और अविवाहित युवतियां मन अनुसार वर पाने के लिए हरितालिका तीज का व्रत करती हैं। सर्वप्रथम इस व्रत को माता पार्वती ने भगवान शिव शंकर के लिए रखा था। इस दिन विशेष रूप से गौरी शंकर का ही पूजन किया जाता है। इस दिन व्रत करने वाली स्त्रियां सूर्योदय से पूर्व ही उठ जाती हैं और स्नान करके पूरा श्रृंगार करती हैं। पूजन के लिए केले के पत्तों से मंडप बनाकर गौरी शंकर की प्रतिमा स्थापित की जाती है। इसके साथ पार्वती जी को सुहमें भजन, कीर्तन करते हुए जागरण कर तीन बार आरती की जाती है और शिव पार्वती विवाह की कथा सुनी जाती है।

हरितालिका तीज व्रत को मंडला जिले में भी बड़े ही भक्ति भाव से मनाया जाता है। मंडला जिला मुख्यालय में स्थित बड़े शिव मंदिर श्री बजरंग व्यायाम शाला बस स्टैंड मंडला द्वारा विगत चार वर्षों से तीज महोत्सव मनाया जा रहा है। बताया गया कि यहां सबसे बड़ा फुलहेरा बांधा जाता है। जहां समिति के सभी सदस्यों द्वारा बड़े ही भक्ति भाव से यह कार्यक्रम करते है। यहां पूरी रात युवा मंडल मंडला द्वारा भजन कीर्तन किया जाता है। पूजा स्थल पर शिव जी के भक्तो को दूध चाय कॉफी का वितरण किया जाता है। इस शिव मंदिर की स्थापना करीब 100 वर्ष पहले की गई थी। इस मंदिर में बस स्टेंड क्षेत्र समेत आसपास के क्षेत्र की महिलाए एकत्र होकर पूरे श्रृद्धा भाव से हरतालिका व्रत पूजन की।
इनर व्हील क्लब ने धूमधाम से मनाई गणेश चतुर्थी
- भक्ति और उल्लास के साथ इनर व्हील क्लब ने किटी थीम पर किया आयोजन
मंडला महावीर न्यूज 29. इनर व्हील क्लब द्वारा इस वर्ष गणेश चतुर्थी का पर्व किटी थीम पर भव्यता और श्रद्धा के साथ मनाया गया। क्लब की सभी सदस्याओं ने इस विशेष पूजन में उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिसका संचालन क्लब की सक्रिय सदस्य प्रिया पमनानी के मार्गदर्शन में किया गया। गणेश पूजन का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार और गणपति बप्पा की आरती के साथ हुआ, जिससे पूरे वातावरण में भक्ति का संचार हो गया।
बताया गया कि भगवान गणेश की प्रतिमा को अत्यंत आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिसने सभी का मन मोह लिया। सभी महिला सदस्या एक निर्धारित ड्रेस कोड में उपस्थित रहीं। इस दौरान सभी सदस्याओं ने एकजुट होकर भगवान गणेश से अपने परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण के लिए प्रार्थना की। आयोजन स्थल पर भक्ति, उल्लास और आनंद का माहौल छाया रहा। क्लब की यह पहल न केवल धार्मिक भावनाओं को मजबूत करती है, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में भी एक सराहनीय कदम है।
कार्यक्रम में क्लब की अध्यक्ष श्रद्धा तपा, सचिव सुनीता पमनानी, प्रिया पमनानी, आरती बृजपुरिया, किरण पमनानी, संजुलता सिंगोर, रिया तपा, मोना जैन, कमला बानी, संध्या शिवहरे, अनीता राय, सरिता इसरानी, अनीता अग्रवाल, तृप्ति गोयल, आशा चौधरी, निहारिका ऊइके, सीमा ज्योत्षी, अंजु मरावी, त्रिवेणी पटेल, दीपा खंडेलवाल, और गीता कालपीवार सहित बड़ी संख्या में सदस्याएँ मौजूद थीं।
इनर व्हील क्लब ने सिखाया कचरे का सदुपयोग
- फूलों से धूपबत्ती और किचन वेस्ट से वर्मी कम्पोस्ट बनाने की दी ट्रेनिंग
मंडला महावीर न्यूज 29. इनर व्हील क्लब द्वारा क्लब अध्यक्ष श्रद्धा तपा की अध्यक्षता में एक सेमिनार का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भरता की दिशा में जागरूक करना था। सेमिनार में क्लब सदस्य संजुलता सिंगौर ने मंदिरों के फूलों और गाय के गोबर से धूपबत्ती बनाने की विधि के साथ-साथ किचन के कचरे से वर्मी कम्पोस्ट बनाने की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया।
संजुलता सिंगौर ने बताया कि अक्सर मंदिरों में चढ़ाए गए फूल बेकार समझकर फेंक दिए जाते हैं, जिससे न केवल गंदगी और दुर्गंध फैलती है, बल्कि यह स्वास्थ्य के लिए भी हानिकारक होता है। उन्होंने बताया कि इन फूलों का उपयोग देसी गाय के गोबर, कपूर, लाल चंदन पाउडर, घी, लोहबान, गुड़ और गंगाजल के साथ मिलाकर प्राकृतिक धूपबत्ती बनाने में किया जा सकता है। यह धूपबत्ती किसी भी रासायनिक पदार्थ से मुक्त होती है और इसे जलाने से वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
इसके साथ ही उन्होंने किचन से निकलने वाले कचरे को वर्मी कम्पोस्ट में बदलने का तरीका भी सिखाया। यह खाद पूरी तरह से पर्यावरण हितैषी होती है और खेतों व बगीचों के लिए बेहद फायदेमंद है। संजुलता सिंगौर ने कहा कि ये दोनों नवाचार न केवल पर्यावरण संरक्षण में मदद करेंगे, बल्कि महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर भी प्रदान करेंगे। इससे पैसों की बचत होगी, महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा और प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने में भी मदद मिलेगी।
इस अवसर पर क्लब के सदस्य उपस्थित रहीं, जिनमें सचिव सुनीता पमनानी, प्रिया पमनानी, आरती बृजपुरिया, किरण पबनानी, संजुलता सिंगार, रिया तपा, मोना जैन, कमला बानी, संध्या शिवहरे, अनीता राय, सरिता इसरानी, अनीता अग्रवाल, तृप्ति गोयल, आशा चौधरी, निहारिका ऊइके, सीमा ज्योत्षी, अंजु मरावी, त्रिवेणी पटेल, दीपा खंडेलवाल और गीता कालपीबार शामिल रही।
पर्यूषण पर्व का 28 अगस्त से होगा शुभारंभ, दशलक्षण धर्मों की होगी आराधना
- जैन समुदाय में दशलक्षण पर्व की धूम
- क्षमा और आत्म-शुद्धि पर रहेगा जोर
मंडला महावीर न्यूज 29. जैन धर्म का सबसे महत्वपूर्ण पर्व, पर्यूषण पर्व इस वर्ष 28 अगस्त से शुरू होने जा रहा है। इसे दशलक्षण पर्व के नाम से भी जाना जाता है। इन दस दिनों में जैन समुदाय के लोग अपनी आत्मा के शुद्ध गुणों की आराधना, भक्ति और संयम का पालन करते हैं। यह पर्व आत्मा को सांसारिक विकारों से मुक्त कर स्वाभाविक गुणों को अपनाने का अवसर प्रदान करता है। पर्व के पहले दिन से ही दशलक्षण धर्मों का पालन शुरू हो जाता है। इसका आरंभ उत्तम क्षमा से होता है, जो आत्मा का स्वाभाविक गुण माना गया है। इसके बाद मार्दव (नम्रता), आर्जव (सरलता), शौच (पवित्रता), सत्य, संयम, तप, त्याग, आकिंचन्य (अपरिग्रह) और ब्रह्मचर्य जैसे दस धर्मों की आराधना की जाती है।
बताया गया कि पर्व के दौरान जैन धर्मावलंबी पूजा-पाठ, स्वाध्याय और ध्यान में लीन होकर अपने जीवन को सादगी और नैतिकता की ओर मोड़ते हैं। इन दस दिनों में व्यक्ति अपने मन, वचन और कर्म को शुद्ध करने का प्रयास करता है। दसलक्षण पर्व के समापन पर क्षमावाणी का पावन पर्व मनाया जाता है। इस दिन सभी लोग जाने-अनजाने में हुई गलतियों के लिए एक-दूसरे से क्षमा मांगते हैं और क्षमा करते हैं। यह पर्व आपसी भाईचारे, विनम्रता और समरसता की भावना को मजबूत करता है। महात्मा गांधी ने भी भगवान महावीर और राम के जीवन आदर्शों से प्रेरित होकर इन सिद्धांतों को अपनाया था, जो आज भी हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। यह पर्व न केवल जैन समुदाय के लिए, बल्कि सभी लोगों के लिए आत्म-निरीक्षण और आध्यात्मिक उन्नति का संदेश देता है।
⇓ विस्तार से
28 अगस्त से होने जा रहा है पयुर्षण पर्व का शुभारम्भ
पयुर्षण पर्व प्रारंभ होने वाले है इसे जैन परंपरा में दशलक्षण पर्व भी कहते हैं। इन दिनों में आत्मा के विशुद्ध गुणों की आराधना की जाती है। अनादि काल से संसारी प्राणीयों में विभाव कर्मों का प्रभाव है जो आत्मा के स्वाभाविक गुणों को ढके हुए है। इन्हीं विभावभावों को दूर कर स्वाभाविक गुणों की आराधना, भक्ती पूजा, स्वाध्याय और संयम आदि रूप दिनचर्या बनाकर इन दिनों में की जाती है। जहां हिंदू संप्रदाय में श्री गणेश जी की स्थापना होती है वहीं जैन समुदाय में दिगंबर आमना में पयुर्षण पर्व का शुभारंभ हो जाता है।
दशलक्षण धर्मो में पहला धर्म उत्तम क्षमा का है। क्षमा आत्मा का स्वाभाविक धर्म है। दूसरा मार्दव धर्म है। मृदुता का भाव मार्दव है। मनुष्य के विचार और व्यवहार में जो सहज नम्रता कोमलता रहती है उसे ही संतों ने मार्दव धर्म कहा है। पयुर्षण का तीसरा दिन को आर्जव धर्म कहा गया है। हम सभी देखें कि सर्प बाहर कितना ही लहराकर क्यों ना चलता रहे किन्तु जब भी वह बिल में प्रवेश करना चाहेगा उसे सीधा सरल होना ही पड़ेगा। इसी तरह हमारा जीवन संसार में कितना ही टेड़ा मेड़ा क्यों न बना रहे, अपने आत्म-गृह में आने के लिये उसे एकदम सरल सीधा ऋजु होना ही पड़ेगा। इसी सरलता की परणति का नाम आर्जव धर्म है। ऋजुता का जो भाव है वह आर्जव है अर्थात् मन, वचन, काय की सरलता का नाम आर्जव धर्म है।
चौथे धर्म शौच धर्म कहा है। शौच धर्म पवित्रता का प्रतीक है। यह पवित्रता शुचिता संतोष के माध्यम से आती है। पाँचवा सत्य धर्म कहा है। कहा गया है कि सृष्टि का संचालन परमेश्वर करता है और यह भी कहा गया कि सत्य ही परमेश्वर है तो फिर क्यों न यह माना जाय कि सत्य रूप परमेश्वर से ही सृष्टि का संचालन होता है। सत्य प्रतिष्ठित है, सत्य परमेश्वर है। छठवाँ दिन को संयम धर्म कहा है। इसे बन्धन का दिन भी कह सकते हैं। पर यह बन्धन दुःखदाई नहीं अपितु दुःखों से छुटकारा पाने के लिए वन्दन अभिनन्दन रूप है।
पर्व का साँतवा दिन को दशलक्षणों में इसे तप धर्म कहा है। दो तरह के मार्ग हैं, जिसमें एक साधन सम्पन्न, सुख सुविधा का मार्ग है मार्ग एक स्वतंत्र स्वाधीन, साधना का मार्ग है। भारतीय संस्कृति ने धर्म-मार्ग के लिये साधन सम्पन्न नहीं किन्तु साधना सम्पन्न निरूपित किया है। यहाँ भोग को नहीं योग को, त्याग को सम्मान मिला है। पर्व का आँठवा दिन दशलक्षणों में इसे त्याग धर्म कहा है। त्याग हमारी आत्मा को स्वस्थ और सुन्दरतम बनाता है।
नववाँ दिन को दशलक्षणों में आकिंचन्य धर्म कहा है। यह खाली होने का धर्म है। रिक्त और हल्का होने का धर्म है। यह यात्रा जो हमें निज स्वरूप तक, मुक्तिधाम तक ले जाती है उसमें हल्का और खाली होना बहुत जरूरी है।अंतिम दसवाँ दिन दशलक्षणों में इसे ब्रह्मचर्य धर्म कहा है। आत्मा ही ब्रह्म है उस ब्रह्म स्वरूप आत्मा में चर्या करना, रमण करना सो ब्रह्मचर्य है। असल में हमारी ऊर्जा इन्द्रिय द्वारों से निरन्तर बाहर की ओर बह रही है जिससे हम क्षीण कमजोर हो रहे हैं।
ब्रह्मचर्य उस ऊर्जा को केन्द्रित कर आत्म-स्फूर्ति प्रदान करता है। पर्व के समापन के ‘क्षमावाणी’ का पावन पर्व मनाया जाता है। जहाँ विचार शुद्धि पर बल देता है तो वहीं वचन और व्यवहार में विनम्रता, मधुरता और समरसता लाने की भी प्रेरणा यह पर्व देता है। आत्मीयता, भाईचारे और विश्वबन्धुत्व की भावनाओं से ओतप्रोत होकर, जाने अनजाने में हुई वर्षभर की गल्तियों को स्वीकार कर क्षमा मांगना तथा क्षमा कर देना अपने भीगे विचार-परिमार्जन की कसौटी है।
भगवान महावीर और राम के जीवन आदर्शों से प्रेरित होकर महात्मा गांधी ने जिन सिद्धांतो को अपनाया उनसे हमें भी प्रेरणा लेनी चाहिए।
शोधार्थी
ब्र. साक्षी जैन, हिंदी विभाग
रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर
आज 27 अगस्त को सुबह 11.05 मिनट में मूर्ति स्थापना का शुभ मुहूर्त, 08 सितंबर होगा गणेश विसर्जन
- दुर्लभ संयोग में आज विराजेंगे भगवान गणपति
- प्रतिमाएं ले जाने का क्रम शुरू
मंडला महावीर न्यूज 29. देवों में प्रथम पूज्य भगवान गणेश की स्थापना हर्षोल्लास एवं भक्तिभाव के साथ की आज की जायेगी। जिसके लिए तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। पंडालों को अंतिम रूप दे दिया गया है। गणेशोत्सव समिति ने बारिश को ध्यान में रखते हुए विशेष इंतजाम किए गए है। गणेश प्रतिमाएं दो दिन पहले से मूर्तिकार अङ्क्षतम रूप दे चुके है। स्थानीय मूर्तिकारों के द्वारा निर्मित प्रतिमाओं के अलावा अन्य स्थानों से लाई गई प्रतिमाएं भी शामिल है। सराफा दुकानो में चांदी की प्रतिमाएं आर्कषण बनी हुई है। लोग मनमोहक मूर्तियां स्थापित करने के लिए ला रहे है। आज गणेश चतुर्थी पर्व धूमधाम और हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। गणेशोत्सव पर्व भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि को मनाया जाता है। इस वर्ष बुधवार 27 अगस्त के दिन भगवान गणेश की स्थापना की जाएगी। बताया गया कि विनायक चतुर्दशी आज मध्याह्न काल में गणेश पूजा का शुभ मुहूर्त सुबह 11.05 बजे से दोपहर 01.40 बजे तक रहेगा। इस वर्ष गणेश चतुर्थी में प्रीति, सर्वार्थ सिद्धि, रवि के साथ इंद्र, ब्रह्म योग का संयोग बना रहेगा। वहीं कर्क में बुध और शुक्र के होने से लक्ष्मी नारायण योग का निर्माण होगा। इसके साथ ही गणेश चतुर्थी पर बुधवार का महासंयोग इस तिथि को कई गुना बढ़ा रहा है।
जानकारी अनुसार स्थानीय समितियों के अलावा घरों में स्थापित की जाने वाली एवं दूरस्थ क्षेत्रों को जाने वाली प्रतिमाओं को ले जाने क्रम गणेश स्थापना के एक दिन पहले पूरे दिन चलता रहा। दस दिवसीय गणेशोत्सव के लिए सभी लोगों में विशेष उत्साह है। मिष्ठïान भंडार में मोदक,लड्डू बन चुकें है। जिसमें मोदक अधिक तादाद में बनाये गए है। नगर के 24 वार्डो के प्रमुख स्थानों में सार्वजनिक स्तर पर गणेश स्थापना की जाती है। इसके अलावा बड़ी संख्या में घरों में भी गजानन स्थापित किए जाते है। दस दिन तक चलने के बाद इस उत्सव का समापन अनंत चौदस को किया जायेगा। गणेशोत्सव पर्व में नगर में धार्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला चलेगा।
पूजा करने मात्र से मिलेगा फल
पंडित विजयानंद शास्त्री ने बताया कि आज गणेश चतुर्थी मनाई जाएगी। भक्त मनवांछित फल प्राप्ति के लिए गणपति को प्रसन्न करने पूजन, अर्चन करेंगे। बताया गया कि गणपति की पूजन करते समय हल्दी की 5 गांठ श्री गणाधिपतये नम: मंत्र बोलते हुए चढ़ाएं, 108 दूर्वा पर गीली हल्दी लगा श्री गजवकत्रम नमो नम: का जप कर चढ़ाएं, ये उपाय लगातार 10 दिन तक करें। इससे आपके काम में प्रमोशन होने की संभावनाएं बढऩे के साथ कार्यस्थल आ रही परेशानियां भी खत्म होने लगेगी।
लगाया हाथी का सिर
जब इस घटना का पता माता पार्वती को चलता है, तो वह भोलेनाथ पर क्रोधित हो उठती हैं। माता पुत्र वियोग को सह नहीं पाती हैं और शिवजी से गणेश को पुन:जीवित करने के लिए कहती हैं। तब शिवजी अपने गणों को धरती पर भेजते हैं और कहते हैं कि जो मां अपने बच्चे से उलट मुख किए हो, उसका सिर काट लाएं। गणों को ऐसी कोई मां नहीं मिलती, जो अपने बच्चे से मुंह मोड़े हो। ऐसे में उन्हें एक हथनी मिलती है, जो बच्चे की ओर मुंह नहीं किए होती है। गण हाथी के बच्चे का शीश काटकर ले जाते हैं और इस प्रकार गणेश जी को गजानन का शीश लगाकर पुन: जीवत किया जाता है। इसीलिए उनका नाम गजानन पड़ा।
…तो लगता है चोरी का आरोप
कहते हैं जो भक्त भाद्रपद मास की शुक्ल चतुर्थी को चंद्रमा के दर्शन करता है, उसे चोरी आदि का आरोप झेलना होता है। श्रीकृष्ण से एक बार यह गलती हो गई थी, तब उन पर स्यमंतक मणि चुराने का आरोप लगा था। अगर कोई गलती से इस दिन इस चंद्रमा के दर्शन कर लेता है तो उसका पाप स्यमंतक मणि कथा पढ़ कर समाप्त हो जाता है।
विघ्नों से मिलेगी मुक्ति
अगर कोई व्यक्ति सुबह बिस्तर से उठने से पहले गणेश के 12 नाम- सुमुख, एकदंत, कपिल, गजकर्णक, लम्बोदर, विकट, विघ्ननाशक, विनायक, धूम्रकेतु, गणाध्यक्ष, भालचंद्र और गजानन आदि नाम लेकर दायां पैर धरती पर रखता है, तो उसे हर प्रकार के विघ्नों से मुक्ति मिलेगी। गजानन के इन नामों को जपने से संकट तत्काल भाग खड़ा होता है। गण का अर्थ है वर्ग, समूह और समुदाय तथा ईश का अर्थ है स्वामी। शिवगणों और गण देवों के स्वामी होने के कारण इन्हें गणेश कहा जाता है। आठ वसु, ग्यारह रुद्र और बारह आदित्य ही गणदेवता कहलाते हैं।
कवयित्री योगिता भोपाल में अखिल भारतीय अटल बिहारी वाजपेयी सम्मान से सम्मानित
- दो प्रतिभागियों को दिए एक लाख रुपये की सम्मान राशि
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के झिगराघाट की छंद साधिका और कवयित्री योगिता चौरसिया ‘प्रेमा’ को भोपाल में आयोजित एक समारोह में प्रतिष्ठित अखिल भारतीय अटल बिहारी वाजपेयी सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मान उन्हें साहित्य के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट सृजनात्मक और रचनात्मक योगदान के लिए दिया गया है।
बताया गया कि भोपाल के रविंद्र भवन स्थित अंजनि सभागार में विगत दिवस आयोजित इस समारोह में मुख्य अतिथि धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी, प्रमुख सचिव शिव शेखर शुक्ला और सुशील जोशी उपस्थित रहे। मप्र साहित्य अकादमी के निदेशक डॉ. विकास दवे ने कवयित्री योगिता चौरसिया के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ग्रामीण परिवेश में रहते हुए भी उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर यह बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
कवयित्री योगिता चौरसिया की काव्यकृति छंद कलश को मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति मंत्रालय द्वारा अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति अखिल भारतीय स्तर के सम्मान के लिए चुना गया था। एक लाख रुपये की यह सम्मान राशि दो प्रतिभागियों में विभाजित की गई। समारोह में देश भर के कई प्रतिष्ठित साहित्यकार भी मौजूद रहे। जिन्होंने योगिता चौरसिया की रचनाओं की सराहना की और उन्हें इस सम्मान के लिए बधाई दी। उनकी यह उपलब्धि न केवल मंडला जिले के लिए गर्व का विषय है, बल्कि यह साहित्य के क्षेत्र में कड़ी मेहनत और समर्पण का एक उत्कृष्ट उदाहरण भी है।
मंदिरों में चोरी करने वाला गिरोह बेनकाब
- नैनपुर पुलिस ने 6 वारदातों का किया खुलासा
- आरोपी गिरफ्तार, फरार साथी की तालाश जारी
- दो लाख 30 हजार रुपये का सामान बरामद
मंडला महावीर न्यूज 29. नैनपुर पुलिस ने पिछले एक महीने से मंदिरों में हो रही चोरियों का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से करीब 2 लाख 30 हजार रुपये का चोरी किया गया सामान बरामद किया गया है। आरोपी की पहचान रामकृपाल उर्फ बहुआ पटेल निवासी सर्रई, जिला सिवनी के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना नैनपुर क्षेत्र के बड़ी खैरमाई माता मंदिर, श्रीराम मंदिर और कान्हा धाम मंदिर में चोरी की शिकायतें दर्ज की गई थीं। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीओपी मनीष राज के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने तकनीकी और गोपनीय जानकारी के आधार पर आरोपी रामकृपाल को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने नैनपुर के मंदिरों के अलावा सिवनी जिले के घूरवाड़ा, धूमा और आदेगांव में भी अपने एक साथी के साथ मिलकर चोरियां करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से 9 चांदी के मुकुट, 1 चांदी का छत्र, 1 सोने का लॉकेट, 2 चांदी की पत्ती, 1 शंख और ताला तोडऩे वाले औजार समेत चोरी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और उसके फरार साथी की तलाश जारी है।
इस चोरी के खुलासे में थाना प्रभारी नैनपुर बलदेव सिंह मुजाल्दा, उपनिरीक्षक राजकुमार हिरकने, उनि विनोद साव, केके विश्वकर्मा, उनि जैनेन्द्र उपराडे सउनि मनोरंजन सिंह नगपुरे, आरक्षक अक्षय भलावी, आरक्षक कंकुल नगपुरे, आरक्षक रंजीत मरठे, आर महेंद्र परते, सुंदर तेकाम, महिला आरक्षक संगीता तेकाम थाना धूमा जिला सिवनी निरीक्षक डोमनसिंह मरावी उनि सौरभ शर्मा आरक्षक अरूण पटेल, आरक्षक रवि यादव की भूमिका रहीं।
बायर ने भारत में लॉन्च किया कैमलस
- नया कीटनाशक बागवानी फसलों के लिए गेम चेंजर
- एक साथ नियंत्रित करेगा कई प्रकार के कीट
मंडला महावीर न्यूज 29. कृषि और हेल्थकेयर के क्षेत्र में काम करने वाली वैश्विक कंपनी बायर ने भारत में अपने नए और खास कीटनाशक कैमलस को लॉन्च किया है। यह एक ऐसा अनोखा कीटनाशक है, जिसे खास तौर पर भारत के बागवानी किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यह कीटनाशक दोहरे एक्शन में काम करता है, जिससे यह चबाने वाले और चूसने वाले दोनों तरह के कीटों को प्रभावी ढंग से नियंत्रित कर सकता है।
कैमलस की लॉन्चिंग के मौके में भारत, बांग्लादेश और श्रीलंका में बायर के क्रॉप साइंस डिवीजन के क्लस्टर कॉमर्शियल लीड मोहन बाबू ने कहा कि भारत की पोषण संबंधी जरूरतों को पूरा करने में सब्जियां महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे सब्जियों की खपत बढ़ रही है, उनकी उत्पादकता और गुणवत्ता सुनिश्चित करना और भी जरूरी हो गया है। बायर हमेशा से अपने नए और टिकाऊ समाधानों के साथ भारतीय किसानों का समर्थन करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मोहन बाबू ने आगे कहा कि कैमलस के साथ बायर ने एक नेक्स्ट-जनरेशन कीटनाशक बनाया है, जो न केवल कीट प्रबंधन को मजबूत करेगा, बल्कि भारत और दुनिया के लिए उच्च गुणवत्ता वाली सब्जियों की वैल्यू चेन बनाने में भी मदद करेगा। यह नया उत्पाद बागवानी किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण समाधान साबित हो सकता है।
पैरा एथलीट प्रतियोगिता में सांदीपनि विद्यालय के खिलाडिय़ों ने दिखाए दम
- सांदीपनि के पैरा-एथलीटों ने किया कमाल
- राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में चांद चक्रवर्ती और ओमप्रकाश ने जीते मेडल
मंडला महावीर न्यूज 29. टीटी नगर स्टेडियम भोपाल में विगत दिवस 23 से 26 अगस्त तक आयोजित हुई 15वीं राज्य स्तरीय पैरा-एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में नारायणगंज के सांदीपनि विद्यालय के खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में चांद चक्रवर्ती ने 100 मीटर दौड़ में दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि ओमप्रकाश नरेती ने तवा फेंक में दूसरा स्थान प्राप्त कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया।
बताया गया कि इन खिलाडिय़ों को पिछले तीन महीनों से ब्लॉक खेल समन्वयक करुणा मर्सकोले द्वारा कड़ी ट्रेनिंग दी जा रही थी। उनके साथ सुजीता यादव ने भी सहयोग किया। खेल समन्वयक करुणा मर्सकोले ने बताया कि यह पहली बार था जब नारायणगंज विकासखंड के दिव्यांग खिलाडिय़ों ने ऐसी किसी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लिया और उनके प्रदर्शन ने सभी को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में और भी दिव्यांग खिलाडिय़ों को प्रशिक्षण दिया जाएगा जिससे उन्हें भी अपना हुनर दिखाने का मौका मिल सके।
खिलाडिय़ों के इस शानदार प्रदर्शन के लिए जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी विकास, रविंद्र ठाकुर, सांदीपनि विद्यालय प्राचार्य अर्चना नेमा, अरविंद पटले, जिला खो-खो कोच डॉ. आकाश खत्री, जिला हैंडबॉल कोच सोना दुबे सहित जिले के सभी विकासखंड समन्वयकों और स्कूल स्टाफ ने उन्हें बधाई दी।
शिव से मांगा सुहाग का वरदान
- भक्तिभाव से मनाई हरितालिका, घर-घर बांधे फुलेहरा
मंडला महावीर न्यूज 29. हरितालिका पर्व भक्तिभाव से मनाया गया। महिलाओं ने निर्जला व्रत रखा। पति की दीर्घ आयु और सुहाग की सलामती के लिए भगवान शिव शंकर का पूजन-अर्चन किया गया। अविवाहित युवतियो ने योग्य वर के लिए व्रत धारण किया। इस पर्व में महिलाओं ने घर- घर फुलेहरा बांधे। रात्रि जागरण कर भजन कीर्तन किया। भगवान शिव को पकवानो व फलो का भोग लगाया गया। चौबीस घंटे के कठोर व्रत के बाद आज सुबह फुलेरा विर्सजन के बाद व्रत समाप्त हुआ। इस व्रत में भगवान शंकर की प्रतिमा स्थापित कर फुलेहरा बांधकर पूजन अर्चन किया गया।
महिलाओं ने सामूहिक रूप से भी फुलेहरा बांधे और शिव की आराधना की। रात्रि में भजन कीर्तन का आयोजन भी किया गया। भाद्र मास की शुक्ल पक्ष की तृतीय तिथि को मनाया जाने वाला व्रत महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। मान्यता है कि पार्वती जी ने हरितालिका व्रत रखा था जिससे भगवान शंकर जैसे पति मिले। यहीं मनोकामना के साथ महिलाओं ने पति की लंबी आयु एवं कन्याओं ने शिव जैसे पति मिले के लिए व्रत धारण किया।
महिलाओं ने सुबह से राम दतून कर स्नान के बाद भगवान भोलेनाथ का पूजन किया। ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं ने अपने- अपने घरो में ही भगवान शिव की प्रतिमा बनाई। घर-घर में हरितालिका व्रत पर महिलाओ ने स्वादिष्टï पकवान भी पकाए। महिलाओं ने उपवास रखा तथा घर पर फुलेहरा बांधा गया। ग्रामीण क्षेत्रो में हरितालिका पर्व पर भजन कीर्तन भी किए गए।
ग्रामीण अंचलों में आस्था
तीजा का पर्व निवास, बम्हनीबंजर, अजनिया, मोहगंाव, मांद, चाबी, नारायणगंज समेत ग्रामीण इलाको में हर्ष और भक्तिभाव के साथ में महिलाओ ने निराहार व्रत धारण किया। निवास जनपद ग्राम पौंडी निवासी संजू झारिया ने बताया कि रात्रि में भगवान शिव का पूजन किया। रात भर जागरण कर गीत संगीत के कार्यक्रम आयोजित किये गये। निवास और पिपरिया के क्षेत्रों में विधि विधान से फुलहेरा बांधकर हरितालिका पर्व मनाया गया।
मोनी स्नान कर रखा हरतालिका तीज व्रत
- ग्राम बिंझिया के शांति नगर में सामुहिक रूप से की तीजा की पूजा
जिला मुख्यालय के नजदीकी ग्राम बिझिंया के शांति नगर में हरतालिका तीज का पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया। शांति नगर की महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर मोनी स्नान कर दीपा ठाकुर के यहां फुलेहरा बांधकर सामुहिक रूप से हरतालिका तीज में भगवान शंकर और पार्वती की पूजा अर्चना की। बताया गया कि जिन घरों में फुलेहरा बांधा गया था, उन घरों में रात्रि जागरण कर गाना बजाना चलता रहा। जिसके बाद सुबह व्रत का समापन किया गया। इस दौरान शांति नगर की दीपा ठाकुर, गंगोत्री ठाकुर, मालती लोधी, ममता ठाकुर, रेखा ठाकुर, मधु ठाकुर, नेहा ठाकुर, जमनोत्री सिंगरोरे, श्रुति ठाकुर, सिलोचना ठाकुर एवं अन्य महिलाओं ने व्रत रख पूजा अर्चना की।
डोजबॉल में चमकी मंडला की बेटियां, दिखाया कमाल
- राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उपविजेता बनकर जिले का नाम किया रोशन
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले की बेटियों ने राज्य स्तरीय डोजबॉल में दूसरा स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। बताया गया कि विगत दिवस गुना में आयोजित 17वीं राज्य स्तरीय डोजबॉल प्रतियोगिता में मंडला जिले की महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि ने न केवल खिलाडिय़ों का गौरव बढ़ाया है, बल्कि पूरे जिले को भी गौरवान्वित किया है।
ब्लाक खेल समन्वयक शशांक मिश्रा ने बताया कि इस प्रतियोगिता के लिए खिलाडिय़ों का चयन 2 अगस्त को सांदीपनि विद्यालय घुघरी में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता के माध्यम से किया गया था। चयनित खिलाडिय़ों के लिए 3 अगस्त से इसी विद्यालय में 15 दिनों का विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित हुआ।
इस शिविर में मुख्य प्रशिक्षक शशांक मिश्रा के मार्गदर्शन में सहायक प्रशिक्षक निहाल शुक्ला, रोहित नंदा और रामवती परते ने खिलाडिय़ों को खेल की बारीकियों से अवगत कराया। कड़ी मेहनत और समर्पण के बाद टीम ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया और उपविजेता बनकर उभरी।
खिलाडिय़ों की इस सफलता पर डोजबॉल संघ और मंडला जिला खेल विभाग ने बधाई दी है। संरक्षक और बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा, संघ अध्यक्ष अशोक भलावी, जिला खेल एवं युवक कल्याण अधिकारी विकास खाड़ाकर, सांदीपनि विद्यालय प्राचार्य महेंद्र सिंह चौधरी, तक्षशिला विद्या निकेतन स्कूल के प्राचार्य संजीव कुमार पांडेय, खो-खो प्रशिक्षक आकाश खत्री, हैंडबॉल प्रशिक्षक सोना दुबे, अरविंद पटले, खेल और युवा कल्याण विभाग के केदार ठाकरे, ब्लाक खेल समन्वयक रामवती परते, करुणा मर्सकोले, त्रिलोक डोंगरे, पंकज उसराठे, गंगाराम मरावी, रामनाथ धुर्वे, उमेश नंदा, अरविंद झारिया और अरविंद कुसराम समेत सभी खेल प्रेमियों ने खिलाडिय़ों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
तेंदुए के शिकार के आरोपी गिरफ्तार, नाखून और हड्डियां बरामद
- वन विभाग की कार्रवाई, बैहर कोर्ट ने आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जेल
मंडला महावीर न्यूज 29. वन विभाग ने तेंदुए के अवैध शिकार और उसके अंगों की तस्करी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान धीरसिंह उईके और चैतराम पंद्रे के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से तेंदुए के नाखून, हड्डियां और अन्य अवशेष बरामद किए हैं। बैहर न्यायालय ने दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
बताया गया कि मुखबिर की सूचना पर समनापुर के परिक्षेत्र अधिकारी ने एक टीम गठित कर मलांजखंड के कंचन नगर में घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध धीरसिंह उईके को रोका गया, जिसकी तलाशी में उसकी जेब से 3 नग वन्य प्राणी के नाखून मिले। पूछताछ में धीरसिंह ने बताया कि उसने ये नाखून चैतराम पंद्रे से बेचने के लिए लिये थे। इसके बाद वन विभाग की टीम ने चैतराम पंद्रे को भी पूछताछ के लिए बुलाया। चैतराम ने बताया कि करीब एक साल पहले उसने चीतल के शिकार के लिए करंट लगाया था, जिसमें तेंदुआ फंस गया था।
आरोपियों की निशानदेही पर वन विभाग ने किसली वन परिक्षेत्र में खुदाई की। इस दौरान शव परीक्षण वन्यजीव विषेषज्ञ चिकित्सकों डॉ. संदीप अग्रवाल डॉ. आशीष वैध, बैहर द्वारा एनटीसीए के अधिकृत प्रतिनिधि शिवांगी वेन्द्रे, मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक द्वारा नांमाकित अशासकीय वन्यप्राणी विशेषज्ञ चन्द्रेश खरे, क्षेत्र संचालक, रवीन्द्र मणि त्रिपाठी, उप संचालक कोर, बफर अमिता केबी की उपस्थिति में किया गया। इस कार्यवाही की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी की गई। अपराध प्रकरण में शामिल दोनों आरोपियों को न्यायालय बैहर के समक्ष उपस्थित कर उन्हें न्यायालिक रिमांड पर जेल भेजा गया। प्रकरण में अग्रिम कार्यवाही जारी है।
नेशनल हाईवे 30 में ट्रक ने बाइक सवार को कुचला, दो की मौत
- मंडला, बिछिया मार्ग में औरई के पास भीषण सड़क हादसा
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला बिछिया नेशनल हाईवे 30 में सोमवार शाम करीब 5 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सड़क हादसा बिछिया थाना क्षेत्र के औरई तालाब हनुमन ढाबा के पास हुआ, जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद ट्रक चालक अपना वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही बिछिया थाना प्रभारी भीष्म तिवारी तुरंत अपने दल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि बाइक सवार बिछिया से मंडला की ओर जा रहे थे, इसी दौरान यह सड़क हादसा हो हुआ। मृतकों में से एक की पहचान लखनादौन जिला सिवनी निवासी सुमन सिंह पटेल के रूप में हुई है। वहीं दूसरा मृतक भगवा रंग के कपड़े पहने हुए था और साधु की वेशभूषा में था, जिसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने लखनादौन थाने के जरिए सुमन सिंह पटेल के परिवार को सूचित कर दिया है।
बताया गया कि सड़क हादसा होते ही स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना एम्बुलेंस को दी। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस के पायलट लेखराम यादव और ईएमटी आनंद मार्को मौके पर पहुंचे। एम्बुलेंस कर्मियों ने दोनों शवों को बिछिया अस्पताल पहुंचाया। बिछिया पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है।
मिनी ट्रक पलटा, चालक समेत छह लोग घायल
- निवास, मंडला मार्ग में पिपरिया घाट की घटना
मंडला महावीर न्यूज 29. निवास से मंडला मार्ग पर स्थित पिपरिया घाट पर एक मिनी ट्रक का स्टेयरिंग फेल हो जाने से वह अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में चालक सहित कुल छह लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए निवास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना निवास पुलिस को दी गई। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जांच कर रही है।
जानकारी अनुसार निवास मंडला मार्ग में पिपरिया घाट में सोमवार को एक मिनी ट्रक का स्टेयरिंग फेल हो जाने से अनियंत्रित होकर पलट गया। मिनी ट्रक का चालक अन्नी तारम ने बताया कि वे जबलपुर से ग्राम रिपटा धान का छिलका लेने जा रहे थे। पिपरिया घाट की चढ़ाई के दौरान अचानक गाड़ी का स्टेयरिंग फेल हो गया, जिससे वाहन पलट गया।
इस हादसे में घायल हुए लोगों में चालक अन्नी तारम (40), त्रिलोक (40), श्याम लाल (35), शंकर लाल (50), सोन राम (42) और रवींद्र मार्को (27) वर्ष है। ये सभी ग्राम भोड़ी के रहने वाले हैं। सभी घायलों को निवास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। जहां सभी घायलों का उपचार किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही निवास पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे
हरितालिका तीज-भद्रा का साया नहीं, दिनभर रहेगा हस्त नक्षत्र शुभ संयोग
मंडला महावीर न्यूज 29. हरितालिका व्रत हिंदू महिलाओं का एक महत्वपूर्ण व्रत होता है, जिसे मातृ शक्तियां अखंड सौभाग्यवती होने और मनोनुकूल पति प्राप्त करने के लिए रखती हैं, यह व्रत निर्जला व्रत होता है जो भाद्र शुक्ल पक्ष तृतीया को रखा जाता है। इस बार तृतीया तिथि सोमवार को 11.28 बजे दिन से प्रारम्भ हुई है जो मंगलवार को 12.29 बजे दिन तक रहेगी और पूरे दिन हस्त नक्षत्र रहेगा, हस्त नक्षत्र युक्त तृतीया बहुत शुभ मानी जाती है अत: उदया तिथि के सिद्धांत से हरितालिका व्रत सार्वभौमिक रुप से मंगलवार तारीख को अमृत योग 1.41 बजे तक रहेगा। वरदान आश्रम के यज्ञाचार्य पं नीलू महाराज ने बताया कि इस वर्ष हरितालिका तीज पर्व पर भद्रा का साया नहीं है। अत: दिन के 12.29 बजे तक भगवान शिव और माता पार्वती की प्राण प्रतिष्ठा कर ले।
सुहागन महिलाओं ने कर ली हरतालिका तीज की तैयारी
- मनचाहे वर के लिए कुंवारी कन्याएं रखेंगी व्रत
- नए वस्त्र, आभूषण और पूजा सामग्री की हो गई खरीदी
मंडला महावीर न्यूज 29. सनातन धर्म में अखंड सौभाग्य, पति की दीर्घायु और समृद्धि की कामना के लिए सुहागन महिलाएं हरितालिका तीज का व्रत रखती हैं। महिलाओं ने तीज व्रत के लिए तैयारियां कर ली है। पति की लंबी उम्र और कन्या सुयोग्य वर की प्राप्ति के लिए तीज का व्रत रखती हैं। नए परिधानों से सुसज्जित होकर सोलह सिंगार करके इस व्रत को महिलाएं रखती हैं। हाथों में पूजा की थाली और कलश लेकर विधिवत पूजा अर्चना करके पति की दीर्घायु के लिए कामना करती हैं। पूजा की थाली सजाने की तैयारी की जा रही है। इसको लेकर नवविवाहिता महिलाएं बहुत उत्साहित हैं। महिलाओं ने अपने-अपने तरीके से तैयारियां पूरी कर ली हैं। तीज पर्व के लिए खरीददारी भी कर ली गई है, वहीं कुछ महिलाएं आज तीज के दिन भी खरीददारी करेंगी। जिसमें महिलाएं साड़ी और साड़ी मैचिंग की ज्वैलरी, पूजा की थाली का डेकोरेशन कर रही है।
जानकारी अनुसार हरितालिका तीज को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ गई है। सुहागिन महिलाओं ने अभी से व्रत के लिए नए वस्त्र, आभूषण और पूजा सामग्री आदि की खरीदारी कर ली है। बहू-बेटियों के घर भी तीज की सामग्री भेजी गई है। इस बार आज 26 अगस्त को हरितालिका तीज का व्रत है।
बहन के घर भेजा तीज
हिन्दू धर्म परंपराओं से भरा हुआ है। पर्व पर मायके से बेटी के घर यानी ससुराल में तीज भेजने की भी परंपरा है। किरण बरमैया ने बताया कि पहले ही छोटी बहन के यहां तीज की तैयारी करके भेज दिया है। जिसके लिए खरीदारी की थी। तीज में सुहाग से जुड़े सभी सामान, वस्त्र व मिठाई भेजी जाती है। उन्होंने बताया कि तीज पर्व को लेकर इस बार ज्यादा उत्साह है।
सोलह श्रृंगार कर करेंगी मां पार्वती का पूजन
पंडित नीलू महाराज ने बताया कि तीज के दिन महिलाएं 16 श्रृंगार कर अखंड सौभाग्य की कामना करती हैं। व्रती महिलाएं रात में चार पहर की आरती, हवन, पूजन कर माता पार्वती को सुहाग की सामग्री अर्पित कर पूरे परिवार की कुशलता की प्रार्थना करती हैं।
हरितालिका तीज-भद्रा का साया नहीं, दिनभर रहेगा हस्त नक्षत्र शुभ संयोग
हरितालिका व्रत हिंदू महिलाओं का एक महत्वपूर्ण व्रत होता है, जिसे मातृ शक्तियां अखंड सौभाग्यवती होने और मनोनुकूल पति प्राप्त करने के लिए रखती हैं, यह व्रत निर्जला व्रत होता है जो भाद्र शुक्ल पक्ष तृतीया को रखा जाता है।
इस बार तृतीया तिथि सोमवार को 11.28 बजे दिन से प्रारम्भ हुई है जो मंगलवार को 12.29 बजे दिन तक रहेगी और पूरे दिन हस्त नक्षत्र रहेगा, हस्त नक्षत्र युक्त तृतीया बहुत शुभ मानी जाती है अत: उदया तिथि के सिद्धांत से हरितालिका व्रत सार्वभौमिक रुप से मंगलवार तारीख को अमृत योग 1.41 बजे तक रहेगा। वरदान आश्रम के यज्ञाचार्य पं नीलू महाराज ने बताया कि इस वर्ष हरितालिका तीज पर्व पर भद्रा का साया नहीं है। अत: दिन के 12.29 बजे तक भगवान शिव और माता पार्वती की प्राण प्रतिष्ठा कर ले।
इनका कहना है
पति की पसंदीदा साड़ी पहन रखूंगी व्रत
तीज व्रत की तैयारी हम लोगों ने कर ली है। जिसमें पति के लिए हाथों में मेहंदी लगाऊंगी। उस दिन उनकी पसंदीदा साड़ी पहनूंगी और सोलह श्रृंगार करके इस व्रत को पूरा करूंगी। पूजा की थाली को भी सुंदर रूप से सजा रही हूं। अन्य सामानों की रूपरेखा तैयार कर उसके लिए प्लानिंग कर ली हूं।
पर्व को यादगार बनाने की तैयारी
पति की लंबी उम्र और खुशहाली के लिए कामना करूंगी। तीज की तैयारी के लिए काफी उत्साहित हूं। सोलह श्रृंगार, चूड़ी, बिंदी, बिछिया, कुमकुम, मेहंदी की तैयारी कर ली है। इसके अलावा आज तीज के दिन के लिए और भी तैयारी कर रही हूं। पारंपरिक परिधानों के साथ इस व्रत को यादगार बनाऊंगी।
भारतीय संस्कृति का हिस्सा है तीज
मेरे मन में इस व्रत को लेकर बहुत ही खुशी है कि पति की लंबी उम्र के लिए और परिवार में खुशहाली के लिए कामना करूंगी। व्रत में सोलह श्रृंगार एवं पारंपरिक वेशभूषा के साथ तैयारी करके विधिवत पूजन अर्चन करूंगी। हमारी भारतीय संस्कृति में इस व्रत का बहुत महत्व है। इस व्रत की तैयारी कर ली है।

माधुरी कछवाहा, मंडला
शादी के पहले से कर रहे व्रत
शादी के पहले भी मैं तीजा व्रत रखती थी। तीजा व्रत बहुत ही खास है। अपने पति की दीर्घायु और उनकी सभी मनोकामनाओ की पूर्ति के लिए मैं यह व्रत रखती हूं। तीजा की तैयारियां मैंने पहले से शुरू कर दी थी। पारंपरिक परिधानों के साथ सोलह श्रंृगार और संबंधित सामानों की सूची तैयार कर ली हूं।
जच्चा बच्चा की सुरक्षा के लिए प्रसव पूर्व जांच जरूरी
- गर्भवती महिलाओं की हुई टॉलरेंस टेस्ट, मनाया मातृत्व दिवस
मंडला महावीर न्यूज 29. प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस के तहत गर्भवती महिलाओं का जांच परीक्षण शुरू किया गया। बताया गया कि नारायणगंज सीएचसी में प्रति माह की 09 और 25 तारीख को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस के अंतर्गत गर्भवती की प्रसव पूर्व जांच कराई जा रही है। जिससे जच्चा, बच्चा स्वस्थ रहे। मातृत्व दिवस शिविर में गर्भवती महिलाओं का एचआईवी, हिमोग्लोबिन, ब्लड शुगर, यूरीन प्रोटीन, यूरिन क्लॉक एवं एल्बुमिन की जांच की गई।
जानकारी अनुसार आयोजित मातृत्व दिवस शिविर में गर्भवती महिलाओं की प्रसव के पहले ही जांच के दौरान उच्च जोखिम गर्भावस्था (एचआरपी) की पहचान हो जाती है। यदि ऐसी कोई गर्भवती महिला चिन्हित होती है तो ऐसी गर्भवती का प्रसवकाल में विशेष ध्यान रखा जाता है। सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल ने बताया कि गर्भवती महिलाओं की जांच के बाद अगर किसी भी महिलाओं के गर्भाशय में किसी प्रकार की शिकायत रहने पर उसे पहले अच्छे स्वास्थ्य सेवा के लिए बेहतर अस्पताल भेजा जाता है, जिससे प्रसव के समय महिलाओं को कोई परेशानी ना हो। मातृत्व दिवस अभियान के अंतर्गत सभी सुविधाएं सरकार द्वारा नि:शुल्क दी जा रही है।
नर्सिंग ऑफीसर मोनिका उइके ने बताया कि मातृत्व दिवस में गर्भवती महिलाओं में डायबिटीज की जांच भी प्रमुखता से की जा रही है। यह ओरल ग्लूकोज टॉलरेंस टेस्ट यानी ग्लूकोज सहनशीलता परीक्षण है। यह एक लैब टेस्ट है। इस टेस्ट से पता चलता है कि शरीर बड़ी मात्रा में चीनी को कितनी अच्छी तरह से संसाधित कर सकता है। यह टेस्ट अक्सर मधुमेह के निदान के लिए किया जाता है।
मंडला में गूंजा स्वदेशी का जयघोष
- विदेशी भगाओ, स्वदेशी अपनाओ
- जनजागरण यात्रा में उमड़े लोग
- विदेशी कंपनियों के संकेतिक पुतले का दहन
मंडला महावीर न्यूज 29. देश भर में चल रहे स्वदेशी जागरण अभियान के तहत मंडला शहर में भी स्वदेशी अपनाओ, विदेशी भगाओ जनजागरण यात्रा निकाली गई। इस यात्रा का उद्देश्य विदेशी कंपनियों का बहिष्कार कर स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना था। यात्रा की शुरुआत जिला मुख्यालय के दुर्गा मंदिर लालीपुर चौराहा से हुई। यहां हुई नुक्कड़ सभा में विनायक तांबे ने स्वदेशी की आवश्यकता पर विस्तार से विचार रखे। इसके बाद स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत पूर्णकालिक मनोहर लाल पथरोल ने जय जय स्वदेशी के जयघोष के साथ यात्रा का श्रीगणेश किया।
बताया गया कि यह जन जागरण यात्रा लालीपुर से बस स्टैंड होते हुए चिलमन चौक पहुंची। यहां पर कार्यकर्ताओं ने विदेशी कंपनियां भारत छोड़ो का नारा लगाते हुए विदेशी कंपनियों के एक सांकेतिक पुतले का दहन किया, जो इस बात का प्रतीक था कि अब विदेशी उत्पादों का बहिष्कार किया जाएगा। इस आयोजन में विभिन्न संगठनों का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिनमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, भारतीय जनता पार्टी, राष्ट्र सेविका समिति, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, ग्राहक पंचायत, लघु उद्योग भारती, सरस्वती शिशु मंदिर के आचार्य, विद्या भारती, धर्म जागरण मंच और शहर के आम नागरिक व व्यापारी शामिल रहे।
कार्यक्रम के अंत में स्वदेशी जागरण मंच के जिला संयोजक रितेश ताम्रकार ने यात्रा में शामिल सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में जिला सह-संयोजक डॉ. रेखा चौरसिया, विनीत परिहार और विचार प्रमुख अनुपम दुबे का विशेष योगदान रहा। इस जन जागरण यात्रा से मंडला में स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरूकता बढ़ रही है और लोग आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने के लिए एकजुट हो रहे हैं।
मंडला में झमाझम बारिश, छोटा रपटा पुल डूबा
- अगले तीन दिनों तक सामान्य से अधिक वर्षा की संभावना
- जिले में अब तक 1395.38 मिमी बारिश दर्ज
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है और मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक सामान्य से अधिक वर्षा की चेतावनी जारी की है। जिले में विगत तीन चार दिनों से रुक-रूक कर और कभी-कभी तेज बारिश हो रही, जिससे जनजीवन पर असर पड़ रहा है। वहीं रूक रूक कर हो रही बारिश से गर्मी और उमस से भी राहत मिली है।
मौसम वैज्ञानिक आदित्य बिसेन ने बताया कि अचानक मौसम में बदलाव उत्तर पूर्वी मध्यप्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में निम्म दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। जिसके कारण मौसम परिवर्तन हुआ है। यह ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 7.6 किलोमीटर ऊपर तक फैला हुआ है। अगले 24 घंटे के दौरान पश्चिम उत्तर पश्चिम की ओर बढऩे और उसके बाद धीरे-धीेर इसके कमजोर होने की भी संभावना बनी हुई है। इसके साथ ही वर्तमान में मानसून ट्रफ मध्य समुद्र तल पर बीकानेर, जयपुर, ग्वालियर, प्रयागराज, उत्तर पूर्वी मध्यप्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में निम्र दबाव क्षेत्र का केन्द्र बना है, जो उत्तर पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक है।
इसके साथ ही पश्चिमी विक्षोभ माध्य समुद्र तल के ऊपर एक द्रोणिका के रूप में बना हुआ है। वहीं एक ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण उत्तर पश्चिम मध्यप्रदेश और निकटवर्ती क्षेत्रों में माध्य समुद्र तल की ऊंचाई पर सक्रिय है। वहीं अगले 48 घंटो के दौरान ओडिशा पश्चिम बंगाल के तटो से दूर उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी में एक नया निम्र दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना भी है। जिससे जिले के सभी क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश जारी रहने की संभावना है।
नर्मदा नदी का बढ़ा जलस्तर
मंडला जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जीवनदायिनी नर्मदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। बताया गया कि नर्मदा के तटवर्ती क्षेत्र में नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। जिसके बाद जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट हो गया है। जलस्तर बढऩे के कारण नर्मदा के तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को चेतावनी जारी कर दी गई है। स्थानीय प्रशासन ने होमगार्ड और एसडीआरएफ की टीमों को निगरानी के लिए तैनात कर दिया है। लोगों से अपील की गई है कि वे नदी के करीब न जाएं और सावधानी बरतें। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और प्रशासन हर स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है।
खरीफ फसलों के लिए फायदेमंद
मौसम विभाग के अनुसार जिले में इस मानसून सीजन में अब तक 1395.38 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, वहीं 24 घंटे में 41.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो सामान्य से अधिक है। यह बारिश मुख्य रूप से कृषि प्रधान जिले के लिए वरदान साबित हो सकती है, क्योंकि यह खरीफ फसलों के लिए बेहद फायदेमंद है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में लगातार और भारी बारिश से फसलों को नुकसान होने की भी संभावना बनी हुई है।
मंडला में कुम्भकार महोत्सव, समाज की कला और योगदान को मिला सम्मान
- पीएचई मंत्री संपतिया उइके ने आत्मनिर्भर भारत में कुम्भकार समाज की भूमिका को सराहा
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला के प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के सभागार में अखिल भारतीय प्रजापति कुम्भकार महासंघ और जिला चक्रवर्ती कुम्भकार संघ द्वारा कुम्भकार महोत्सव का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकीय मंत्री संपतिया उइके शामिल हुईं। महोत्सव का उद्देश्य समाज की कला और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को बढ़ावा देना था। इस दौरान युवक-युवती महासम्मेलन का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज के उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने कहां कि मप्र के 11 जिले अनुसूचित जाति में आ रहे हैं, शेष जिले अन्य पिछड़ा वर्ग में है। इन सभी बातों को लेकर भी कार्यक्रम के दौरान चर्चा की गई। इस दौरान कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके से अतिथियों ने इस बात को कैबिनेट में रखने की बात कही।
आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने कुम्भकार समाज के परिश्रम और कला की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मिट्टी से दैनिक उपयोगी वस्तुएं बनाने की यह कला आत्मनिर्भर भारत की भावना को मजबूत करती है और देश की सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने में अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने यह भी बताया कि केंद्र और राज्य सरकारें कारीगरों को सशक्त बनाने के लिए कई योजनाएं चला रही हैं, जिनमें वोकल फॉर लोकल और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना प्रमुख हैं।
समारोह में कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके, बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा, नपा अध्यक्ष विनोद कछवाहा, छत्तीसगढ़ माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष शंभू नाथ चक्रवर्ती, अखिल भारतीय कुंभकार संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष गंगाराम प्रजापति, जिला अध्यक्ष बलराम चक्रवर्ती, बिछिया ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश चक्रवर्ती, कुंभकार संघ अध्यक्ष रामकली प्रजापति घुघरी , कुंभकार संघ जिला उपाध्यक्ष ज्ञानी राम चक्रवर्ती, कोषाध्यक्ष नंदकिशोर चक्रवर्ती, कार्यक्रम संयोजक मंगलेश चक्रवर्ती, मुकेश प्रजापति नगर अध्यक्ष नैनपुर, संतोष चक्रवर्ती, समाजसेवी प्रदीप चक्रवर्ती, चंद्रप्रकाश चक्रवर्ती कोशाधायक, विवेक चक्रवर्ती, मनीष चक्रवर्ती, शैलेंद्र प्रजापति समेत छिंदवाड़ा, रीवा, नैनपुर, कटनी, डिंडोरी, सिवनी, बालाघाट और गोंदिया जैसे विभिन्न जिलों से आए कुम्भकार समाज के सदस्यों ने भाग लिया।
नर्मदा तट में संपन्न हुआ झूलेलाल चालीसा महोत्सव
- बैंड-बाजे के साथ निकली कलश यात्रा
- बहिराणा साहिब का पूजन और विशाल भंडारे के साथ उत्सव संपन्न
मंडला महावीर न्यूज 29. प्रति वर्ष की तरह इस वर्ष भी श्री झूलेलाल चालीसा महोत्सव का धूमधाम से मनाया गया। यह 40 दिवसीय धार्मिक आयोजन 16 जुलाई को शुरू हुआ था और शुक्रवार को चालीस दिन पूरे होने पर इसका भव्य समापन रविवार को किया गया। इस महोत्सव के दौरान हर शुक्रवार को महाआरती, सांस्कृतिक कार्यक्रम, छप्पन भोग और अन्य धार्मिक आयोजन हुए जो श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र रहा।

बताया गया कि महोत्सव के समापन अवसर पर सभी भक्तों ने हवन-पूजन किया, जिन्होंने 40 दिनों का व्रत रखा था, उनके द्वारा द्वारा हवन, पूजन किया एवं आहूति दी। इसके बाद भगवान श्री झूलेलाल की विशेष आरती की गई और चालीसा अखंड ज्योति के दर्शन हुआ। समारोह में बहिराणा साहिब का भी विधि-विधान से पूजन किया गया।
विशेष ड्रेस कोड में कलश यात्रा के साथ निकली शोभायात्रा
समापन समारोह का मुख्य आकर्षण कलश यात्रा थी, जिसमें धर्मप्रेमी महिलाएं विशेष रूप से सफेद कुर्ता और लाल दुपट्टे की वेशभूषा में नजर आईं। बैंड-बाजे के साथ निकली इस कलश यात्रा और बहिराणा साहिब की शोभायात्रा ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं और महिलाओं ने गरबा-डांडिया नृत्य कर शोभायात्रा की शोभा बढ़ाई।
महाआरती और भंडारे के साथ हुआ समापन
कलश यात्रा अंबेडकर वार्ड स्थित श्री झूलेलाल मंदिर से शुरू हुई और पड़ाव, चिलमन चौक, बड़ चौराहा, उदय चौक होते हुए रंगरेज घाट में मां नर्मदा के पवित्र तट पर पहुंची। यहां मां नर्मदा की आरती, पूजा, अरदास और पल्लव पूजा के साथ यात्रा का समापन हुआ। इसके बाद श्रद्धालु वापस मंदिर लौटकर महाआरती में शामिल हुए। इस भव्य आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। सभी भक्तों के लिए विशाल आम लंगर की व्यवस्था की गई थी, जहाँ सभी ने महाप्रसादी ग्रहण की। इसके साथ ही श्री झूलेलाल चालीसा महोत्सव का समापन हुआ।
सरकारी स्कूल में लगा स्वास्थ्य शिविर, छात्रों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
- स्वास्थ्य शिविर से छात्रों में जगी नई ऊर्जा
मंडला महावीर न्यूज 29. शासकीय जगन्नाथ उत्कृष्ट विद्यालय मंडला में एक दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसका उद्घाटन नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ विद्यालय की परिकल्पना को साकार करने और नीट जैसी परीक्षाओं में बैठने वाले विद्यार्थियों के सामने डॉक्टरों की टीम को देखकर एक नई ऊर्जा का संचार होता है। शिविर में जिला चिकित्सालय के आरएमओ डॉ. प्रवीण कुमार उइके ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का मार्ग स्वस्थ मन और मस्तिष्क से ही निकलता है। हम अपनी दैनिक दिनचर्या को अनुशासित करके बीमारियों से बच सकते हैं। आज के समय में मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देना बेहद जरूरी है।
विद्यालय प्राचार्या कल्पना नामदेव ने बताया कि वर्षा ऋतु में वायरल संक्रमण बढ़ जाता है, इसलिए छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण बहुत जरूरी था। उन्होंने डॉक्टरों और स्वास्थ्य टीम का आभार व्यक्त किया। शिविर का संचालन करियर काउंसलर अखिलेश उपाध्याय ने किया, जिन्होंने शरीर ही धर्म का पहला साधन है के दर्शन पर बात की। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान कई छात्रों में मौसमी बुखार और सर्दी-जुकाम के लक्षण पाए गए, जिन्हें मौके पर ही दवाइयां दी गईं। कुछ छात्रों को, जिनकी स्वास्थ्य समस्याएं थोड़ी गंभीर थीं, उन्हें जिला चिकित्सालय में जाँच करवाने की सलाह दी गई।
इस स्वास्थ्य शिविर को सफल बनाने में रेडक्रॉस, स्काउट, एनएसएस और इको क्लब जैसे विभिन्न क्लबों के छात्रों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस दौरान विद्यालय का पूरा स्टाफ भी मौजूद था, जिसमें कन्हैया वरमैया, शैलेश जयसवाल, आशीष बाजपेई, देवेंद्र कछवाहा, प्रवीण अग्रवाल, दिलेन्द्र सिंगोर, नागेंद्र चौहान, नाथू सिंह घोसी, प्रखर पटेल, शालिनी साहू, रंजना पांडे, सोनल अग्निहोत्री, मातेश्वरी परस्ते, संजय धनगर, कीर्ति शुक्ला, शालिनी साहू और अरुण दुबे शामिल थे।
श्री गणेश, दुर्गा की प्रतिमाओं से महक रही बबलिया की कला
- मूर्तिकार राजेश की कलाकारी से जीवंत हो उठती हैं मूर्तियां
मंडला महावीर न्यूज 29. कला और आस्था का अद्भुत संगम बबलिया गांव में हर वर्ष मूर्तिकार राजेश चक्रवर्ती और भूपेंद्र चक्रवर्ती द्वारा तैयार की गई दुर्गा और श्री गणेश की प्रतिमाओं में देखने को मिलता है। ये कलाकार सदियों पुरानी परंपरा को जीवित रखते हुए मिट्टी से बनी इन प्रतिमाओं में जान फूंक देते हैं। हर साल यहां 200 से ज्यादा गणेश प्रतिमाएं बनाकर विक्रय करते है। जिन्हें भक्तगण बड़े ही श्रद्धा और प्रेम के साथ अपने घरों और पंडालों में स्थापित करते हैं।
बताया गया कि गणेश चतुर्थी और दुर्गा पूजा के आने से पहले ही चक्रवर्ती परिवार के घर पर चहल-पहल शुरू हो जाती है। मिट्टी और रंग की महक पूरे वातावरण में फैल जाती है। राजेश चक्रवर्ती बताते हैं कि मिट्टी से बनी इन मूर्तियों की डिमांड हर साल बढ़ती जा रही है, क्योंकि ये पर्यावरण के अनुकूल होती हैं। श्रद्धालु भी इन मूर्तियों को प्राथमिकता देते हैं क्योंकि वे प्राकृतिक होती हैं और पूजा-अर्चना के बाद इनका विसर्जन आसानी से हो जाता है।
बबलिया के स्थानीय लोग इन कलाकारों की बहुत तारीफ करते हैं। वे कहते हैं कि राजेश और भूपेंद्र की कला न सिर्फ आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह हमारे क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को भी संजोकर रख रहे है इन मूर्तियों को बनाने में उनका समर्पण और मेहनत स्पष्ट दिखाई देती है।
विद्यार्थियों को नौकर नहीं मालिक बनो का दिया मंत्र
- उत्कृष्ट विद्यालय मंडला में उद्यमिता को बढ़ावा देने कार्यक्रम आयोजित
मंडला महावीर न्यूज 29. शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मंडला में स्वदेशी जागरण मंच के तत्वावधान में उद्यमिता प्रोत्साहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा छात्रों को उद्यमी बनने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम की शुरुआत में विशिष्ट अतिथि विनायक तांबे ने स्वदेशी की अवधारणा पर प्रकाश डाला और घर-घर तक स्वदेशी उत्पादों को पहुँचाने पर जोर दिया। इसके बाद सुधीर कांसकर ने मंडला की कलादीर्घा और गोंडी संस्कृति की विशेषताओं से छात्रों को परिचित कराया। कार्यक्रम में उद्यमी रामकुमार सिंगौर और श्री पाटिल ने अपनी सफल उद्यमिता कहानियाँ साझा कीं, जिनसे विद्यार्थियों को प्रेरणा मिली।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता महाकौशल प्रांत के पूर्णकालिक मनोहर लाल पथरोल ने नौकर नहीं, मालिक बनो की थीम पर जोर देते हुए छात्रों को कौशल विकास के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि आज के समय में सिर्फ डिग्री से काम नहीं चलेगा, बल्कि अपनी खुद की पहचान बनाने के लिए हुनरमंद होना भी जरूरी है। कार्यक्रम का संचालन स्वदेशी जागरण मंच के विचार प्रमुख अनुपम दुबे ने किया। इस दौरान कुछ छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्राचार्या कल्पना नामदेव ने सभी विद्यार्थियों को स्वदेशी संकल्प की शपथ दिलाई और उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस कार्यक्रम में स्वदेशी जागरण मंच के जिला संयोजक रितेश ताम्रकार, जिला सह-संयोजक डॉ. रेखा चौरसिया और अन्य सदस्य उपस्थित रहे। विद्यालय के सभी शिक्षकगण और 11वीं और 12वीं कक्षा के लगभग 80 विद्यार्थियों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया।
मंडला के दो पुलिसकर्मी डीजीपी अवॉर्ड से सम्मानित, पूरे प्रदेश में मिली पहचान
- साइबर सेल और कोतवाली के जवान को मिला अति उत्कृष्ट सेवा पदक
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के दो पुलिसकर्मियों को नवंबर 2024 माह में उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा द्वारा सम्मानित किया गया है। आरक्षक सुरेश भटेरे साइबर सेल और आरक्षक पुनीत जंघेला थाना कोतवाली को डीजीपी प्रशस्ति पत्र और अति उत्कृष्ट सेवा पदक से नवाजा गया है।
बताया गया कि प्रदेश के कुल 80 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को नवंबर 2024 माह के लिए यह सम्मान दिया गया, जिसमें साइबर सेल के आरक्षक सुरेश भटेरे और थाना कोतवाली के आरक्षक पुनीत जंघेला शामिल हैं। यह पुरस्कार डीजीपी कैलाश मकवाणा द्वारा उत्कृष्ट कार्य, निष्ठा और अनुकरणीय सेवा के लिए प्रदान किया गया। इन दोनों पुलिसकर्मियों के नाम जिला पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा की अनुशंसा पर भेजे गए थे, जिसे डीजीपी ने स्वीकृति दी।
इनका रहा उत्कृष्ट योगदान
बताया गया कि आरक्षक सुरेश भटेरे साइबर सेल में पदस्थ है। उन्हें यह सम्मान साइबर अपराधों के मामलों को सुलझाने में उनकी तकनीकी दक्षता और महत्वपूर्ण भूमिका के लिए दिया गया है। सुरेश ने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल और सीईआईआर पोर्टल जैसे जनहितैषी प्लेटफॉर्म को थाना स्तर पर सफलतापूर्वक संचालित करने में भी अहम भूमिका निभाई है। वहीं आरक्षक पुनीत जंघेला थाना कोतवाली में पदस्थ है। पुनीत को थाना क्षेत्र के मामलों में उनके सक्रिय सहयोग, नई तकनीकों के प्रयोग और सबसे ज्यादा मोबाइल रिकवर करने जैसे कार्यों के लिए सम्मानित किया गया है। पुलिस अधीक्षक मंडला ने कहां कि दोनों की यह उपलब्धि मंडला पुलिस के सामूहिक समर्पण और सेवा भावना का प्रतीक है। पुलिस अधीक्षक मंडला ने इस सफलता पर दोनों पुलिसकर्मियों को बधाई दी और भविष्य में भी इसी लगन से मध्य प्रदेश पुलिस के लिए कार्य करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया। इस सम्मान से जिले के समस्त पुलिस बल का मनोबल और उत्साह बढ़ा है।
गणेश प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे कलाकार
- गणेशोत्सव की तैयारी शुरू, एक से पांच फिट तक की बना रहे मूर्तियां
- छोटी गणेश प्रतिमाओं का बढ़ा चलन
मंडला महावीर न्यूज 29. गणेशोत्सव पर्व के लिए मूर्तिकार गणेश प्रतिमाओं को आकार देने में जुटे हैं। विगत चार वर्षो से प्रतिमाओं का आकार पहले से छोटा हो गया है। गणेश प्रतिमाएं इस वर्ष अधिकत्तर एक से पांच फिट तक की बनाई जा रही है। वहीं इस वर्ष भी बड़ी मूर्तियों की जगह अधिकत्तर छोटी मूर्तियों को आकार देने के साथ ही अंतिम रूप देने में मूर्तिकार लगे हैं। खास मांग पर ही कुछ बड़ी प्रतिमाओं का निर्माण किया जा रहा है। गणेश चतुर्थी में अब चार दिन ही शेष बचे है। गणेश प्रतिमा बनाने वाले मूर्तिकारों ने मूर्तियों को रूप दे दिए है, अब उन्हें रंग और सजाने की तैयारी कर रहे है।
स्थानीय मूर्तिकार लक्ष्मी नारायण ने बताया कि अभी गणेश प्रतिमाओं को अंतिम रूप दे रहे है। प्रतिमाओं में कलर किया जा रहा है, जिससे समय रहते मूर्तियां भक्तों के लिए तैयार रहे। गणेश मूर्तियों के साथ दुर्गा प्रतिमाओं की भी तैयार की जा रही है। फिलहाल मूर्तिकार गणेश प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में लगे है, जो जिले के अलग-अगल क्षेत्रों में स्थापित किए जाएंगे। मूर्तिकार लक्ष्मी नारायण एक बेहद हुनूर मंद मूर्तिकार है। इनकी द्वारा बनाई गई प्रतिमाओं की चर्चा हमेशा रहती है।
जानकारी अनुसार जिले के बहुत से मूर्तिकार घर पर ही मूर्तियां बनाने में जुटे हुए हैं। विगत वर्षो से छोटी मूर्तियां अधिक बना रहरी है। गणेश उत्सव समितियों के द्वारा ऑर्डर मिलने पर ही मूर्तिकार बड़ी मूर्तियां बना रहे है। मूर्तिकार लक्ष्मी नारायण ने बताया कि इस वर्ष गणेश प्रतिमाएं करीब चार से पांच फिट तक की बना रहे है। करीब 150 मूर्तियां बनाई है। जिनमें कुछ मूर्तियां आर्डर की है। ऐसे ही मुख्यालय के और अन्य मूर्तिकार छोटी, बड़ी मूर्तियां बना रहे है। मूर्तिकार इस बार भगवान गणेश के सांचे में विविध स्वरूप की मूर्तियां बना रहे है। मूर्तियों में गणेश भगवान चूहे, गरुण, मोर, पर्वत और कोई आसन लगाए बैठे हैं। देखने में की मूर्तियां अधिक आकर्षक लग रही है।
समितियों के आर्डर मिले कम
मूर्तिकार ने बताया कि इस बार भी समितियों द्वारा बड़ी प्रतिमाओं के ऑर्डर कम ही मिले है। जिले में अनेक समिति द्वारा गणेश प्रतिमाओं की स्थापना नहीं की जा रही है। जिसके कारण सार्वजनिक गणेश उत्सव समितियों के द्वारा पंडालों में गणेश प्रतिमा रखने पर संशय बना हुआ है। महाराजपुर के मूर्तिकार ने बताया कि पहले श्रद्धालु साइज के हिसाब से ही मूर्तियां खरीदते थे, लेकिन अब सुंदरता, कलर मैचिंग, कपड़े व सजावट को भी पैमाना मानते हैं। मूर्तिकार का कहना है कि अभी छोटी मूर्तियां बनाई जा रही जो घर-घर में विराजमान होने अच्छी मांग रहती है।
सिर्फ मिट्टी की मूर्ति करते हैं तैयार
बताया गया कि जिले में जेल घाट, रामलीला मैदान, महाराजपुर संगम मार्ग के पास समेत अन्य स्थानों के मूर्तिकार ने बताया कि कई वर्षों से मूर्ति निर्माण करने का कार्य कर रहे। मुख्यालय के मूर्तिकार सिर्फ मिट्टी की मूर्ति बनाते हैं। वहीं कुछ मूर्तिकारों के द्वारा मूर्ति जल्दी तैयार करने के लिए पीओपी का भी इस्तेमाल करने से पीछे नहीं हटते हैं। मूर्तिकारों ने बताया कि हम लोग मूर्तियों को रंगने के लिए भी प्राकृतिक रंगों का ही उपयोग करते हैं। जिसके कारण उनके द्वारा बनाई गई मूर्तियां पानी में आसानी से घुल जाती है और पर्यावरण को किसी तरह का कोई नुकसान नहीं पहुंचता है।
बड़ी मूर्तियों की मांग कम
स्थानीय मूर्तिकार ने बताया कि विगत पांच वर्षो से बड़ी मूर्तियां कम स्थापित हो रही है। जिले के खास-खास पंडालों में ही पांच फिट से बड़ी मूर्तियां स्थापित की जाती है, वहीं अब घर-घर में गणेश बप्पा विराजमान होने लगे है। जिसके कारण छोटी गणेश प्रतिमाओं का क्रेज बढ़ गया है। अब प्रतिवर्ष छोटी मूर्तियों की मांग बढऩे लगी है। जिसके कारण मूर्तिकार अब नए-नए डिजाईन में छोटी गणेश प्रतिमा बना रहे है।
करोड़ों का कॉलेज भवन बना, 100 मीटर की सड़क ने बढ़ाई छात्रों की परेशानी
- छात्रों और ग्रामीणों ने की सड़क बनाने की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के अंतिम छोर में बसा वनांचल विकासखंड मवई हमेशा ही उपेक्षा का शिकार रहा है। यहां के कई ग्राम आज भी मूलभूत सुविधा के इंतजार में है। वहीं कई वर्षो के इंतजार के बाद आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र में छात्रों की मांग पर कॉलेज बनकर तैयार है, लेकिन इस कॉलेज तक पहुंचने के लिए पहुंच मार्ग नहीं बनाया गया है। जिसके कारण यहां के छात्रों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी अनुसार मवई जनपद मुख्यालय में करोड़ों की लागत से तैयार हुआ एक नया कॉलेज भवन अब विद्यार्थियों और स्थानीय निवासियों के लिए सिरदर्द बन गया है। इस भव्य और आधुनिक इमारत तक पहुंचने के लिए मात्र 100 मीटर की सड़क भी अब तक नहीं बन पाई है, जिसके कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बताया गया कि बारिश के मौसम में यह 100 मीटर का रास्ता कीचड़ और पानी से भर जाता है। जिसके कारण विद्यार्थियों को रोजाना इसी दलदल भरे रास्ते से होकर कॉलेज जाना पड़ता है।
कॉलेज पहुंच मार्ग की उपेक्षा, छात्र परेशान
बताया गया कि कॉलेज के सामने रहने वाले रहवासियों की स्थिति तो और भी दयनीय है। उनका कहना है कि इस रास्ते पर निर्माण सामग्री गिराने के बाद उसे साफ नहीं किया गया, जिससे यहां कीचड़ और भी ज्यादा जमा हो गया है। एक छात्र ने बताया कि हमारे जूते, कपड़े सब कीचड़ से गंदे हो जाते हैं। कई बार तो साइकिल या बाइक फिसलने का भी डर रहता है। इतनी अच्छी बिल्डिंग का क्या फायदा, जब हम वहां ठीक से पहुंच ही नहीं सकते। स्थानीय निवासियों का कहना है कि प्रशासन ने कॉलेज भवन बनाने पर तो करोड़ों रुपये खर्च कर दिए, लेकिन इस छोटे से पहुंच मार्ग की उपेक्षा कर दी। उन्होंने बताया कि इस सड़क के न होने से न सिर्फ छात्र, बल्कि गांव के अन्य लोग भी प्रभावित हैं, जिन्हें अपने रोजमर्रा के कामों के लिए इसी रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है।
समस्या को नहीं ले रहे संज्ञान
इस गंभीर समस्या को देखते हुए स्थानीय लोगों ने शासन-प्रशासन से तत्काल इस 100 मीटर की सड़क का निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक यह सड़क नहीं बनती, तब तक न तो कॉलेज में दाखिला लेने वाले छात्रों की संख्या बढ़ेगी और न ही यहां के लोगों को इस परेशानी से मुक्ति मिलेगी। कॉलेज के छात्रों का कहना है कि विकास की योजनाओं में छोटे-छोटे, लेकिन महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को नजर अंदाज करने से कैसे शासकीय योजनाएं सफल हो सकती है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अभी तक किसी भी संबंधित अधिकारी ने इस समस्या को संज्ञान में नहीं लिया है। स्थानीयजन संबंधित अधिकारियों से उम्मीद कर रहे हैं कि उनकी मांग पर जल्द ही ध्यान दिया जाएगा जिससे इस कॉलेज पहुंच मार्ग की दुर्दशा से उन्हें और छात्रों को राहत मिल सके।
अंधे कत्ल का 24 घंटे में खुलासा, आपसी विवाद के बाद दोस्त ने ही की थी हत्या
- महाराजपुर पुलिस ने किया आरोपी को गिरफ्तार
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के महाराजपुर थाना पुलिस ने एक अंधे कत्ल की गुत्थी को 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बताया गया कि मृतक और आरोपी के बीच शराब के नशे में हुए विवाद के बाद हत्या को अंजाम दिया गया था। जानकारी अनुसार विगत दिवस 21 अगस्त को महाराजपुर थाना क्षेत्र के बेरटोला गाँव में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुँची पुलिस टीम ने जांच शुरू की और साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पहचान मंडला जिले के मोहगाँव थाना अंतर्गत ग्राम सिंगारपुर निवासी गरीबा नंदा के रूप में की। मृतक के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी
आरोपी की गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडला और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मंडला के निर्देश पर थाना प्रभारी महाराजपुर के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। जाँच के दौरान पुलिस को बेरटोला गाँव के ग्रामीणों से 21 अगस्त की सुबह एक संदिग्ध व्यक्ति को देखे जाने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्ति का हुलिया मिलते ही घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राजेंद्र पिता सुमरन परते, 26 वर्ष, निवासी ग्राम चिनगा, थाना किदरई, जिला सिवनी बताया।
ऐसे हुआ हत्या का खुलासा
पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी राजेंद्र ने बताया कि उसकी मुलाकात मृतक गरीबा से मंडला बस स्टैंड पर हुई थी। पहली मुलाकात में ही दोनों ने बेरटोला चलकर रात गुजारने का फैसला किया। रास्ते में मालीमोहगाँव और बेरटोला के बीच बहिलयाटोला तिराहे पर दोनों ने शराब पी और बेरटोला गाँव के एक चबूतरे पर सो गए। अगली सुबह दोनों फिर मुरुम खदान गए और कच्ची शराब पी। इसी दौरान बातों-बातों में उनके बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद बढऩे पर आरोपी राजेंद्र ने लकड़ी से गरीबा के सिर पर वार कर दिया। जब गरीबा जमीन पर गिर गया, तब आरोपी ने एक बड़ा पत्थर उठाकर उसके सिर पर पटक दिया, जिससे गरीबा की मौके पर ही मौत हो गई।
इनकी रही विशेष भूमिका
इस मामले को सुलझाने में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस पीयूष मिश्रा, थाना प्रभारी महाराजपुर निरीक्षक डॉ. जयसिंह यादव, उपनिरीक्षक लक्ष्मीचंद बिसेन, योगेन्द्र सिंह चौहान, भीमराव मेश्राम, आरक्षक अमित गरयार, ओमप्रकाश बघेल, शिवा नाविक, चालक विष्नु जंभारे, धन्नू वाटव और केशव समेत पूरी थाना टीम की अहम भूमिका रही।
पोला पर्व पर निकला गैंड़ी जुलूस
- घर-घर मिट्ïटी, लकड़ी के अश्व की पूजा
मंडला महावीर न्यूज 29. लकड़ी, मिट्टी के अश्व का पूजन कर पोला पर्व मनाया गया। दोपहर बाद बजरंग व्यायाम शाला द्वारा गैड़ी जुलूस बस स्टेंड से नर्मदा तट तक निकाला गया। बैंड बाजा के साथ निकले जुलूस में बड़ी संख्या में युवा बच्चे शामिल हुए। पोला पर्व मनाने की परंपरा यहां वर्षो से चली आ रही है। पर्व को लेकर बच्चो में अधिक उत्साह दिखाई दिया। बताया गया कि जिले में पोला पर्व मनाया गया। लोगो ने लकड़ी, मिट्टी के अश्व क्रय कर उनका पूजन किया। पोला पर्व में बेसन के स्वादिष्टï पकवान बनाए गए। शाम को गैंड़ी जुलूस बस स्टेड से निकाला गया।
इस जुलूस को देखने के लिए लोगो में भी उत्साह दिखा। बच्चो ने गैंड़ी पर चलकर जुलूस में भ्रमण किया। इस दौरान बच्चो ने गीत भी गाये। जुलूस बस स्टेंड से नर्मदा तट तक निकाला गया। गैड़ी में घूमने वाले बच्चों ने अश्वों के लिए बनाए गए पकवानों को लेकर नर्मदा तटों पर पहुंचकर गैड़ी को नर्मदा जल से धुलकर पकवानों का सेवन किया। इसके बाद आज नर्मदा तटों पर जाकर गैड़ी में पैर रखने के लिए बनाए गए बांसों को विसर्जित किया जायेगा। गैंडी जुलूस में बड़ी संख्या में बच्चे सामूहिक रूप से शामिल हुए।
हरियाली से शुरू गैंड़ी
बच्चों का गैड़ी में घूमने का सिलसिला हरियाली अमावस्या से प्रारंभ हो जाता है। शहरी क्षेत्रो में गैड़ी कम दिखाई देती है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रो में बच्चो के लिए मनोरंजन का सबसे अच्छा साधन है। परंपरा के अनुसार पोला तक बच्चे गैंड़ी में घूमते है।
ये है मान्यता
प्राचीन मान्यता के अनुसार वर्षा समाप्ति की ओर होने पर व्यापारी अपने काम-धंधे के लिए घोड़ों पर निकलने से पूर्व उनकी पूजा-अर्चना करते थे जिससे यह परंपरा आज भी बरकरार है। महाराष्ट्र में कहावत है कि पोला आला पानी झाला अर्थात एक तरह से यह पर्व वर्षाकाल की समाप्ति का प्रतीक भी माना जाता है।
अज्ञात वाहन ने दंपत्ति को मारी टक्कर, एक की मौत
- कुछ समय ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग में जाम लगाया
मंडला महावीर न्यूज 29. टिकरिया थाना के अंतर्गत शुक्रवार की रात करीब 9 बजे अज्ञात वाहन ने दंपति को टक्कर मार दी। जिसमें पति की घटना स्थल पर ही मौत हो गई वहीं पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। जानकारी के अनुसार मंगलगंज निवासी नारायण वरकड़े की किराना दुकान व होटल मुख्य से लगी हुई है।
शुक्रवार वह रात में गांव के अंदर स्थित अपने घर खाना खाकर पत्नी के साथ दुकान वापस लौट रहा था। इस दौरान बारिश भी हो रही थी। जिससे बचने के लिए दोनो छाता रखे हुए थे। पीछे से अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी और फरार हो गया। नारायण वरकड़े की मौके पर ही मौत हो गई। कुछ समय ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग में जाम लगा दिया। हांलाकि मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने समझाइश देकर प्रदर्शन खत्म कराया।
सीआरपीएफ जवान ने रक्तदान कर बचाई 14 वर्षीय बच्चे की जान
- ए पॉजिटिव रक्त की कमी, जवान बना फरिश्ता, लोगों को किया जागरूक
मंडला महावीर न्यूज 29. 148वीं वाहिनी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल सीआरपीएफ के एक जवान ने मानवता का परिचय देते हुए 14 साल के एक बच्चे की जान बचाने के लिए रक्तदान किया है। बताया गया कि शुक्रवार को जिला अस्पताल में एक गंभीर रूप से बीमार बच्चे को तत्काल खून की जरूरत थी, लेकिन ब्लड बैंक में उसके ब्लड गु्रप का रक्त उपलब्ध नहीं था। जिसकी जानकारी सीआरपीएफ जवान जीडी कृष्णा परमार को मिली और तत्काल अस्पताल पहुंचकर रक्तदान कर बच्चे की जान बचाई।
जानकारी अनुसार अयान यादव पिता द्वाराका यादव 14 वर्षीय निवासी ग्राम गोंझी, नैनपुर को इलाज के दौरान ए पॉजिटिव रक्त की आवश्यकता पड़ी। जिला चिकित्सालय मंडला में पदस्थ डॉ. प्रवीण उइके ने तुरंत रक्त चढ़ाने की सलाह दी, लेकिन ब्लड बैंक में ए पॉजिटिव रक्त नहीं मिल सका। बच्चे के परिजनों ने मदद के लिए 148वीं वाहिनी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल से संपर्क किया। यहां पदस्थ कमांडेन्ट विक्रांत सारंगपाणि के निर्देशन में यहां के जवान हमेशा जरूरतमंदों की मदद के लिए खड़े रहते है।
बताया गया कि जैसे ही 148वीं वाहिनी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल को इसकी जानकारी मिली, तत्काल सिपाही, जीडी कृष्णा परमार ने तुरंत जिला अस्पताल पहुंचकर रक्तदान करने की इच्छा जताई। उन्होंने एक यूनिट ए पॉजिटिव रक्तदान कर अयान यादव की जान बचाई। इस नेक कार्य के बाद जवान कृष्णा परमार ने आम जनता से भी रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्तदान करने से स्वास्थ्य पर कोई भी नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ता, बल्कि यह किसी की जिंदगी बचाने का सबसे बड़ा जरिया बन सकता है। उनका यह कदम न केवल एक बच्चे के लिए जीवनदान साबित हुआ, बल्कि इसने समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी काम किया है।
गौ रक्षा यात्रा का स्वागत करने मंडला तैयार
- 28 अगस्त से शुरू होगा हनुमत कथा और दिव्य दरबार
- मंडला में होगा 90 दिवसीय गौ रक्षा जागरण यात्रा का समापन
- बृज बिहारी सरकार करेंगे कथा का वाचन
मंडला महावीर न्यूज 29. पूज्य बृज बिहारी सरकार द्वारा शुरू की गई 90 दिवसीय गौ रक्षा जागरण यात्रा का भव्य समापन मंडला में किया जाएगा। गौ रक्षक समिति मंडला द्वारा इस अवसर पर 28 अगस्त से 1 सितंबर तक वृंदावन गार्डन में हनुमत कथा और दिव्य दरबार का आयोजन किया जाएगा। धार्मिक कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडला के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 28 अगस्त को पूज्य बृज बिहारी सरकार का भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके साथ ही भक्तों ने नैनपुर से बम्हनी होते हुए मंडला तक एक विशाल वाहन रैली निकालने का फैसला किया है। गौ रक्षक समिति मंडला ने इस यात्रा और संपूर्ण अनुष्ठान में सभी भक्तों से परिवार सहित शामिल होने की अपील की है। समिति ने जय गौ माता और हमारे अपने बजरंग सरकार की जय के उद्घोष के साथ सभी को इस पुनीत कार्य में सहयोग देने का आह्वान किया है।
समिति सदस्यों ने बताया कि 90 दिवसीय गौ रक्षा जागरण यात्रा समापन के साथ हनुमत कथा और दिव्य दरबार का आयोजन 28 अगस्त से 01 सितंबर तक किया जाएगा। कथा प्रतिदिन दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक किया जाएगा। कथा समापन के बाद महाराज जी का दिव्य दरबार भी लगाया जाएगा।
बबलिया स्वास्थ्य केंद्र में हालत बदतर, आदिवासी क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं भगवान भरोसे
- पीएचसी बबलिया भवन जर्जर, टपक रही छतें
- भवन को बाहर से कर दिया रंगरोगन, अंदर स्थिति बद से बदत्तर
- बबलिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में अव्यवस्थाओं का अंबार, मरीज और परिजन परेशान
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र में स्थित बबलिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में अव्यवस्थाओं का अंबार लगा हुआ है। अस्पताल की वर्षो पुरानी बिल्डिंग इतनी जर्जर हो चुकी है, जिसे बाहर से रंग रोगन कर नया स्वरूप देने का प्रयास किया गया, लेकिन वास्तविक स्थिति अंदर जाने के बाद स्पष्ट होती है। चारों तरफ से छत का पानी टपक रहा है। इलाज के लिए आने वाले मरीजों, प्रसव कराने वाली महिलाओं और उनके परिजनों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
अस्पताल में मरीजों के बैठने, दवाइयां रखने या डॉक्टरों के लिए सुविधायुक्त कमरों की कोई व्यवस्था नहीं है। यहां तक कि कर्मचारियों के कमरों और दवाखाना में भी छत से पानी टपकता है। बारिश के मौसम में स्थिति और भी खराब हो जाती है। बताया गया कि गांव कुडोपानी से अपनी बेटी सुनीता को प्रसव के लिए लाईं सुंदरिया बाई ने बताया कि रातभर पानी टपकने के कारण उन्हें अपने खाना बनाने वाले बर्तन टपका के नीचे रखने पड़े। इसी तरह धनगांव की जुगनू बाई मार्को भी अपनी बेटी अनुसूया बाई को लेकर यहां आई हैं, और उन्हें भी बैठने-सोने की जगह नहीं मिल रही है।
जुगनू बाई ने बताया कि प्रसव के बाद महिलाओं के लिए चाय और दलिया बनाना भी मुश्किल हो जाता है। उन्होंने कहा कि यहां न बैठने की व्यवस्था है, न रुकने की। हम रात-दिन परेशान रहते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि विधायक ने इस समस्या को लेकर आश्वासन दिया था कि विधायक निधि से टीन शेड या रुकने की व्यवस्था की जाएगी, लेकिन साल बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
बताया गया कि यह कोई पहली बार नहीं है जब बबलिया पीएचसी की दुर्दशा सामने आई है। पूर्व में भी समाचार पत्र में इसकी खबरें प्रकाशित हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र होने के कारण यहां स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं आज भी बदहाल हैं, जिससे आमजन परेशान है। लोगों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे इन व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए जल्द से जल्द कदम उठाएं।
मट्टी की प्रतिमा में पंच तत्वों का होता है समावेश
- मिट्टी के गणेश ही सबसे शुभ
- अपने हाथों से बनाए मिट्टी की गणेश प्रतिमा, यह सबसे शुभ
मंडला महावीर न्यूज 29. देश भर में 27 अगस्त से पूरे उत्साह और भक्ति भाव से गणेशोत्सव पर्व मनाया जाएगा। 10 दिनों तक घर-घर और पंडालों में गणपति बप्पा मोरिया की गूंज सुनाई देगी। छोटी से लेकर बड़ी आकार की गणेश प्रतिमा स्थापित कराई जाएगी। गणेश उत्सव के लिए वैसे तो बाजार में तरह तरह की खूबसूरत छोटी से लेकर बड़ी गणेश प्रतिमा आसानी से मिल रही है, लेकिन अपने घर में अपने हाथों से मिट्टी के गणेश की इको फ्रेंडली प्रतिमा बनाकर पूजा अर्चना करना सबसे उत्तम माना जाता है।
बताया गया कि गणपति प्रतिमा मिट्टी की हो तो ज्यादा अच्छी मानी जाती है। मिट्टी की प्रतिमा में पंचतत्व जिसमें भूमि, जल, वायु, अग्रि और आकाश विलीन करता है। धार्मिक ग्रंथो और विशेषज्ञों की माने तो मिट्टी से बनी मूर्ति में भगवान का वास होता है और भगवान भी इससे ही प्रसन्न होते है। मिट्टी की प्रतिमा की पूजा करने से सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। स्वयं द्वारा मिट्टी की बनाई गई प्रतिमा को हम शुभ मुहूर्त पर स्वयं बनाकर घर में स्थापित कर सकते है।
देवी पार्वती ने बनाई थी मिट्टी की गणेश प्रतिमा
बताया गया कि माता पार्वती ने सबसे पहले मिट्टी से ही गणेश प्रतिमा बनाई थी। देवी पार्वती ने पुत्र की इच्छा पर मिट्टी का पुतला ही बनाया था, जिसमें भगवान शंकर ने प्राण डाला था। जिसके बाद उस मिट्टी के पुतले से भगवान गणेश के रूप में प्रकट हुए थे। शिव पुराण में इसका विस्तार से वर्णन किया गया है।
ऐसे हुआ था बप्पा का जन्म
हिन्दू धर्म में भगवान गणेश जी को प्रथम पूज्य देवता माना गया है। भाद्रपद शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि को गणेश जी का जन्म हुआ है। इनके जन्म से संबंध में कई कथाएं पुराणों में मिलती हैं। शिवमहापुराण की रुद्रसंहिता में वर्णन है कि कुमारिका खंड में माता पार्वती जी ने अपने उबटन से एक पुतला बनाया। इस पर अपना रक्त छिड़क कर उसे जीवित कर दिया। कथा में आगे बताया गया कि माता पार्वती गणेश को द्वार पर पहरा देने का आदेश देकर स्नान करने चली गईं। इसी दौरान भगवान शिव वहां आते हैं, तो गणेश उन्हें अंदर जाने से रोक देते हैं। क्रोधित शिवजी गणेश जी का सिर काट देते हैं।
इनका कहना है
धर्मशास्त्रों में मिट्टी व गोबर के गणेश जी शुभ व फलदायी बताया गया है। विवाह समारोह में गाय के गोबर के श्रीगणेश की स्थापना की जाती है। गणेशोत्सव में भी मिट्टी के श्रीगणेश की स्थापना की जानी चाहिए। क्योंकि मिट्टी के गणेश आसानी से जल में विसर्जित हो जाते हैं और जलीय जीव जंतुओं का जीवन भी खतरे में नहीं पड़ता है। जबकि पीओपी के श्री गणेश ही जल में कई दिनों तक विसर्जित नहीं होते हैं।

आचार्य संतोष महाराज, ऊं श्री माँ रूकमणी देवी सदाव्रत आश्रम, हिरदेनगर
पौराणिक कथा के अनुसार मिट्टी से बनी मूर्ति में भगवान गणेश जी का वास होता है। मिट्टी के बने हुए गणेश जी से माँ लक्ष्मी भी प्रसन्न होती हैं। इसके साथ ही मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमा की पूजा करने से कई यज्ञों का फल मिलता है। पूजा करते समय भगवान गणेश जी की मिट्टी से बनी मूर्ति होना सबसे अच्छा माना जाता है क्योंकि मिट्टी में पांच तत्व होते हैं। भूमि, अग्नि, जल,वायु और आकाश यह सब एक मिट्टी में होते हैं।

पंडित नीलू महाराज, वरदान आश्रम, अंजनिया
हिंदू ग्रंथों और पुराणों में भी मिट्टी से बनी गणेश मूर्ति के लाभ बताए गए हैं। मिट्टी से बनी गणेशजी की मूर्ति पर्यावरण के लिए तो लाभकारी होती ही है, लेकिन साथ में इसके पूजन से गणेशजी भी जल्दी प्रसन्न हो जाते हैं। आज के सोशल मीडिया के जमाने में मिट्टी के गणेशजी का चलन जरूर बढ़ा है। बहुत से लोगों ने मिट्टी के गणेश जी घर लाना शुरू कर दिया है। वहीं कुछ इसे खुद अपने घर भी बनाते हैं।

स्वामी सच्चिदानंद महाराज, सुरंगदेवरी आश्रम
गणेश चतुर्थी का पावन पर्व शुरू होने वाला है। भाद्रपद मास में शुक्ल पक्ष की चतुर्थी को गणेश जी का जन्म हुआ था। इसे लेकर भक्तों में एक अलग ही उत्साह देखने को मिलता है। इस दिन हर भक्त अपने घर में भगवान गणेश की मूर्ति स्थापित करता है। अधिकतर लोग बाजार से प्लास्टर ऑफ पेरिस की बनी मूर्ति ही लाते हैं। लेकिन ऐसी मूर्तियाँ न सिर्फ पर्यावरण को नुकसान पहुंचाती है बल्कि शास्त्रों में भी इनकी मनाही है।

ललित मिश्रा, सांई भक्त, श्री सिद्धेश्वर धाम, सुरंगदेवरी
90 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त, एक गिरफ्तार
- बिछिया पुलिस की कार्रवाई, न्यायिक हिरासत में आरोपी
मंडला महावीर न्यूज 29. बिछिया थाना पुलिस ने अवैध कच्ची महुआ शराब की बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 90 लीटर अवैध शराब जब्त की है, जिसकी कीमत करीब नौ हजार रूपए बताई गई है। पुलिस ने बताया कि 21 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बाजार मोहल्ला बिछिया के पास मटन मार्केट वाली गली के एक चाय-नाश्ता की दुकान में अवैध शराब बेची जा रही है। सूचना की पुष्टि के लिए उप निरीक्षक प्रवीन मालवीय ने स्टाफ के साथ बताए गए स्थान पर दबिश दी।
दबिश के दौरान दुकान के कोने में प्लास्टिक के डिब्बों में लगभग 90 लीटर कच्ची महुआ शराब रखी मिली। मौके पर मौजूद व्यक्ति ने अपना नाम झुमकलाल मरकाम, पिता हरिलाल मरकाम 32 वर्ष, निवासी ग्राम सरही, हाल जंतीपुर, बिछिया बताया। जब उससे शराब रखने के संबंध में कोई वैध कागजात मांगा गया, तो वह कुछ नहीं दिखा सका।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी झुमकलाल मरकाम के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक प्रवीन मालवीय, आरक्षक सुरेश विजयवार और आरक्षक धर्मेंद्र सिंह धुर्वे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों को बच्चों के लिए विधिक सेवाओं का दिया प्रशिक्षण
- बच्चों के संरक्षण और मित्रवत व्यवहार के लिए बाल कल्याण पुलिस अधिकारी हुए प्रशिक्षित
मंडला महावीर न्यूज 29. बच्चों को मैत्रीपूर्ण विधिक सेवाएँ और उनके संरक्षण के संबंध में जिला कंट्रोल रूम मंडला में थानों में पदस्थ बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण मजिस्ट्रेट, किशोर न्याय बोर्ड, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और उप पुलिस अधीक्षक महिला सुरक्षा, मंडला की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम 2015 के प्रावधानों पर बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील और जागरूक बनाना था। प्रशिक्षण में उन्हें विधि से संघर्षरत बच्चों और देखभाल व संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों के प्रति अपने कर्तव्यों और कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों को यह भी बताया गया कि विधि विरुद्ध बच्चों को माननीय किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश करने से पहले किन कानूनी प्रावधानों का पालन करना आवश्यक है। इसके साथ ही बाल श्रम और पोक्सो एक्ट से संबंधित कानूनी प्रावधानों पर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने बच्चों से जुड़े मामलों में आने वाली विभिन्न प्रक्रियाओं और समस्याओं को लेकर अपनी शंकाएं व्यक्त कीं, जिनका समाधान वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा किया गया। इस कार्यक्रम में जिले के सभी थानों में कार्यरत बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।
सूर्यकुण्ड धाम में इनामी दंगल का भव्य आयोजन 24 अगस्त को
- जिलेभर के नामी पहलवान दिखाएंगे दमखम
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला मंडला के सकवाह स्थित श्री सूर्यकुण्ड धाम में इस वर्ष भी विशाल इनामी दंगल का आयोजन होने जा रहा है। यह आयोजन 24 अगस्त रविवार को दोपहर 2 बजे से शुरू होगा। दंगल को लेकर क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
सूर्यकुण्ड धाम महाआरती भंडारा समिति ने जानकारी देते हुए बताया कि यह परंपरागत दंगल श्री सूर्यकुण्ड हनुमान जी महाआरती भंडारा समिति के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। इसमें प्रदेश और आसपास के जिलों के नामी-गिरामी पहलवान भाग लेंगे और अपने दमखम का प्रदर्शन करेंगे। पहलवानों के बीच रोमांचक मुकाबले होंगे और विजेताओं को आकर्षक इनाम दिए जाएंगे।
कार्यक्रम स्थल श्री सूर्यकुण्ड धाम धार्मिक आस्था और श्रद्धा का केंद्र माना जाता है। यहां के हनुमान जी प्रतिदिन तीन रूप धारण करते हैं, जिसके दर्शन के लिए दूर-दूर से भक्त आते हैं। इस धार्मिक आस्था के बीच दंगल का आयोजन लोगों के लिए एक विशेष आकर्षण बन जाता है। समिति ने समस्त क्षेत्रवासियों और खेल प्रेमियों से इस अवसर पर उपस्थित होकर दंगल का आनंद लेने और पहलवानों का उत्साहवर्धन करने का आग्रह किया है। आयोजकों का मानना है कि ऐसे आयोजन से न केवल परंपरा को बढ़ावा मिलता है बल्कि युवाओं में खेल और संस्कृति के प्रति नई ऊर्जा का संचार भी होता है।
सर्पदंश से हुई मौत पर आईपीपीबी ने दिलाया 5 लाख का बीमा क्लेम
- ग्रामीण परिवार के लिए बना सहारा, आईपीपीबी और नीवा बूपा ने पेश की मिसाल
मंडला महावीर न्यूज 29. वित्तीय समावेशन और बीमा सुरक्षा की अहमियत को रेखांकित करते हुए इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक ने एक सराहनीय पहल की है। मंडला जिले के वनग्राम डुंगरिया, सागर, पोस्ट कुकसर निवासी स्व. झनकलाल धुर्वे के परिवार को सर्पदंश से हुई मृत्यु पर पांच लाख रुपए का दुर्घटना बीमा क्लेम प्रदान किया गया।
बताया गया कि झनकलाल धुर्वे ने अपने जीवनकाल में कुकसर डाकघर से नीवा बूपा की 355 रूपए वार्षिक प्रीमियम वाली दुर्घटना बीमा पॉलिसी ली थी। इस योजना के अंतर्गत उनके नॉमिनी प्रेमलता धुर्वे को पांच लाख रुपए की बीमा राशि प्राप्त हुई। इस दुखत घड़ी में यह बीमा योजना ग्रामीण परिवारों के लिए सहारा बन रही है।
बताया गया कि 22 अगस्त को मुख्य डाकघर मंडला में आयोजित कार्यक्रम में डाकघर अधीक्षक मंडला संभाग, आईपीपीबी शाखा प्रबंधक केके मालवीय, नीवा बूपा की संबंध प्रबंधक ज्योत्स्ना श्याम और कुकसर शाखा डाकपाल जयश्री ने संयुक्त रूप से प्रेमलता धुर्वे को पाँच लाख रुपये का चेक सौंपा।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने लाभार्थी को भविष्य के वित्तीय प्रबंधन और बीमा सुरक्षा की जानकारी दी। इसके साथ ही आईपीपीबी के शाखा प्रबंधक ने कर्मचारियों से अपील की है कि वे इस योजना का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करें, जिससे हर ग्रामीण परिवार ऐसी वित्तीय सुरक्षा का लाभ उठा सके।
सप्ताह में केवल दो दिन खुल रहा उप पंजीयक कार्यालय
- निवास तहसील की जनता भटक रही, प्रशासन से नियमित संचालन की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. राजस्व की दृष्टि से महत्वपूर्ण मंडला जिले की निवास तहसील का उप पंजीयक कार्यालय अधिकारियों की कमी के कारण सप्ताह में केवल दो दिन ही खुल रहा है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जमीन की रजिस्ट्री जैसे महत्वपूर्ण कार्य के लिए लोगों को अब अधिकारियों से समय लेना पड़ रहा है और उन्हें अपना काम छोड़कर निश्चित समय पर कार्यालय पहुंचना पड़ रहा है।
स्थानीय दस्तावेज लेखकों ने बताया कि उप पंजीयक कार्यालय में अधिकारियों की कमी है, जिसके चलते यह कार्यालय सप्ताह में केवल दो दिन ही खुल पाता है। इसका सीधा असर ग्रामीण जनता पर पड़ रहा है, जो आए दिन रजिस्ट्री कराने के लिए भटक रही है। उन्हें न केवल समय और धन का नुकसान हो रहा है, बल्कि शासन द्वारा लागू किए गए नए-नए सॉफ्टवेयरों के उपयोग से भी उन्हें परेशानी हो रही है। जानकारी के अभाव में ग्रामीण जनता को इन तकनीकी बदलावों को समझने में दिक्कत आ रही है।
बताया गया कि इस स्थिति से आम जनता में काफी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस समस्या पर तुरंत ध्यान देना चाहिए। जनता और शासन दोनों के हित में यह आवश्यक है कि उप पंजीयक कार्यालय निवास नियमित रूप से काम करे। इस मुद्दे पर वरिष्ठ अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है जिससे लोगों को हो रही असुविधा को दूर किया जा सके और राजस्व संबंधी कार्य सुचारू रूप से चल सकें।
हाथियों की होगी खातिरदारी, खिलाएंगे पसंदीदा खाना, होगी मालिश
- कान्हा में 31 अगस्त से शुरू होगा हाथियों का रिजुविनेश कैंप
मंडला महावीर न्यूज 29. कान्हा राष्ट्रीय उद्यान में विगत 16 वर्षो से हाथी रेजुविनेश कैम्प का आयोजन किया जा रहा है, जो एक अभिनव प्रयास है। यह रेजुविनेश कैम्प हाथियों के शरीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। कान्हा के हाथियों की खुशामदी के लिए प्रतिवर्ष हाथी रिजुविनेशन कैम्प का आयोजन किया जाता है। साल भर में कुछ ही दिन कान्हा के हाथियों के लिए सबसे मौज मस्ती और पूरे शाही अंदाज से गुजरते हैं। इस वर्ष 31 से 06 सितंबर तक हाथियों के लिए यह दिन रहेंगे। कान्हा के 17 हाथियों के लिए रिजुविनेशन कैंप का आयोजन किया जा रहा है। इसमें हाथियों की पूरी खातिरदारी होगी और उनके स्वास्थ्य का पूरा ध्यान रखा जाएगा। कैंप को लेकर तैयारियां हो चुकी है। सात दिनों की खातिरदारी के बाद कान्हा के 17 विभागीय हाथी कान्हा पार्क की सुरक्षा में पूरे जोश के साथ तैनात हो जाएंगे।
जानकारी के अनुसार इस कैंप में पार्क के 17 हाथियों में से 15 हाथी शामिल होंगे। जिसमें 10 नर एवं 05 मादा हाथी है। रेजुविनेशन कैम्प में सभी हाथियों का पूरा ध्यान रखा जाएगा। कान्हा के सभी विभागीय हाथियों को पार्क की सुरक्षा व्यवस्था और अन्य कामों के लिए उपयोग में लाया जाता है। हाथियों को कैंप में मक्के और बाजरे की रोटियां, नारियल, केला, गन्ना समेत तमाम चीजें खिलाई जाएंगी जो उनकी पंसद है। बताया गया कि कान्हा टाइगर रिजर्व में 17 विभागीय हाथी में एक नवजात बच्चा भी है। सबसे बुजुर्ग मादा हाथी वनदेवी है, जिसका जन्म 12 फरवरी 1941 को हुआ था और सबसे नया सदस्य 3 जुलाई 2025 को जन्मा नवजात हाथी है, जिसकी माँ निर्मला है । सुरक्षा कारणों से नवजात बच्चे और उसकी माँ निर्मला को इस कैंप से अलग रखा जाएगा जिससे वे हर्पीस जैसे संक्रामक रोगों से बचे रहें।
स्वास्थ्य को लेकर होगी देखभाल
इस रिजुविनेशन कैंप के दौरान हाथियों के रक्त के नमूने भी जांच हेतु लिए जाएंगे। इसके साथ ही हाथियों के नाखूनों की ट्रिमिंग, दवा द्वारा पेट के कृमियों की सफाई और हाथी दांत की आवश्यकतानुसार कटाई की जाएगी। वहीं इनकी कैंप के दौरान सात दिनों तक रोजाना तेल से मालिश भी की जाएगी।
हाथियों के लिए मीनू तैयार
कान्हा के हाथियों को उनके मनपसंद भोजन देने के लिए मीनू तैयार किया गया है। हर दिन कैम्प में हाथियों को मीनू के हिसाब से अलग-अलग डाइट रहेगी। इसमें उन्हें सुबह से लेकर शाम तक क्या-क्या किया जाना है और क्या खिलाना है इसका चाट तैयार है। इसमें डॉक्टरों की टीम तैनात रहेगी और यह काम महावत के माध्यम से किया जाएगा। प्रति हाथियों को स्वादिष्ट व्यंजनों में केला, नारियल, गेहूं का आटा, सोयाबीन का आटा, चना का बेसन, गुड़, नमक, गन्ना, अनानास, आम, पपीता, नाशपाती, मक्का समेत मौसमी फल खिलाए जाएंगे।
कान्हा पार्क में है 17 विभागीय हाथी
कान्हा नेशनल पार्क में फिलहाल 17 विभागीय हाथी है। इनमें से कुछ हाथियों को देश के विभिन्न हाथी मेलों से क्रय करके कान्हा लाया गया है और कुछ हाथियों की पैदाईश कान्हा राष्ट्रीय उद्यान में ही हुई है। इन 17 विभागीय हाथियों में 06 मादा हाथी, 10 नर हाथी और एक हाथी का मादा बच्चा शामिल है। जिसमें वनमाला, राणा प्रताप, शिवा, चंंचलकली, लाल बहादुर, निर्मला, पवनपुत्र, हिमालय, वनदेवी, शिवानी, वनराज, मानसी, कान्हा (जंगली), रवि, शिवा-2, जंगली हाथी कान्हा और एक नवजात निर्मला हाथी का मादा बच्चा पार्क में है। इनमें सबसे उम्रदराज वनदेवी, चंचलकली, वनमाला मादा हाथी और लाल बहादुर नर हाथी है।
अधिकारियों की जिम्मेदारी तय
कैंप का समापन 5 सितंबर को होगा, जिसमें खेल गतिविधियों से संबंधित पुरस्कार वितरण और हाथियों व महावतों की समीक्षा की जाएगी। 6 सितंबर को सभी हाथी अपने निर्धारित कैंपों में वापस लौट जाएंगे। यह कैंप कान्हा टाइगर रिजर्व द्वारा वन्यजीव प्रबंधन में किए जा रहे प्रयासों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस कैंप में कान्हा प्रबंधन के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिसमें 31 अगस्त को सहायक संचालक (हलोन) और परिक्षेत्र अधिकारी मुक्की, 01 सितंबर को सहायक संचालक फेन, हालोन और परिक्षेत्र अधिकारी भैसानघाट, गढ़ी, 02 सितंबर वन्यप्राणी चिकित्सा अधिकारी, सहायक संचालक बंजर और परिक्षेत्र अधिकारी सरही, सिझौरा, 3 सितंबर को वन्यप्राणी चिकित्सा अधिकारी, सहायक संचालक मलांजखंड और परिक्षेत्र अधिकारी सूपखार, खापा, 4 सितंबर सहायक संचालक सिझौरा, परिक्षेत्र अधिकारी कान्हा, मुक्की और डॉ. आरके चतुर्वेदी को जिम्मेदारी सौंपी है। 4 सितंबर को ही डॉ. आरके चतुर्वेदी द्वारा सभी महावत और चाराकटरों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा।
जिले की तीन स्वास्थ्य संस्थाओं ने हासिल किया एनक्यूएएस प्रमाणित होने की उपलब्धि
- पीएचसी और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को मिला एनक्यूएएस प्रमाण पत्र
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले की तीन स्वास्थ्य संस्थाओं को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक का राष्ट्रीय प्रमाणन मिला है। इनमें आयुष्मान आरोग्य मंदिर पीएचसी उदयपुर, समनापुर, आयुष्मान आरोग्य मंदिर सब-सेंटर झुरगी और सब-सेंटर धनवाही बीजाडांडी शामिल हैं। इन संस्थाओं का मूल्यांकन राष्ट्रीय गुणवत्ता मूल्यांकनकर्ता डॉ. विशाल कटारिया उत्तर प्रदेश और प्रो. सोविक दास पश्चिम बंगाल द्वारा 11, 12, 13 और 14 अगस्त को किया गया था। इसका परिणाम भारत सरकार और राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केंद्र द्वारा जारी किया गया।
सीएमएचओ डॉ. डीजे. मोहंती ने बताया कि एनएचएम की मिशन संचालक डॉ. सलोनी सीडाना और जिला कलेक्टर सोमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले की स्वास्थ्य संस्थाओं को एनक्यूएएस मानदंडों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। जिले में अब तक 31 आरोग्य मंदिर, 3 सीएचसी और 3 पीएचसी पहले से ही एनक्यूएएस प्रमाणित हैं। बताया गया कि इसके लिए आयुष्मान आरोग्य मंदिर पीएचसी उदयपुर, समनापुर, आयुष्मान आरोग्य मंदिर सब-सेंटर झुरगी और सब-सेंटर धनवाही के राष्ट्रीय मूल्यांकन के लिए व्यापक तैयारियां की गई थीं।
बताया गया कि मिशन संचालक डॉ सलोनी सिडाना, उप संचालक डॉ पंकज बूधोंलिया, क्षेत्रीय संचालक डॉ. संजय मिश्रा राज्य क्वालिटी सलाहकार डॉ विवेक मिश्रा, डॉ संदीप शर्मा के मार्गदर्शन में सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती के दिशा, निर्देश और डीपीएम शैलेन्द्र सिंह एमएण्डई प्रणय, जिला क्वालिटी मानिटर शरद मेश्राम के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य संस्थाओं के ने्रसनल असेसमेंट के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही है।
सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने बताया कि एनक्यूएएस मानदंडों के अनुसार पीएचसी के 6 विभागों में ओपीडी, आईपीडी, लेबर रूम, लैब, नेशनल प्रोग्राम और सामान्य प्रशासन का मूल्यांकन किया गया। वहीं सब-सेंटर में राज्य स्तरीय अधिकारियों ने सात पैकेज के तहत प्रसव, नवजात शिशु सेवाएं, किशोर स्वास्थ्य, गैर-संचारी रोगों का प्रबंधन, संचारी रोगों का प्रबंधन, मरीजों के अधिकार, क्लिनिकल सेवाएं, संक्रमण नियंत्रण, सहायक सेवाएं, गुणवत्ता प्रबंधन और आउटपुट संबंधी सभी रिकॉर्ड की विस्तृत समीक्षा की।
इस मूल्यांकन में पीएचसी समनापुर ने 93.23 प्रतिशत, आयुष्मान आरोग्य मंदिर झुरगी ने 87.70 प्रतिशत और आयुष्मान आरोग्य मंदिर धनवाही ने 90.65 प्रतिशत अंक हासिल किए। इस उपलब्धि के लिए जिला क्वालिटी नोडल डॉ. प्रवीण, बीएमओ मोहगांव डॉ. कमलेश झीकराम, बीएमओ बीजाडांडी डॉ. अभय गजभीये, बीपीएम तपन गजभीये, प्रदीप साहू, नितिन साहू, कमलेश मरावी, आरके विश्वकर्मा, ज्योति यादव, नेहा सोनी, रेवती मार्को, डा. राहुल ठाकुर, सीएचओ कविता, शुभम पाठक, जिला क्वालिटी टीम से सोनम नामदेव, पूनम कोल्हे, नर्सिंग आफिसर, नर्सिंग स्टाफ, एएनएम सुपरवाइजर और आशा कार्यकर्ताओं की टीम ने विशेष मेहनत की, जिसके परिणामस्वरूप ये संस्थाएं सफल रहीं।
छात्रा की मौत का मामला गरमाया, गोंगपा और जीएसयू ने किया विरोध प्रदर्शन, सड़क जाम
- दोषियों की तत्काल बर्खास्तगी और एक करोड़ के मुआवजे की मांग
- प्रशासन-जनप्रतिनिधियों का किया पुतला दहन
मंडला महावीर न्यूज 29. निवास विकासखंड के ग्राम पिपरिया स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में छात्रा शिल्पा मरावी की मौत और लगभग डेढ़ दर्जन छात्र-छात्राओं के बीमार होने का मामला लगातार गरमाता जा रहा है। छात्रा की मौत से आक्रोशित गोंडवाना गणतंत्र पार्टी और गोंडवाना यूनियन स्टूडेंट ने शुक्रवार को निवास के राजा शंकर शाह-कुंवर रघुनाथ शाह तिराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने दोषी अधिकारियों को तत्काल बर्खास्त करने, उनके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने और मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा व सरकारी नौकरी देने की मांग की। प्रदर्शन में गोंगपा के प्रदेश संगठन मंत्री प्रमोद नरेती, जिला अध्यक्ष जितेंद्र मरावी, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष संतोष परस्ते, गोंडवाना यूनियन स्टूडेंट के प्रदेश महासचिव सेम परते, ब्लॉक अध्यक्ष राहुल मरावी, उपाध्यक्ष पीयूष कुलस्ते, जिला पंचायत सदस्य ललिता धुर्वे, गोंगपा प्रदेश सचिव मदन कुलस्ते, ब्लॉक अध्यक्ष घनश्याम कुम्हरे सहित बीजाडांडी, नारायणगंज, मोहगांव, नैनपुर और कुंडम समेत जिले भर से कार्यकर्ता पहुंचे।
जानकारी अनुसार प्रदर्शन से पहले कार्यकर्ताओं ने सबसे पहले छात्रा शिल्पा मरावी को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद एक रैली निकाली गई, जिसमें प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। तेज बारिश के बावजूद कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन जारी रहा। रैली राजा शंकर शाह-कुंवर रघुनाथ शाह तिराहे से शुरू होकर तहसील मुख्यालय, मॉडल रोड, राम मंदिर, आजाद चौक होते हुए वापस बाजार चौक से राजा शंकर शाह-कुंवर रघुनाथ शाह तिराहे पर पहुंची।
प्रदर्शनकारियों ने तिराहे पर ही शहपुरा, जबलपुर और मंडला की ओर जाने वाले मार्ग को बंद कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लगभग डेढ़ घंटे तक मार्ग बाधित रहा। हालांकि इस दौरान एम्बुलेंस को जाने दिया गया। प्रदर्शनकारी इस बात पर अड़े थे कि दोषियों को केवल निलंबित न किया जाए, बल्कि उनके खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज की जाए। उन्होंने स्कूल प्रबंधक मोनिका रोहिला के पति सतीश रोहिला के खिलाफ भी मामला दर्ज करने की मांग की।
जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन का किया पुतला दहन
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन के साथ भाजपा और कांग्रेस के स्थानीय जनप्रतिनिधियों के खिलाफ भी नारेबाजी की और उनका पुतला दहन किया। इस बीच निवास नगर परिषद के दमकल वाहन से वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया, लेकिन तब तक पुतला जल चुका था। इस घटना के बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस बल के बीच कुछ देर के लिए गहमागहमी का माहौल बन गया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम निवास एसडीएम सीएल वर्मा को एक ज्ञापन सौंपा। प्रशासन के आश्वासन के बाद ही प्रदर्शनकारी मुख्य मार्ग से हटे।
पुलिस बल रहा तैनात
प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन पहले से ही अलर्ट मोड में था। निवास अनुभाग के टिकारिया, बीजाडांडी, मोहगांव और मनेरी चौकी क्षेत्रों से भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। इनमें निवास एसडीएम सीएल वर्मा, नायब तहसीलदार आलोक सोनी, निवास एसडीओपी पीएस वालरे, निवास थाना प्रभारी वर्षा पटेल, टिकारिया थाना प्रभारी गोपाल घासले, मोहगांव थाना प्रभारी वेदराम हनौते, बीजाडांडी थाने से उप निरीक्षक पंकज विश्वकर्मा और मनेरी चौकी प्रभारी शशांक शुक्ला सहित पूरा स्टाफ मौजूद था।
इनका कहना है
पिछले दिनों एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पिपरिया में एक छात्रा की मौत हो गई थी जिस बात को लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी द्वारा धरना दिया गया था उन्होंने निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्यवाही करने की बात की हैं।
सीएल वर्मा, एसडीएम, निवास
पिपरिया में हुई घटना को लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी द्वारा प्रदर्शन किया गया था उनका कहना था कि दोषियों कर कार्यवाही हो।
वर्षा पटेल, थाना प्रभारी निवास
दुपट्टा घाट उपेक्षा का शिकार, भक्तों को परेशानी, विकास ठप्प
- प्रशासन कर रहा अनदेखी
- श्रृद्धालु और ग्रामीणों को हो रही परेशानी
- स्थानीय लोगों में आक्रोश
- सड़क और घाट न बनने से धार्मिक गतिविधियों में बाधा
मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड नारायणगंज के ग्राम बबलिया में नर्मदा तट स्थित दुपट्टा घाट, जो दुर्वासा आश्रम तपोभूमि के नाम से भी जाना जाता है। इस तपोभूमि पहुंचने के लिए आज भी पहुंच मार्ग की सुविधा नहीं है। यह एक ऐसा स्थान है जहाँ हजारों की संख्या में श्रद्धालु, विशेषकर मकर संक्रांति, शिवरात्रि और अन्य पर्वों पर नर्मदा दर्शन और पूजा-पाठ के लिए पहुंचते हैं। बावजूद इसके सड़क और घाट के लिए पहुंच मार्ग नहीं होने से स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि सरकार की अनेक कल्याणकारी योजनाओं के तहत घाटों और पहुंच मार्गों का निर्माण होता है, लेकिन सरपंच और सचिवों की अनदेखी और मिलीभगत के कारण दुपट्टा घाट पर आज तक कोई विकास कार्य नहीं हुआ है। लोगों को आज भी कच्चे और ऊबड़-खाबड़ रास्तों से नर्मदा नदी और दुर्वासा आश्रम तक पहुंचना पड़ता है। बताया गया कि दुर्वासा आश्रम लगभग 50-60 गांवों से जुड़ा हुआ है। हाल ही में एक संत ने अपने व्यक्तिगत प्रयासों से यहां एक भव्य भोले बाबा का मंदिर, साधु-संतों के रुकने के लिए आश्रम और भोजन की व्यवस्था की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां व्यक्तिगत स्तर पर विकास संभव है, लेकिन शासन द्वारा मिलने वाली सुविधाओं का लाभ आम जनता तक नहीं पहुंच पा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सरपंच, सचिव और अन्य संबंधित अधिकारी अपनी जेब भरने में लगे हैं और सार्वजनिक उपयोग के लिए बनी योजनाओं को नजरअंदाज कर रहे हैं। यदि दुपट्टा आश्रम में पहुंच मार्ग और घाट का निर्माण हो जाए, तो न केवल स्थानीय लोगों को सुविधा होगी, बल्कि मकर संक्रांति, शिवरात्रि, अमावस्या और पूर्णिमा जैसे पर्वों पर अधिक श्रृद्धालुओं की संख्या बढऩे के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही यहां आने वाले परिक्रमावासियों और श्रद्धालुओं को भी काफी राहत मिलेगी।
लोगों का कहना है कि मंडला जिले के कई ऐसे धार्मिक स्थल हैं, जहां परंपरागत रूप से हिंदूवादी संगठन और श्रद्धालु पहुंचते हैं, लेकिन शासन की उदासीनता के कारण इन क्षेत्रों का विकास नहीं हो पा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पंचायतों को हर साल करोड़ों रुपये का फंड मिलता है, लेकिन इसका उपयोग सही ढंग से नहीं होता और विकास की गति कछुए की चाल में चल रही है।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और दुर्वासा आश्रम के नजदीकी ग्राम ओढारी, बड़झर और धनगांव शामिल हैं, जिनसे अनुरोध किया है कि वे इस मामले पर ध्यान दें। उन्होंने मांग की है कि नर्मदा नदी दुर्वासा आश्रम तक पहुंचने के लिए पक्के मार्ग और घाटों का निर्माण कराया जाए, जिससे न केवल लोगों को सुविधा होगी, बल्कि मजदूरों को भी रोजगार मिलेगा। यह विकास कार्य क्षेत्र की आर्थिक और धार्मिक दोनों ही स्थितियों में सुधार लाएगा।
इनका कहना है
दुर्वासा आश्रम में हर पर्व पर हजारों लोग आते हैं, लेकिन सुविधाओं के अभाव में श्रद्धालुओं को परेशानी होती है। अगर सड़क और घाट बन जाएं तो यहां पर्यटन बढ़ेगा और गांव के लोगों को रोजगार भी मिलेगा।
यह बहुत दुख की बात है कि इतना महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल होने के बावजूद यहां की हालत जस की तस है। हमें हर साल पर्वों पर आने वाले श्रद्धालुओं को कच्ची सड़क से ले जाना पड़ता है। लगता है अधिकारियों को हमारी परेशानियों से कोई मतलब ही नहीं है।
डंडे से पीटकर हत्या करने वाले आरोपी को आजीवन कारावास
- जादू-टोने के शक में की थी हत्या, अपर सत्र न्यायालय ने सुनाया फैसला
मंडला महावीर न्यूज 29. अपर सत्र न्यायालय निवास ने एक व्यक्ति की डंडे से पीटकर हत्या करने के आरोपी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। यह फैसला 21 अगस्त को सुनाया गया। मामला चौकी मनेरी, थाना बीजाडांडी का है, जहाँ आरोपी जोरा उर्फ जोराबल यादव ने अपने ही गाँव के लम्बू यादव की हत्या कर दी थी।
जानकारी अनुसार यह घटना 26 अप्रैल 2024 की है, जब लम्बू सिंह यादव अपनी भाभी भगुतिया बाई यादव के पीछे-पीछे अपने घर की ओर जा रहे थे। रास्ते में आरोपी जोरा उर्फ जोराबल यादव ने उन्हें रोककर जादू-टोने का शक करते हुए अपने पास रखे डंडे से उनकी कमर पर वार किया, जिससे वे गिर पड़े। इसके बाद उसने उसी डंडे से उनके सिर पर बार-बार हमला किया। भगुतिया बाई के चिल्लाने पर आरोपी धमकी देकर फरार हो गया।
गंभीर रूप से घायल लम्बू को एम्बुलेंस से निवास अस्पताल लाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना पूरी की और न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। विचारण के दौरान न्यायालय ने साक्ष्य के आधार पर आरोपी जोरा उर्फ जोराबल यादव को दोषी पाया। न्यायालय ने उसे भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत आजीवन कारावास और 2,000 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया। इस मामले में शासन की ओर से सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी, निवास, उज्ज्वला उईके ने पैरवी की।
श्री झूलेलाल चालीसा महोत्सव में लगाए छप्पन भोग
- आयोजित हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम, हर परिवार की खुशहाली के लिए की कामना
मंडला महावीर न्यूज 29. अंबेडकर वार्ड स्थित भगवानी बाई केवल राम श्री झूलेलाल मंदिर में 16 जुलाई से श्री झूलेलाल चालीसा महोत्सव का आयोजन चल रहा है। 40 दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक महोत्सव का उद्देश्य हर परिवार की खुशहाली के लिए प्रार्थना करना है। शुक्रवार को इस महोत्सव के अंतर्गत भगवान श्री झूलेलाल को छप्पन भोग अर्पण किए गए। इसमें सामाजिक परिवारों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने-अपने घरों में नाना प्रकार के व्यंजन तैयार कर भगवान को भोग लगाया। छप्पन भोग के बाद महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लिया और जयकारे लगाए।
इस अवसर पर धार्मिक गीतों पर रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिससे वहां मौजूद श्रद्धालु भक्तिमय माहौल में झूम उठे। इसके बाद पल्लव पूजा और अरदास कर सभी परिवारों की सुख-समृद्धि के लिए कामना की गई। आयोजन के अंत में महाप्रसादी का वितरण किया गया। श्री झूलेलाल चालीसा महोत्सव का समापन 24 अगस्त को किया जाएगा, जिसके बाद सभी श्रद्धालु अपने घरों को लौटेंगे।
विहिप के 61वें स्थापना दिवस पर जुटे दिग्गज, सामाजिक समरसता पर हुई संगोष्ठी
- विहिप ने विषम परिस्थितियों में भी समाज को जोड़ा-केन्द्रीय मंत्री देवजी भाई रावत
मंडला महावीर न्यूज 29. विश्व हिंदू परिषद का 61वां स्थापना दिवस और सामाजिक समरसता संगोष्ठी का आयोजन मंडला के झंकार भवन में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीराम के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे केन्द्रीय मंत्री देवजी भाई रावत ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद का उद्देश्य केवल धार्मिक या संगठनात्मक नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और सेवा पर आधारित है।
अपने संबोधन में केन्द्रीय मंत्री देवजी भाई रावत ने कहा कि विहिप ने 61 वर्षों के अपने कार्यकाल में समाज के सभी वर्गों को जोडऩे का काम किया है, विशेष रूप से गिरिवासी और वनवासी क्षेत्रों में सेवा, शिक्षा और संस्कार के कार्य किए गए हैं। उन्होंने हर कार्यकर्ता को संगठन की नींव बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए राजेश जैन ने कहा कि हिंदू समाज की एकता ही राष्ट्र की मजबूती का आधार है। वहीं, मुख्य अतिथि सुभाष डगोरिया ने संगठन की स्थापना और सेवा के मूल ध्येय पर प्रकाश डाला।
संगोष्ठी में विहिप के जिला अध्यक्ष मनोज फागवानी ने संगठन की 61 वर्षों की यात्रा का संक्षिप्त इतिहास साझा किया। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि आज की पीढ़ी को अपनी जड़ों से जुड़े रहकर आधुनिकता को अपनाना चाहिए। उन्होंने बताया कि विहिप ने शिक्षा, स्वास्थ्य और संस्कार के क्षेत्र में हजारों प्रकल्प संचालित किए हैं। कार्यक्रम का समापन हिंदू समाज की एकता और सामाजिक समरसता के लिए सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। मंच का संचालन नगर मंत्री रितेश कछवाहा ने किया।
नियमों को ताक पर रखकर मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने का आरोप, जांच की मांग
- बम्हनी नगर परिषद पर गंभीर आरोप, पूर्व कांग्रेस पार्षद ने कलेक्टर से की शिकायत
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले की बम्हनी बंजर नगर परिषद पर नियमों का उल्लंघन कर मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने का गंभीर आरोप लगा है। यह मामला एक महिला की मृत्यु से जुड़ा है, जिसकी मृत्यु नागपुर में हुई थी, लेकिन उसका मृत्यु प्रमाण पत्र बम्हनी नगर परिषद द्वारा जारी कर दिया गया। नियमानुसार मृत्यु प्रमाण पत्र उसी स्थान के स्थानीय निकाय द्वारा जारी किया जाना चाहिए जहां मृत्यु हुई हो। इसकी शिकायत पूर्व कांग्रेस पार्षद विनय चक्रवर्ती ने जिला कलेक्टर और पुलिस थाने में की है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि वार्ड क्रमांक 9 निवासी पूर्णिमा चौरसिया की मृत्यु नागपुर में इलाज के दौरान हुई थी, फिर भी मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुरेंद्र चंद्रोल और जन्म-मृत्यु पंजीयन प्रभारी हसन खान ने मिलकर नियमों की अनदेखी करते हुए प्रमाण पत्र जारी किया। इस मामले में आरटीआई के तहत जानकारी मांगने पर भी उन्हें कोई जवाब नहीं मिला, जिससे संदेह और गहरा हो गया है।
विनय चक्रवर्ती ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब हसन खान ने नियमों की अनदेखी की हो। उन्होंने एक अन्य मामले का हवाला दिया, जहां बीजाडांडी में हुई मृत्यु का प्रमाण पत्र देने से यह कहकर इनकार कर दिया गया था कि यह उसी स्थान से बनेगा जहां मृत्यु हुई है, जबकि वर्तमान मामले में नियमों को दरकिनार कर दिया गया। इस विरोधाभास को देखते हुए शिकायतकर्ता ने एफआईआर दर्ज करने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं होती है तो वे जन आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
लोकल यूथ सर्वेयरों ने मानदेय और नियमितीकरण की मांग
- आर्थिक संकट में गिरदावरी कार्य में कार्यरत लोकल यूथ सर्वेयर
- विधायक को सौंपा ज्ञापन, विधायक ने विधानसभा में मुद्दा उठाने का दिया आश्वासन
मंडला महावीर न्यूज 29. निवास विधानसभा क्षेत्र के समस्त लोकल यूथ सर्वेयरों ने विधायक चैन सिंह बरकड़े को उनके निवास पर एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में लोकल यूथ सर्वेयरों ने अपनी नियुक्ति, कार्यों और वर्तमान में आ रही आर्थिक परेशानियों का उल्लेख किया है। सर्वेयरों ने बताया कि उनकी नियुक्ति माह जुलाई 2024 में शासन के आदेशानुसार गिरदावरी कार्य के लिए प्रत्येक पटवारी हल्का ग्राम में ऑनलाइन माध्यम से हुई थी। वे ई-केवाईसी, फार्मर आईडी और आरओआर बनाने जैसे कार्यों को पूर्ण निष्ठा से कर रहे हैं। उन्होंने आगामी डिजिटल क्रॉप सर्वेक्षण में भी सहयोग करने की बात कही।
सर्वेयरों ने डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य का पारिश्रमिक आज दिनांक तक अपर्याप्त बताया और कहा कि वे पिछले काफी समय से राजस्व एवं ग्रामीण विकास कार्यों में सहयोग कर रहे हैं, लेकिन वर्तमान में रोजगार की अनिश्चितता और मानदेय के अभाव में मानसिक, आर्थिक और सामाजिक रूप से संकटग्रस्त हैं। उन्होंने प्रत्यक्ष रूप से शासकीय अमले के साथ कार्य करते हुए सेवाएं प्रदान करने की इच्छा व्यक्त की।
परिवार का पालन पोषण करना मुश्किल
सर्वेयरों ने बताया कि नियमावली के अनुसार फसल गिरदावरी वर्ष में तीन बार सारा एप के माध्यम से पूर्ण की जानी है, लेकिन प्रति खसरा 8 रूपए के मानदेय से परिवार का पालन-पोषण करना मुश्किल है। उन्होंने 8 रूपए की जगह नियमित मासिक मानदेय देने के साथ अन्य मांगों के लिए अनुरोध करते हुए उन्होंने लोकल यूथ सर्वेयर की नवीन भर्ती पर तत्काल रोक लगाई जाए। लोकल यूथ सर्वेयर को ग्राम रोजगार सहायक की तर्ज पर राजस्व सहायक का दर्जा दिया जाए। शासन द्वारा पहचान पत्र जारी किया जाए। नियमित रोजगार का दर्जा प्रदान किया जाए। निश्चित एवं सम्मानजनक मासिक मानदेय निर्धारित किया जाए। शासन द्वारा समस्त लोकल यूथ सर्वेयरों का महासम्मेलन कराया जाए।
विधानसभा सत्र में रखेंगे मामला
विधायक चैन सिंह बरकड़े ने सर्वेयरों को आश्वासन दिया कि वे जल्द ही इस मामले को विधानसभा सत्र में रखेंगे और समस्त सर्वेयरों को भुगतान कराने का प्रयास करेंगे। ज्ञापन सौंपने के दौरान समस्त लोकल यूथ सर्वे अध्यक्ष निवास ब्लॉक लखनलाल पंद्रे, निवास तहसील लोकल यूथ सचिव किरण कुमार सोनवानी, उपाध्यक्ष सत्येंद्र सिंगरौरे एवं समस्त लोकल यूथ सर्वेयरों द्वारा विधायक को ज्ञापन सौंपा।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे
दादी प्रकाशमणि की पुण्यस्मृति में मंडला में रक्तदान शिविर
- विश्व बंधुत्व दिवस के रूप में मनाया जाएगा 18वां पुण्यस्मृति दिवस
मंडला महावीर न्यूज 29. प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि की 18वीं पुण्यस्मृति दिवस के उपलक्ष्य में मंडला में एक विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। दादी प्रकाशमणि की पुण्यतिथि को विश्व बंधुत्व दिवस के रूप में मनाया जाता है, और इसी के तहत भारत व नेपाल में ब्रह्माकुमारीज के सभी स्थानीय केंद्रों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
बताया गया कि ब्रह्माकुमारीज मंडला द्वारा भी रक्तदान शिविर का आयोजन 24 अगस्त रविवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक डीके हेल्थ केयर में किया जाएगा। इस पहल के माध्यम से ब्रह्माकुमारीज संस्था ने मंडला जिले के सभी लोगों से इस रक्तदान शिविर में शामिल होकर इस पुण्य कार्य में अपना सहयोग देने का आह्वान किया है।
एकलव्य की छात्रा के निधन पर पांच लाख की अनुग्रह राशि स्वीकृत
- राष्ट्रीय जनजातीय छात्र शिक्षा समिति ने परिवार को दी आर्थिक मदद
मंडला महावीर न्यूज 29. निवास विकासखंड के एकलव्य आवासीय विद्यालय पिपरिया में अध्ययनरत दसवीं की एक छात्रा की अचानक तबीयत बिगडऩे से हुई दुखद मृत्यु के बाद प्रशासन ने परिवार को 5 लाख की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। यह राशि राष्ट्रीय जनजातीय छात्र शिक्षा समिति द्वारा निर्धारित नीति के तहत स्वीकृत की गई है। बताया गया कि छात्रा की तबीयत 15 अगस्त को खराब हुई थी, जिसके बाद उसे प्राथमिक उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज जबलपुर भेजा गया। स्वास्थ्य में सुधार न होने पर उसे नागपुर रेफर किया गया, जहां 18 अगस्त को उसका निधन हो गया।
समिति की 15वीं सामान्य सभा की बैठक में यह तय किया गया था कि एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के किसी भी छात्र या छात्रा की असामयिक मृत्यु होने पर अभिभावक को 5 लाख की अनुग्रह राशि दी जाएगी। इसी प्रावधान के तहत मृत छात्रा के परिवार को यह राशि स्वीकृत की गई है। संबंधित दस्तावेजों को एमईएसईएस को प्रस्तुत करने के बाद राज्य सोसायटी को इस राशि की प्रतिपूर्ति की जाएगी, जिससे यह राशि जल्द से जल्द पीडि़त परिवार तक पहुंचाई जा सके।
जय मां दुर्गे कृषि केंद्र सील, खाद-बीज में गड़बड़ी पर कार्रवाई
- कृषि विभाग की टीम ने मारा छापा, स्टॉक रजिस्टर में अनियमितता मिलने पर लिया एक्शन
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के नारायणगंज ब्लॉक में खाद-बीज विक्रेताओं पर प्रशासन का शिकंजा कसता जा रहा है। कृषि विभाग की एक टीम ने जय मां दुर्गे कृषि केंद्र पर औचक निरीक्षण किया, जिसमें गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। इसके बाद दुकान को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
जानकारी अनुसार जांच के दौरान दुकानदार बिना वैध प्रिंसिपल सर्टिफिकेट के कीटनाशक और खरपतवार नाशक दवाइयां बेच रहा था। इसके साथ ही वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी कार्यालय में यूरिया खाद का स्टॉक शून्य दर्ज कराया गया था, जबकि दुकान पर इसका विक्रय किया जा रहा था। टीम को कुछ उत्पादों के लिए कोई वैध बिल या दस्तावेज भी नहीं मिले।
बताया गया कि जांच में यह भी सामने आया कि दुकान के स्टॉक रजिस्टर और विक्रय अभिलेख में कई विसंगतियां थीं। विक्रेता द्वारा की गई इन अनियमितताओं को देखते हुए टीम ने कीटनाशक अधिनियम की धारा और उर्वरक नियंत्रण आदेश की धारा के तहत कार्रवाई की। कार्रवाई करते हुए दुकान को तत्काल सील कर दिया गया और सभी प्रकार के विक्रय पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इस कार्रवाई में अनुविभागीय कृषि अधिकारी डीके वारस्कर, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी प्रीति लौवंशी, कृषि विस्तार अधिकारी हरिओम झरिया और सुनील रावत, शिवाल निखर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
90 दिवसीय गौ रक्षा जागरण यात्रा का मंडला में होगा भव्य समापन
- बैठक आज, बृज बिहारी सरकार के सानिध्य में होंगे कार्यक्रम
मंडला महावीर न्यूज 29. परम पूज्य बृज बिहारी सरकार के मार्गदर्शन में चल रही 90 दिवसीय गौ रक्षा जागरण यात्रा का समापन मंडला में किया जाएगा। घंसौर तहसील से शुरू हुई यह यात्रा कई जिलों से होते हुए अब मां नर्मदा की पवित्र नगरी मंडला पहुंच रही है। समापन कार्यक्रम के तहत मंडला में जागरण यात्रा, पाँच दिवसीय हनुमान कथा और दिव्य दरबार का आयोजन किया जाएगा। इस वृहद आयोजन की तैयारियों और रूपरेखा पर चर्चा करने के लिए एक आवश्यक बैठक बुलाई गई है।
बताया गया कि बैठक आज 22 अगस्त शुक्रवार को दोपहर 2 बजे वृंदावन गार्डन मंडला में आयोजित की गई है। समस्त सनातन हिंदू गौ भक्त बृज बिहारी मंडल मंडला ने सभी गौ भक्तों, सनातनी धर्म प्रेमियों, मीडिया संगठनों, धार्मिक संगठनों, मातृशक्ति, दुर्गा वाहिनी, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से आग्रह किया है कि वे इस बैठक में शामिल होकर अपना मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान करने की अपील की है।
राधाकृष्ण मंदिर में धूमधाम से मनाई गई लड्डू गोपाल की छठी
- भजन-कीर्तन से गूंजा क्षेत्र, भक्ति में डूबे भक्त
मंडला महावीर न्यूज 29. जन्माष्टमी पर्व के बाद भगवान श्रीकृष्ण की छठी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय के समीप ग्राम राजीव कॉलोनी स्थित राधाकृष्ण मंदिर में सार्वजनिक दुर्गोत्सव समिति की महिला मंडल द्वारा भगवान लड्डू गोपाल की छठी का भव्य आयोजन किया गया।
इस अवसर पर क्षेत्र की सैकड़ों महिलाओं ने भागीदारी निभाई। कार्यक्रम की शुरुआत मंगलाचरण और पारंपरिक पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद महिलाओं ने सामूहिक भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए। भक्ति भाव से ओतप्रोत गीतों पर महिलाएं झूम उठीं और मंदिर परिसर जय कन्हैया लाल की और हरे कृष्ण के जयकारों से गूंज उठा। छठी महोत्सव के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक नृत्य कर भगवान को प्रसन्न किया। श्रद्धालुओं ने कहा कि यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है बल्कि समाज में आपसी एकता और भाईचारे को भी मजबूत करता है।
कार्यक्रम के समापन पर भगवान लड्डू गोपाल को विशेष श्रृंगार कर आकर्षक झांकी सजाई गई, जिसे देखने बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया। पूरा वातावरण भक्ति, उल्लास और श्रद्धा से सराबोर रहा। भगवान श्रीकृष्ण की छठी का आयोजन महिला मंडल के प्रयासों से सफल रहा।
बारिश का कहर, सड़क निर्माण की लापरवाही से गांव में भरा पानी, लाखों का नुकसान
- खिन्हा-चकदेही सड़क निर्माण में देरी से ग्रामीणों की बढ़ी मुसीबत, प्रशासन से कार्रवाई की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में खिन्हा रिपटा से चकदेही मेंहदवानी तक बन रही सड़क निर्माण कार्य कछुआ गति से चल रहा है, जिसकी वजह से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बताया गया कि चकदेही गांव के भीतर पुलिया और नालियों का निर्माण अधूरा होने के कारण बारिश का पानी सीधे घरों और दुकानों में घुस रहा है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। पिछले दो-तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने स्थिति को और भी बदतर हो गई है। साप्ताहिक बाजार के दिन अत्यधिक बारिश के कारण पूरा बाजार पानी से भर गया। व्यापारियों और दुकानदारों का लाखों रुपये का सामान पानी में बह गया या खराब हो गया। कई व्यापारियों की सामग्री बारिश के पानी में डूबने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों और व्यापारियों में इस लापरवाही को लेकर भारी रोष है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण एजेंसी की धीमी गति और अनियमितताओं के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। समय पर पुलिया और नालियां बन जातीं तो बारिश का पानी आसानी से निकल जाता और यह नुकसान नहीं होता। इस समस्या को लेकर ग्रामीण लगातार प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल इस मामले में हस्तक्षेप करने और सड़क निर्माण में हो रही अनियमितताओं पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर जल्द ही पुलिया और नालियों का निर्माण पूरा नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में स्थिति और भी खराब हो सकती है। इस गंभीर समस्या को देखते हुए स्थानीय प्रशासन को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए जिससे ग्रामीणों को राहत मिल सके।
मुरम खदान के पास मिला शव, सिर पर पत्थर से वार कर हत्या की आशंका
- पुणे से लौट रहे व्यक्ति की हत्या, पुलिस जांच में जुटी, परिजनों ने की शिनाख्त
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र के माली मोहगांव के मोहनटोला बेरटोला स्थित एक मुरम खदान के पास एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पटपर सिंगारपुर निवासी 42 वर्षीय गरीबा नंदा के रूप में हुई है। शव के पास से एक खून से सना पत्थर भी बरामद हुआ है, जिससे पुलिस को आशंका है कि सिर पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या की गई है।
इस घटना की सूचना मिलते ही महाराजपुर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस को शव के पास मिली एक पर्ची से मृतक की पहचान करने में मदद मिली। इसके बाद मृतक के बेटे अशोक नंदा ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की। अशोक ने बताया कि उनके पिता करीब डेढ़ महीने पहले मजदूरी के लिए पुणे गए थे और बहन की बीमारी के कारण मंगलवार शाम को मंडला लौट रहे थे। उसी शाम उनकी आखिरी बार फोन पर बात हुई थी।
मंडला पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि मृतक 19 अगस्त को पुणे से निकला था और उसे 20 अगस्त की शाम तक घर पहुंचना था। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। घटना की जांच कर रहे हैं कि किन परिस्थितियों में वह व्यक्ति नागपुर होते हुए घटना स्थल तक पहुंचा। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है। बताया गया कि मृतक की पत्नी की चार माह पहले ही मौत हो चुकी है। उनके परिवार में अब उनका बेटा और बेटी ही बचे हैं। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। मर्ग कायम कर पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश कर रही है।
घाट में अनियंत्रित हुई बाईक, युवक गंभीर घायल
- नारायणगंज और देवगांव के बीच अहिरवाड़ा घाट की घटना
मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज विकासखंड के ग्राम देवगांव निवासी एक युवक सड़क हादसे का शिकार हो गया। घटना देवगांव और नारायणगंज के बीच अहिरवाड़ा घाट की है, जब युवक किसी कार्य से नारायणगंज मुख्यालय जा रहा था, इसी दौरान युवक की बाईक घाट में अनियंत्रित हो गई और नीचे गिर गया। जिससे युवक को सिर में काफी गंभीर चोटे आई। तत्काल घटना की जानकारी परिजनों को दी गई, जिसके बाद एम्बुलेंस को सूचना दी गई। एम्बुलेंस से घायल युवक को नारायणगंज सीएचसी लाया गया। जहां घायल युवक का उपचार किया जा रहा है।
जानकारी अनुसार ग्राम देवगांव निवासी प्रहलाद गौठरिया पिता सुंदर लाल गौठरिया 26 वर्ष किसी कार्य के लिए ग्राम देवगांव से नारायणगंज की जा रहा था। इसी दौरान देवगांव और नारायणगंज के बीच अहिरवाड़ा घाट में युवक प्रहलाद की मोटरसाईकिल अनियंत्रित हो गई और प्रहलाद बाईक से नीचे घाट में गिर गया। हादसे में प्रहलाद के सिर में काफी गंभीर चोटे आई है। घटना के दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने इसकी जानकारी युवक प्रहलाद के परिजनों और एम्बुलेंस को दी। सूचना मिलते ही परिजना और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। घायल युवक को तत्काल नारायणगंज सामुदायिक स्वास्थ्य उपचार के लिए लाया गया।
बताया गया कि युवक प्रहलाद गौठरिया के सिर में काफी गंभीर चोट आई है। युवक के माथे में करीब चार से पांच टांके भी लगाए है। चिकित्सक डॉ. देशबंदु उइके ने बताया कि युवक को सिर में गंभीर चोट लगने के कारण इसको अब्र्जवेशन में रखा गया है। घायल युवक का उपचार चिकित्सीय निगरानी में किया जा रहा है। जिससे युवक जल्द से जल्द स्वस्थ्य हो सके।
टिकरिया पुलिस ने चार फरार वारंटियों को धर दबोचा
- विभिन्न मामलों में फरार चल रहे थे चारों आरोपी
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले की टिकरिया थाना पुलिस ने विभिन्न मामलों में फरार चल रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। इन सभी आरोपियों को निवास कोर्ट में पेश किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से आपराधिक तत्वों में हड़कंप मच गया है और बाकी फरार आरोपियों की तलाश भी जारी है।
जानकारी अनुसार टिकरिया थाना पुलिस ने अलग-अलग अपराधों में लंबे समय से फरार चल रहे चार गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इन सभी आरोपियों को निवास कोर्ट में पेश किया है। इस कार्रवाई से इलाके में अपराधियों के बीच दहशत का माहौल है।
टिकरिया थाना प्रभारी गोपाल घासले ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में गणेश कछुआ 42 वर्ष, निवासी नारायणगंज इन पर मामला भारतीय दंड संहिता और मोटर वाहन अधिनियम का मामला दर्ज है। संजय यादव 35 वर्ष, निवासी पड़रिया नारायणगंज पर भारतीय दंड संहिता के आरोपी हैं। सेवाराम 30 वर्ष, निवासी देवगांव पर भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज हैं। राजेंद्र मरावी 21 वर्ष, निवासी चंदेरा पर भारतीय दंड संहिता और मोटर वाहन अधिनियम का मामला दर्ज था।
बताया गया कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर निवास कोर्ट में पेश किया गया। इन आरोपियों को गिरफ्तार करने में टिकरिया थाना प्रभारी एएसआई टीकाराम भोयर, एएसआई मुकेश चौरसिया और आरक्षक अमित, नेपाल सिंह व शरद परते की सराहनीय भूमिका रही। टिकरिया पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में बाकी फरार वारंटियों की तलाश भी जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
विवाह से पहले सिकल सेल कार्ड का करें मिलान-राज्यपाल
मंडला में कार्यशाला, सिकल सेल एनीमिया के उन्मूलन के लिए जनभागीदारी पर दिया जोर, 2047 तक भारत को रोगमुक्त बनाने का लक्ष्य
- सिकल सेल एनीमिया के उन्मूलन के लिए सक्रिय जनभागीदारी आवश्यक है – राज्यपाल श्री पटेल
- मंडला में परंपरागत चिकित्सा का स्वास्थ्य संवर्धन में योगदान एवं सिकल सेल एनीमिया प्रबंधन का एक दिवसीय कार्यशाला में हुए शामिल
मंडला महावीर न्यूज 29. राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने मंडला के ग्राम सेमरखापा में सिकल सेल एनीमिया के प्रति जागरूकता का आह्वान करते हुए कहा कि विवाह से पहले लड़के और लड़कियों को अपने सिकल सेल एनीमिया आनुवंशिक कार्ड का मिलान अवश्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह एक आनुवंशिक बीमारी है और इसके उन्मूलन के लिए व्यापक जनभागीदारी और जागरूकता बेहद जरूरी है। ग्राम सेमरखापा एकलव्य आदर्श विद्यालय ऑडीटोरियम में परंपरागत चिकित्सा का स्वास्थ्य संवर्धन में योगदान एवं सिकल सेल एनीमिया प्रबंधन पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने एकलव्य आदर्श विद्यालय ऑडिटोरियम में आयोजित परंपरागत चिकित्सा का स्वास्थ्य संवर्धन में योगदान एवं सिकल सेल एनीमिया प्रबंधन विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहां कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2047 तक भारत को सिकल सेल एनीमिया मुक्त करने का लक्ष्य रखा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2023 से शहडोल जिले से इस अभियान की शुरुआत हुई थी। तब से अब तक देशभर में 7 करोड़ लोगों की जांच की जा चुकी है, जिनमें से अकेले मध्य प्रदेश में 1.14 करोड़ लोगों की जांच हुई है। इसमें 2 लाख 13 हजार 470 लोग सिकल सेल के संवाहक तथा 31 हजार 203 मरीज मिले हैं। उन्होंने कहा कि इस बीमारी का जितनी जल्दी पता चलेगा, उसे नियंत्रित करना उतना ही आसान होगा।
डी मार्ट की तर्ज पर ट्राइबल मार्ट बनेगा
कार्यशाला में मौजूद जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. विजय शाह ने राज्यपाल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके सतत प्रयासों से ही यह बीमारी लोगों की जानकारी में आई है। उन्होंने बताया कि मंडला में डी-मार्ट की तर्ज पर ट्राइबल मार्ट बनाया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा और उन्हें बाजार से 25-30 प्रतिशत कम कीमत पर उत्पाद मिल सकेंगे।
आयुर्वेद रिसर्च सेंटर खोलने की मंजूरी
जल संसाधन मंत्री संपतिया उइके ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में जनजातीय क्षेत्रों में सुविधाओं को बेहतर बनाने का काम चल रहा है। उन्होंने भारतीय आयुर्वेद के महत्व पर जोर दिया और बताया कि मंडला जिले में आयुर्वेद अनुसंधान केंद्र खोलने की बात भी चल रही है। आयुष मंत्री इंदरसिंह परमार ने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य परंपरागत वैद्यों और आधुनिक चिकित्सकों के ज्ञान को मिलाकर सिकल सेल उन्मूलन के लिए एक प्रभावी रणनीति तैयार करना है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने बालाघाट में आयुर्वेद रिसर्च सेंटर खोलने की भी मंजूरी दी है।
पीडि़त बच्चों ने अपने अनुभव किये साझा
कार्यशाला में राज्यपाल और अन्य अतिथियों ने मिशन नेत्र ज्योति के तहत चश्मा, सिकल सेल दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड, पोषण किट और विधवा पेंशन कार्ड का वितरण किया। इस अवसर पर कुछ सिकल सेल से पीडि़त बच्चों ने भी अपने अनुभव साझा किए और बताया कि आयुर्वेद उपचार से उनके स्वास्थ्य में सुधार हुआ है। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि नर सेवा ही नारायण सेवा है। उन्होंने गुजरात से आए अतुल देसाई और उनके परिवार के सिकल सेल उन्मूलन में योगदान की भी सराहना की।
कार्यक्रम के प्रारंभ एवं अंत में राष्ट्रगान का गायन किया गया। कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने स्मृतिचिन्ह स्वरूप राज्यपाल मंगुभाई पटेल को गोंडी पेंटिंग भेंट की। कार्यक्रम में राष्ट्रीय आयुर्वेद महासम्मेलन के प्रतिनिधि, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, प्रफुल्ल मिश्रा, जयदत्त झा, संभाग आयुक्त धनंजय सिंह, आईजी बालाघाट संजय सिंह, डीआईजी बालाघाट मुकेश कुमार श्रीवास्तव, कलेक्टर सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा सहित अन्य संबंधित अधिकारी, परंपरागत वैद्य, बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
मौसम की मार, जिले में वायरल फीवर का प्रकोप, चपेट में आ रहे छात्र
- शासकीय स्कूलों में फैला वायरल फीवर, स्वास्थ्य विभाग अर्लट
- बच्चों का जांच, परीक्षण शुरू, सावधानी बरतने की दी जा रही सलाह
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले में मौसम में अचानक बदलाव का असर अब बच्चों की सेहत पर दिखने लगा है। वायरल फीवर और अन्य मौसमी बीमारियों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। विगत दिनों से नारायणगंज विकासखंड के कई शासकीय शैक्षणिक संस्थानों और छात्रावासों में अध्ययनरत बच्चें के बीमार होने की सूचना मिल रही है। जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य अमले की टीम तत्परता से शैक्षणिक संस्थान पहुंचकर बच्चों का उपचार कर रही है। जिससे छात्रों का स्वास्थ्य पर विपरीत असर ना पड़ सके।
बताया गया कि ग्राम बबलिया के बरबटी और पथारी स्कूल में 55 बच्चों का जांच परीक्षण किया गया। वहीं नारायणगंज के ग्राम चौकी में स्वास्थ्य टीम ने 74 छात्रों और 64 छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच में 17 छात्रों में सर्दी-जुकाम और बुखार की शिकायत मिली। वहीं बुधवार को शासकीय हाई स्कूल सुखराम में एक साथ 07 छात्राएं बीमार पड़ गईं, जिसके बाद उन्हें तुरंत एम्बुलेंस द्वारा नारायणगंज सीएचसी में उपचार के लिए लाया गया। फिलहाल सभी छात्रों का स्वास्थ्य बेहतर है। जिनका उपचार कर दवाई देकर घर भेज दिया गया है।
स्कूल में अचानक बिगड़ी तबीयत
शासकीय हाई स्कूल सुखराम के प्रभारी प्राचार्य हरीलाल वरकड़े ने बताया कि बुधवार को सुबह प्रार्थना के समय एक छात्रा अचानक चक्कर खाकर गिर गई। इसके बाद दो और छात्राओं को भी इसी तरह की परेशानी हुई। स्कूल प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी और सभी बीमार छात्राओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज पहुंचाया गया।

प्रभारी प्राचार्य ने बताया कि छात्राओं के बीमार होने के बाद आशा कार्यकर्ता से संपर्क कर बच्चों को अस्पताल भेजा और उनके परिजनों को भी सूचित किया। बीमार छात्राओं में कमला धुर्वे 14 वर्ष, दुर्गा मरावी 14 वर्ष, माहेश्वरी यादव 14 वर्ष, विद्या मरावी 14 वर्ष, लोकेश्वरी मरावी 15 वर्ष, विद्यावती धूमकेतु 14 वर्ष और पवित्रि परस्ते 14 वर्ष शामिल हैं। इनमें से दो छात्राएं बालिका छात्रावास की हैं।
138 छात्रों की जांच में 17 छात्र मिले बीमार
वायरल फीवर के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने एहतियाती कदम उठाए हैं। जिसके चलते एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय नारायणगंज चौकी में नारायणगंज सीएचसी की स्वास्थ्य टीम पहुंची। स्वास्थ्य टीम में सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल और स्टाफ विद्यालय पहुंचे। स्वास्थ्य टीम द्वारा यहां अध्ययनरत 138 छात्रों का जांच, परीक्षण किया गया। टीम ने 74 छात्रों और 64 छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच में 17 छात्रों में सर्दी-जुकाम और बुखार की शिकायत मिली। जिन्हें तत्काल दवाएं उपलब्ध करा दी गई और सावधानी बरतने की सलाह दी।
बरबटी और पथारी स्कूल में 55 बच्चों में बुखार, उल्टी और पेट दर्द के लक्षण
बरबटी और पथारी स्कूलों में मंगलवार को स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 55 बच्चों का इलाज किया गया। डा. सुरेन्द्र सिंह और स्वास्थ्य टीम द्वारा की गई स्क्रीनिंग में अधिकांश बच्चे मौसम में बदलाव के कारण होने वाली बीमारी जैसे सर्दी, बुखार, पेट दर्द, उल्टी और दस्त से पीडि़त थे।
चिकित्सा टीम ने सभी प्रभावित बच्चों को मास्क पहनने की सलाह दी जिससे वायरल बुखार के संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। इसके साथ ही स्कूल के प्राचार्यों को एक प्राथमिक चिकित्सा और स्वास्थ्य किट प्रदान की गई, जिसमें बुखार, उल्टी और ओआरएस जैसी सामान्य दवाएं शामिल थीं, जिससे आपातकालीन स्थिति में बच्चों को तुरंत राहत दी जा सके। स्वास्थ्य टीम ने स्कूलों को स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया, जिससे छात्रों के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव ना पड़े और बीमारियों के प्रकोप को रोका जा सके।
इनका कहना है
बच्चों को प्राथमिक उपचार दे दिया गया है। सभी में सर्दी, खांसी, बुखार और चक्कर आने के लक्षण पाए गए। कुछ बच्चों का ब्लड प्रेशर कम था, जबकि कुछ का बढ़ गया था। सभी बच्चों की हालत स्थिर है और चिंता की कोई बात नहीं है।
डॉ. प्रगति रोमडे, सीएचसी नारायणगंज
सुखराम हाईस्कूल में छात्राओं के बीमार होने की जानकारी लगी, जिसके बाद छात्राओं के स्वास्थ्य की जानकारी लेने सीएचसी नारायणगंज पहुंचे। यहां छात्राओं के साथ मौजूद हाई स्कूल के प्राचार्य को निर्देश दिए कि आगे भी इस तरह की कोई घटना होती है तो तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र में संपर्क करे।
राजेश विश्वकर्मा, बीईओ, नारायणगंज
दिनदहाड़े लूट- घुघरी में शराब दुकान के कर्मचारियों से 1.5 लाख लूटे
- दो अज्ञात बाइक सवारों ने वारदात को दिया अंजाम, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले की घुघरी तहसील में दिनदहाड़े लूट की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। पेट्रोल पंप के पास स्थित एक देशी शराब की दुकान के सामने दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने कर्मचारियों से एक बैग छीन लिया, जिसमें करीब 1 लाख 50 हजार रुपए रखे थे। वारदात को अंजाम देने के बाद लुटेरे मौके से फरार हो गए।
बताया गया कि यह घटना बुधवार दोपहर करीब 2 बजे की बताई गई है। पुलिस को सूचना मिलने के बाद तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसमें दो संदिग्ध व्यक्तियों को देखा गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उनकी तलाश करने का काम शुरू कर दिया है। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
रिपोर्टर- दुर्गेश प्रजापति घुघरी ✍️
छात्रा की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
- मंडला स्वास्थ्य अमला शैक्षणिक संस्थानों में शुरू की बच्चों की स्क्रीनिंग
मंडला महावीर न्यूज 29. निवास विकासखंड के एकलव्य आवासीय विद्यालय पिपरिया में हाल ही में 16 बच्चों के वायरल फीवर से बीमार होने और एक छात्रा की दुखद मौत के बाद मंडला जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट हो गया है। इस घटना ने स्वास्थ्य अधिकारियों को सक्रिय कर दिया है, जिन्होंने तत्काल कार्यवाही करते हुए शैक्षणिक संस्थानों में अपना डेरा डाल दिया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें अब जिले के हर छात्रावास में बच्चों की सघन स्क्रीनिंग कर रही हैं। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बीमार बच्चों की पहचान करना और उन्हें समय पर उचित उपचार प्रदान करना है, जिससे स्थिति और बिगडऩे से रोका जा सके। वायरल फीवर के लक्षण वाले बच्चों को तुरंत अलग कर उनका इलाज शुरू किया जा रहा है और उन्हें सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।
जानकारी अनुसार विगत दिवस एकलव्य विद्यालय पिपरिया के 16 बच्चे अचानक बीमार पड़ गए। इन बच्चों में वायरल फीवर के लक्षण दिखाई दिए, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। दुख की बात यह है कि इन्हीं में से एक छात्रा, जिसे जबलपुर रेफर किया गया था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना ने प्रशासन को हिला दिया और तत्काल बड़े कदम उठाने पर मजबूर कर दिया। जिला कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें और सभी स्कूलों व छात्रावासों में निगरानी बढ़ा दें। इसके तहत स्वास्थ्य कर्मचारी अलर्ट नजर आ रहे हैं और बच्चों के स्वास्थ्य की लगातार जाँच कर रहे हैं। छात्रावास और स्कूलों में साफ-सफाई और स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
बताया गया कि यह केवल एकलव्य विद्यालय तक सीमित नहीं है। जिले के अन्य क्षेत्रों में भी ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए स्वास्थ्य कर्मचारी छात्रों की स्क्रीनिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान बच्चों के माता-पिता और शिक्षकों को भी जागरूक किया जा रहा है कि वे अपने बच्चों में बुखार, खांसी या शरीर में दर्द जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। स्वास्थ्य विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और सावधानी बरतें। दूषित पानी या अस्वच्छ भोजन से बचें और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखें। यह अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक कि स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में नहीं आ जाती।
बरबटी और पथारी स्कूल में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन
- मौसम जनित बीमारियों के चलते 55 बच्चों में बुखार, उल्टी और पेट दर्द के लक्षण
मंडला महावीर न्यूज 29. बरबटी और पथारी स्कूलों में मंगलवार को स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 55 बच्चों का इलाज किया गया। डा. सुरेन्द्र सिंह और स्वास्थ्य टीम द्वारा की गई स्क्रीनिंग में अधिकांश बच्चे मौसम में बदलाव के कारण होने वाली बीमारी जैसे सर्दी, बुखार, पेट दर्द, उल्टी और दस्त से पीडि़त थे।
चिकित्सा टीम ने सभी प्रभावित बच्चों को मास्क पहनने की सलाह दी जिससे वायरल बुखार के संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। इसके साथ ही स्कूल के प्राचार्यों को एक प्राथमिक चिकित्सा और स्वास्थ्य किट प्रदान की गई, जिसमें बुखार, उल्टी और ओआरएस जैसी सामान्य दवाएं शामिल थीं, जिससे आपातकालीन स्थिति में बच्चों को तुरंत राहत दी जा सके।
स्वास्थ्य टीम ने स्कूलों को स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया, जिससे छात्रों के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव ना पड़े और बीमारियों के प्रकोप को रोका जा सके।
न्याय के लिए उमड़ा जनसैलाब, जस्टिस फॉर शिल्पा के नारे गूंजे
- निवास और पिपरिया में कैंडल मार्च, दोषियों पर कार्रवाई की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. एकलव्य स्कूल की छात्रा शिल्पा मरावी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर निवास और पिपरिया में नागरिकों और युवाओं ने कैंडल मार्च और श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। यह मार्च राम मंदिर निवास से शुरू होकर राजा शंकर शाह कुंवर रघुनाथ शाह तिराहा तक पहुंचा, जहाँ बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने हिस्सा लिया।
इस दौरान लोगों ने जस्टिस फॉर शिल्पा और शिल्पा को न्याय दो, दोषियों पर कार्रवाई हो जैसे नारे लगाए। सभी ने शिल्पा के परिवार को उचित न्याय दिलाने की बात कही और इस घटना को सिर्फ एक बच्ची की मौत नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम की लापरवाही का नतीजा बताया। लोगों ने सवाल उठाया कि क्या यह मामला सिर्फ विभागीय जांच तक सीमित रहेगा या इसकी उच्च स्तरीय जांच भी होगी।
ग्राम पिपरिया में भी श्रद्धांजलि
ग्राम पिपरिया के बस स्टैंड पर भी लोगों ने कैंडल जलाकर शिल्पा को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान दो मिनट का मौन रखा गया। मौजूद लोगों ने शिल्पा की मौत को लापरवाही का परिणाम बताते हुए दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष और कठोर कार्रवाई की मांग की।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे
लापरवाही की कीमत-15 अगस्त को बीमार हुए बच्चों में से एक की मौत, प्रिंसिपल पर भी गिरेगी गाज
- गंभीर लापरवाही एवं उदासीनता बरतने पर अधीक्षक एवं अधीक्षिका निलंबित
- आउटसोर्स स्टॉफ नर्स की सेवाएं हुई समाप्त
- एकलव्य विद्यालय की छात्रा की मौत, अधीक्षक और अधीक्षिका निलंबित
मंडला महावीर न्यूज 29: मंडला जिले के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय निवास पिपरिया में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। 15 अगस्त को विद्यालय में कई विद्यार्थियों के अचानक बीमार होने के बाद एक छात्रा की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। इस घटना के बाद, प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संस्था की अधीक्षिका और अधीक्षक को निलंबित कर दिया है।
जानकारी अनुसार 15 अगस्त को एकलव्य आवासीय विद्यालय में कई विद्यार्थियों के स्वास्थ्य बिगडऩे की सूचना मिलने पर कलेक्टर ने एक जांच समिति का गठन किया। इस समिति में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) निवास, ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर और विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी शामिल थे। 16 अगस्त को जांच टीम ने स्कूल पहुंचकर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान, 7 छात्राओं और 8 छात्रों को सर्दी, जुकाम और वायरल फीवर के लक्षण पाए जाने पर उन्हें जिला चिकित्सालय मंडला में भर्ती कराया गया।
हालाँकि एक छात्रा की हालत गंभीर थी। तेज बुखार और बेहोशी के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद 16 अगस्त को ही मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर किया गया। परिजनों की उपस्थिति में उसका इलाज चल रहा था, लेकिन स्वास्थ्य में कोई सुधार न होने पर परिजन उसे नागपुर ले गए। दु:खद है कि 18 अगस्त को इलाज के दौरान छात्रा की मृत्यु हो गई।
प्रशासन की कार्रवाई
जांच में यह पाया गया कि संस्था के प्राचार्य और अधीक्षक ने घटना की सूचना विभागीय अधिकारियों को समय पर नहीं दी और वे मुख्यालय से भी अनुपस्थित थे। इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए कलेक्टर ने तत्काल निलंबन की कार्रवाई का प्रस्ताव आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग मप्र भोपाल को भेजा।
इसके परिणामस्वरूप, आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग, भोपाल ने 19 अगस्त को संस्था में कार्यरत अधीक्षिका पूनम देवी और अधीक्षक संजीव कुमार राठी को निलंबित कर दिया। उन्हें कार्यालय सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग मंडला में अटैच किया गया है। इसके अलावा, आउटसोर्स पर कार्यरत स्टॉफ नर्स सुरसरी अंजली सैयाम की सेवाएं भी समाप्त कर दी गई हैं।
प्राचार्य मोनिका रोहिला के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई का प्रस्ताव आयुक्त राष्ट्रीय आदिवासी छात्र शिक्षा समिति, नई दिल्ली को भेजा गया है। इस घटना ने एक बार फिर शिक्षा संस्थानों में सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
खेत से गुजरी हाईटेंशन की चपेट में आया किसान, मौके पर मौत
- ग्रामीणों ने शव को रखकर घंटो किया प्रदर्शन, लापरवाह बिजली कंपनी पर कार्रवाई की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के बम्हनी थाना अंतर्गत ग्राम ग्वारा में मंगलवार की दोपहर हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। घटना उस वक्त हुई जब किसान खेत गया हुआ था। अचानक उसके ऊपर से गुजरी हाइटेंशन लाइन से वह टकराया और जमीन पर गिर गया। लोग कुछ समझ पाते तब तक उसकी जान जा चुकी थी। घटना के बाद परिजनों ने शव को रखकर जमकर हंगामा किया, और लापरवाह विद्युत कंपनी वितरण पर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी अनुसार बम्हनी थाना अंतर्गत ग्राम ग्वारा में एक किसान अपने खेत पर पानी चला रहा था, इस दौरान वह खेत से गुजरी झूलती बिजली लाइन की चपेट में आने से घटना का शिकार हो गया देखते ही देखते उसकी मिनटों में दर्दनाक मौत हो गई। परिजनों ने यहां लापरवाह बिजली कंपनी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन भी किया है। जहां अधिकारियों के पहुंचने के बाद उन्हें दोषियों पर कार्यवाही करने का आश्वासन मिला तब जाकर वह सड़क से शव को हटाया।
ग्रामीणों ने बताया कि यहां ग्वारा क्षेत्र में किसानो के खेत से गुजरी लाइन कई महिनो से झूल थी, जिसका सुधार कार्य करने को लेकर बिजली विभाग को मौखिक -लिखित रूप से दर्जनों बार शिकायत करते हो गया। बावजूद इसके ध्यान नहीं दिया गया। मंगलवार को हुई घटना से क्षेत्रीय ग्रामीण में दुख का माहौल है। किसानो का कहना है कि बिजली विभाग की घोर लापरवाही से किसान की मौत गई है। इधर दोषियों पर कार्यवाही की मांग की गई है। मृतक किसान की पहचान नरसिंह जंघेला 55 वर्ष ग्राम ग्वारा के रूप में हुईं है। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। बम्हनी थाना पुलिस मर्ग कायम कर विवेचना की जांच कर रही है।
आज विश्व मच्छर दिवस, बीमारियों के प्रति जागरूकता जरूरी
- मलेरिया और डेंगू से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जारी की सलाह
मंडला महावीर न्यूज 29. आज 20 अगस्त को विश्व मच्छर दिवस मनाया जाएगा। इस मौके पर जिला मलेरिया अधिकारी ने लोगों को मच्छरों से होने वाली बीमारियों के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी है। उन्होंने बताया कि मानसून के मौसम में मच्छरों की संख्या बढ़ जाती है, जिससे मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है।
बताया गया कि मलेरिया मादा एनाफिलीज मच्छर के काटने से फैलता है। यह मच्छर रुके हुए साफ पानी में अंडे देता है। इसके लक्षण हैं- ठंड लगकर तेज बुखार आना, सिरदर्द, उल्टी, बेचैनी और शरीर में कमजोरी। अगर ऐसे लक्षण दिखें तो तुरंत नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में खून की जांच कराएं और डॉक्टर की सलाह पर पूरा इलाज लें। सभी सरकारी अस्पतालों में मलेरिया की जांच और इलाज मुफ्त है।
डेंगू से बचाव के उपाय
डेंगू, चिकनगुनिया और जीका जैसी बीमारियों का कारण एडीस इजिप्टाई मच्छर है। यह मच्छर घर के अंदर अंधेरे और नमी वाली जगहों पर छिपकर बैठता है। यह कूलर, टायरों, खुले मटकों और बाल्टियों में जमा साफ पानी में पनपता है। डेंगू के लक्षणों में 2 से 7 दिनों तक तेज बुखार, सिरदर्द, मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द शामिल है। लक्षण दिखने पर फौरन जांच कराएं और पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ जैसे फलों का रस और पानी पीते रहें। दर्द निवारक गोलियों का सेवन न करें।
मच्छरों को रोकने के लिए करें ये उपाय
मच्छरों से बचने के लिए पानी जमा होने से रोकें। घर में रखी पानी की टंकियों और बाल्टियों को ढककर रखें और पानी को हर 3-4 दिन में बदलें। घर के आसपास साफ-सफाई रखें। सोने के लिए मच्छरदानी का उपयोग करें और घरों में मच्छर निरोधक क्रीम, कॉइल या जाली का इस्तेमाल करें। साथ ही आप अपने घरों में मच्छर भगाने वाले पौधे जैसे लेमनग्रास, गेंदा, तुलसी आदि भी लगा सकते हैं।
राज्यपाल ने बच्चों से की आत्मीय चर्चा, बच्चों से किए सवाल
- सांदीपनि स्कूल चिरईडोंगरी में आयोजित हुई राज्यपाल की पाठशाला
मंडला महावीर न्यूज 29. राज्यपाल मंगू भाई छगन भाई पटेल मंडला प्रवास के दौरान मंगलवार की दोपहर सांदीपनि स्कूल चिरईडोंगरी पहुंचे। यहाँ राज्यपाल ने अलग अंदाज में बच्चों की पाठशाला लगाई। राज्यपाल को अपने विद्यालय की कक्षा में पाकर छात्र-छात्राओं को अत्यंत प्रसन्नता हुई। उन्होंने बच्चों से आत्मीय चर्चा करते हुए उनके नाम, माता-पिता का नाम पूछकर परिचय प्राप्त किया। इसके बाद पाठशाला की तरह सामान्य ज्ञान के प्रश्न कर खुली चर्चा की। उन्होंने बच्चों से क्विज की तरह सवाल करते हुए पूछा कि देश के प्रधानमंत्री कौन है ? भारत की राष्ट्रपति का क्या नाम है ? देश के प्रथम राष्ट्रपति का नाम बतायें? बच्चों ने उत्साह के साथ उनकी पाठशाला के दौरान प्रश्नों के सही उत्तर दिए।
राज्यपाल मंगू भाई छगन भाई पटेल ने इससे पहले निर्माणाधीन सांदीपनि स्कूल भवन का निरीक्षण किया। निर्माण एजेंसी के अधिकारियों एवं स्कूल के स्टॉफ ने यहाँ उनका स्वागत करते हुए मैप के जरिये भवन निर्माण की जानकारी से उन्हें विस्तार से अवगत कराया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, जिला पंचायत सदस्य शालिनी प्रभात साहू, कलेक्टर सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, सीईओ जिला पंचायत श्रेयांस कूमट, एसडीएम नैनपुर आशुतोष ठाकुर सहित संबंधित अधिकारी सांदीपनि स्कूल स्टॉफ व स्कूल के विद्यार्थी मौजूद रहे।
पीएम जनमन योजना जनजातीय समुदाय के जीवन में ला रही बदलाव-राज्यपाल
- ग्राम अमाही में बैगा एवं भारिया समुदाय के लोगों से किया संवाद
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के नैनपुर विकासखंड के ग्राम अमाही में आयोजित पीएम जनमन योजना अंतर्गत लाभान्वित बैगा एवं भारिया समुदाय के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में मप्र के राज्यपाल मंगू भाई पटेल का आगमन हुआ। कार्यक्रम में राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने कहां कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की संवेदनाएं जनजातीय समुदाय के प्रति विशेष रूप से है। जनजातीय वर्ग के भाई-बहनों को आगे लाने के लिए सभी समन्वित प्रयास केन्द्र एवं राज्य सरकार के द्वारा किए जा रहे हैं। इस परिप्रेक्ष्य में प्रधानमंत्री द्वारा पीएम जनमन योजना की शुरूआत की गई जिसमें 24 हजार करोड़ रूपए की राशि का प्रावधान है।
राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने जय जोहार के साथ अपने उद्बोधन की शुरूआत की। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से विशेष पिछड़ी जनजातियों को प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं के लाभ से लाभान्वित किए जाने का काम देश एवं प्रदेश में एकसाथ किया जा रहा है। इसके तहत विशेष पिछड़ी जनजाति बसाहटों में मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जसमें सड़क, बिजली, पानी, स्कूल एवं आंगनवाड़ी केन्द्र शामिल हैं। इस योजना का लाभ मिलने से जनजातीय लोगों के जीवन में बदलाव आएगा। आयुष्मान भारत योजना के तहत बीमार व्यक्ति के नि:शुल्क इलाज की व्यवस्था की जिम्मेदारी सरकार ने उठाई है। महिलाओं को खाना बनाने के दौरान धुएं से मुक्ति दिलाने के लिए उज्जवला गैस योजना की शुरूआत की गई है। राज्य सरकार द्वारा लाड़ली लक्ष्मी योजना एवं लाड़ली बहना योजना से उनके जीवन में बदलाव देखने को मिला है। स्व-सहायता समूहों ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त किया है। महिलाओं का जीवन स्तर बेहतर हुआ है। उनके चेहरे की मुस्कान से यह सिद्ध हो रहा है।
राज्यपाल ने कहा कि सिकल सेल की बीमारी आनुवांशिक है। इसके उन्मूलन के लिए व्यापक जागरूकता आवश्यक है। सरकार ने इस बीमारी को जड़ से खत्म करने का बीड़ा उठाया है। केन्द्र सरकार ने वर्ष 2047 तक भारत को सिकल सेल एनीमिया मुक्त करने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने यहां मौजूद सभी लोगों से आग्रह किया है कि विवाह के पहले लड़के-लड़कियों को अपने सिकल सेल जेनेटिक काड्र्स का मिलान अवश्य कराना चाहिए। सिकल सेल से पीडि़त व्यक्ति का चिन्हांकन एवं त्वरित रोग उपचार ही इस बीमारी से बचा सकता है। जितनी जल्दी इस रोग का पता चलेगा, इसे नियंत्रित करने की संभावना उतनी होगी। जनजातीय क्षेत्रों में यह बीमारी प्राय: देखी जा रही है। अत: आप आंगनवाड़ी केन्द्र एवं अन्य स्वास्थ्य केन्द्रों में जाकर सिकल सेल एनीमिया की जांच करवाएं। इस बीमारी के उन्मूलन के लिए सभी की सक्रिय सामूहिक भागीदारी जरूरी है।
मंत्री संपतिया उइके ने कहा कि आज हमारे लिए सौभाग्य का दिन है राज्यपाल मंडला जिले में आए हैं। उन्होंने हमारे जनजातीय भाई-बहनों को उनके नवनिर्मित घर में गृहप्रवेश कराया है। सरकार सिकल सेल एनीमिया की बीमारी को गंभीरता से समझकर उसके उन्मूलन के लिए लगातार कार्य कर रही है। राज्य सरकार जनजातीय वर्ग के कल्याण के क्षेत्र में भी कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

कार्यक्रम की शुरूआत राज्यपाल एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्जवलन कर की। कार्यक्रम के प्रारंभ एवं अंत में राष्ट्रगान का भी गायन हुआ। मंचीय कार्यक्रम में पहुंचने के पहले राज्यपाल मंगू भाई पटेल एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम परिसर पर रेशम विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा सिकल सेल एनीमिया स्वास्थ्य शिविर का भी अवलोकन किया। कार्यक्रम के अंत में सिकल सेल दिव्यांगता प्रमाण पत्र एवं कान की मशीन भी वितरित की गई। जनजातीय समुदाय द्वारा स्नेह स्वरूप आदिवासी पारंपरिक वाद्ययंत्र मृदंग राज्यपाल श्री पटेल को भेंट किया गया।

इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, पूर्व विधायक देवसिंह सैयाम, नगरपालिका परिषद नैनपुर की अध्यक्ष कृष्णा पंजवानी, जिला पंचायत सदस्य शालिनी प्रभात साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष नैनपुर ओमवती उइके, सरपंच अखिलेश मरावी, कलेक्टर सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, एसडीएम नैनपुर आशुतोष ठाकुर, जनपद पंचायत सीईओ विनोद मरावी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद थे।
राज्यपाल ने पीएम जनमन योजना के लाभार्थियों का कराया गृह प्रवेश
- ग्राम अमाही में रहा उत्सव जैसा माहौल
राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने मंगलवार को ग्राम अमाही में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के हितग्राहियों को गृह प्रवेश कराया। इस दौरान परिवारजनों से आत्मीय बातचीत कर उनसे इस योजना का लाभ मिलने के बाद उनके जीवन में आए बदलाव के बारे में जाना। इस मौके पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, जनपद पंचायत अध्यक्ष नैनपुर ओमवती उइके, सरपंच अखिलेश मरावी, कलेक्टर सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, एसडीएम नैनपुर आशुतोष ठाकुर, जनपद पंचायत सीईओ विनोद मरावी मौजूद थे।
राज्यपाल ने प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के हितग्राही निर्मला करनपुरिया, राधाबाई धुर्वे, पुष्पा उइके एवं आशाबाई उइके को गृह प्रवेश कराया। अपने घर के गृह प्रवेश के इस कार्यक्रम में शामिल हुए राज्यपाल की मौजूदगी से सभी लोग आनंदित और उत्साहित नजर आए। हितग्राहियों ने भी ख़ुशी से पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका स्वागत किया और छींदी से बने पुष्पगुच्छ भेंट किए। नवनिर्मित आवास में पहुंचकर राज्यपाल ने इन हितग्राहियों से पूछा कि नए घर में आकर कैसा महसूस कर रहे हैं? शासन की किन-किन योजनाओं का लाभ प्राप्त हो रहा है? राज्यपाल ने कहा कि अपने बच्चों को अवश्य पढ़ाए। यही आपके प्रगति की दिशा तय करेगी। सरकार प्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए बनाई गई विभिन्न राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया।
स्वयं सहायता समूह की लखपति दीदी से किया संवाद
राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने इस अवसर पर स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से लखपति दीदी के रूप में अपनी पहचान बनाई सोहनिया मरावी से संवाद किया। सोहनिया मरावी ने बैगाचक महिला किसान उत्पादक प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के बारे में विस्तार से जानकारी दी और बताया कि इस कंपनी में वर्तमान में 16 हजार से अधिक महिला किसान सदस्य हैं। कंपनी का अब तक का कुल टर्नओवर 7 करोड़ रूपए से अधिक का है। यह कंपनी कोदो-कुटकी, मसूर की खरीदी प्रसंस्करण कर कोदो का चावल बनाती है एवं बिक्री करती है। आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित स्व-सहायता समूह के माध्यम से उनकी आर्थिक स्थिति में काफी बदलाव आया है। इससे होने वाली आय से उन्होंने 3 ट्रेक्टर, 2 थ्रेसर, एक रोटावेटर और एक लेंडलीवर खरीदा है। इन सभी के उपयोग से उन्हें 90 हजार से एक लाख रूपए की मासिक आय हो रही है। बच्चे अब इंग्लिश मीडियम स्कूल में पढ़ाई कर रहे हैं। राज्यपाल ने उनकी प्रशंसा करते हुए अन्य महिलाओं को भी आजीविका मिशन से जुड़कर प्रगति की राह पर अग्रसर होने कहा।
आंगनवाड़ी केन्द्र का किया निरीक्षण, परिसर में किया पौधारोपण
हितग्राहियों के गृहप्रवेश कार्यक्रम एवं लखपति दीदी संवाद के उपरांत उन्होंने आंगनवाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया। यहां मौजूद बच्चों को पोषण टोकरी एवं उपहार भेंट किए। साथ ही गोदभराई एवं अन्न प्राशन कार्यक्रम में शामिल हुए। एक पेड़ मां के नाम अभियान अंतर्गत आंगनवाड़ी परिसर में अशोक का पौधा लगाया।
उपनिरीक्षक माथरे ने सुलझाई मोटरसाइकिल चोरी की गुत्थी
- सीसीटीवी फुटेज और साइबर सेल की मदद से इंदौर में पकड़ा गया आरोपी
- बुलेट बरामद, अन्य चोरियों का हो सकता है खुलासा
- घुघरी पुलिस को मिली बड़ी सफलता
मंडला महावीर न्यूज 29. घुघरी पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी का मामला सुलझाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस सफलता का श्रेय उपनिरीक्षक रामकिशोर माथरे को दिया जा रहा है, जिन्होंने अपनी सूझबूझ और तकनीकी जानकारी का इस्तेमाल करते हुए चोर को धर दबोचा। पुलिस को उम्मीद है कि इस गिरफ्तारी से इलाके में हुई अन्य चोरियों का भी खुलासा हो सकता है।
जानकारी अनुसार घुघरी थाना क्षेत्र में विगत 31 जुलाई को एक मोटरसाईकिल चोरी की वारदात को एक अज्ञात चोर द्वारा अंजाम दिया गया। जब घुघरी निवासी निवेश झारिया की बुलेट मोटरसाइकिल एमपी 51 जेडबी 0939 उनकी दुकान के सामने से चोरी हो गई। जिसकी शिकायत निवेश झारिया ने घुघरी पुलिस को की। शिकायत मिलने के बाद घुघरी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
ऐसे पकड़ा गया चोर
उपनिरीक्षक रामकिशोर माथरे ने सबसे पहले इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति को बुलेट ले जाते हुए देखा गया। फुटेज की पुष्टि के लिए रामकिशोर माथरे खुद डिंडोरी गए और वहाँ से मिली जानकारी के आधार पर पडरिया, बजाग, जिला डिंडौरी के एक संदिग्ध व्यक्ति अमन नंदा पर शक हुआ। साइबर सेल की मदद से आरोपी का मोबाइल नंबर और लोकेशन ट्रेस की गई, जो इंदौर में मिली। इसके बाद रामकिशोर माथरे अपनी टीम के साथ इंदौर गए और आरोपी को हिरासत में ले लिया। कड़ी पूछताछ के बाद आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और उसकी निशानदेही पर चोरी की गई बुलेट बरामद कर ली गई।
पुलिस टीम का सराहनीय कार्य
इस सफल ऑपरेशन में पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पूजा बघेल, उपनिरीक्षक रामकिशोर माथरे, उपनिरीक्षक मनोज कुमार गौतम, सहायक उपनिरीक्षक रामकृष्ण बघेल और साइबर सेल आरक्षक सुरेश भटेरे समेत पूरी टीम का अहम योगदान रहा। आरोपी अमन नंदा को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
सड़क हादसे में बोलेरो पलटी, एक की मौत
- डोंगर मंडला में भीषण सड़क हादसा, बोलेरो पलटने से एक की मौत
- घुघरी थाना क्षेत्र के डोंगर मंडला में हुआ सड़क हादसा, ड्राइवर फरार
मंडला महावीर न्यूज 29. घुघरी थाना क्षेत्र के डोंगर मंडला में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब डिंडोरी जिले के माढिय़ारास से आ रही एक तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि बोलेरो में सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में पांच अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल पास के स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया। हादसे के तुरंत बाद बोलेरो का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। बताया गया कि पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार ड्राइवर की तलाश कर रही है।
रिपोर्टर- दुर्गेश प्रजापति घुघरी ✍️
एकलव्य स्कूल की छात्रा शिल्पा मरावी का निधन, लापरवाही के आरोप
- छात्रा की तीन दिन में मौत से मचा हड़कंप
- मजिस्ट्रियल जांच की मांग
- गोंगपा ने किया थाने का घेराव, सांसद ने दी आर्थिक सहायता
- नागपुर के निजी अस्पताल में ली अंतिम सांस
- प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में मचा हड़कंप
मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड निवास के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पिपरिया में 15 अगस्त को अचानक बेहोश होकर गिरी कक्षा 10वीं की छात्रा शिल्पा मरावी ने रविवार देर रात नागपुर के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। छात्रा के मौत की खबर आग की तरह फैल गई, जिससे पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई। सोमवार को निजी एम्बुलेंस से शव को निवास लाया गया, जहाँ निवास मुख्यालय पर राजनेताओं और सामाजिक संगठनों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान निवास विधायक चैन सिंह वरकड़े, कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. अशोक मर्सकोले, भाजपा मंडल अध्यक्ष आकाश पांडे और अन्य जनप्रतिनिधि व समाजसेवी मौके पर पहुंचे। शव का पोस्टमार्टम जिला स्वास्थ्य अधिकारी की निगरानी तीन सदस्यीय टीम द्वारा किया गया, जिसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. अशोक मर्सकोले ने कहां कि तीन दिन में बच्ची का मौत होना ये बहुत बड़ी लापरवाही हैं, इसकी मजिस्ट्रियल जांच कर दोषियों पर कार्यवाही होनी चाहिए।
जानकारी अनुसार मंडला जिले के निवास विकासखंड अंतर्गत एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पिपरिया में स्वतंत्रता दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम देने के कुछ घंटे बाद ही शिल्पा मरावी पिता लोकेश मरावी कक्षा दसवीं की होनहार छात्रा अचानक बेहोश हो जाती हैं इतना ही नहीं स्कूल के लगभग डेढ़ दर्जन बच्चे भी बीमार हो जाते हैं, जिन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र निवास में लाकर भर्ती कराया जाता है, लेकिन शिल्पा की हालत गंभीर देखते हुए जबलपुर मेडिकल भेजा जाता हैं। जहां परिजन बेहतर इलाज के लिए एक जबलपुर के निजी अस्पताल लेकर जाते है। शेष बच्चों को वापिस परिसर लाया जाता है, जहां अन्य बच्चों का स्वास्थ्य खराब हो जाता है, जिसके बाद सभी बच्चों को मंडला जिला अस्पताल उपचार के लिए लाया जाता है। वही शिल्पा मरावी की हालत दिन व दिन बिगड़ती गई स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि शिल्पा को जबलपुर से नागपुर के लिए भेजा गया लेकिन रविवार देर रात्रि में नागपुर चिकित्सकों ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया। वही सोमवार को जिला अस्पताल में उपचाररत एक छात्र को जबलपुर मेडिकल रेफर किया गया है।
तत्काल मंडला सांसद ने कराई सहायत राशि उपलब्ध
बताया गया कि इस घटना की जानकारी जैसे ही मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते को लगी तो उन्होंने गहरा दुख जताते हुए फोन पर परिजनों से बात की और पूर्व विधायक रामप्यारे कुलस्ते व भाजपा मंडल अध्यक्ष आकाश पांडे को शोकाकुल परिवार के घर भेजकर परिजनों को पचास हजार रुपए नगद सहायता राशि प्रदान कराई। उन्होंने दोषियों पर उचित कार्यवाही का आश्वासन भी दिया हैं। इसके साथ ही प्रशासन ने 25 हजार रुपए की सहायता राशि देने की बात कही। छात्रा शिल्पा मरावी का अंतिम संस्कार निवास विकासखंड के ग्राम भलवारा में आदिवासी रीति रिवाज नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर हैं अंतिम संस्कार पर जिले का पूरा प्रशासनिक आमला सहित सभी दलों के जनप्रतिनिधि और समाजसेवी बड़ी संख्या में मौजूद रहे और श्रंद्धाजलि दी।
गोंगपा ने थाने का घेराव कर किया प्रदर्शन
एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की छात्रा की मौत के बाद गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। छात्रा की लापरवाही से मौत होने का आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर करीब आधे घंटे तक ताला लगाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि प्रशासन इस गंभीर मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। उन्होंने स्कूल प्रबंधक पर लापरवाही का आरोप लगाया और कहा कि स्कूल का संचालन प्रबंधक के पति द्वारा किया जा रहा है। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने मृतिका के परिजनों को मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग की। मौके पर पहुंचे सहायक आयुक्त वंदना गुप्ता, एसडीएम सीएल वर्मा, विधायक चैन सिंह वरकड़े, निवास एसडीओपी पीएस वालरे, निवास थाना प्रभारी वर्षा पटेल, निवास जनपद पंचायत सीईओ श्रद्धा सोनी समेत अन्य अधिकारियों की समझाइश के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए।
स्कूल प्रबंधक ने नहीं की मदद, निष्पक्ष जांच की मांग
एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की मृत छात्रा शिल्पा मरावी की बड़ी बहन आकांक्षा मरावी ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही और गैर-जिम्मेदारी का आरोप लगाया है। उन्होंने हमारे संवाददाता से बातचीत में बताया कि निवास से लेकर जबलपुर तक का पूरा इलाज उन्होंने अपने दम पर कराया, जिसमें स्कूल प्रबंधक मोनिका रोहिला ने किसी भी प्रकार की कोई मदद नहीं की। आकांक्षा ने बताया कि जब डिस्चार्ज पेपर पर हस्ताक्षर करने की बात आई तो प्रबंधक ने साफ इनकार कर दिया। हालांकि उन्होंने एक शिक्षक की सराहना की, जिन्होंने शिल्पा को जरूरत पडऩे पर रक्तदान किया। आकांक्षा ने बताया कि उनकी बहन पहले से किसी बीमारी से पीडि़त नहीं थी और वह स्कूल की एक होनहार छात्रा और कैप्टन थी। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस छावनी में तब्दील रहा एकलव्य स्कूल परिसर
एकलव्य स्कूल की छात्रा की मौत के बाद सोशल मीडिया पर फैली नाराजगी और हंगामे की आशंका को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पिपरिया स्थित स्कूल परिसर, पोस्टमार्टम घर, थाना और ग्राम भलवारा में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। मंडला पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में निवास एसडीओपी पीएस वालरे ने सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की।
एक और छात्र को किया जबलपुर रेफर
एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पिपरिया का एक और छात्र जिसका मंडला जिला अस्पताल में इलाज चल रहा था, उसकी हालत बिगडऩे के बाद सोमवार को जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। अन्य 15 छात्रों का इलाज जारी है। इस घटना के बाद प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं कि क्या दोषियों पर कोई निष्पक्ष कार्रवाई होगी या सिर्फ खानापूर्ति की जाएगी।
जांच के लिए समिति गठित
एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पिपरिया के छात्रावास में बच्चों के बीमार होने और एक छात्रा की मौत के मामले की जांच के लिए एक समिति का गठन किया गया है। कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देश पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) निवास सीएल वर्मा को इस जांच समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। समिति में सीईओ जनपद पंचायत श्रद्धा सोनी, बीएमओ डॉ. विजय पैगवार, तहसीलदार संदीप नागोसे और सहायक संचालक जनजातीय कार्य विभाग विष्णु सिंगौर को सदस्य बनाया गया है। यह जांच समिति पूरे मामले की गहनता से जांच करेगी और अपनी रिपोर्ट तीन दिन के भीतर कलेक्टर कार्यालय को अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करेगी।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे
⇓
एकलव्य स्कूल की छात्रा शिल्पा की हालत नाजुक – Mahaveer News 29
⇓
एकलव्य विद्यालय में डेढ़ दर्जन बच्चे बीमार – Mahaveer News 29
टिकरिया पुलिस को मिली सफलता, चोरी हुई बाइक बरामद
- शिकायतकर्ता के चेहरे पर आई खुशी
- नेशनल हाईवे से लावारिस हालत में मिली बाइक
मंडला महावीर न्यूज 29. टिकरिया पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। 9 अगस्त को आदिवासी दिवस के दिन चोरी हुई बाइक क्रमांक एमपी 51 जेडसी 3257 को पुलिस ने 17 अगस्त को बरामद कर लिया है। बाइक मिलने के बाद शिकायतकर्ता के चेहरे पर खुशी लौट आई है।
बाइक मालिक ने टिकरिया थाने में अपनी बाइक चोरी होने की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर, थाना प्रभारी गोपाल घासले ने तुरंत एक पुलिस टीम का गठन किया और जांच शुरू कर दी।
काफी खोजबीन के बाद, पुलिस को सूचना मिली कि बाइक नेशनल हाईवे पर नारायणगंज के खन्ना ढाबे के पास लावारिस हालत में पड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बाइक को अपनी हिरासत में ले लिया। पुलिस ने इस मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल का मंडला आगमन आज
- कलेक्टर ने राज्यपाल के आगमन की तैयारियों का किया निरीक्षण
मंडला महावीर न्यूज 29. राज्यपाल मंगुभाई पटेल के मंडला जिले में प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम के मद्देनजर तैयारियों का जायजा लेने कलेक्टर सोमेश मिश्रा सेमरखापा एकलव्य आदर्श विद्यालय पहुँचे। प्राप्त जानकारी के अनुसार 20 अगस्त को राज्यपाल मंगुभाई पटेल की विशेष मौजूदगी में एकलव्य ऑडीटोरियम में परंपरागत चिकित्सा का स्वास्थ्य संवर्धन में योगदान एवं सिकल सेल प्रबंधन विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया जाना है। इसके साथ ही लखपति दीदियों से संवाद भी करेंगे। इसके उपरांत आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ भोज में शामिल होंगे। इन सभी की तैयारियों के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर दिए। कार्यक्रम स्थल पर आयुष विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर एवं विभागीय स्टॉल भी लगाए जा रहे हैं।
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने विशिष्ट अतिथियों की मंच पर बैठक व्यवस्था, ग्रीनरूम, सुरक्षा व्यवस्था, भोजन व्यवस्था, लखपति दीदी संवाद स्थल पर आवश्यक तैयारियों के दिशा-निर्देश दिए। साथ ही इन सभी तैयारियों को समय के पूर्व पूरा करने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, जिला पंचायत सीईओ श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, मंडला एसडीएम सोनल सिडाम सहित अन्य संबंधित अधिकारी और विभागीय अमला मौजूद था।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल का मंडला दौरा कार्यक्रम
- चिरईडोंगरी में सांदीपनी विद्यालय भवन का करेंगे निरीक्षण
- राज्यपाल मंगुभाई पटेल शाम 7 बजे माहिष्मती घाट में मां नर्मदा की करेंगे पूजा-आरती
मंडला महावीर न्यूज 29. राज्यपाल मंगुभाई पटेल का 19 अगस्त को मंडला आगमन हो रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार श्री पटेल 19 अगस्त को स्टेट हेंगर भोपाल से मंडला के लिए रवाना होंगे तथा दोपहर 2 बजे मंडला के ग्वारा हवाई पट्टी पर पहुँचेंगे। दोपहर 2 बजे ग्वारा से रवाना होंगे तथा दोपहर 2.05 ग्राम चिरईडोंगरी के लिए रवाना होंगे। यहाँ सांदीपनी विद्यालय भवन का निरीक्षण करेंगे। राज्यपाल मंगुभाई पटेल दोपहर 2.50 बजे ग्राम अमाही के लिए प्रस्थान करेंगे और यहाँ आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वे शाम 4.35 बजे यहाँ से प्रस्थान कर शाम 5 बजे मंडला सर्किट हाउस पहुँचेंगे। राज्यपाल मंगुभाई पटेल शाम 7 बजे माहिष्मती घाट में मां नर्मदा की पूजा-आरती करेंगे। शाम 7.35 बजे सर्किट हाउस आकर कर रात्रि विश्राम करेंगे।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल 20 अगस्त को प्रात: 10.15 बजे एकलव्य स्कूल सेमरखापा के लिए रवाना होंगे तथा सुबह 10.30 बजे एकलव्य विद्यालय सेमरखापा पहुंचेंगे। सुबह 10.30 बजे से 11 बजे तक प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। इसके बाद यहाँ आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर 12.15 बजे से दोपहर 1 बजे तक एकलव्य विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ भोजन करेंगे। राज्यपाल मंगुभाई पटेल दोपहर 1 बजे जिला सिवनी के लिए प्रस्थान करेंगे।
समान कार्य, समान वेतन और नियमितीकरण की मांग
- संविदा कर्मचारियों ने 10 सूत्री मांगों को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
मंडला महावीर न्यूज 29. संविदा संयुक्त मंच जिला इकाई मंडला ने अपनी 10 सूत्री मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपा। इसमें सभी विभागों के संविदा कर्मचारियों के लिए नियमित कर्मचारियों के समान लाभ, समान कार्य-समान वेतन और नियमितीकरण जैसी महत्वपूर्ण मांगें शामिल हैं। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला पंचायत, आजीविका मिशन, सर्व शिक्षा अभियान, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, पीएचई विभाग, मनरेगा, वाटरशेड व अन्य विभागों के संविदा अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
ज्ञापन में बताया है कि 4 जुलाई 2023 को हुई महापंचायत व 22 जुलाई 2023 को सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी संविदा नीति का सभी विभागों में क्रियान्वयन किया जाए। संविदा कर्मचारियों को नियमित कर्मचारियों के समान अनुकंपा नियुक्ति, ग्रेच्युटी, मेडिकल अवकाश,समान कार्य समान वेतन का लाभ, महंगाई भत्ता के साथ अर्जित एवं मेडिकल अवकाश का प्रावधान किया जाए, सीधी भर्ती में 50 प्रतिशत आरक्षण के साथ अनुभव के अंक जोड़े जाएं अथवा न्यूनतम कट ऑफ 33 प्रतिशत तय किया जाए। कार्यरत संविदा कर्मचारियों को अन्य योजनाओं में समकक्ष पद पर समायोजित किया जाए। कृषि, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, जिला ई-गवर्नेंस, सामाजिक न्याय विभाग, बीकानेर आवास केंद्र इत्यादि में कार्यरत संविदा कर्मचारियों को नियमित पदों पर समकक्ष ग्रेड दिया जाए। संविदा कर्मचारी का कम से कम 20 लाख रुपए का सामूहिक बीमा लाभ, रिक्त आवास उपलब्ध न होने की स्थिति में संविदा कर्मचारियों को आवास भत्ता स्वीकृत किया जाए।
ज्ञापन के माध्यम से अन्य मुद्दे भी उठाए गए, जिनमें डाटा एंट्री ऑपरेटर का वेतन मैट्रिक्स लेवल 6 पर तय करना, पीएससी भर्ती में चिकित्सा क्षेत्र के संविदा कर्मचारियों को अनुभव के आधार पर वरीयता देना, और नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू होने तक वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति देना शामिल है।
19 अगस्त को विश्व हिंदू परिषद का 61वां स्थापना दिवस
- सामाजिक समरसता संगोष्ठी होगी आयोजित
- केन्द्रीय मंत्री देवजी भाई रावत होंगे मुख्य वक्ता
मंडला महावीर न्यूज 29. विश्व हिंदू परिषद का 61वां स्थापना दिवस एवं सामाजिक समरसता संगोष्ठी कार्यक्रम आज 19 अगस्त को शाम 6 बजे से झंकार सभा गृह मंडला में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना और संगठन की 61 वर्षों की यात्रा को याद करना है। विहिप के जिला मंत्री मनोज फागवानी और जिला मंत्री अमित बैरागी ने बताया कि विहिप की स्थापना 1964 में भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य दिवस श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर हुई थी। संगठन का उद्देश्य गिरिवासी और वनवासी समाज में सेवा, मठ-मंदिर, तीर्थ और यात्राओं की भूमिका को पुर्नस्थापित करना और समाज में सभी मत-भेदों से मुक्त एक अजेय हिंदू शक्ति को खड़ा करना है।
बताया गया कि कार्यक्रम में मुख्य वक्ता केंद्रीय मंत्री और अखिल भारतीय सामाजिक समरसता प्रमुख देवजी भाई रावत होंगे, वही कार्यक्रम की अध्यक्षता राजेश जैन करेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में सुभाष कुमार डांगोरिया उपस्थित रहेंगे। विहिप ने सभी नगरवासियों से इस कार्यक्रम में शामिल होने का अनुरोध किया है। संगठन का मानना है कि लोगों की उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ेगी और वे संगठन के कार्यों से परिचित होंगे।
तीन संतान वाले शिक्षकों की बैठक, मंत्री को सौंपा ज्ञापन
- ट्राइबल टीचर्स एसोसिएशन ने उठाया मुद्दा
- कैबिनेट मंत्री ने कार्रवाई न करने का दिया आश्वासन
मंडला महावीर न्यूज 29. ग्राम टिकरवारा में ट्राइबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन की बैठक आयोजित की गई। जिसमें जिले भर से 150 से अधिक 3 संतान वाले शिक्षक शामिल हुए। बैठक में कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके, टिकरवारा की सरपंच श्रद्धा उईके करवेती, एसोसिएशन पदाधिकारियों में प्रदेश अध्यक्ष डीके सिंगौर, जिलाध्यक्ष दिलीप मरावी, कार्यकारी जिलाध्यक्ष नंदकिशोर कटारे, जिला मीडिया प्रभारी अभित गुप्ता मौजूद रहे।
बैठक में उन शिक्षकों के मामलों पर मुख्य रूप से चर्चा हुई, जिनकी दो से अधिक जीवित संतानें हैं और उनमें से एक का जन्म 26 जनवरी 2001 के बाद हुआ है। शिक्षकों ने बताया कि कुछ लोग उन्हें नौकरी से बर्खास्त कराने की धमकी देकर पैसे की मांग कर रहे हैं। इस पर, एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मध्यप्रदेश सिविल सेवा नियम 1961 व 1965 केवल सरकारी नौकरी में नियुक्ति पर लागू होता है, सेवा के दौरान नहीं। इसके साथ ही शिक्षाकर्मी, संविदा शिक्षक और अध्यापक पद पंचायत सेवा के अंतर्गत आते हैं, जिन पर यह नियम लागू ही नहीं होता।
कैबिनेट मंत्री को सौंपा ज्ञापन
सभी शिक्षक टिकरवारा सरपंच श्रद्धा उईके और प्रदेश अध्यक्ष डीके सिंगौर के नेतृत्व में पीएचई मंत्री संपतिया उईके से मिले और उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। उन्होंने जिला स्तर पर तीन संतान वाले शिक्षकों की जानकारी जुटाने और उसे उच्च कार्यालय भेजने का विरोध किया। शिक्षकों ने बताया कि नियम बनने के बाद उनसे कोई वचन पत्र नहीं लिया गया था, इसलिए उन पर कोई कार्रवाई नहीं बनती है। मंत्री ने इस संबंध में सीधे शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह से बात की, जिन्होंने बताया कि इस मामले में विभाग से कोई कार्रवाई का पत्र जारी नहीं हुआ है। कैबिनेट मंत्री संपतिया उईके ने सहायक आयुक्त वंदना गुप्ता से भी बात कर निर्देश दिए कि जब तक उच्च कार्यालय से स्पष्ट निर्देश न आएं, तब तक कोई कार्रवाई न करें। बैठक में प्रतिनियुक्ति वाले शिक्षकों और नैनपुर ब्लॉक के शिक्षकों की समस्याओं पर भी चर्चा हुई।
मेहरा समाज महासंघ की जिला कार्यकारिणी का गठन
- अंगूरी झारिया बनीं महिला कार्यकारिणी की जिलाध्यक्ष
- महिला सशक्तिकरण और समाज के उत्थान पर रहेगा जोर
मंडला महावीर न्यूज 29. मेहरा समाज महासंघ द्वारा महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष कमला डेहरिया के मार्गदर्शन में जिला महिला कार्यकारिणी का गठन किया गया है। इस नई कार्यकारिणी में अंगूरी झारिया को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। कार्यकारिणी में तीन उपाध्यक्ष भी नियुक्त किए गए हैं, जिनमें हेमपुष्पा झारिया, संध्या झारिया और शारदा झारिया शामिल हैं। सचिव पद की जिम्मेदारी अंजलि झारिया को दी गई है, जबकि पप्पी झारिया, आकांक्षा झारिया और रागिनी झारिया को संयुक्त सचिव बनाया गया है। रितु झारिया को कोषाध्यक्ष और संध्या झारिया को सह-कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
बताया गया कि शपथ ग्रहण समारोह में राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट खेमराज झारिया, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष इंजीनियर एनके दास, राष्ट्रीय कार्यकारी उपाध्यक्ष कल्पना नागेश्वर, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष श्यामलता झारिया, प्रांतीय संयुक्त सचिव निशा झारिया, मंडला जिलाध्यक्ष बंसत कुमार झारिया और संरक्षक एचपी झारिया सहित कई सामाजिक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित थे। संघ ने उम्मीद जताई है कि नवनियुक्त पदाधिकारी महिला सशक्तिकरण, सामाजिक कुरीतियों को दूर करने और शिक्षा के क्षेत्र में समाज के उत्थान के लिए सक्रिय रूप से काम करेंगी। संघ का मानना है कि इन पदाधिकारियों के प्रयासों से समाज को एक नई दिशा मिलेगी।
माटी के गणेश बनाने की कार्यशाला आयोजित
- रानी दुर्गावती कॉलेज में ग्राम विकास समितियों का प्रशिक्षण
- समाज और सरकार के बीच सेतु का कार्य करेगी प्रस्फुटन समितियां
मंडला महावीर न्यूज 29. मप्र जन अभियान परिषद द्वारा रानी दुर्गावती महाविद्यालय मंडला में विकासखंड स्तरीय ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों की सक्रियकरण बैठक और प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने माँ सरस्वती की पूजा के साथ किया। इस अवसर पर जिला समन्वयक राजेंद्र चौधरी ने प्रशिक्षण की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि किसी भी गाँव या नगर का विकास तब तक संभव नहीं है, जब तक वहाँ के लोग खुद विकास में सक्रिय न हों। उन्होंने बताया कि समाज की इसी स्वैच्छिक प्रवृत्ति को बढ़ावा देने के लिए हर साल ग्राम और नगरीय क्षेत्रों में प्रस्फुटन समितियों का गठन किया जाता है। परिषद इन समितियों के माध्यम से हर घर तिरंगा, एक पेड़ माँ के नाम, नशा मुक्ति अभियान और नवांकुर सखी हरियाली यात्रा जैसे विभिन्न अभियानों में भी सहयोग करती है।
कार्यशाला में बाल कल्याण समिति की सदस्य तृप्ति शुक्ला ने कहा कि जन अभियान परिषद सरकार और समाज के बीच एक सेतु की तरह काम करती है। ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के जरिए शासन की जन-कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर गाँवों में अंतिम छोर तक खड़े व्यक्ति को लाभ पहुँचाया जाता है। नर्मदा समग्र के पूर्व संभाग समन्वयक लालाराम चक्रवर्ती ने माटी गणेश सिद्ध गणेश सृजन योजना के तहत लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के लिए माटी के गणेश बनाने का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने गणेश चतुर्थी के अवसर पर हर घर में माटी के गणेश की स्थापना करने का आह्वान किया। कार्यशाला के अंत में विकासखंड समन्वयक संतोष कुमार झारिया ने आभार व्यक्त किया। इस दौरान मेंटर्स, प्रस्फुटन समितियों के प्रतिनिधि, नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि और सीएमसीएलडीपी के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
अज्ञात चोर ने बाईक की चोरी
- देर रात्रि चोरी की वारदात को दिया अंजाम
- मंडला निवास मार्ग में देवरीकला बबलिया में मोटरसाईकिल चोरी
मंडला महावीर न्यूज 29. विगत दिवस 14 व 15 अगस्त की दरमियानी रात एक अज्ञात चोर ने घर के बाहर खड़ी मोटरसाईकिल पर हाथ साफ कर दिया। ग्राम देवरीकला बबलिया निवासी शिकायतकर्ता दीपक यादव ने इसकी रिपोर्ट निवास थाने में दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता दीपक ने रिपोर्ट में बताया कि वह कृषि कार्य करता है, और 14 अगस्त को वह अपनी मोटरसाईकिल क्रमांक एमपी 51 एमजे 7027 को रात्रि करीब 9 बजे घर के सामने मार्ग किनारे ग्राम देवरीकला बबलिया में खड़ा कर दिया था।
वही मोटरसाईकिल रात्रि 12 बजे तक घर के सामने खड़ी रही। शिकायतकर्ता दीपक ने बताया कि 15 अगस्त की सुबह 4 बजे जब वह उठा और देखा तो उसकी मोटरसाईकिल अपने स्थान पर नहीं थी। किसी अज्ञात चोर द्वारा उसकी मोटरसाईकिल चोरी कर ली गई। आसपास बाईक की तालाश की लेकिन कहीं नहीं मिली। जिसकी शिकायत निवास थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर चोर की तालाश शुरू कर दी है।
एकलव्य स्कूल की छात्रा शिल्पा की हालत नाजुक
- आईसीयू में जारी है इलाज, जबलपुर के बाद नागपुर किया रेफर
- स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के बाद हुई थी बीमार
- 16 अन्य छात्र भी मंडला अस्पताल में भर्ती
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के निवास ब्लाक की एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पिपरिया के कक्षा 10वीं की छात्रा शिल्पा मरावी की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। स्वतंत्रता दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद अचानक बेहोश होकर गिरी शिल्पा पिछले तीन दिनों से जबलपुर के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में जिंदगी की जंग लड़ रही है अब जबलपुर के चिकित्सक ने छात्रा की गंभीर हालत देखते हुए नागपुर रेफर कर दिया हैं। देर शाम परिजन निजी एम्बुलेंस से छात्रा को नागपुर के लिए रवाना हो गए हैं। बताया गया है कि शिल्पा स्कूल की हर गतिविधि में भाग लेती थी। स्वतंत्रता दिवस पर अपनी प्रस्तुति देने के एक घंटे बाद ही उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन होश न आने पर उसे जबलपुर मेडिकल रेफर कर दिया गया था
प्रशासनिक अमला अलर्ट, परिसर में साफ-सफाई
जब यह मामला मीडिया और जनप्रतिनिधियों के संज्ञान में आया तो स्कूल प्रबंधन द्वारा स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई और हॉस्टल के गेट पर ताला लगा दिया गया। विरोध के बाद निवास एसडीएम सीएल वर्मा सहित पूरा प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। जाँच में पाया गया कि लगभग डेढ़ दर्जन बच्चे बीमार थे। इनमें से 16 बच्चों को इलाज के लिए जिला अस्पताल मंडला भेजा गया, जहाँ मंडला कलेक्टर सोमेश मिश्रा खुद उनसे मिलने पहुंचे।
बच्चों को दिया गया तीन दिन का अवकाश
घटना के बाद से ही स्कूल परिसर में प्रशासन का डेरा जमा हुआ है। अन्य बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया और परिसर में विशेष साफ-सफाई की गई है। रविवार को सभी स्वस्थ बच्चों को शासकीय वाहनों से उनके घर भेजा गया और हॉस्टल में पाउडर का छिड़काव किया गया। रविवार को मंडला जिला स्वास्थ एवं जबलपुर स्वास्थ विभाग की टीम पहुंची। विकासखंड शिक्षा अधिकारी सुनील दुबे ने बताया कि बच्चों को तीन दिन का अवकाश दिया गया हैं जिससे बच्चे घर पर अपनी सेहत का अच्छे से ख्याल रख सकें और दूरी बनाए रखें। स्कूल परिसर पर विशेष साफ सफाई कराई जा रही है। लगातार जिला कलेक्टर सोमेश मिश्रा, निवास एसडीएम सीएल वर्मा समेत जिला शिक्षा अधिकारी पल पल की अपडेट ले रहे है।
इनका कहना हैं
लगातार हमारे द्वारा निगरानी की जा रही हैं, जो बच्चे स्वस्थ थे उन्हें शासकीय वाहनों से घर भेजा गया हैं, तीन दिन का अवकाश दिया गया हैं, परिसर पर विशेष तौर पर साफ सफाई की जा रही है, पल पल की अपडेट निवास एसडीएम और जिला कलेक्टर हमसे ले रहे हैं। 16 बच्चे मंडला जिला अस्पताल में हैं अभी और एक छात्रा की है हालत नाजुक हैं।
सुनील दुबे, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, निवास
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे
एकलव्य विद्यालय में डेढ़ दर्जन बच्चे बीमार, मामला गरमाया
- कवरेज करने गए पत्रकारों को रोका
- जनप्रतिनिधियों के पहुंचने पर खुला ताला
- 16 छात्र जिला अस्पताल और एक छात्रा जबलपुर रेफर
मंडला महावीर न्यूज 29. मुख्यालय के समीप ग्राम पिपरिया में स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस के दिन एक बड़ा हादसा सामने आया है। विद्यालय में लगभग डेढ़ दर्जन छात्र-छात्राएं बीमार हो गए, जिनमें से एक छात्रा की हालत गंभीर बनी हुई है। पत्रकारों ने जब इस मामले को कवर करने का प्रयास किया, तो हॉस्टल अधीक्षक ने गेट पर ताला लगा दिया और उन्हें अंदर जाने से रोक दिया।
गेट पर धरना, फिर पहुंचे अधिकारी
पत्रकारों को अंदर जाने से रोके जाने के बाद, वे गेट के सामने धरने पर बैठ गए और स्थानीय जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों को इसकी सूचना दी। खबर मिलते ही भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के नेता मौके पर पहुंचे। इनमें भाजपा मंडल अध्यक्ष आकाश पांडे, विधायक चैन सिंह वरकड़े सहित अन्य नेता शामिल थे। उनके पहुंचने पर भी गेट का ताला नहीं खोला गया। इसके बाद एसडीएम सीएल वर्मा, तहसीलदार आलोक सोनी, बीईओ सुनील दुबे और पुलिस बल सहित पूरा प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा, तब जाकर गेट खोला गया।

अस्पताल भेजे गए 16 बच्चे, अधीक्षक पर आरोप
अंदर जाने पर अधिकारियों ने पाया कि लगभग डेढ़ दर्जन बच्चे बीमार थे। हॉस्टल अधीक्षक ने पहले ही कुछ बच्चों के अभिभावकों को बुलाकर उन्हें घर ले जाने को कह दिया था। इस दौरान स्कूल की प्राचार्य मोनिका रोहिला अनुपस्थित थीं और उनके पति सतीश रोहिला मौके पर मौजूद थे, जिस पर जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई। मामले को दबाने का प्रयास किए जाने के आरोप भी लगे हैं। शनिवार को विरोध प्रदर्शन के बाद प्रशासन हरकत में आया और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जांच के बाद, लगभग 16 छात्र-छात्राओं को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। अधिकारियों ने इसे वायरल फीवर का मामला बताया है।
एक छात्रा की हालत नाजुक, जबलपुर रेफर
स्वतंत्रता दिवस पर एक छात्रा की हालत बिगडऩे पर उसे निवास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जबलपुर मेडिकल रेफर किया गया था। परिजनों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ से चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। समाचार लिखे जाने तक छात्रा की हालत नाजुक बनी हुई थी। इस घटना के बाद से स्कूल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पर कार्रवाई की मांग उठने लगी है। बताया गया कि नौ लड़के और सात लड़कियां है। जिसमें कक्षा दसवीं की शिल्पा मरावी की हालत नाजुक बनी हुई हैं। शेष बच्चों में रोहित तेकाम 10 वीं, अजय मरावी 6 वीं, ओमकुमार परते 9 वीं, सुमित कुमार मरावी 10वीं, संदीप मरावी 6वीं, खेमराज सैयाम 10वीं, नारायण मरावी 10वीं, रागनी मरावी 7वीं, शारदा वाड़ीवा 10वीं, उमा कुंजाम 6वीं, कीर्ति परस्ते 9वीं, पिंकी धुर्वे 9वीं, गोमती सरवटे 9वीं, आशा मरावी 10वीं, अभिषेक उररेती 9वीं, लकी तेकाम 9वीं का उपचार चल रहा है।
इनका कहना हैं
परिसर से मेरी बिटिया ने कोल किया था कि आप हमें लेने आ जाइए तबियत खराब हैं मेरी आकर देखा तो बिटिया को बुखार हैं घर ले जा रहा हूं अन्य बच्चे भी बीमार हैं।
राजेंद्र उरेती, अभिभावक
जैसे ही मुझे मीडिया से जानकारी लगी कि छात्र छात्राएं बीमार हैं और मीडिया को कवरेज नहीं करने दिया जा रहा में मौके पर अपने कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचा तत्काल प्रशाशन से बात की मौके पर देखा तो वाकई बच्चे बीमार पाए गए हैं एक की हालत गंभीर हैं इन्होंने प्रशाशन को भी भ्रमित किया था सभी का बेहतर उपचार के लिए लगातार में स्वास्थ विभाग के संपर्क पर हूं छात्र छात्राएं के साथ गलत नहीं होने दिया जाएगा।
आकाश पांडे, मंडल अध्यक्ष भाजपा
मामला गंभीर हैं छात्र छात्राओं की तबियत का बिगडऩा ओर उच्च अधिकारियों को जानकारी नहीं दिया जाना कही न कही स्कूल प्रबंधक की लापवाही को उजागर करती हैं में खुद मौके पर पहुंच कर छात्र छात्राओं से चर्चा की है बेहतर इलाज के लिए प्रशाशन से बात की हैं।
चैन सिंह वरकड़े, विधायक निवास
शुक्रवार को लगभग डेढ़ दर्जन छात्र छात्राएं बीमार हुए थे अस्पताल पर लाया गया था एक छात्रा की गंभीर हालत थी जबलपुर मेडिकल भेजा गया हैं वही शनिवार को पुन: बच्चे बीमार जिला स्वास्थ विभाग की टीम और मेरी टीम ने स्वास्थ परीक्षण कर 16 छात्र , छात्राओं को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा हैं सभी को वायरल फीवर की आशंका हैं ।
डॉक्टर विजय पेगवार, बीएमओ निवास
सुबह जानकारी मुझे लगी मेने तत्काल नायब तहसीलदार सहित स्थानीय प्रशासन को भेज दिया था फिर में खुद मौके पर आया स्कूल के प्रबंधक द्वारा दूर भाष से सिर्फ एक छात्रा के बीमार होने की सूचना दी थी ये गलत जब में पहुंचा तत्काल 108 एम्बुलेंस की मदद से 16 छात्र छात्राओं को जिला अस्पताल पर भेजा हैं वही जो एक छात्रा की हालत नाजुक हैं जबलपुर में इलाजरत हैं लगातार हम उनके परिजन से संपर्क पर हैं आगे की कार्यवाही जारी हैं लगातार हमारी टीम निगरानी करेगी।
सीएल वर्मा, एसडीएम निवास
एकलव्य विद्यालय पिपरिया के सर्दी, सिरदर्द एवं बुखार से पीड़ित बच्चों को कराया भर्ती
- बीमार बच्चों को देखने जिला अस्पताल पहुंचे कलेक्टर
निवास विकासखण्ड के पिपरिया एकलव्य विद्यालय के बच्चों को सर्दी, सिरदर्द एवं बुखार से पीड़ित बच्चों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार विद्यालय से इसकी सूचना मिलने पर निवास ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. विजय पैगवार के नेतृत्व में मेडिकल टीम ने हॉस्टल पहुंचकर बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की थी।
डॉ. पैगवार ने बताया कि शुक्रवार को 13 छात्र-छात्राओं को शिक्षकों के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निवास लाया गया था। जिनमें से 12 को आवश्यक दवाईयां दी गयी थी, जबकि एक छात्रा को तेज बुखार और अचेतना के कारण मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर किया गया था। शुक्रवार को 16 विद्यार्थियों को सर्दी, सिरदर्द और बुखार के कारण जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। सभी बच्चों को पृथक विशेष वार्ड में रखा गया है। सिविल सर्जन डॉ. विजय धुर्वे ने बताया कि बीमार बच्चों में 7 छात्र और 9 छात्राएं हैं, सभी के ब्लड सेम्पल लेकर लैब में भेजे गए हैं। सभी बच्चों को सर्दी, सिरदर्द और बुखार की शिकायत थी। अभी सभी बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार हुआ है।
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा एवं सीईओ जिला पंचायत श्री श्रेयांश कूमट ने जिला चिकित्सालय पहुँचकर बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से तबियत का हाल पूछा एवं परिजनों से चर्चा की। कलेक्टर श्री मिश्रा ने सिविल सर्जन तथा वार्ड में ड्यूटीरत चिकित्सकों से जांच रिपोर्ट के संबंध में जानकारी लेते हुए सभी बच्चों को अंडर ऑब्जर्वेशन रखने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला चिकित्सालय का मेडिकल स्टॉफ मौजूद रहा।
मेडिकल टीम ने किया विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण
- विद्यार्थियों में फ़ूड पॉइजनिंग की नहीं है समस्या
एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पिपरिया निवास में शनिवार को डॉ. विजय पैगवार एवं मेडिकल टीम द्वारा छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। यहाँ कुल 61 छात्र एवं 44 छात्राएँ उपस्थित थे। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान 2 छात्राओं एवं 10 छात्रों को सर्दी, खाँसी व बुखार पाया गया। इन बीमार विद्यार्थियों का प्राथमिक उपचार किया गया। किसी भी छात्र छात्रा को फ़ूड पॉइजनिंग की समस्या नहीं है। विदित है कि 15 अगस्त को कुछ छात्र-छात्राएं शिक्षकों के साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र निवास आई थी जिन्हें सर्दी और खासी की दवा देकर प्राथमिक उपचार किया गया। एक छात्रा को तेज बुखार एवं बेहोशी होने पर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र से मेडिकल कॉलेज जबलपुर के लिए रेफर किया गया। आज स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान मेडिकल टीम, बीईओ श्री सुनील दुबे, श्री अनुराग जैन मौजूद रहे।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे
पालने में झुलाया झूला, खिलाया माखन, मनाया जन्मोत्सव
- हुए विविध आयोजन, शंख, घंटा और राधे, कृष्ण की धुन से गुंजायमान रहा जिला
मंडला महावीर न्यूज 29. शहर में कृष्ण जन्माष्टमी घर-घर में धूमधाम के साथ मनाई गई। भक्तों ने बाल गोपाल को पालने में झुलाया। मुख्यायल समेत ग्रामीण क्षेत्र के राधा कृष्ण मंदिरों को सुंदर सजाकर सुबह से ही धार्मिक आयोजनों की शुरूआत की। जहां दिनभर विभिन्न अनुष्ठान चलते रहे। इस वर्ष जन्माष्टमी भक्तों के लिए खास रही। भक्तों में खासा उत्साह रहा। घर-घर में राधा-कृष्ण की झांकी बनाई गई। छोटे बच्चों को कृष्ण और राधा के रूप में तैयार किया गया और जन्माष्टमी पर्व मनाया गया।
कान्हा के जन्मोत्सव पर हर किसी श्रद्धालु ने इसी भाव के साथ खुशी मनाई। कान्हा के जन्म पर मंदिरों और घरों में पूजा अर्चना हुई। घर और मंदिरों में बंदनवार सजाए गए। सभी जगह नंद के आनंद भयो जय कन्हैया लाल के स्वर गुंजते रहे। चारों ओर शंख व घंटों की गूंज ने वातावरण को आनंदित कर दिया। नगर के विभिन्न मंदिरों में नटखट कन्हैया के दर्शन करने का सिलसिला चलता रहा।
श्रृंगार कर किया पूजन
घरो में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी विशेष आयोजन के साथ मनाई गई। रपटा घाट में लड्डू गोपाल को पालने में झुलाया गया। बुधवारी स्थित कृष्ण मंदिर में राधा-कृष्ण का विशेष पूजन किया गया। बाल गोपाल को पालने में झुलाया गया। लड्डू गोपाल का पंचामृत से अभिषेक किया गया एवं भक्तो में पंचामृत का प्रसाद वितरित किया गया। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शहर सहित नगरों व ग्रामों में विविध आयोजन हुये। देर रात श्रीकृष्ण का जन्म कराया गया व भजन कीर्तन किया गया। कृष्ण मंदिरों में आकर्षक झांकियां सजाई गई। जन्माष्टमी के चलते शहर के कृष्ण मंदिरों में विविध आयोजन किये गये। राधा-कृष्ण की प्रतिमाओं का विशेष श्रृंगार किया गया। जन्माष्टमी के चलते श्रृद्धालु भगवान कृष्ण के दर्शन करने मंदिर पहुंचे और श्रृद्धा भक्तिभाव से पूजन संपन्न किया।
जगह-जगह हुए आयोजन
जन्मष्टमी के अवसर पर नगर में विविध आयोजन किये गए। जीवंत झाकिंयों के साथ घर-घर में राधा कृष्ण बनाए गए। बच्चों को राधा कृष्ण की भेषवूशा में सजाया गया। नगर के विभिन्न मंदिरों में दिनभर धार्मिक आयोजन होते रहे। राजीव कालोनी झंडा चौक स्थित सार्वजनिक दुर्गोत्सव समिति द्वारा मंदिर में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित की। यहां मंदिर को सजाया गया।
ग्रंथों में लीला पुरूषोत्तम कहा गया
भगवान श्रीकृष्ण का प्रत्येक रूप मनोहारी है। उनका बालस्वरूप तो इतना मनमोहक है कि वह बचपन का एक आदर्श बन गया है। इसीलिए जन्माष्टमी पर श्रीकृष्ण के इसी रूप की पूजा-अर्चना की जाती है, जिसमें वे चुराकर माखन खाते हैं, गोपियों की मटकी तोड़ते हैं और खेल-खेल में असुरों का सफाया भी कर देते हैं। इसी प्रकार उनकी रासलीला, गोपियों के प्रति प्रेम वाला स्वरूप भी मनमोहक है। इसी प्रकार उनका योगेश्वर रूप और महाभारत में अर्जुन के पथ-प्रदर्शक वाला रूप सभी को लुभाता और प्रेरणा देता है। अपनी लीलाओं में वे माखनचोर हैं, अर्जुन के भ्रांति-विदारक हैं, गरीब सुदामा के परम मित्र हैं, द्रौपदी के रक्षक हैं, राधाजी के प्राणप्रिय हैं, इंद्र का मान भंग करने वाले गोवर्धनधारी हैं। उनके सभी रूप और उनके सभी कार्य उनकी लीलाएं हैं। उनकी लीलाएं इतनी बहुआयामी हैं कि उन्हें सनातन ग्रंथों में लीलापुरुषोत्तम कहा गया है।
40 साल की सेवा का मिला अनमोल सम्मान — न पद, न पैसा, सेवा ही सबसे बड़ी पहचान
- निर्मला स्कूल की पहल बनी मिसाल
- बच्चों को लाने-ले जाने वाले कोदू दास बने स्वतंत्रता दिवस के मुख्य अतिथि
- बच्चों की मुस्कान के रक्षक ने फहरवाया तिरंगा
मंडला महावीर न्यूज 29. स्वतंत्रता दिवस पर जहां देशभर में तिरंगे की शान और आज़ादी का जश्न मनाया जा रहा था, वहीं मंडला जिला मुख्यालय स्थित निर्मला हायर सेकेंडरी स्कूल ने एक अनोखी और दिल छू लेने वाली पहल कर सबका दिल जीत लिया। स्कूल प्रबंधन ने इस वर्ष के ध्वजारोहण समारोह में कोदू दास बघेल को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया — वह शख्स जो पिछले 40 वर्षों से स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने की सेवा कर रहे हैं। कभी साइकिल रिक्शे से और अब ऑटो रिक्शे से, कोदूदास बघेल ने अपनी पूरी जिंदगी बच्चों की मुस्कान और उनकी सुरक्षा के नाम कर दी। उनकी ईमानदारी, समय पालन, और सेवा भाव ने न सिर्फ स्कूल प्रबंधन, बल्कि अभिभावकों और छात्रों के दिल में भी खास जगह बनाई है।
सम्मान का यादगार पल
कार्यक्रम की शुरुआत में स्कूल स्टाफ ने तिलक-वंदन कर उनका स्वागत किया और उन्हें स्कूल प्रांगण में विशेष अतिथि की तरह प्रवेश कराया। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, तिरंगे को सलामी दी और राष्ट्रगान में सभी के साथ स्वर मिलाया।
कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल को भावनाओं से भर दिया। स्कूल प्रबंधन ने कोदू दास बघेल को स्मृति-चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर भावुक होते हुए उन्होंने अपने जीवन के अनुभव साझा किए और कहा बच्चों के साथ यह सफर मेरी जिंदगी की सबसे बड़ी पूंजी है। उनका प्यार और विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी कमाई है।”
स्कूल प्रबंधन की भावनाएं
स्कूल प्रबंधक ने कहा आज हम एक सच्चे कर्मयोगी, एक जीवन योद्धा का सम्मान कर रहे हैं। श्री कोदूदास बघेल जी का जीवन सेवा, समर्पण और इंसानियत का जीता-जागता उदाहरण है। चाहे तपती धूप हो या बरसात, इनका मुस्कुराता चेहरा और बच्चों की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी हम सभी के लिए प्रेरणा है।”
एक मिसाल, जो हमेशा याद रहेगी
स्वतंत्रता दिवस पर इस अनूठे सम्मान ने यह संदेश दिया कि असली नायक सिर्फ मंचों या किताबों में नहीं, बल्कि हमारे आसपास ही होते हैं जो बिना किसी स्वार्थ के, वर्षों तक दूसरों की सेवा करते हैं। निर्मला हायर सेकेंडरी स्कूल की यह पहल आने वाली पीढ़ियों को यह सिखाती है कि सम्मान पद और पैसे से नहीं, बल्कि दिल से की गई सेवा से मिलता है। इस दौरान मेनेजर सिस्टर ज्योत्सना फिलिप, प्राचार्य सिस्टर क्लारा कुजूर, उप प्राचार्य सिस्टर ट्रेसा, सिस्टर अंजली, सिस्टर रेशमी यादव, सिस्टर सविता इक्का के साथ समस्त शिक्षक शिक्षिकाएं और कार्यालय स्टॉफ उपस्थित था.
मंत्री संपतिया उइके ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर किया ध्वजारोहण
- पुलिस लाईन मैदान मंडला में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया स्वाधीनता दिवस

मंडला महावीर न्यूज 29. 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस का पर्व जिला मुख्यालय पुलिस लाईन मैदान मंडला में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, परेड निरीक्षण, हर्षफायर, मार्चपास्ट एवं परेड की सलामी ली। मंत्री श्रीमती उइके ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, लोकतंत्र सेनानी, परिजनों का सम्मान किया।
कार्यक्रम में सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, प्रफुल्ल मिश्रा, नगर पालिका उपाध्यक्ष अखिलेश कछवाहा,जिला पंचायत सदस्य शैलेष मिश्रा सहित अन्य विशिष्ट जनप्रतिनिधि कलेक्टर सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह,सहायक कलेक्टर आकिप खान (आईएएस), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा सहित अन्य विभागीय अधिकारी, कर्मचारी,स्कूली छात्र और छात्राएँ मौजूद थे।
मुख्य समारोह में शामिल सभी प्लाटून ने हर्ष फायर के पश्चात् अपने सधे कदमों से शानदार मार्च पास्ट का प्रदर्शन किया। मंच के सामने से गुजरते हुए इन प्लाटून दस्तों ने राष्ट्रभक्ति, एकता और अनुशासन का संदेश दिया। मंत्री श्रीमती उइके ने इसके बाद सभी दलों के कमांडरों से परिचय प्राप्त किया। स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में नगर के अलग-अलग स्कूलों के विद्यार्थियों ने मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। सरस्वती स्कूल के विद्यार्थियों ने संगीतमय देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया। इसके बाद महर्षि विद्या मंदिर, निर्मला सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मॉन्टफोर्ट हायरसेकेंडरी स्कूल, ज्ञानदीन इंग्लिश मीडियम स्कूल तथा जगन्नाथ उत्कृष्ट हायर सेकेंडरी स्कूल के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
मुख्य समारोह के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का भोपाल में आयोजित प्रदेश स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह से लाईव लिंक के माध्यम से प्रसारण किया गया जिसे उपस्थितजनों ने देखा एवं सुना। इसके पश्चात कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुई मंत्री श्रीमती उइके ने विगत जिले की पिछले एक वर्ष की उपलब्धियों से जुड़ा उद्बोधन दिया। उन्होंने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐतिहासिक महत्व को संजोए हुए हमारे जिले में कान्हा राष्ट्रीय उद्यान, चौगान की मढिया, विष्णु मंदिर, काला पहाड़, राय भगत की कोठी, मोतीमहल, रानीमहल, डोंगरमंडला की बावड़ी जैसे अनेक पुरातत्व महत्व के पर्यटक स्थल हैं।
इसके साथ ही पुण्यसलीला मां नर्मदा के तट पर माहिष्मती घाट, सहस्त्रधारा, नर्मदा बंजर संगम, कुम्भेश्वर घाट, करोड़ी तीर्थ तथा देवगांव जैसे पवित्र स्थल के रूप में पहचाने जाते हैं। अपने उद्बोधन में उन्होंने सामाजिक योजनाओं, स्कूल शिक्षा से जुड़े कार्यक्रमों, मिशन नेत्रज्योति पायलट प्रोजेक्ट, अपराजिता अभियान, पंच चौकी महाआरती, प्रोजेक्ट स्वाध्याय (कोड योगी), नवीन सड़क निर्माण, सिंचाई सुविधा, शैक्षणिक तथा पाठ्येत्तर नवाचार जैसे विभिन्न विषयों को शामिल करते हुए विगत एक वर्ष की उपलब्धियों के विषय में विस्तार से बताया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छात्र-छात्राओं के द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान से सम्मानित किया गया। जिसमें ज्ञानदीन इंग्लिश मीडियम स्कूल तथा जगन्नाथ उत्कृष्ट हायर सेकेंडरी स्कूल के बच्चों को शानदार प्रस्तुति के लिए संयुक्त रूप से प्रथम स्थान, मॉन्टफोर्ट हायर सेकेंडरी स्कूल के बच्चों को द्वितीय स्थान व महर्षि विद्या मंदिर की टीम को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में प्रस्तुत परेड के लिए 4 विभिन्न कैटेगरी में प्लाटून दस्तों को पुरूस्कृत किया गया। मंत्री श्रीमती उइके एवं अन्य अतिथियों ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी, कर्मचारी, उच्चतम अंक लाने वाले छात्र-छात्राओं और जिले की तरफ से खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को प्रमाण पत्र वितरित किए।
मंत्री श्रीमती उइके ने बच्चों के साथ किया विशेष भोज
- पीएमश्री शासकीय कन्या उच्च. माध्य. विद्यालय महाराजपुर में रहा विशेष भोज
मंडला महावीर न्यूज 29. 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के सभी विद्यालयों में विशेष भोज का आयोजन किया गया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके पीएमश्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महाराजपुर में आयोजित विशेष भोज में शामिल हुई। यहाँ भोजन से पूर्व उन्होंने माँ सरस्वती का पूजन किया।
इस अवसर पर सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, प्रफुल्ल मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य शैलेष मिश्रा, कलेक्टर सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रेयांश कूमट, सहायक कलेक्टर आकिप खान, अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा भी विशेष भोज में शामिल हुए।
इस अवसर पर एसडीएम मंडला श्रीमती सोनल सिडाम, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और ग्राम के गणमान्य नागरिक शामिल हुए। आयोजित विशेष भोज में अतिथियों ने छात्र-छात्राओं के साथ बैठकर भोजन किया। इस दौरान मंत्री श्रीमती उइके ने विद्यालय परिसर में पौधा भी लगाया तथा शिक्षकों, छात्र-छात्राओं से आत्मीय चर्चा की।
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने कलेक्टर आवास में किया ध्वजारोहण
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्टर आवास में ध्वजारोहण किया। इस दौरान अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, एसडीएम मंडला श्रीमती सोनल सिडाम सहित कलेक्टर परिसर एवं आवास के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान का गायन हुआ।
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण किया
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर मंडला में ध्वजारोहण किया। इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई और राष्ट्रगान गाया गया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह सहित कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभी विभागों के अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने को-ऑपरेटिव बैंक में किया ध्वजारोहण
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर केन्द्रीय सहकारी मर्यादित (को-ऑपरेटिव) बैंक में ध्वजारोहण किया। इस दौरान डीडीएम नाबार्ड देववृत पाल, जिला प्रबंधक सहकारिता सहित को-ऑपरेटिव बैंक के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान गाया गया।
श्री झूलेलाल चालीसा महोत्सव में तिरंगा कलर थीम पर देश प्रेम का दिया संदेश
- ट्राई कलर थीम पर किया डेकोरेशन, धार्मिक भजनों पर झूमे भक्त गण
मंडला महावीर न्यूज 29. अंबेडकर वार्ड स्थित भगवानी बाई केवल राम श्री झूलेलाल मंदिर में चालीसा महोत्सव का वृहत आयोजन चल रहा है जो कि 16 जुलाई से प्रारंभ हुआ है। श्री झूलेलाल चालीसा महोत्सव का उद्देश्य हर परिवार की खुशहाली के लिए कामना करना है। शुक्रवार को 15 अगस्त के अवसर पर स्वतंत्रता दिवस की थीम पर मंदिर को तिरंगा कलर के डेकोरेशन से सजाया गया, जिसमें तिरंगा कलर का केक भी बनवाया गया।
बताया गया कि प्रत्येक शुक्रवार को महाआरती का आयोजन किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर भगवान झूलेलाल साईं की उपासना कर रहे हैं। इसमें पुरुष महिलाओं के साथ बच्चे भी धर्म आस्था के साथ शामिल हो रहे हैं। शुक्रवार शाम को झूलेलाल चालीसा महोत्सव में भगवान इष्ट देव झूलेलाल साइन की आरती पूजा की गई।
झूलेलाल के साईं के भजनों पर झूमे भक्त
झूलेलाल चालीसा महोत्सव में रोजाना सुबह-शाम आरती के साथ-साथ भजन गायन का मनोरम प्रोग्राम चल रहा है इसमें झूलेलाल साइन की उपासना में भक्ति संगीत के साथ भजन गाए जा रहे हैं जिसमें भक्तगण झूम कर उपासना कर रहे हैं।
पल्लव पूजा एवं अरदास
महोत्सव में भगवान झूलेलाल साइन की आरती पूजा कपूर गौरम,पल्लव पूजा, अरदास नियमित रूप से की जा रही है। इसमें पल्लव पूजा के उद्देश्य के तारतम्य में इष्ट देव भगवान झूलेलाल से सभी परिवारों के लिए निरोगी जीवन और खुशहाली के लिए कामना कर रहे हैं।
तिरंगा कलर का केक काटा
थीम के अवसर पर तिरंगा कलर का मनोरम केक काटा गया और स्वतंत्रता दिवस का खास दिन सेलिब्रेट किया गया। भगवान की आस्था के साथ देश प्रेम की अभिव्यक्ति की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में पुरुष महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे।
पुत्र के लिए माताओं ने रखा हलषष्ठी का व्रत
- पुत्रो को दिया चिरआयु का वरदान
- हलषष्ठी पर्व में माताओं ने रखा व्रत
- जिले भर में महिलाओं ने किया विधि विधान से पूजन
मंडला महावीर न्यूज 29. हलषष्ठी पर्व में पुत्रवती महिलाओं ने व्रत धारण कर अपने पुत्रो को चिरआयु होने का वरदान दिया। महिलाओं ने भगवान विष्णु की पूजा अराधना की और पुत्रों का तिलक किया। पुत्रों ने माता के चरण छूकर आर्शीवाद लिया। हलषष्ठी पर्व शहर सहित नगरो व ग्रामो में मनाया गया। पर्व के चलते बाजार में चहल पहल बढ़ गई है। खरीद करने लोग बाजार पहुंचे। हरछठ में गाय के दूध से बनी किसी भी वस्तु का सेवन नहीं किया जाता। इस दिन पसी के चावल खाये जाते है। व्रती महिलाओं ने व्रत के बाद पसी के चावल खाये। महिलाएं हलषष्ठी पर्व में व्रत धारण कर भगवान विष्णु का पूजन किया। इस दिन गो माता की पूजा भी की जाती है। शाम के समय महिलाओं ने विविध उपचारो से पूजन संपन्न किया। गो माता की पूजा की गई।
भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष में हलषष्ठी पर्व मनाया जाता है। शास्त्रो में बताया गया कि पुत्रवती स्त्रीयां अपने पुत्र की रक्षा एवं लंबी आयु के लिये यह व्रत करती है। वस्तुत: यह गो-पूजा का पर्व है। बताया गया कि जिस प्रकार माता की तरह गाय अपने दूध से मनुष्य की रक्षा करती है उसी भाव से सभी को यह व्रत करना चाहिया।
मालगुजार ने बनवाया था 141 वर्ष पहले राधाकृष्ण मंदिर
- एक मंदिर में राधाकृष्ण की चार मूर्ति स्थापित
मंडला महावीर न्यूज 29. माहिष्मती नगरी मंडला में पुरातन कलाकृतियों की भरमार है। राजा, रानी के महल विश्व विख्यात है। वहीं जिले में शक्ति पीठ, समेत प्राचीन मंदिर अपनी अलग पहचान बनाए हुए है। ऐसा ही एक प्राचीन राधा कृष्ण का मंदिर नर्मदा किनारे अंग्रेजों के जमाने में बनाया गया था। यह मंदिर सन् 1883 में करिया गांव के मालगुजार गोधन पटेल द्वारा ग्राम पंचायत पुरवा में बनाया गया। इस मंदिर में साल भर भक्तों और पर्यटकों का आना जाना लगा रहता है। विशेष दिनों में भी भक्तो का तांता रहता है।
मंदिर के पुजारी उपेन्द्र पांडे ने बताया कि हमसे पहले हमारे पिता भीखम लाल पांडे सन 1987 से इस मंदिर की देख रेख और पूजन पाठ करते आ रहे है। सन 2005 में इनके देहांत के बाद इस मंदिर की जिम्मेदारी मुझे मिली। जिसके बाद से आज तक में ही इस राधाकृष्ण मंदिर का पुजारी हूं। पुजारी उपेन्द्र ने बताया की सन 1883 में मंदिर निर्माण के बाद इसमें मंडला जिले के करिया गांव के माल गुजार गोधन पटेल और उनक पत्नि ने राधा कृष्ण की चार मूर्ति स्थापित की थी, जो आज भी स्थापित है। राधा कृष्ण की एक मूर्ति करीब 3 फिट और दूसरी मूर्ति 2 फिट की है।
बताया गया कि करीब 141 साल से इस मंदिर में जन्माष्टमी पर्व बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है। भजन, कीर्तन, अभिषेक समेत अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते है। कृष्ण जन्म के मुहूर्त में पूरा क्षेत्र राधे कृष्ण की आवाज से गुंजायमान हो जाता है। शंख, घंटियों की धुन चारों तरफ सुनाई देती है। भक्त इनके दर्शन को आतुर रहते है।
भगवान बलराम किसानों के आदर्श देवता, गौमाता प्राकृतिक खेती का आधार है – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
- कोदो-कुटकी की समर्थन मूल्य पर होगी खरीदी
- मुख्यमंत्री ने 82 लाख किसानों के खाते में अंतरित की 1671 करोड़ रूपए की राशि
मंडला महावीर न्यूज 29. प्रदेश सरकार युवा, किसान, महिला और गरीबों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उनके लिए कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित हैं। कृषि हमारे जीवन का आधार है। कृषि केवल आजीविका का साधन नहीं बल्कि किसानों का सम्मान है। सीमा पर देश की रक्षा करने वाले जवान और खेतों में अन्न उपजाने वाले किसान दोनों की भूमिका समान है। किसानों और गौमाता एक-दूसरे के पूरक हैं। पशुपालन ही प्राकृतिक खेती का आधार है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 14 अगस्त को मंडला में भगवान बलराम की जयंती पर आयोजित हलधर महोत्सव में उपस्थित किसानों एवं जनसमुदाय को संबोधित करते हुए यह बातें कही। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के अंतर्गत वर्ष 2025-26 की दूसरी किश्त के रूप में प्रदेश के 82 लाख से अधिक किसानों के खाते में सिंगल क्लिक से 1671 करोड़ रूपए की राशि अंतरित की। साथ ही 226.12 करोड़ रूपए की लागत के 24 निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस अवसर पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके, कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल, सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, प्रफुल्ल मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मंचासीन थे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किसानों को सीधे लाभ पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना लागू कर उनके खाते में राशि देना प्रारंभ किया है। इसके पहले किसी भी सरकार ने किसानों को इस तरह से सीधा लाभ नहीं पहुंचाया था। मध्यप्रदेश सरकार भी इसमें पीछे नहीं है और किसानों को वर्ष में 6 हजार रूपए की राशि तीन किश्तों में दे रही है। इन्हीं योजनाओं के फलस्वरूप मध्यप्रदेश देश में कृषि के क्षेत्र में तेजी से उन्नति कर रहा है। मंडला जिले के किसानों को 25 करोड़ रूपए से ज्यादा की राशि मिली है।
श्रीकृष्ण और बलराम हमारी सनातन संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण और बलराम हमारी सनातन संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। भगवान बलराम किसानों के आदर्श देवता हैं। आज भगवान बलराम की जयंती के अवसर पर मंडला में आयोजित हलधर महोत्सव कार्यक्रम में आने का मुझे अवसर मिला है। भगवान श्रीकृष्ण और बलराम से पशुपालन का इतिहास जुड़ा हुआ है। पशुपालन के बगैर प्राकृतिक खेती संभव नहीं है। प्राकृतिक खेती का आधार गौमाता हैं, इसलिए हमारी सरकार पशुपालन को प्रोत्साहन दे रही है। दुग्ध उत्पादन को बढ़ाने के लिए गौपालन को बढ़ावा दिया जा रहा है और इसके लिए डॉ. भीमराव अम्बेडकर कामधेनु योजना लागू की गई है। इस योजना में 25 गाय पालने पर 42 लाख रूपए का ऋण दिया जाता है जिसमें 10 लाख रूपए अनुदान का है। दुग्ध उत्पादन में मध्यप्रदेश का देश में 9 प्रतिशत योगदान है और इसमें वह देश में तीसरे स्थान पर है। हमारी सरकार का लक्ष्य देश के दुग्ध उत्पादन में मध्यप्रदेश का योगदान 20 प्रतिशत तक करने का लक्ष्य है। प्रदेश सरकार दूध भी सहकारी संघ के माध्यम से क्रय कर रही है। इसमें भी दुग्ध उत्पादक पशुपालकों को बोनस दिलाया जायेगा। प्रदेश सरकार हर विधानसभा क्षेत्र में एक वृंदावन गांव बनाने जा रही है। इसमें पशुपालन के साथ जैविक खेती को प्रोत्साहन दिया जायेगा।
सबसे तेज विकास करने वाला बना मप्र राज्य
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार कृषि के विकास में निरंतर ध्यान दे रही है। पहले प्रदेश के केवल 2 विश्वविद्यालयों में कृषि संकाय की शिक्षा दी जाती थी। अब प्रदेश के 16 सरकारी एवं 52 निजी विश्वविद्यालयों में कृषि संकाय की शिक्षा दी जा रही है। इससे किसान परिवारों के युवाओं को कृषि शिक्षा की सुविधा सुलभ हो गई है। 1956 से 2003 तक प्रदेश में केवल 7.50 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध थी, लेकिन हमारी सरकार ने पिछले 20 साल में सिंचाई का रकबा बढ़ाकर 44 लाख हेक्टेयर कर दिया है। उन्होंने कहा कि साढ़े 7 लाख हेक्टेयर सिंचाई का रकबा तो सवा साल में पूरा गया। अब प्रदेश में लगभग 52 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि पर सिंचाई होती है। इससे किसानों की आय बढऩे के साथ ही उत्पादन भी बढ़ा है। प्रदेश सरकार की चहुंमुखी विकास की नीतियों के कारण मध्यप्रदेश देश का सबसे तेज विकास करने वाला राज्य बन गया है।
सात बार मिल चुका कृषि कर्मण पुरस्कार
किसान हितैषी नीतियों के कारण मध्यप्रदेश को 7 बार कृषि कर्मण पुरूस्कार मिल चुका है। मध्यप्रदेश दाल के उत्पादन में देश में प्रथम और खाद्यान्न उत्पादन में देश में तृतीय स्थान पर है। मंडला जिले में कोदो-कुटकी का प्रचुर मात्रा में उत्पादन होता है। प्रदेश सरकार इस साल से कोदो-कुटकी की भी समर्थन मूल्य पर खरीदी प्रारंभ करेगी और इस कृषि उत्पाद को देश के साथ ही विदेशों में भी पहुंचायेगी। धान उत्पादक किसानों को प्रति हेक्टेयर 4 हजार रूपए का बोनस दिया जायेगा।
विकसित राज्य बनने जा रहा रहा मध्यप्रदेश
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं सहित समाज के हर तबके के विकास पर ध्यान दे रही है। प्रदेश में एक लाख पदों पर भर्ती की जा रही है। आने वाले समय में ढाई लाख और पदों पर भर्ती की जाएगी। उद्योग धंधों को बढ़ावा दिया जायेगा। गाँव-गाँव में बिजली, सड़क, स्कूल, पेयजल सभी तरह के विकास कार्य कराये जा रहे हैं। इससे मध्यप्रदेश विकसित राज्य बनने जा रहा है।
स्वतंत्रता के उत्सव में वीर सैनानियों को करें नमन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने देश की आजादी और अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई में राजा शंकरशाह, राजा रघुनाथशाह, रानी दुर्गावती के योगदान को याद करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस इन सभी वीरों के शौर्य को याद करने का दिन है। सभी लोग स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में शामिल हों। हमारी सेना ने तीन बार पाकिस्तान के भीतर घुसकर आतंकियों का सफाया किया है। इसके लिए हम सभी अपनी सेना का अभिनंदन करें और स्वतंत्रता के उत्सव में वीर सैनानियों को नमन करें।
भगवान बलराम का किया पूजन
कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भगवान बलराम का पूजन किया। जिला प्रशासन की ओर से उन्हें हल भेंट किया गया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके, एसएसजी की लखपति बहनें और लाड़ली बहनों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को स्नेहपूर्वक राखी बांधी। इस अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा प्राकृतिक खेती पर तैयार पुस्तिका का विमोचन किया गया। कार्यक्रम में शासन की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
इस कार्यक्रम में विधायक निवास चैनसिंह वरकड़े, नगरपालिका मंडला अध्यक्ष विनोद कछवाहा, जिला पंचायत सदस्य शैलेष मिश्रा, जनपद पंचायत अध्यक्ष नैनपुर ओमवती उइके, पूर्व विधायक देवसिंह सैयाम, रामप्यारे कुलस्ते, पंडित सिंह धुर्वे, डॉ. शिवराज शाह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, कमिश्नर जबलपुर धनंजय सिंह, आईजी संजय कुमार सिंह, कलेक्टर सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, जिला पंचायत सीईओ श्रेयांश कूमट सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कृषक मौजूद थे।
तेज रफ्तार ट्रक पेड़ से टकराया, परिचालक की मौत
- चालक गंभीर घायल
- जबलपुर-मंडला मार्ग में कालपी और धनवाही के पास भीषण सड़क हादसा
मंडला महावीर न्यूज 29. नेशनल हाईवे-30 में मंडला-जबलपुर मार्ग के बीच कालपी और धनवाही गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक पेड़ से टकरा गया। इस हादसे में ट्रक के परिचालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया गया है कि ट्रक रायपुर से लोहे के पाइप लेकर जबलपुर की ओर जा रहा था, इसी दौरान यह दुर्घटना हुई। हादसे की जानकारी तत्काल बीजाडांडी पुलिस को दी गइ्र। घटना की सूचना मिलते ही बीजाडांडी डायल 100 के पायलट उत्तम साहू और आरक्षक प्रमोद शर्मा तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से चालक और परिचालक को बाहर निकाला। हालांकि तब तक परिचालक की मौत हो चुकी थी।
बताया गया कि गंभीर रूप से घायल चालक को बीजाडांडी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। घटना के दौरान कुछ देर के लिए नेशनल हाईवे पर जाम लग गया था। हादसे में मार्ग में फंसे ट्रक को क्रेन की मदद से हटाया गया। स्थानीय पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे
विश्व अंग दान दिवस
14 वर्षों में 425 लोगों ने दी नेत्रदान की सहमति, 13 साल में मिले 18 शवदान के आवेदन
- मरने के बाद भी जिंदा रहने का मौका, फिर भी लोग नहीं आ रहे आगे
- अंगदान के प्रति जागरूकता की कमी
मंडला महावीर न्यूज 29. मानवता की सेवा का जज्बा केवल अपने कर्तव्यों तक सीमित नहीं, बल्कि उससे कहीं आगे बढ़कर समाज को नई दिशा दे सकता है, इसका जीवंत उदाहरण जिले के 425 लोगों ने प्रस्तुत किया है। इन लोगों ने मरणोपरांत नेत्रदान करने का संकल्प लेकर न सिर्फ अपनी महानता का परिचय दिया है, बल्कि अन्य लोगों को भी इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित किया है। यह पहल आदिवासी बाहुल्य जिला मंडला में नेत्रदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होगी।
मरने के बाद भी दूसरों को जिंदगी देने के नेक काम, अंगदान को लेकर मंडला जिले में जागरूकता की कमी साफ तौर पर दिख रही है। जिला चिकित्सालय मंडला के आंकड़ों से पता चलता है कि लोग अंगदान और शवदान के लिए आगे नहीं आ रहे हैं, जबकि यह एक ऐसा कार्य है जो मृत्यु के बाद भी जीवन को सार्थक बना सकता है।
जानकारी अनुसार वर्ष 2013 से 2025 तक पिछले 13 वर्षों में शवदान के लिए कुल 18 आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं। वहीं नेत्रदान के लिए वर्ष 2010 से 2024 तक 14 वर्षों में 425 लोगों ने अपनी सहमति दी है। इससे स्पष्ट हो जाता है कि जिले में अंगदान के लिए व्यापक जागरूकता की आवश्यकता है। जागरूकता की कमी के कारण लोग अंगदान देने सामने नहीं आ रहे है। बताया गया कि इस वर्ष 2025 में अभी तक अंगदान या शवदान के लिए कोई नया आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, जो चिंताजनक है। अंगदान, विशेषकर नेत्रदान किसी नेत्रहीन व्यक्ति के जीवन में रोशनी भर सकता है। इसी तरह शवदान मेडिकल छात्रों के लिए अध्ययन और शोध का एक अमूल्य साधन बनता है, जिससे चिकित्सा विज्ञान को आगे बढ़ाने में मदद मिलती है।
सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने बताया कि प्रतिवर्ष 25 अगस्त से 8 सितंबर तक नेत्रदान पखवाड़ा का आयोजन किया जाता है, जिसका उद्देश्य लोगों को नेत्रदान के प्रति प्रेरित करना और इसकी प्रक्रिया के बारे में जानकारी देना है। बावजूद इसके जमीनी स्तर पर इसका प्रभाव कम ही नजर आ रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं, जैसे कि सामाजिक और धार्मिक भ्रांतियां, जानकारी का अभाव और अंगदान से जुड़ी प्रक्रिया की जटिलता भी हो सकती है।
जागरूक होने की जरूरत
बताया गया कि अंगदान और शवदान जैसे कार्यों को बढ़ावा देने के लिए सरकारी और गैर-सरकारी संगठनों को मिलकर काम करने की जरूरत है। स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाना, डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को इस विषय पर प्रशिक्षित करना और अंगदान के महत्व को समझाने वाले कार्यक्रमों का आयोजन करना आवश्यक है। तभी मंडला जिले में अंगदान की दर बढ़ सकती है और लोग मरने के बाद भी दूसरों के जीवन में उम्मीद की किरण जगा सकते हैं। यह सिर्फ एक व्यक्ति का निर्णय नहीं है, बल्कि एक पूरे समाज को जीवन देने का संकल्प है।
जैन समाज आया था आगे
नेत्र दान के लिए वैसे व्यक्तिगत रूप से लोगों को प्रोत्साहित करने की जरूरत है। 2010 से 2024 तक 425 नेत्र दान काफी कम है। इसमें भी 108 नेत्र दाता जैन समाज के एक शिविर में आगे आए थे। सिंतबर 2017 में पिंडरई में शिविर लगाया गया था। जिसमें 108 लोगों ने नेत्रदान किया था। इस तरह समाजिक रूप से बड़ी संख्या में नेत्र दान के लिए लोगों को पेरित भी नहीं किया जा रहा है। लोगों के मन में आज भी भ्रांतियां जिसके कारण लोग अंग दान से पीछे हटते हैं।
हर कोई नहीं कर सकता अंगदान
सिविल सर्जन डॉ विजय धुर्वे ने बताया कि हर कोई अंग दान नहीं कर सकता। कुछ मेडिकल कंडीशन वाले लोग कई बार अंग दान नहीं कर पाते। अंग दान करने का फैसला चिकित्सा मानदंडों के आधार पर किया जाता है। कुछ बीमारियां जैसे कैंसर, एचआईवी या किसी संक्रमण से पीडि़त लोगों से अंगों का दान नहीं लिया जाता है।
इनका कहना है
मैंने हमेशा से नेत्रदान के बारे में सोचा था कि मुझे अपने जीवन में यह नेक काम जरूर करना है। आज जब मुझे यह अवसर मिला है, तो मैं बहुत संतुष्ट महसूस कर रहा हूँ। मेरा मानना है कि मरने के बाद भी हमारी आँखें किसी के जीवन में रोशनी भर सकती हैं। यह एक ऐसा कार्य है जो हमें मृत्यु के बाद भी जीवित रखता है और किसी और की जिंदगी को रोशन करता है।
एक चिकित्सक के रूप में हमारा मुख्य उद्देश्य हमेशा से जीवन को बचाना और उसे बेहतर बनाना रहा है। नेत्रदान भी इसी उद्देश्य को पूरा करने की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। यह पहल न केवल चिकित्सा पेशे के मूल्यों को दर्शाती है, बल्कि समाज में अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने में भी मदद करती है। किसी नेत्रहीन व्यक्ति के लिए यह दान किसी वरदान से कम नहीं होता, जो उसके जीवन में उजाला लाता है।
मंडला के एग्री स्टार्टअप को मिली बड़ी सफलता
- गौ-अर्क उत्पादों के विकास के लिए प्री-सीड फंडिंग
- केंद्र सरकार की प्रेरणा योजना के तहत हुआ चयन
- कृषि में उद्यमिता को मिलेगा बढ़ावा
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला के दो युवा गजेन्द्र गुप्ता और सौरभ चटर्जी के प्रयासों को बड़ी सफलता मिली है। उनके एग्री स्टार्टअप पूरा सोशल सॉल्यूशंस का चयन केंद्र सरकार की प्रेरणा योजना के तहत हुआ है। इस पहल के तहत उन्हें गौ-अर्क आधारित जैविक उत्पादों के विकास वैज्ञानिक विश्लेषण, परीक्षण और फील्ड ट्रायल के लिए जवाहर आर-एबीआई, जबलपुर के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने का मौका मिला है।
बताया गया कि जबलपुर में हुए एक समारोह में डॉ. मनदीप शर्मा कुलगुरु, नानाजी देशमुख वेटनरी साइंस यूनिवर्सिटी, प्रो. पीके मिश्रा कुलगुरु, जवाहर लाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय और डॉ. मोनी थॉमस सीईओ, जवाहर आर-एबीआई की उपस्थिति में एमओए का आदान-प्रदान किया गया। इस अवसर पर पूरा सोशल सॉल्यूशंस के डायरेक्टर गजेन्द्र गुप्ता और सहयोगी सदस्य विनोद शर्मा मौजूद रहे।
गजेन्द्र गुप्ता ने बताया कि इस एमओए के अनुसार मार्च 2026 तक गौ-अर्क उत्पादों के विकास और उनके परीक्षण का लक्ष्य रखा गया है। इस काम में जवाहर आर-एबीआई की टीम के साथ डॉ. प्रकाश इतनकर, निर्मल कुमार अवस्थी, और सुरेंद्र गुप्ता जैसे विशेषज्ञ भी मार्गदर्शन दे रहे हैं। बताया गया कि आजकल रासायनिक खेती के दुष्प्रभावों को देखते हुए प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी दिशा में काम करते हुए गजेन्द्र गुप्ता और सौरभ चटर्जी ने अपने मॉडल में गौ-अर्क आधारित जैविक उत्पादों को विकसित करने का प्रस्ताव रखा।
गजेन्द्र गुप्ता ने बताया कि यह मॉडल मिट्टी के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने, फसल की उपज बढ़ाने और पौधों को कीटों और बीमारियों से प्राकृतिक रूप से बचाने में मदद करेगा। उनके इस अभिनव मॉडल को भारत सरकार की प्रेरणा योजना के तहत प्री-सीड फंडिंग के लिए चुना गया है। पूरा सोशल सॉल्यूशंस के इस मॉडल का चयन एक लंबी और कठिन प्रक्रिया के बाद हुआ है। इसमें आवेदनों की शॉर्टलिस्टिंग, विशेषज्ञों के समक्ष प्रस्तुति और कई चरणों का प्रशिक्षण शामिल था, जिसके बाद मंत्रालय की मंजूरी मिली है।
धारकों को लौटाए गए 80 मोबाइल, पुलिस ने शिकायत के लिए सीईआईआर पोर्टल और हेल्पलाइन की दी जानकारी
- डेढ़ साल में 1958 मोबाइल पुलिस ने किए बरामद
- पुलिस कंट्रोल रूम से धारकों को बांटे गए उनके गुम मोबाइल
- मंडला पुलिस की बड़ी सफलता
- डेढ़ साल में पौने तीन करोड़ के गुम मोबाइल किए बरामद
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन को खोजने की अपनी मुहिम में एक अद्वितीय सफलता हासिल की है। पिछले लगभग डेढ़ साल में पुलिस ने करीब 2 करोड़ 93 लाख रुपए कीमत के कुल 1958 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसी कड़ी में बुधवार को पुलिस कंट्रोल रूम में एक कार्यक्रम आयोजित कर विगत 45 दिनों में ट्रेस किए गए 80 मोबाइल फोन उनके मालिकों को सुपुर्द किए गए, जिसके बाद धारकों के चेहरों पर खुशी लौट आई।
पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024 में 1088 मोबाइल फोन बरामद किए गए थे, जबकि वर्ष 2025 में अब तक 870 मोबाइल फोन खोज निकाले गए हैं। इन सभी की कुल कीमत लगभग 2 करोड़ 93 लाख रुपए है। बुधवार को अपने गुम हुए फोन वापस पाकर लोगों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
साइबर डेस्क और प्रशिक्षित अमले से मिल रही सफलता
पुलिस अधीक्षक ने जानकारी देते हुए बताया कि मंडला पुलिस द्वारा साइबर डेस्क की स्थापना की गई है, जो इस तरह की शिकायतों की लगातार निगरानी करती है। उन्होंने बताया कि मोबाइल गुम होने की शिकायतें अब आसानी से सीईआईआर पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज की जा सकती हैं। इसके अलावा, नागरिक हेल्पलाइन 1930 या अपने नजदीकी थाने में भी शिकायत कर सकते हैं। इस काम में तेजी लाने के लिए सभी थानों में 02-02 पुलिसकर्मियों को विशेष रूप से प्रशिक्षित कर नियुक्त किया गया है, जो सीईआईआर पोर्टल और साइबर फ्रॉॅड से जुड़ी शिकायतों पर कार्रवाई करते हैं।
किड्जी स्कूल में गूंजी जय श्री कृष्णा की धूम, बच्चों ने राधा-कृष्ण बन मोहा मन
- नन्हे-मुन्नों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां
- कालिया नाग की कथा का हुआ मंचन
मंडला महावीर न्यूज 29. किड्जी प्ले स्कूल सिविल लाइन में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का उत्सव धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर स्कूल का वातावरण भक्तिमय हो गया, जहाँ नन्हे-मुन्ने बच्चे राधा और कृष्ण की वेशभूषा में बेहद प्यारे लग रहे थे। वहीं छोटे कृष्ण पीतांबर, मोरपंख और बांसुरी के साथ मंच पर पहुंचे, तो नन्ही राधायें अपनी मनमोहक मुस्कान और सुंदर परिधानों से सबका ध्यान खींच रही थीं। कार्यक्रम में प्ले गु्रप से लेकर सीनियर केजी तक के बच्चों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों को नृत्य शिक्षक भव्यदीप कछवाहा और चेतना मालवानी के मार्गदर्शन में तैयार किया गया था। बच्चों को जन्माष्टमी के महत्व से अवगत कराने के लिए विभिन्न गतिविधियों का भी आयोजन किया गया था।

सीनियर केजी के छात्रों ने कृष्ण द्वारा कालिया नाग पर विजय की पौराणिक कथा का जीवंत मंचन किया, जिसमें यमुना नदी को विषमुक्त करने की घटना को खूबसूरती से दर्शाया गया। इसके अलावा, शिक्षक भव्यदीप कछवाहा ने श्रीकृष्ण की स्तुति प्रस्तुत की और स्कूल की शिक्षिकाओं ने राधा-कृष्ण के पवित्र प्रेम पर आधारित नृत्य से कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए। आयोजित कार्यक्रम स्कूल की प्राचार्या शालिनी शुक्ला और एकेडमिक कोऑर्डिनेटर राशि पमनानी के कुशल निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
स्वतंत्रता दिवस और स्वच्छता पखवाड़ा पर तिरंगा रैली
- छात्रों ने रैली में दिया हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता का संदेश
मंडला महावीर न्यूज 29. 79वें स्वतंत्रता दिवस और स्वच्छता पखवाड़ा के अवसर पर हायर सेकेंडरी स्कूल बबलिया के छात्रों और शिक्षकों ने विशाल तिरंगा रैली का आयोजन किया। इस रैली में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने अपने हाथों में तिरंगा झंडे लिए हुए थे। इसके साथ ही छात्रों ने हाथों में झाड़ू, बेलचा और फावड़ा लेकर स्वच्छता का संदेश देते हुए सफाई भी की।
छात्र-छात्राओं ने तिरंगा लहराते हुए देश की आन-बान-शान के सम्मान में नारे लगाए और देश की स्वतंत्रता को बनाए रखने का संदेश दिया। इसके साथ ही उन्होंने सड़क किनारे फैली गंदगी को साफ करके हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता का संदेश भी दिया। छात्रों ने झाड़ू, बेलचा और फावड़े का उपयोग कर लोगों को अपने घर, मोहल्ले, गांव और कार्यस्थल को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर गांव के मुख्य मार्ग और बस स्टैंड पर एकत्रित रैली में शामिल बच्चों, शिक्षकों, ग्रामीणों, व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों ने स्वच्छता की शपथ ली। प्राचार्य डीके सिंगौर ने शपथ दिलाते हुए कहा कि स्वच्छता को अपनाकर ही हम तिरंगे की शान बढ़ा सकते हैं।
मानसिक स्वास्थ्य भ्रांति की जाँच के लिए राज्य स्तरीय टीम का दौरा
- अंधविश्वास से दूर रहने की अपील, तिलई गांव में राज्य स्तरीय टीम ने किया दौरा
मंडला महावीर न्यूज 29. राज्य स्तरीय टीम ने मंडला जिले के ग्राम तिलई हाईस्कूल का दौरा किया। यह दौरा कुछ दिन पहले स्कूल में छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी फैली भ्रांतियों की सच्चाई जानने के लिए किया गया था। सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने बताया कि टीम में राज्य मानसिक स्वास्थ्य की उप संचालक डॉ. विजया सकपाल और जिला स्तरीय टीम के सदस्य शामिल थे। टीम ने स्कूल के प्राचार्य सभी बच्चों, पीडि़त छात्राओं और उनके अभिभावकों से मिलकर घटना का जायजा लिया। अभिभावकों ने बताया कि जिला और ब्लॉक स्तर की मेडिकल टीम ने पहले ही उनका इलाज कर दिया था।

उप संचालक डॉ. विजया सकपाल ने गाँव के एक पंडा से भी बात की और उन्हें भ्रांतियों या अंधविश्वासों में न पडऩे की सलाह दी। जहाँ यह घटना हुई थी, उस पेड़ के नीचे ले जाकर बच्चों को शपथ दिलाई गई कि पेड़ उनके रक्षक हैं और उन्हें नुकसान नहीं पहुँचा सकते। डॉ. विजया सकपाल ने स्थानीय स्वास्थ्य कर्मियों और किशोर स्वास्थ्य परामर्शदाताओं को लगातार फॉलोअप और परामर्श देने का निर्देश दिया। इस दौरे के दौरान उप संचालक डॉ. विजया सकपाल, जिला टीकाकरण अधिकारी, क्षेत्रीय समन्वयक, डॉक्टर सुपरवाइजर, सीएचओ, एमपीडब्ल्यू, एएनएम और स्कूल के सभी शिक्षक उपस्थित थे।
हाई स्कूल तिलई की छात्राओं को आए चक्कर – Mahaveer News 29
मुख्यमंत्री के मंडला आगमन पर यातायात व्यवस्था में बदलाव
- मंडला पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
- 14 अगस्त को मंडला में रहेंगे डॉ. मोहन यादव
- सुगम आवागमन के लिए ये रूट होंगे प्रभावित
मंडला महावीर न्यूज 29. आज 14 अगस्त को मंडला में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शिरकत करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन एवं कार्यक्रम के दौरान अधिक संख्या में लोगों के सम्मिलित होने की संभावना है। इस अवसर पर सुरक्षा व सुगम यातायात की दृष्टि से विशिष्ट अतिथियों की कार पार्किंग कॉलेज के सामने होगी। समस्त शासकीय अधिकारियों, मंचासीन विशिष्ट अतिथियों के वाहनों की पार्किंग व्यवस्था वेयरहाउस परिसर में की गई है। मेला स्थल बड़ी खैरी में दो पहिया वाहनों की पार्किंग व्यवस्था की गई है। एकीकृत प्राथमिक शाला मैदान बड़ी खैरी में मंडला की ओर से कार्यक्रम में आने वाले फोर व्हीलर वाहनों की पार्किंग व्यवस्था की गई है।
प्राथमिक शाला मैदान पीपरपानी में नैनपुर, मवई, बिछिया की ओर से कार्यक्रम में आने वाले समस्त छोटे व अन्य वाहनों की पार्किंग व्यवस्था की गई है। मंडला ब्लॉक, मवई एवं घुघरी से कार्यक्रम में आने वाले समस्त वाहन डिंडोरी रोड के पास पार्क होंगे। बीजाडांडी, नारायणगंज, निवास, नैनपुर, बिछिया से आने वाली बसें व अन्य वाहन जंतीपुर क्रॉसिंग के बाद हाईवे के पास पार्क होंगे।
बिनेका तिराहा-आमानाला बाईपास व डिंडोरी रोड की ओर जाने वाले वाहन बिनेका तिराहा से डायवर्ट होकर हाईवे से होकर जाऐंगे। आमानाला बाईपास से शहर की ओर आने वाले समस्त प्रकार के वाहन हाईवे से कटरा बाईपास व प्रथम ढाबा पुरवा होकर शहर आएंगे। बम्हनी, नैनपुर, पिंडरई की ओर से कार्यक्रम में आने वाली समस्त बसें व अन्य वाहन पौड़ी रेलवे क्रॉसिंग तिराहा से डाइवर्ट होकर आरटीओ कार्यालय, पुरवा, प्रथम ढाबा से होकर निर्धारित पार्किंग स्थल में पहुंचेंगे। बस स्टैंड से डिंडोरी रोड व रायपुर जाने वाली समस्त यात्री बसें महाराजपुर, पौंड़ी तिराहा, पुरवा होकर बाईपास से आएंगे-जाएंगे।
नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि उक्त कार्यक्रम एवं वीआईपी आगमन, प्रस्थान के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाने में पुलिस का सहयोग करें। इस दौरान वीआईपी आगमन, प्रस्थान व कार्यक्रम के दौरान वीआईपी मार्ग व कार्यक्रम स्थल की ओर समस्त प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश निषेध रहेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंडला में आयोजित कार्यक्रम में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज 14 अगस्त को दोपहर 2:45 बजे डुमना एयरपोर्ट जबलपुर से मंडला के लिए रवाना होंगे तथा दोपहर 3:05 बजे मंडला हेलीपेड पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शाम 5 बजे हेलीपेड मंडला से जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
लोन के नाम पर आदिवासी महिलाओं से लाखों की ठगी, सांसद के गृह ग्राम का मामला
- भारत फाइनेंशियल इंक्लूजन के कर्मचारी पर आरोप
- निवास थाने में शिकायत दर्ज
- बिना लोन दिए ही शुरू हुई वसूली
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के निवास क्षेत्र में एक बार फिर आदिवासी और अशिक्षित महिलाओं से धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इस बार ठगी का शिकार हुई महिलाएं मंडला सांसद फग्गनसिंह कुलस्ते के गृह ग्राम खिन्हा की हैं। यहां भारत फाइनेंशियल इंक्लूजन की नारायणगंज स्थित शाखा के दो कर्मचारियों ने कथित तौर पर एक दर्जन से अधिक महिलाओं से 4.81 लाख रुपए का गबन किया है। पीडि़त महिलाओं ने मंगलवार को निवास थाने में शिकायत दर्ज कराई और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। महिलाओं ने बताया कि भारत फाइनेंशियल इंक्लूजन में काम करने वाली मनीषा परस्ते और बैंक मैनेजर राजेश कुशरे ने उन्हें समूह बनाने और जरूरी कार्यवाही के नाम पर कम्प्यूटर, डिवाइस और दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए।
महिलाओं का आरोप है कि उन्हें किसी भी तरह का कोई लोन नहीं दिया गया। लेकिन कुछ महीनों बाद मैनेजर राजेश कुशरे साप्ताहिक तौर पर उनसे लोन की किस्त वसूलने आने लगे। जब महिलाओं ने इसका विरोध किया और कहा कि उन्होंने कोई लोन नहीं लिया है, तो मैनेजर ने उन्हें जेल भेजने की धमकी दी। जब पीडि़त महिलाओं ने इस मामले की जानकारी जुटाई, तो उन्हें पता चला कि उनके नाम पर लाखों का लोन निकाला जा चुका है।
बताया गया कि पार्वती बाई के नाम पर 1 लाख, फूला बाई के नाम पर 50 हजार, लक्ष्मी बाई के नाम पर 75 हजार, गया बाई के नाम पर 60 हजार, पतिया बाई के नाम पर 15 हजार, गीता बाई के नाम पर 68 हजार, लाडली बाई के नाम पर 32 हजार, लक्ष्मी यादव के नाम पर 15 हजार और ममता यूईके के नाम पर 50 हजार का लोन निकाल लिया गया था। कुल मिलाकर यह राशि 4.81 लाख थी। महिलाओं ने बताया कि लोन की यह पूरी राशि उनके फिंगरप्रिंट का इस्तेमाल कर बैंक से निकाल ली गई और मैनेजर राजेश कुशरे व मनीषा परस्ते ने रख ली। अब उन पर वसूली के लिए दबाव बनाया जा रहा है। घटना के बाद से मनीषा परस्ते फरार है।
महिलाओं के गहने हड़पे
धोखाधड़ी का यह मामला यहीं खत्म नहीं होता। पीडि़त महिलाओं में से गीता बाई से एक जोड़ी चांदी का गजरा, एक जोड़ी पायल और एक सोने का मंगलसूत्र भी लिया गया था। इसी तरह सीमा और कमला से चांदी का करधन लिया गया था। इन गहनों को कुछ दिनों में वापस करने का वादा किया गया था, लेकिन अब मनीषा परस्ते गांव से फरार है। इस घटना से यह साफ है कि आदिवासी क्षेत्रों में समूह बनाकर लोन देने के नाम पर धोखाधड़ी का यह गोरखधंधा तेजी से फल-फूल रहा है।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे
राज्य स्तरीय दल ने किया हेपेटाइटिस और कुष्ठ नियंत्रण कार्यक्रम का निरीक्षण
- भोपाल से आए दल ने गर्भवती महिलाओं की हेपेटाइटिस जाँच पर दिया जोर
मंडला महावीर न्यूज 29. विगत दिवस राज्य स्तर भोपाल से आए दल ने जिले में संचालित हेपेटाइटिस कंट्रोल प्रोग्राम और लेप्रोसी (कुष्ठ रोग) कंट्रोल प्रोग्राम का गहन निरीक्षण किया। इस दल में डॉ. शिखा शुक्ला, सुभाष पांडे, राजेन्द्र वर्मा जिला एपीडर्मीयोलॉजिस्ट शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान दल ने विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं के लिए चलाए जा रहे हेपेटाइटिस जाँच कार्यक्रम की समीक्षा की। उन्होंने जानकारी ली कि कितनी गर्भवती महिलाओं की जाँच की जा चुकी है, और जाँच के महत्व के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर भी चर्चा की। डॉ. शिखा शुक्ला और सुभाष पांडे ने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि सभी गर्भवती माताओं को हेपेटाइटिस की जाँच कराने के लिए प्रोत्साहित और जागरूक किया जाए जिससे संक्रमण का समय पर पता लगाया जा सके।

निरीक्षण के दौरान लेप्रोसी कंट्रोल प्रोग्राम के तहत किए जा रहे प्रयासों का भी मूल्यांकन किया गया। दल ने नए मामलों की खोज की प्रक्रिया की जानकारी ली और इस बात पर जोर दिया कि लेप्रोसी के हर मरीज को पूरा और समय पर उपचार मिले। उन्होंने कहा कि समय पर उपचार से न केवल मरीज ठीक होते हैं, बल्कि समाज में कुष्ठ रोग के प्रसार को भी रोका जा सकता है। निरीक्षण दल ने दोनों कार्यक्रमों के क्रियान्वयन पर संतोष व्यक्त किया और भविष्य में इन कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एचआईवी सघन जागरूकता अभियान का आगाज, दो महीने चलेगा विशेष कार्यक्रम
- मंडला जिला चिकित्सालय में हुई एचआईव्ही सघन जागरूकता अभियान की शुरुआत
- आमजन को किया जाएगा जागरूक
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला चिकित्सालय मंडला में एचआईवी सघन जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। दो महीने तक चलने वाले अभियान का मुख्य उद्देश्य एचआईवी, एड्स के संक्रमण, बचाव और उपचार से संबंधित सही जानकारी को समाज के हर वर्ग तक पहुँचाना है। यह अभियान 12 अगस्त से 12 अक्टूबर तक पूरे जिले में चलेगा, जिसमें विभिन्न जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।
बताया गया कि अभियान की शुरुआत एक ओरिएंटेशन प्रोग्राम से हुई, जिसमें स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. सुमित सिंगौर और सिविल सर्जन डॉ. विजय धुर्वे मौजूद रहे। उन्होंने उपस्थित प्रतिभागियों को एचआईवी के लक्षण, संक्रमण के तरीकों, बचाव के उपाय, जाँच और उपचार की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान स्वयंसेवकों और कार्यकर्ताओं को समुदाय में संदेश पहुँचाने की रणनीतियों और प्रचार प्रसार सामग्री के उपयोग के बारे में भी प्रशिक्षित किया गया। ओरिएंटेशन सत्र के बाद एक सघन जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में एचआईवी से जुड़े स्लोगन और संदेश वाले बैनर और पोस्टर प्रदर्शित किए गए। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने सुरक्षित यौन व्यवहार, कंडोम के सही उपयोग और समय पर एचआईवी जाँच व उपचार के महत्व पर जोर दिया।
टोल फ्री नंबर और एड्स अधिनियम की दी जानकारी
डॉ. सुमित सिंगौर और डॉ. विजय धुर्वे ने बताया कि एचआईव्ही केवल असुरक्षित यौन संबंध, संक्रमित रक्त, और सुई, सिरिंज के साझा उपयोग से फैलता है। उन्होंने कहां कि यह छूने, गले लगाने या साथ खाने-पीने से नहीं फैलता है, जिससे समाज में फैली भ्रांतियों को दूर किया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने एचआईवी और एड्स अधिनियम 2017 के बारे में भी जानकारी दी, जिसमें एचआईव्ही से पीडि़त व्यक्तियों के अधिकारों की रक्षा और उनके साथ होने वाले भेदभाव को रोकने के लिए सख्त प्रावधान हैं। अधिक जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 1097 की भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में नोडल अधिकारी डॉ. सुमित सिंगौर, सिविल सर्जन डॉ. विजय धुर्वे, जिला आईसीटीसी केंद्र से चित्रांश वर्मा, डीएसआरसी केंद्र से राकेश मुराली, जागृति युवा मंच समिति के विकेश ठाकरे, अभिषेक दुबे, ज्ञानलता परिहार, लक्ष्यगत हस्तक्षेप परियोजना से आशीष मिश्रा और प्रियंका अर्से, संपूर्ण सुरक्षा केंद्र से अनुराधा यादव, बसंत पटेल, सुनील भासंत और समस्त स्टाफ मौजूद रहा। इनके साथ ही बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी, युवा, महिला समूह और विद्यालय, महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं भी उपस्थित रहे।
मंडला में तिरंगा साइकिल रैली का आयोजन, देशभक्ति और पर्यावरण का दिया संदेश
- मंडला साइकिलिस्ट ग्रुप ने स्वतंत्रता दिवस से पहले निकाली रैली, युवाओं में भरा जोश
मंडला महावीर न्यूज 29. स्वतंत्रता दिवस के पूर्व मंडला साइकिलिस्ट ग्रुप ने शहर में एक भव्य तिरंगा साइकिल रैली का सफल आयोजन किया। देशभक्ति से ओत-प्रोत इस रैली में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और पूरे शहर को जोश और उत्साह से भर दिया। रैली की शुरुआत सुबह 5.45 बजे रपटा घाट से हुई। यह रैली बैगा बैगी चौराहा, रेडक्रॉस तिराहा, जेल घाट, रानी अवंतीबाई स्कूल, उदय चौक, बस स्टैंड, बिंझिया तिराहा, नेहरू स्मारक और महाराजपुर से होते हुए वापस रपटा घाट पर समाप्त हुई। इस 15 किलोमीटर की यात्रा के दौरान शहर की सड़कें देशभक्ति गीतों और भारत माता की जय के नारों से गूंज उठीं।
मंडला साइकिलिस्ट ग्रुप के सदस्य विजय बहादुर सिंह ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि देना, युवाओं में देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देना और साइकिलिंग के प्रति जागरूकता फैलाना है। रैली में सभी प्रतिभागियों ने सुरक्षा नियमों का पालन भी किया गया। विजय बहादुर सिंह ने कहा कि यह रैली देशभक्ति का उत्सव है। हम इस यात्रा के माध्यम से लोगों को स्वस्थ रहने और पर्यावरण को सुरक्षित रखने का संदेश देना चाहते हैं। हम चाहते हैं कि मंडला के लोग साइकिलिंग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएँ। मंडला साइकिलिस्ट ग्रुप ने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में और भी अधिक लोग ऐसे आयोजनों में शामिल होंगे, जिससे स्वास्थ्य, पर्यावरण और देशभक्ति जैसे महत्वपूर्ण उद्देश्यों को एक साथ बढ़ावा मिलेगा।
मंडला साइकिलिस्ट ग्रुप में हेमंत खरे, दिनेश दुबे, विजय सिंह, राकेश अग्रवाल, महेश चड़ार, अब्दुल शकूर खान, प्रमोद चौरसिया, मानसिंह, संतोष कुशवाह, सुनील बाली, केडी दुबे, मुकेश सोनी, सुधीर कांसकार, रामगोपाल पटेल, राजेन्द्र उपाध्याय, राकेश गुप्ता, श्याम श्रीवास समेत साईकिल ग्रुप एवं पतंजलि योग पीठ मंडला के सदस्य शामिल हुए।
अनोखी जीवनगाथा, मौत से पहले चुकाया हर हिसाब
- तिलईपानी के भानू यादव की ईमानदारी की चर्चा पूरे मंडला में
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला मुख्यालय के पास तिलईपानी गाँव के निवासी और रामनगर चौराहे पर चाय-पान की दुकान चलाने वाले भानू यादव का 07 अगस्त को निधन हो गया, लेकिन अपनी मृत्यु से पहले उनके द्वारा किए गए काम आज पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गए हैं। ऐसा माना जा रहा है कि भानू यादव ने अपनी मौत की आहट को पहले ही भांप लिया था।
भानू यादव ने अपने जीवन के अंतिम दिनों में अपने सभी छोटे-बड़े लेन-देन का हिसाब-किताब चुकता कर दिया था। उन्होंने जिन लोगों से पैसे उधार लिए थे, उन्हें वापस लौटा दिया और जिनसे उन्हें पैसे लेने थे, वह भी ले लिए। इतना ही नहीं, उन्होंने बैंक में जमा अपनी सारी पूंजी भी निकाल ली थी। उनकी मृत्यु से एक दिन पहले, उन्होंने अपने ग्राहकों को उधार में चाय-नाश्ता देने से भी मना कर दिया था। उनके नियमित ग्राहकों और बस चालकों ने बताया कि हमेशा हमारी उधारी चलती थी, लेकिन उस दिन उन्होंने साफ मना कर दिया।
भानू यादव अक्सर कहा करते थे कि मौत का कोई ठिकाना नहीं… हिसाब-किताब साफ रखना चाहिए। उनके ये शब्द अब हर किसी की जुबान पर हैं। उनकी मृत्यु के बाद एक और विचित्र घटना सामने आई है, जिसमें कहा जा रहा है कि चिता के बाद उनका सिर सुरक्षित बच गया था और उस पर कुछ लिखा हुआ था। यह बात लोगों को हैरान कर रही है और पूरे जिले में इस पर चर्चा हो रही है।
भानू यादव की छोटी सी चाय की दुकान आज खाली है, लेकिन उनकी ईमानदारी और समय रहते हर हिसाब चुकता करने का संदेश लोगों को यह सीख दे रहा है कि जीवन अनिश्चित है, पर सच्चाई और ईमानदारी हमेशा जिंदा रहती है।
परंपरागत पूजा अर्चना कर महिलाओं ने मनाया तीजा पर्व
- सिंधी समाज की महिलाओं ने तीजा व्रत में पति की दीर्घायु और खुशहाली के लिए की कामना
मंडला महावीर न्यूज 29. पति की दीर्घायु और खुशहाली की कामना के लिए सिंधी समाज की महिलाओं ने तीजा का व्रत रखा, सुहागन महिलाएं पति की लंबी उम्र एवं कन्याएं सुयोग्य वर की प्राप्ति के लिए तीजा व्रत रखती हैं,इसके लिए एक दिन पूर्व मेहंदी रस्म अदायगी की गई, मंगलवार की सुबह महिलाओं ने ब्रह्म मुहूर्त में सरगी का सेवन किया, नए परिधानों में सोलह श्रृंगार से सज्जित होकर,हाथों में पूजा की थाली लेकर महिलाएं सामाजिक पुरोहित के घर विधिवत पूजन अर्चन के लिए एकत्र हुईं,पुरोहित के अनुसार पूजा में कलश का विशेष महत्व है,सुबह तीज माता का फुलेहरा झूले में बांधा गया, जिसमें महिलाओं ने परंपरागत रूप से झूला झुलाया इस फुलहरे में फल, फ्रूट एवं पूजन सामग्री का समावेश किया जाता है। तीज के अवसर पर सामाजिक महिलाओं के द्वारा जल चढ़ाते हुए विधिवत पूजन अर्चन किया गया।

शाम को हुई तीजड़ी माता की कथा
शाम को सामाजिक पुरोहित के घर तीजड़ी माता की कथा हुई जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने शामिल होकर कथा का श्रवण किया। महिलाओं के तीजा पर्व में इस कथा का बहुत महत्व है इसको जीवन में अनुसरण करने के लिए प्रेरित किया गया है। कथा के समय एक थाल में नारियल एवं विभिन्न प्रकार के फ्रूट्स शामिल किए जाते हैं। एक शगुन के तौर पर इन सभी सामग्री की पूजा अर्चना की जाती है। इसके पश्चात सामाजिक महिलाओं ने महिला पुरोहित के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और पुरोहित उनको टीका लगाते हुए सदा सुहागन का आशीर्वाद दिया।
चंद्रमा को अर्क देकर पूजा अर्चना
रात्रि को चंद्र देव की पूजा की गई, चंद्रदेव को अर्क देकर पति की पूजा की एवं उनके हाथों से जल ग्रहण करके व्रत को पूर्ण किया। इस अर्क में पके चावल, कच्चा दूध,शक्कर एवं शामिल किया जाता है। इसके साथ ही चंद्र देवता पूजन किया गया।तीजा के अवसर पर महिलाओं में विशेष उत्साह देखा गया और घर के बड़ो के मार्गदर्शन में परंपराओं का निर्वहन किया गया,इस अवसर पर पति ने पत्नियों को उपहार भेंट किया।
देशभक्ति का संदेश देंगे मंडला साइकिलिस्ट ग्रुप
- मंडला में तिरंगा साइकिल रैली
- स्वतंत्रता दिवस से पहले साइकिल प्रेमी दिखाएंगे अपना जोश
- 12 अगस्त को रपटा घाट से शुरू होगी तिरंगा रैली
मंडला महावीर न्यूज 29. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मंडला में देशभक्ति का अनूठा रंग देखने को मिलेगा। शहर के प्रथम साइकिल समूह, मंडला साइकिलिस्ट गु्रप द्वारा 12 अगस्त को एक भव्य तिरंगा साइकिल रैली का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और देश के प्रति सम्मान समर्पित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
रैली की शुरुआत सुबह 5.45 बजे रपटा से होगी। यह शहर के मुख्य मार्गों से होकर गुजरेगी और अंत में वापस रपटा पर ही समाप्त होगी। साइकिलिस्ट हेमंत खरे ने बताया कि तिरंगा रैली सुबह 5.45 बजे शुरू होगी जो रपटा पुल से होते हुए बैगा बैगी चौराहा, रेडक्रॉस तिराहा, जेल घाट, रानी अवंती बाई स्कूल, उदय चौक, बस स्टैंड, बिंझिया तिराहा, नेहरू स्मारक होते हुए रपटा घाट में समाप्त होगी। इस रैली में शहर के सभी साइकिल प्रेमी बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया गया है जिससे इसे सफल बनाया जा सके। इसके साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से तिरंगा साईकिल रैली में अपने साथ हेलमेट, दस्ताने, धूप का चश्मा लगाने की अपील की है।
मंडला साइकिलिस्ट गु्रप का मानना है कि यह रैली न केवल साइकिलिंग को बढ़ावा देगी, बल्कि युवाओं को देश के इतिहास और उसके गौरव से भी जोड़ेगी। समूह के सदस्यों ने उम्मीद जताई है कि बड़ी संख्या में लोग इस आयोजन में हिस्सा लेकर स्वतंत्रता दिवस के जश्न को और भी खास बनाएंगे। यह रैली शहर में देशभक्ति और एकता का एक मजबूत संदेश देगी।
तीन संतान वाले शिक्षकों को राहत, प्रताड़ना पर अब होगी शिकायत
- एसोसिएशन ने किया दावा, अधिकांश मामले में शिक्षक निर्दोष
- ट्राइबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन की बैठक में खुलासा, ब्लैकमेलिंग के शिकार हो रहे हैं शिक्षक
मंडला महावीर न्यूज 29. ट्राइबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन ने हाल ही में तीन से अधिक संतान वाले शिक्षकों की एक बैठक आयोजित कर बड़ा खुलासा किया है। एसोसिएशन का दावा है कि ऐसे अधिकांश शिक्षक कानूनी तौर पर निर्दोष हैं और वे बेवजह ब्लैकमेलिंग का शिकार हो रहे हैं। इस संबंध में बैठक का आयोजन ट्राइबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष डीके सिंगौर की अगुवाई में हुई। एसोसिएशन को लगातार शिकायत मिल रही थी कि मवई समेत कई क्षेत्रों में ऐसे शिक्षकों को कुछ व्यक्तियों के द्वारा नौकरी से बर्खास्त करा देने की धमकी और ब्लैकमेलिंग कर उनसे धन राशि ऐंठी जा रही है। जानकारी के अभाव में कुछ शिक्षक इस ब्लैकमेलिंग के शिकार हो रहे हैं। आयोजित बैठक में 50 से अधिक शिक्षकों ने भाग लिया।
बताया गया कि 26 जनवरी 2001 के बाद तीसरी संतान के जन्म से संबंधित नियमों को लेकर शिक्षकों में गलतफहमी है। डीके सिंगौर ने स्पष्ट किया है कि मध्यप्रदेश सिविल सेवा नियम 1961 जिसमें यह प्रावधान जोड़ा गया था, अध्यापक संवर्ग (शिक्षाकर्मी या गुरुजी) पर लागू नहीं होता था, क्योंकि उनकी भर्ती उस समय इन नियमों के तहत नहीं हुई थी। एसोसिएशन ने बताया कि लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल ने 19 सितंबर 2022 को एक पत्र जारी कर स्पष्ट किया था कि जिन शिक्षकों की नियुक्ति 26 जनवरी 2001 से पहले हुई है, उन पर यह नियम लागू नहीं होगा। इसके साथ ही कोर्ट के कई मामलों का हवाला देते हुए यह भी बताया कि सेवा से बर्खास्तगी के मामले दुर्लभ हैं।
भयभीत होने की जरूरत नहीं
बताया गया कि उच्च न्यायालय जबलपुर ने दो ऐसे मामलों में कार्रवाई पर रोक लगा दी थी, और जबलपुर हाईकोर्ट की डिवीजनल बेंच ने वेतन वृद्धि रोकने के आदेश को भी निरस्त कर दिया था और दोनों शिक्षक अपनी ड्यूटी पर हैं। टीकमगढ़ के एक मामले में जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा प्राथमिक शिक्षक को पदोन्नति कर सहायक अध्यापक बना दिया गया था, कोर्ट की फटकार के बाद फिर से प्राथमिक शिक्षक बनाना पड़ा। बड़वानी के न्यायालयीन कर्मचारियों के मामले में निचली अदालत द्वारा 3 संतान होने पर 1 वेतन वृद्धि और 4 संतान होने पर 2 वेतन वृद्धि रोकने का आदेश पारित हुआ था, जिसे भी जबलपुर हाइकोर्ट की डिविजनल बेंच द्वारा निरस्त कर दिया गया और 14 कर्मचारियों को सिर्फ परिनिंदा शास्ति से ही अधिरोपित किया गया। 3 संतान वाले मामले में सामान्य प्रशासन विभाग के स्पष्ट नियम बनाए जाएं इसके लिए एसोसिएशन प्रयास करेगा। बैठक में वेतन वृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकने की कार्रवाई को भी समझाया गया कि यह मामूली कार्रवाई है इससे भी भयभीत होने की जरूरत नहीं है। इसके साथ ही शिक्षकों को बताया कि लगभग मामले में शिक्षक एकदम निर्दोष हैं यदि कोई उन्हें ब्लैक मेल करता है तो साक्ष्य जुटाएं जिससे उनकी सीधी शिकायत पुलिस के आला अधिकारी से की जा सके।
युवक की पीट-पीटकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार
- मवई के ग्राम बिलाईखार की घटना
मंडला महावीर न्यूज 29. आदिवासी बाहुल्य जिला मंडला के मवई विकासखंड मोतीनाला थाना क्षेत्र के ग्राम बिलाईखार में एक युवक को रविवार शाम आपसी विवाद में लाठी, डंडे से पीट-पीटकर उनके बड़े पापा और फूफा ने हत्या कर दी गई। बताया गया कि मृतक युवक अनिल कुशराम पिता उदय सिंह 34 वर्ष निवासी ग्राम बिलाईखार, परदेशी मरावी पिता परतू मरावी 56 वर्ष निवासी ग्राम बिलाईखार और जोहन पिता ढोली 71 वर्ष निवासी ग्राम बिलाईखार रविवार की शाम एक घर में खाने पीने का कार्यक्रम किये। तीनों ने शराब पी और किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
बताया गया कि नशे की हालत में आपसी विवाद के बाद परदेशी मरावी ओर जोहन ने अनिल कुशराम की लाठी ठंडे से पिटाई की और इस मारपीट में उसकी मौत हो गई। इस घटना की सूचना मोतीनाला पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मोतीनाला थाना प्रभारी हेमंत बावरिया अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी हेमंत बावरिया ने बताया कि तीनों लोग नशे में विवाद किये। जिसमें अनिल कुशराम की मौत हो गई। हत्या के दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
रोहा नाला में मिला अज्ञात शव
- ग्राम चाबी क्षेत्र की घटना
- जांच में जुटी पुलिस
मंडला महावीर न्यूज 29. चाबी चौकी के अंतर्गत सोमवार की सुबह करीब 10 बजे लोगों ने एक शव रोहा नाला में बहता हुआ देखा। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पानी से निकल कर शिनाख्त करने में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार शव मिलने की सूचना के बाद सनसनी फैल गई लोगों की भीड़ भी मौके पर एकत्रित हो गई। काफी प्रयास के बाद भी शव की पहचान नहीं हो सकी है।
दो बाइकों की टक्कर में पत्नी गंभीर, पति-बेटी घायल
- निवास के बिसौरा में बाइक दुर्घटना
मंडला महावीर न्यूज 29. निवास थाना क्षेत्र अंतर्गत निवास-शहपुरा मार्ग पर स्थित ग्राम बिसौरा में सोमवार शाम दो बाइकों की आपस में टक्कर हो गई। इस हादसे में एक बाइक पर सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उनके पति और बेटी को मामूली चोटें आईं।
जानकारी अनुसार नारायणगंज निवासी विजय कुमार साहू 45 वर्ष अपनी पत्नी एकता साहू 36 वर्ष और बेटी अंबिका साहू के साथ शहपुरा से वापस आ रहे थे। शाम करीब 6.30 बजे बिसौरा गांव के पास उनकी बाइक सामने से आ रही एक अन्य बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकें नीचे गिर गईं।
इस हादसे में विजय की पत्नी एकता साहू को गंभीर चोटें आईं, जबकि विजय और उनकी बेटी अंबिका को मामूली खरोंचें आईं। घायल एकता साहू को एक निजी वाहन से निवास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही निवास पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे
तिरंगा हमारी एकता, अखंडता और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक
- हर घर तिरंगा अभियान- निकाली भव्य वाहन रैली, कैबिनेट मंत्री और सांसद हुए शामिल
- आजादी के 79वें अमृत महोत्सव पर मंडला में गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश
- नागरिकों ने लिया तिरंगा फहराने का संकल्प
मंडला महावीर न्यूज 29. आजादी के 79वें अमृत महोत्सव के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर चलाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंडला में एक भव्य वाहन रैली और हस्ताक्षर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया, जिन्होंने तिरंगा लहराकर पूरे शहर में राष्ट्रभक्ति और एकता का संदेश दिया। रैली मंडला पुलिस ग्राउंड से शुरू हुई, जिसमें केंद्रीय लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री सम्पतिया उइके, सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, कलेक्टर सोमेश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा सहित अन्य गणमान्य नागरिक शामिल हुए। रैली शहर के मुख्य चौराहों और महाराजपुर क्षेत्र से होते हुए वापस पुलिस ग्राउंड पर समाप्त हुई।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सम्पतिया उइके ने अपने संबोधन में कहा कि हमारा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा सिर्फ स्वतंत्रता की कहानी नहीं बताता, बल्कि यह हमारी एकता, अखंडता और सांस्कृतिक गौरव का भी प्रतीक है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें और अपने घर, कार्यालयों, दुकानों और वाहनों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करें। उन्होंने कहा कि आइए हम सब मिलकर इस अभियान को सफल बनाएं और दुनिया को एक सशक्त और एकजुट भारत का संदेश दें।



हस्ताक्षर और डिजिटल माध्यम से दिया समर्थन
वाहन रैली के साथ एक हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जहाँ नागरिकों ने उत्साह के साथ हस्ताक्षर करके इस अभियान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस पहल का उद्देश्य था कि हर व्यक्ति स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराने में भागीदार बने। इसके साथ ही लोगों को यह भी प्रोत्साहित किया गया कि वे तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी हर घर तिरंगा बेवसाइट पर साझा करें, जिससे यह संदेश देश के ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुँच सके। इस कार्यक्रम में नपा अध्यक्ष विनोद कछवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा और सांसद प्रतिनिधि जयदत्त झा उपस्थित रहे।
गर्भवती महिलाओं की हुई जांच, सावधानी बरतने की दी सलाह
- प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस शिविर आयोजित
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस शिविर सोमवार को आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य प्रसव पूर्व देखभाल की गुणवत्ता एवं कव्हरेज को बढ़ावा देने और हाईरिस्क महिलाओं की जांच, निदान एवं परामर्श सेवाएं के कव्हरेज में सुधार करना है। आयोजित शिविर में चिकित्सक ने गर्भवती महिलाओं की आवश्यक जांच परीक्षण कर परामर्श दिए। मातृत्व दिवस शिविर में गर्भवती महिलाओं का एचआईवी, हिमोग्लोबिन, ब्लड शुगर, यूरीन प्रोटीन एवं एल्बुमिन की जांच की गई। मातृत्व दिवस में गर्भवती महिलाओं में डायबिटीज की जांच भी प्रमुखता से की गई।
जानकारी अनुसार आयोजित मातृत्व दिवस शिविर में गर्भवती महिलाओं की प्रसव के पहले ही जांच के दौरान उच्च जोखिम गर्भावस्था (एचआरपी) की पहचान हो जाती है। यदि ऐसी कोई गर्भवती महिला चिन्हित होती है तो ऐसी गर्भवती का प्रसवकाल में विशेष ध्यान रखा जाता है। सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस के तहत हर महीने की नौ तारीख को जिले के सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस का आयोजन किया जा रहा है। अवकाश तय तिथि में अवकाश होने पर आगामी कार्य दिवस में शिविर का आयोजन किया जाता है। बताया गया कि गर्भवती महिलाओं की जांच के बाद अगर किसी भी महिलाओं में एंबनॉर्मल भू्रण या गर्भाशय में किसी प्रकार की शिकायत रहने पर उसे पहले अच्छे स्वास्थ्य सेवा के लिए बेहतर अस्पताल भेजा जाता है, जिससे प्रसव के समय महिलाओं को कोई परेशानी ना हो। मातृत्व दिवस अभियान के अंतर्गत सभी सुविधाएं सरकार द्वारा नि:शुल्क दी जा रही है।
गर्भवती महिलाओं का किया ओजीटीटी
नर्सिंग ऑफीसर शारदा चंदेले ने बताया कि मातृत्व दिवस में गर्भवती महिलाओं में डायबिटीज की जांच भी प्रमुखता से की जा रही है। यह ओरल ग्लूकोज टॉलरेंस टेस्ट यानी ग्लूकोज सहनशीलता परीक्षण है। यह एक लैब टेस्ट है। इस टेस्ट से पता चलता है कि शरीर बड़ी मात्रा में चीनी को कितनी अच्छी तरह से संसाधित कर सकता है। यह टेस्ट अक्सर मधुमेह के निदान के लिए किया जाता है। इस टेस्ट के लिए गर्भवती महिला को ग्लूकोज वाला पानी पिलाया जाता है। जिसके करीब दो घंटे बाद रक्त का नमूना लेकर शरीर में शर्करा के स्तर की जांच की जाती है। गर्भवती महिला को दिया जाना वाला ग्लूकोज का शरबत बनाने के लिए 300 एमएल पानी में 75 ग्राम ग्लूकोज मिलाकर बनाया जाता है, जिसे टॉलरेंस टेस्ट के नाम से भी जाना जाता है।
स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता- कैबिनेट मंत्री
- मंडला में आकांक्षी हाट का शुभारंभ
- वोकल फॉर लोकल को मिलेगा प्रोत्साहन
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला में सोमवार को पांच दिवसीय आकांक्षा हाट का शुभारंभ हुआ। इस हाट मेले का उद्घाटन लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उईके और सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने किया। 15 अगस्त तक चलने वाला यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वोकल फॉर लोकल की परिकल्पना को साकार करने और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।

उद्घाटन के अवसर पर कैबिनेट मंत्री सपंतिया उईके ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार स्थानीय कारीगरों और स्व-सहायता समूहों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि सरकार की प्राथमिकता है कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिले। उन्होंने मंडला की गोंडी पेंटिंग का जिक्र किया, जिसे जीआई टैग मिल चुका है। उन्होंने कहा कि प्रशासन मिलेट्स फेस्टिवल, शिल्पी मेला और फूड फेस्टिवल जैसे आयोजनों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने का लगातार प्रयास कर रहा है।

सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मवई और नारायणगंज जैसे आकांक्षी विकासखंडों में ऐसे आयोजन बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि मंडला के प्रसिद्ध शहद, कोदो-कुटकी-रागी जैसी फसलों की अच्छी मांग है, और ऐसे हाट इन्हें उचित बाजार दिलाने में मदद करेंगे। उन्होंने सभी से इस हाट का प्रचार-प्रसार करने की अपील की।
इस अवसर पर मंत्री और सांसद ने हाट में लगे 22 स्टालों का अवलोकन किया और आजीविका मिशन के स्व-सहायता समूह द्वारा बनाए गए व्यंजनों का भी स्वाद चखा। इस दौरान नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, जिला पंचायत सदस्य शैलेष मिश्रा, कलेक्टर सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, एसडीएम मण्डला सोनल सिडामसहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद रहे।
भाईचारे के साथ मनाई कजलियां, बच्चों में रहा उत्साह
- रंगरेज घाट में भरा कजलियां मेला
- दूसरे दिन भी बहनों ने बांधी राखी
मंडला महावीर न्यूज 29. रंगरेज घाट में कजलियां मेला पराम्परागत रूप से भरा गया। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी यहां मेले का आयोजन रंगरेज घाट के गांधी मैदान में किया गया। कंजलिया मेले में लोग उत्साह के साथ कजलिया विसर्जन के लिए पहुंचे। मेला स्थल पर पहुंचे लोगों में उत्साह देखा गया। इस वर्ष परंपरागत रूप से यह मेला प्रतिवर्षानुसार लगा। रंगरेज घाट के गांधी मैदान व आसपास के स्थल में मेला आयोजन किया गया।
मेले में तरह-तरह की दुकानें सजाई गई। सड़क के आसपास दुकानें लगाई गई थी, स्थान के अभाव के कारण मेला स्थल पर झूले कम लगाये गये थे। फिर भी लोगों ने बढ़-चढ़कर मेले में शिरकत की। शहर सहित आसपास के ग्रामों से बड़ी संख्या में लोग मेले में आये। शाम से मेले की रंग्गत बढऩे लगी। सुरक्षा के लिहाज से रंगरेज घाट तथा मेला स्थल पर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। घाट में गोताखोर तैनात किये गये थे। मेले स्थल पर वाहनों की आवाजाही को प्रतिबंधित किया गया था।
भाईचारे के साथ मनाई कजलियां
रक्षा बंधन के पूर्व घरों में बोए गए कजलियों का विधि विधान के साथ विसर्जन किया गया। हिन्दु परम्परा के अनुसार रक्षा बंधन के दूसरे दिन आपसी भाईचारे का त्यौहार कजलियां पूरे जिले में बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है। लोग अपने-अपने घरों में बोए गए कजलियां की नित पूजन-अर्चन किया जाता है। जिसका संध्याकाल में जलाशयों एवं नदी तट में कजली विसर्जन कर अन्न देवता से अच्छी फसल के लिय प्रार्थना की गई। लोगों ने रंगरेज घाट, रपटा घाट, रंगरेज घाट, नांव घाट, नाना घाट, दादा धनीराम घाट आदि नर्मदा तटों में कजनियां विसर्जित की तथा मां नर्मदा का पूजन अर्चन किया।
होती है धन धान्य की कामना
ग्रामीण अंचलों में कजलियों का एक विशेष महत्व होता है। रक्षा बंधन के 8 दिन पूर्व कजलियों को घरों के पूजा स्थान में बोया जाता है। जिसका रक्षाबंधन के दूसरे दिन समीपी जलस्त्रोतों में विसर्जन किया जाता है और कुछ कजलियों को बचाकर अपने मित्रों सहेलियों, माता पिता सहित अन्य बड़े बुजुर्गों के कान एवं हाथ में रखकर उनसे आशीर्वाद लिया जाता है। रामकुमार कछवाहा ने बताया कि कजलियां का पर्व अच्छी फसल होने की कामना के लिए मनाया जाता है। घर में बोए जाने वाले कजलियों के साथ हम खेत की मेढ़ में भी पूजा करते है। जिससे की खेतों में अच्छी पैदावार हो सके।
सहस्त्रधारा में रही रौनक
राखी पर्व के चलते शहर के समीपस्थ पर्यटन स्थल सहस्त्रधारा में खासी रौनक रही। लोग सहस्त्रधारा में नर्मदा के व्यापक स्वरूप को निहारने पहुंचे। कजलियां पर्व में भी लोगों ने इस पर्यटन स्थल का भ्रमण किया। सहस्त्रधारा पिकनिक स्पॉट में पहुंचकर लोगों ने मस्ती की। बरसात के चलते नर्मदा का जल स्तर बढ़ गया था, जिससे सहस्त्रधारा का सौंदर्य और निखर रहा था। लोगों ने प्रकृति की इस खूबसूरती को अपने कैमरें में कैद कर लिया।
दूसरे दिन भी बहनों ने बांधी राखी
इस वर्ष रक्षाबंधन पर्व पर भद्राकाल का साया नहीं रहा। जिसके कारण जिले भर में रक्षाबंधन पर्व की रौनक दिनभर रही। बहनें अपने भाईयों की कलाई पर राखी बांधने सुबह से अपने भाईयों के घर पहुंची और शुभ मुहूर्त में राखी बांधी। कुछ क्षेत्रों में रात्रि 09 बजे तक चहल पहल देखी गई। वहीं कुछ बहनें दूरी अधिक होने के कारण रक्षाबंधन के दिन राखी नहीं बांध पाई, दूसरे दिन कजलिया पर्व के दिन भी बहनों ने रक्षाबंधन पर्व मनाया। इस दिन भी बहनों ने अपने भाईयों को राखी बांधने अपने भाईयों के पास पहुंची।
हर्षोल्लास के साथ घुघरी में मनाया कजलियां पर्व
मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड घुघरी में कजलियां पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। निकटतम नदी, तालाब में क्षेत्रीय लोगों ने कजलियां विसर्जन करने पहुंचे। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि आपसी राग द्विवेश को मिटाने का प्रतीक कजलियां पर्व पुरातन से चला आ रहा है। नदी जलाशयों से पूजन कर सबसे पहले कजलियों को बुजुर्गों को देकर आशीर्वाद लिया जाता है। इसके बाद एक दूसरे को कजली देकर लोग गले मिलते है। इसके साथ ही धार्मिक गीत संगीत, लोकगीत आदि परम्परागत कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। इसी दौरान एक दूसरे को कजलियां भेंट करने का सिलसिला जारी रहता है।
बिछिया में हर्षोल्लास से मनाया कजलिया पर्व
- राम मंदिर में भरा मेला, लोगों ने एक-दूसरे को कजलियां भेंट कर लगाया गले
मंडला महावीर न्यूज 29. आस्था और विश्वास का प्रतीक कजलियां पर्व नगर में बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। प्रकृति और हरियाली की खुशहाली का संदेश देने वाला यह लोक पर्व रक्षाबंधन के दूसरे दिन मनाया जाता है। यह पर्व आपसी सद्भाव, भाईचारे और मिलन का प्रतीक है। हर साल की तरह इस वर्ष भी नगर के राम मंदिर में कजलिया मेला लगा। परंपरा के अनुसार कजलिया नदी में खोटने के बाद सबसे पहले भगवान के चरणों में अर्पित किया गया। इसके बाद लोगों ने एक-दूसरे से मिलकर बधाई दी। हाथ में कजलिया लेकर एक बार लो और एक बार दो, नहीं तो कान में खोच दो जैसी पारंपरिक कहावतों के साथ लोगों ने गले मिलकर और हाथ मिलाकर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान सभी ने आपसी भेदभाव को भुलाकर एकजुटता का संदेश दिया।
राम मंदिर में मिलने के बाद जो लोग वहाँ नहीं मिल पाए, लोग उनके घर जाकर भी कजलिया भेंट कर मिले। यह पर्व आपसी रिश्तों को मजबूत करने और समाज में सौहार्द बनाए रखने का एक अच्छा माध्यम है। बिछिया नगर में कजलिया पर्व के अवसर पर उत्सव का माहौल बना रहा।
सीधे स्थानीय निर्माताओं से जुड़ेगे हाट मेला में उपभोक्ता
- वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा देने आकांक्षा हाट मेला का आयोजन
- नीति आयोग और जिला प्रशासन की पहल
- 11 से 15 अगस्त तक चलेगा मेला
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में वोकल फॉर लोकल उत्पादों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से नीति आयोग, भारत सरकार और जिला प्रशासन मंडला के संयुक्त तत्वावधान में आकांक्षा हाट मेला का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला 11 से 15 अगस्त तक चलेगा, जिसका लक्ष्य स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को एक मंच प्रदान करना है। इस आयोजन का शुभारंभ आज 11 अगस्त सोमवार को होगा। हॉट मेला सुबह 11 बजे से रात 08.30 बजे तक निर्धारित किया गया है। यह मेला जल संसाधन विभाग विश्राम गृह, महिष्मती घाट के पास आयोजित किया जाएगा, जो जिले के हस्तशिल्प, कृषि उत्पाद और अन्य स्थानीय वस्तुओं को प्रदर्शित करेगा। इस आयोजन से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा।
बताया गया कि इस हॉट मेला कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दिलीप जायसवाल राज्यमंत्री कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग एवं प्रभारी मंत्री मंडला होंगे। विशिष्ट अतिथि कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके और मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते शामिल रहेंगे। इसके साथ ही विशेष अतिथियों में बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा, निवास विधायक चैनसिंह वरकड़े, जिला पंचायत मंडला अध्यक्ष डॉ. संजय कुशराम और नपा मंडला अध्यक्ष विनोद कछवाहा उपस्थित रहेंगे।
बताया गया कि आयोजित होने वाले आकांक्षा हाट-मेला न केवल स्थानीय उत्पादों को बाजार प्रदान करेगा, बल्कि आत्मनिर्भर भारत की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। जिला प्रशासन मंडला द्वारा आयोजित कार्यक्रम स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने और कारीगरों को सशक्त बनाने में सहायक होगा। मेले में मंडला के विशिष्ट उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री की जाएगी, जिससे उपभोक्ताओं को सीधे स्थानीय निर्माताओं से जुडऩे का अवसर मिलेगा।
पारंपरिक पूजन-अर्चन के साथ मनाया लव-कुश जन्मोत्सव
- कछवाहा समाज ने श्रीराम मंदिर पड़ाव में की विशेष पूजा
- पूजन, आरती के बाद किया प्रसाद वितरण
मंडला महावीर न्यूज 29. कछवाहा समाज ने श्रावण पूर्णिमा के अवसर पर भगवान लव और कुश का जन्मोत्सव बड़े उत्साह के साथ मनाया। श्रीराम मंदिर पड़ाव स्थित कछवाहा मंगल भवन परिसर में नवनिर्मित लवकुश मंदिर में समाज के बंधुओं ने एकजुट होकर पूजन-अर्चन किया। इस आयोजन से समाज के लोगों ने अपनी गौरवशाली परंपरा को याद किया। श्रीराम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष रंजीत कछवाहा ने बताया कि यह आयोजन लवकुश भवन में संपन्न हुआ। कछवाहा समाज के अध्यक्ष शशिशंकर कछवाहा ने इस दिन के महत्व को समझाते हुए बताया कि श्रावण पूर्णिमा कुशवाहों के लिए विशेष महत्व रखती है, क्योंकि इसी दिन माता जानकी ने जुड़वां पुत्रों, लव और कुश को जन्म दिया था। उन्होंने बताया कि कुश से ही कुशवाह वंश की शुरुआत हुई और सभी सनातनी कुशवाह उन्हें अपना जनक मानते हैं। इस दिन घरों में भगवान राम, माता जानकी और लव-कुश की विशेष पूजा की जाती है।

शशिशंकर कछवाहा ने कहा कि कुशवाह समाज माता जानकी को अपनी प्रथम शिक्षिका मानता है, जिन्होंने लव-कुश को संस्कार और ज्ञान दिया। ऋषि वाल्मीकि ने उन्हें धनुर्विद्या और वेदों का ज्ञान प्रदान किया। उन्होंने बताया कि ऐतिहासिक और पौराणिक तथ्यों के अनुसार त्रेतायुग से चला यह वंश आगे चलकर कछवाहा, कच्छपघात, काछी आदि नामों से जाना गया। उन्होंने महाभारत काल का भी उल्लेख करते हुए बताया कि काछी शब्द का प्रयोग अस्त्र-शस्त्र धारण करने वाली सेना के लिए किया गया है।
कछवाहा समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है, जिसका राज्य अयोध्या, नरवरगढ़, ग्वालियर और जयपुर जैसे स्थानों में था। इस वंश में महाराजा नल और राजा मानसिंह जैसे वीर योद्धाओं ने जन्म लिया। आधुनिक इतिहास में रानी लक्ष्मीबाई के सारथी करणसिंह कछवाहा और लोकतंत्र की स्थापना में जयपुर स्टेट के योगदान का भी जिक्र किया गया। इस गौरवपूर्ण इतिहास और परंपरा को याद करते हुए सभी ने पुजारी बसंत दीपू तिवारी के मार्गदर्शन में भगवान लव-कुश की आरती की और प्रसाद ग्रहण किया।
हाई स्कूल तिलई की छात्राओं को आए चक्कर
- सीएमएचओ ने अभिभावकों से की अपील, झाड़-फूंक से बचें
- मानसिक दबाव के कारण हो सकती है ऐसी समस्या, काउंसलिंग से होगा इलाज
मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड नैनपुर के तिलई हाई स्कूल में छात्राओं के स्वास्थ्य से जुड़ी एक घटना सामने आई है। जिसमें विगत दिवस 2 अगस्त को स्कूल की एक छात्रा को चक्कर आने के बाद उसे प्राथमिक उपचार दिया गया। इसी दौरान दो-तीन अन्य छात्राओं को भी इसी तरह की समस्या होने लगी, जिससे स्कूल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। डॉक्टरों ने इसे एक छात्रा को देखकर बाकी छात्राओं में उत्पन्न हुआ भय बताया है।
स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और शिक्षकों ने सभी छात्राओं को बम्हनीबंजर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मंडला रेफर किया गया। लेकिन कुछ छात्राओं के अभिभावकों ने उन्हें अस्पताल ले जाने की बजाय लफरा स्थित एक मढिय़ा में झाड़-फूंक कराने वाले व्यक्ति के पास ले गए। इस दौरान जब मीडिया ने उनसे बात की, तो छात्राओं की तबीयत फिर बिगडऩे लगी।
चिकित्सकों की टीम ने जब छात्राओं से उनकी समस्या के बारे में पूछा तो वे स्पष्ट रूप से कुछ नहीं बता पा रही थीं और अजीब व्यवहार कर रही थीं। सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहती ने बताया कि यह किशोर अवस्था में मानसिक दबाव, पढ़ाई के तनाव या दैनिक जीवन के दबाव के कारण हो सकता है। यह घबराहट और चिंता की समस्या है, जिसे काउंसलिंग के माध्यम से ठीक किया जा सकता है।
सीएमएचओ ने अभिभावकों से अपील की है कि ऐसी स्थिति में वे झाड़-फूंक के चक्कर में न पड़ें, बल्कि अपने बच्चों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में संचालित किशोर स्वास्थ्य क्लिनिक में ले जाएं। उन्होंने कहा कि इन क्लिनिकों में काउंसलर मौजूद होते हैं जो बच्चों को सही सलाह दे सकते हैं। उन्होंने अभिभावकों को सलाह दी कि वे घर और समाज में बच्चों को प्यार भरा और उचित माहौल दें जिससे ऐसी समस्याओं से बचा जा सके।
तीन शुभ योग में बहनों ने प्यार से सजाई भाईयों की कलाई
- परम्परागत तरीके से मनाया रक्षाबंधन
- जमकर बिकी मिठाई और राखियां
- सौभाग्य योग, शोभन योग और सर्वार्थ सिद्धि योग का अद्भुत संयोग बना
मंडला महावीर न्यूज 29. भाई-बहन के प्यार का प्रतीक एवं दायित्व का बोध कराता पावन पर्व रक्षाबंधन मंडला जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र के रूप में राखी बांधी और भाइयों ने बहनों को समर्थ अनुसार उपहार भेंट किए एवं उनकी रक्षा का संकल्प लिया। बहनें सुंदर डिजाइनर परिधानों में सज-धजकर भाइयों के घर पहुंची और उन्हें राखी बांध कर लंबी आयु की कामना की। वैसे तो इस वर्ष रक्षाबंधन पर भद्रा का साया नहीं रहा, जिसके कारण बहनों ने अपने भाईयों को राखी बांधी। सुबह से ही राखी बांधने का सिलसिला शुरू हुआ जो देर रात्रि तक चला।

जानकारी अनुसार इस वर्ष रक्षाबंधन पर 3 शुभ योग बने, जिसमें सौभाग्य योग, शोभन योग और सर्वार्थ सिद्धि योग का अद्भुत संयोग बना। ऐसा दुर्लभ संयोग 95 साल बाद आया। जिसके कारण इस वर्ष रक्षाबंधन पर्व खास रहा। वहीं इस वर्ष रक्षाबंधन पर भद्रा का साया भी नहीं रहा है। जिसके कारण यह पर्व और भी खास हो गया। रक्षाबंधन पर्व मिठाइयाँ, ठिठोलियाँ, नोक-झोंक और असीम प्यार से भरा राखी का त्योहार है, जो सदियों से हम मनाते आ रहे है। सावन के अंतिम दिन भाई-बहन के प्यार का प्रतीक रक्षाबंधन जिले भर में धूमधाम से मनाया गया। बहनों ने भाईयों की कलाईयों पर राखी बांधकर मुंह मीठा कराया और तिलक लगाकर उनकी दीर्घायु की कामना की। भाईयों ने बहनों को रक्षा का वचन दिया। दिन भर बाजारों में खूब रौनक रही। मिठाई और राखियों की जमकर बिक्री हुई।
दिया रक्षा का वचन
भाई-बहन के पवित्र प्यार का प्रतीक रक्षाबंधन नगर सहित समूचे जिले में पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। रक्षाबंधन पर्व को लेकर नन्हें भाई बहनों में खासा उत्साह नजर आया। बच्चे नए कपड़े पहनकर अपनी बहनों से राखी बंधवाने का इंतजार करते रहे। बहनों ने परम्परागत तरीके से अपने भाईयों को बड़े ही स्नेह से चौका सजाया उस पर पीढ़ा रखा, जिस पर भाई को बिठाया गया। स्नेह और प्रेम के साथ पहले बहिनों ने भाई के सिर पर रूमाल रखा, तिलक लगाकर राखी बांधी और फिर आरती उतारी। भाईयों ने भी उम्र भर उनकी रक्षा करने का वचन दिया। ऐसे भाई बहन जो काफी छोटे थे, उनकी माताओं ने राखी बांधने और तिलक लगाने में अपनी बेटियों की मदद की।
घर में बनी राखियां बांधी
कुछ लोगों ने अपने घर में ही अपने हाथों से राखियां बनाई। चीनी राखियों का बहिष्कार किया गया। जिसके चलते नगर के बच्चों ने अपने घरों में राखियां तैयार की। नगर के बहुत से बच्चों ने अपने घर पर राखी तैयार की और रक्षाबंधन के दिन अपने भाईयों को यहीं राखी बांधी। बच्चों ने आमजन से अपील की है कि चीनी सामग्री ना खरीद कर चीनी सामग्री का बहिष्कार कर भारत की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में सहयोग करें।
बच्चों ने की जमकर मस्ती
राखी बंधवाने के बाद शुरू हुआ बच्चों की शरारतों का सिलसिला। बच्चे जानते थे कि आज उनका दिन है और इस दिन उन्हें अपने माता पिता की डांड नही खानी पड़ेगी, इसका उन्होंने पूरा फायदा उठाया और दिन भर मौज मस्ती कर व्यतीत किया। उसके बाद भाईयों ने अपने स्वेच्छानुसार उन्हें भी उपहार स्वरूप कुछ न कुछ दिया। बहनों ने खुश होकर भाईयों की मनपसंद चीजें घर में बनाई। भाई बहन का पर्व होने के चलते बहनों ने खाने में अपने भाईयों की पसंद और न पसंद का पूरा ख्याल रखा। उन्होंने पूरी रसोई ही अपनी भाईयों के रूचि अनुसार ही तैयार की।
मेहंदी से सजाए अपने हाथ
बहनों ने इस पर्व के लिए खास तैयारी कर रखी थी। भारतीय परम्परानुसार परिधान तो उन्होंने धारण किए ही। मेहंदी से भी अपने हाथों को सजाने में उन्होंने कोई कोर कसर नही छोडी। रात्रि से ही बहनों ने अपने हाथों में आकर्षक मेहंदी रचाना शुरू दी थीं। बच्चों के साथ-साथ बड़े भी अपनी बहनों से राखी बंधवाने के लिए उत्साहित नजर आए। ऐसे भाई जिनकी बहनें अपने ससुरालों से भाई को राखी बांधने मायके नही आ सकी, वे देर शाम अपनी बहनों से राखी बंधवाने रवाना हो गए। रक्षाबंधन को लेकर बाजार में भी रौनक थी। त्यौहार के दिन केवल दोपहर तक बाजार में चहल पहल नजर आई। उसके बाद धीरे-धीरे शहर की सड़कें सूनी होती चली गई। लोग अपने घरों में ही अपने परिजनों के साथ त्यौहार का आनंद ले रहे थे।
भाईयों को राखी बांधने पहुंची बहने
जिला मुख्यालय स्थित मंडला जेल में भी बहने अपने भाईयों को राखी बांधने पहुंची। जहां बहने अपने भाईयों को देख बहुत खुश हुई और उनके हाथों में राखी बांध अपने भाईयों को आर्शीवाद दिए।
एनएच-30 के फूलसागर पुल में ट्रक-कार की टक्कर
- रैलिंग तोड़ते हुए मिनी ट्रक पुल में लटका
मंडला महावीर न्यूज 29. कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित नेशनल हाईवे 30 मे शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जबलपुर मार्ग पर फूलसागर पुल पर एक मिनी ट्रक और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि मिनी ट्रक पुल की मजबूत रेलिंग को तोड़ते हुए पुल में लटक गया, जबकि कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इस हादसे में कार चालक को मामूली चोटें आई हैं, जिसे तत्काल जिला अस्पताल मंडला पहुंचाया गया। इस दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और यातायात पुलिस मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से वाहनों को हटाने के लिए करीब एक घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी, जिसके बाद यातायात को दोबारा शुरू किया जा सका।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पुल की रेलिंग पहले से ही जर्जर हालत में थी और इसकी मरम्मत की आवश्यकता लंबे समय से बनी हुई है। उन्होंने आशंका जताई कि ऐसे में इस तरह के हादसे किसी भी दिन एक बड़ी घटना का रूप ले सकते हैं। इस घटना के बाद सड़क पर जाम लग गया था, जिसे पुलिस ने वाहनों को किनारे करके सामान्य किया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस ने फिलहाल दोनों वाहनों के चालकों से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच कर रही है।
रक्षाबंधन पर मातम, दो बाइक की टक्कर में 4 की मौत, दो घायल
- जीजा-साले और दो बच्चों ने गंवाई जान
- महाराजपुर थाना क्षेत्र के जारगा-जारगी ग्राम के पास हुई घटना
मंडला महावीर न्यूज 29. रक्षाबंधन के पर्व के दौरान मंडला-सिवनी बॉर्डर पर स्थित जारगी गांव के पास एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। इस दुखद घटना में दो अन्य लोग घायल भी हुए हैं। यह हादसा उस समय हुआ जब दो तेज रफ्तार बाइकें आमने-सामने टकरा गईं। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि शनिवार शाम करीब 4 बजे यह दुर्घटना हुई। एक बाइक पर सवार सिवनी जिले के किंदरई थाना क्षेत्र के ग्राम रजरवाड़ा निवासी एक ही परिवार के पांच लोग सिवनी से मंडला की ओर आ रहे थे। इनमें राजेंद्र कुशराम 38 वर्ष, उनकी पत्नी शकुन कुशराम 32 वर्ष, उनके दो बेटे सोहिल कुशराम 10 वर्ष और रविंद्र कुशराम 7 वर्ष और साला शिवप्रसाद मरावी 27 वर्ष शामिल थे। दूसरी बाइक जिस में विवेक कुमार काकोडिया 28 वर्ष सवार था जो मंडला से सिवनी की ओर जा रहा था।
बताया गया कि दोनों बाइकों की जोरदार टक्कर के बाद राजेंद्र कुशराम और उनके दोनों बेटे सोहिल और रविंद्र, और साला शिवप्रसाद मरावी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं राजेंद्र की पत्नी शकुन कुशराम और दूसरी बाइक पर सवार विवेक कुमार काकोडिया गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
20 पेटी में 180 लीटर देशी शराब जब्त
- अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई
मंडला महावीर न्यूज 29. कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देश और जिला आबकारी अधिकारी रामजी पांडेय के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की है। विगत दिवस मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर घुघरी तहसील के ग्राम पंचायत कुसमी, गांव भानपुर में दुर्गा प्रसाद की दुकान के पास स्थित एक कमरे में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आबकारी टीम ने 20 पेटी देसी मदिरा प्लेन जब्त की। जब्त की गई शराब की कुल मात्रा 180 बल्क लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत 75,000 रुपये है। यह मात्रा अत्यधिक होने के कारण इसे आबकारी विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया है। आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की विवेचना जारी है।
इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक सर्वेश नागवंशी, मुख्य आरक्षक हरे सिंह, दुर्जन कुलेश, महेश पटेल, रघुनाथ उइके, नेतराम ककोटिया, सत्यपाल, ऋषभ, प्रिया नायडू, और आरती डेकाटे सहित अन्य अधिकारी शामिल थे। आबकारी विभाग ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ उनका अभियान जारी रहेगा।
आदिवासी परंपरा और संस्कृति ने बांधा समा, जिले भर में निकली रैली
- धूमधाम से मनाया गया आदिवासी दिवस, पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए लोग
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले में विश्व आदिवासी दिवस बड़ी धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आदिवासी समाज के लोगों ने अपनी समृद्ध संस्कृति, परंपरा और इतिहास को प्रदर्शित करते हुए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए। मंडला जिला मुख्यालय में स्टेडियम के पास कार्यक्रम आयोजित किया गया। आयोजित सभा में आदिवासी लोक नृत्यों, पारंपरिक गीतों और सांस्कृतिक झांकियों ने समां बांध दिया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद एक भव्य रैली निकाली गई, जिसमें आदिवासी समुदाय के पुरुष, महिलाएं और बच्चे पारंपरिक वेशभूषा में सजे-धजे नजर आए। रैली में शामिल लोग ढोल-नगाड़ों की थाप और डीजे पर धुन में नाचते-गाते हुए चल रहे थे और जय आदिवासी के नारे लगा रहे थे। रैली जिला मुख्यालय के विभिन्न क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी और लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।


बताया गया कि आदिवासी दिवस के अवसर पर पूरे जिले में विविध कार्यक्रम आयोजित किये गए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में आदिवासी नृत्य करमा, शैला और गुदुम ने दर्शकों का मन मोह लिया। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से आदिवासी जीवन शैली, रीति-रिवाजों और प्राकृतिक प्रेम को जीवंत कर दिया। कार्यक्रम में स्थानीय नेताओं और अधिकारियों ने भी भाग लिया और आदिवासी समुदाय के लोगों को बधाई दी। उन्होंने आदिवासी समाज के विकास और उत्थान के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर वक्ताओं ने आदिवासी संस्कृति और अधिकारों के संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की पहचान उसकी अनोखी संस्कृति और परंपराओं में निहित है, जिसे संरक्षित रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। यह आयोजन न केवल आदिवासियों के लिए गर्व का क्षण था, बल्कि गैर-आदिवासी समुदायों के लिए भी उनकी संस्कृति को समझने और सम्मान करने का एक अवसर था।
तीन शुभ योग में भाई बहन के प्यार का पर्व रक्षाबंधन
- इस वर्ष नहीं है भद्रा का साया
- शुभ मुहूर्त में बहनें अपने भाईयों को बांधेगी राखी
- त्यौहार के चलते बाजार में रही रौनक
मंडला महावीर न्यूज 29. सावन जहाँ भक्ति भावना, पर्यावरण उल्लास और हर-हर महादेव की विशेष उपासना के लिए जाना जाता है वहीं यह सावन माह भाई बहन के अटूट प्यार और विश्वास के लिए भी हमारे समाज में जाना पहचाना जाता रहा है। आज भले ही हम यंत्रवत हो गये हों, संवेदनाएं हममें सो गईं हो लेकिन ज्यादा दिन नहीं हुए जब हम डिजिटल युग में नहीं थे, गांव-गांव, शहर-शहर में भाई, बहन इस महीने का बेसब्री से प्रतीक्षा करते थे। इसके साथ ही इस वर्ष रक्षाबंधन पर 3 शुभ योग में सौभाग्य योग, शोभन योग और सर्वार्थ सिद्धि योग का अद्भुत संयोग बन रहा है। ऐसा दुर्लभ संयोग 95 साल बाद बन रहा है। इससे पहले 1930 में भी 9 अगस्त शनिवार को ही इसी तरह का संयोग बना था। यह योग भाई-बहन के रिश्ते को और भी मजबूत, खुशहाल और समृद्ध बनाने के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है।
जानकारी अनुसार इस वर्ष श्रावण मास की पूर्णिमा तिथि 8 अगस्त को दोपहर 2.12 बजे से शुरू होकर 9 अगस्त को दोपहर 1.24 बजे तक रहेगी। वही उदय तिथि 9 अगस्त को है, इसलिए इसी दिन रक्षाबंधन का पर्व मनाया जाएगा। पंडित विजयानंद शास्त्री ने बताया कि बुध ग्रह, जो 24 जुलाई को कर्क राशि में अस्त हुए थे, वे राखी के दिन यानी 9 अगस्त को उदित हो रहे हैं। यह ज्योतिष की एक महत्वपूर्ण घटना है, जिसके प्रभाव से कुछ राशि वालों को विशेष लाभ हो सकता है। कुल मिलाकर 2025 का रक्षाबंधन का पर्व शुभ योगों और भद्रा मुक्त होने के कारण बहुत ही खास है। यह भाई-बहन के प्रेम और विश्वास को और भी गहरा करने वाला त्योहार है।
आज बहनें अपने भाईयों की लम्बी आयु की कामना को लेकर उन्हें रक्षा सूत्र बांधेंगी। भाई भी इस मौके पर जिंदगी भर अपनी बहन की रक्षा करने का वचन देगा। हिन्दू धर्मावलम्बियोंं का प्रमुख त्यौहारों में से एक रक्षाबंधन आज बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का प्रतीत यह पर्व पूरे श्रृद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। नगर में करीब एक सप्ताह पूर्व से इसकी तैयारियां जोरों से चल रही थी। महंगाई की मार के बावजूद दुकानों में ग्राहकों की भारी भीड़ नजर आई। राखी के एक दिन पहले शाम तो खरीददारों की ऐसी भीड़ उमड़ी की बड़ चौराहा से उदयचौक और हॉगगंज बाजार, चिलमन चौक में जाम की स्थिति निर्मित हो गई।
पंडित राकेश शुक्ला ने बताया कि भविष्य पुराण में यह स्पष्ट है कि रक्षा कवच बांधने की प्रथा की शुरूआत महाराजा इंद्र की पत्नी ने की थी, जब देव और दानवों के बीच युद्ध चल रहा था, तब इंद्राणी ने अपने पति इंद्र की विजय कामना के लिए देवगुरू ब्रहस्पति द्वारा दिया गया रक्षा सूत्र और चांवल, सरसों को उनके दाहिने हाथ में बांधकर उनकी रक्षा और विजय की कामना की थी, जिससे वे असुरों पर विजय प्राप्त कर सके थे। शास्त्रों में कई ऐसे प्रसंग है जहां गुरू शिष्य को बहन भाई को भक्त भगवान को रक्षा सूत्र बांधते है। यह सूत्र दोनों के प्रेम को जोड़े रखने का एक माध्यम है। इसी रक्षासूत्र को बहनें अपने भाईयों की कलाई पर बांधती है और उनसे रक्षा का वचन लेती है।
नहीं रहेगा भद्रा का साया
पंडित विजयानंद शास्त्री ने बताया कि रक्षाबंधन पर अक्सर भद्रा काल का साया रहता है, जिसमें राखी बांधना अशुभ माना जाता है, लेकिन इस बार भद्रा काल 9 अगस्त को सूर्योदय से पहले ही समाप्त हो जाएगा। इससे बहनों को राखी बांधने के लिए पूरे दिन का समय मिलेगा और वे शुभ मुहूर्त में निश्चिंत होकर अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांध सकेंगी।
बसों में रही भीड़भाड़
रक्षा बंधन त्यौहार के मद्देनजर बसों में काफी भीड़भाड़ देखी गई। जिसके कारण यात्रियों को काफी परेशानियां उठानी पड़ी। रक्षाबंधन पर घर आने जाने वाले लोग बसों में भीड़भाड़ के चलते इनमें जगह तलाशते नजर आए। लेकिन उन्हें राहत नही मिली। मंडला से बाहर जाने वाली बसों में काफी भीड़ देखी गई। नगर के बस स्टेण्ड पर रक्षाबंधन के त्यौहार के चलते खासी भीड़ भाड़ रही। बस आते ही उसमें अपना स्थान सुनिश्चित करने के लिए यात्रियों की रैलमपेल मची रही। आम दिनों की अपेक्षा इन दिनों 50 से 60 फीसदी यात्री बढ़ गये है। मंडला से जबलपुर, चाबी, मोहगांव, मवई, घुघरी, बिछिया, निवास, सिवनी, घंसौर, बीजाडांडी, रामनगर, अंजनिया की ओर जाने वाली बसों में काफी भीड़ देखी गई। रक्षाबंधन के चलते कहीं भाई अपनी बहनों को लाने जा रहे है, तो वहीं भाई अपनी बहनों से राखी बंधवाने आ रहे है। वहीं शहर के आसपास के ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में लोग राखी के त्यौहार की खरीदी के लिए आए। जिसके कारण शहर में भी काफी भीड़ देखी गई।
मनपसंद राखी खरीदी
बाजार में सभी वर्गों के लोगों ने अपने पसंद के अनुसार राखी खरीदी। बच्चों ने विशेष अपनी रूचि के अनुसार फिल्मी एवं कार्टून कैरेक्टरों वाली राखी खरीदी, वहीं महिलाओं ने अपने भाईयों के लिए पतली डोरी, छोटी राखी व फैंसी राखियों को ही चुना। वहीं ट्रेडिशनल लुक वाली राखियां जिनमें शंख, रूद्राक्ष व पूजा सामग्रियों से बनी राखियां भी बहुतायत में पसंद की जा रही है।
खचाखच भरे रहे जनरल स्टोर्स
बाजार में इन दिनों त्यौहार के कारण काफी रौनक है। जनरल स्टोर्स में भी भीड़ देखी गई। महिलायें अपने सौंदर्य प्रसाधन की सामग्रियों के लिए जनरल स्टोर्स का रूख कर रही है। समय बदलने के साथ साथ महिलायें भी चलन में आ रही वस्तुओं को खरीद रही है।
कपड़ों की दुकान में रही भीड़
किसी भी त्यौहार के आने पर नये कपड़े खरीदने का अलग ही उत्साह रहता है। बच्चे, युवक, युवतियां महिलायें पुरूष सभी वर्ग के लोग अपने पसंद के अनुसार कपड़े खरीदते नजर आए। भाई भी अपनी बहनों के लिए सलवार सूट और साड़ी खरीदते दिखे।
मेहंदी सजे हाथ दिखे
बसों में ज्यादातर नव विवाहिताएं दिख रही थीं। उनके मेहंदी से सजे हाथ, आंखों की बेताबी यह साफ बता रही थी कि यह उनकी पहली राखी है और वे अपने भाई या दूसरे संबंधियांे के साथ मायके जा रही हैं। साथ ही वे गृहिणियां भी दिखी जिनके बच्चे अब बड़े हो गए हैं और उनके साथ वे मायके जाकर त्यौहार का लुत्फ उठाना चाहती हैं। कुल मिलाकर भीड़भाड में वही लोग नजर आए, जिन्होंने पहले से राखी पर मायके जाने की योजना बना रखी थी।
द वाटर बेल की शुरुआत, बच्चों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने किया जाएगा प्रेरित
- मंडला जिला प्रशासन का नवाचार
- स्कूल शिक्षा मंत्री से प्रदेश के स्कूलों में अपनाने की करेगी चर्चा
- बच्चों के स्वास्थ्य के लिए जरूरी है पानी
मंडला महावीर न्यूज 29. विद्यार्थियों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मंडला जिला प्रशासन ने एक नई पहल द वाटर बेल की शुरुआत की है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके ने जिला योजना भवन में इस नवाचार का शुभारंभ किया, जिसमें नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, जिला पंचायत सदस्य शैलेष मिश्रा, कलेक्टर सोमेश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, रानू राजपूत, एसी ट्राईबल वंदना गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी मुन्नी वरकड़े, रंजीत गुप्ता, एपीसी मुकेश पांडे सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अखिलेश उपाध्याय द्वारा किया गया।

कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने कार्यक्रम में उपस्थित छात्रों से संवाद करते हुए इस पहल के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अक्सर व्यस्तता के कारण हम पानी पीना भूल जाते हैं, जबकि चिकित्सकों के अनुसार दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन बहुत आवश्यक है। उन्होंने जिला प्रशासन को इस अभिनव पहल के लिए बधाई दी और कहा कि वह इस नवाचार को प्रदेश के सभी स्कूलों में लागू करने के लिए स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह से भी चर्चा करेंगी। मंत्री ने बच्चों से अपने माता-पिता को भी ज्यादा से ज्यादा पानी पीने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने प्रतीकात्मक रूप से घंटी बजाकर और द वाटर बेल से जुड़े पोस्टर का विमोचन कर इस अभियान की शुरुआत की।
2300 स्कूलों में लागू होगा यह नवाचार
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से इस नवाचार की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह पहल जिले के लगभग 2300 स्कूलों में शुरू की जा रही है। इसके तहत विद्यालय प्रबंधन एक निश्चित समय पर नियमित अंतराल पर एक विशेष घंटी बजाएगा, जिसे वाटर बेल कहा जाएगा। इस घंटी के बजते ही विद्यार्थी अपनी पानी की बोतल से या विद्यालय में उपलब्ध अन्य संसाधनों से पानी पीएंगे। कलेक्टर ने बताया कि यह पहल विद्यार्थियों को स्वस्थ और ऊर्जावान रखने, शैक्षणिक प्रदर्शन को बेहतर बनाने, शरीर को हाइड्रेटेड रखने और एकाग्रता बढ़ाने में सहायक होगी।
नाबालिगों की बेलगाम रफ्तार बनी खतरा, यातायात नियमों की अनदेखी पर प्रशासन मौन
- बढ़ रही सड़क दुर्घटनाएं, शहर में कार्रवाई शून्य
मंडला महावीर न्यूज 29. शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। खासतौर पर नाबालिगों द्वारा बगैर लाइसेंस बाइक चलाना आम हो गया है। तेज रफ्तार, पटाखा जैसी आवाज निकालते बुलेट, सायरन बजाते फोर व्हीलर और सड़कों पर स्टंट करते नाबालिगों की यह आदत अब आम लोगों के लिए खतरा बन गई है। स्थिति यह हो गई है कि रोकने पर ये किशोर अभद्र भाषा का प्रयोग करने से भी नहीं चूकते। वर्तमान में प्रशासन व पुलिस द्वारा हेलमेट के बिना पेट्रोल नहीं देने जैसे निर्देशों का पालन कराये जाने की चर्चा हो रही है, जो सराहनीय है, लेकिन साथ ही यह भी जरूरी है कि बिना लाइसेंस वाहन चला रहे नाबालिगों पर भी सख्ती से कार्रवाई की जाए।
सूत्रों के अनुसार कई बार इस विषय पर समाचार पत्रों में खबरें प्रकाशित हुई हैं, जनप्रतिनिधियों व सामाजिक संगठनों ने आवाज भी उठाई है, लेकिन यातायात विभाग अमला बल की कमी का हवाला देकर कार्रवाई से बचता रहा है। जबकि हाईवे पर ट्रक और छोटे वाहनों को नियमित रूप से रोका जाता है, तो यह सवाल उठना लाजमी है कि शहरी क्षेत्रों में नाबालिगों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही? अभी हाल ही में जिला मुख्यालय के पास हुई एक सड़क दुर्घटना में एक परिवार ने अपने सदस्य को खो दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार बाइक और लापरवाही भरा ट्राला वाहन संचालन था। ऐसी घटनाएं अब सामान्य होती जा रही हैं, जो समाज के लिए चिंताजनक है।
नियम तो हैं, पर पालन कौन कराए
सरकार ने बाइक में पटाखा साइलेंसर, सायरन, और हूटर जैसे अवैध उपकरणों पर रोक लगा रखी है। मगर हकीकत में इन नियमों का पालन कहीं भी नजर नहीं आ रहा है। हर तीसरी-चौथी गाड़ी में ये अवैध उपकरण लगे हुए हैं, जिनसे ध्वनि प्रदूषण बढ़ रहा है और आम नागरिक परेशान हैं। संबंधित अधिकारी सब जानते हुए भी अनजान बने हुए है। जिससे आमजनों की परेशानी बढ़ गई है।
जनहित में ठोस कार्रवाई की मांग
यातायात को सुचारू रूप से चलाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करना ट्रैफिक पुलिस, जिला प्रशासन और परिवहन विभाग की जिम्मेदारी है। इन नियमों को लागू करने, चालान काटने और वाहनों को जब्त करने का अधिकार भी उन्हीं के पास है। लेकिन शहर में ऐसी कार्रवाई लगभग शून्य है। अब केवल जागरूकता से काम नहीं चलेगा, बल्कि कठोर और त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता है, जिससे सड़कों को सुरक्षित बनाया जा सके और भविष्य में होने वाले हादसों को रोका जा सके।
भारतीय मोटर वाहन अधिनियम का प्रावधान
भारतीय मोटर वाहन अधिनियम के अनुसार 18 साल से कम उम्र का कोई भी व्यक्ति बिना ड्राइविंग लाइसेंस के गाड़ी नहीं चला सकता। यदि कोई नाबालिग ऐसा करते पकड़ा जाता है, तो वाहन मालिक, अभिभावक पर 25 हजार रुपए तक का जुर्माना और 3 साल की जेल हो सकती है। इसके साथ ही नाबालिग को 18 साल की उम्र पूरी होने के बाद भी 1 साल तक लाइसेंस नहीं मिल पाता। इसके अलावा सायरन और हूटर का इस्तेमाल केवल आपातकालीन वाहन एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन और पुलिस वाहन के लिए ही होता है। इसका उल्लंघन करने पर एक हजार से 10 हजार रुपए तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
मिट्टी के गणेश जी की करें स्थापना, पीओपी मूर्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी
- नारायणगंज में देशभक्ति और स्वच्छता के संदेश के साथ हर घर तिरंगा अभियान का आगाज
मंडला महावीर न्यूज 29. मप्र जन अभियान परिषद नारायणगंज द्वारा 8 से 15 अगस्त तक चलने वाले हर घर तिरंगा-हर घर स्वच्छता अभियान और मिट्टी के गणेश कार्यक्रम का संयुक्त रूप से आयोजन किया गया। इन अभियानों का शुभारंभ देशभक्ति और स्वच्छता का संदेश देते हुए किया गया। इस अवसर पर तिरंगा यात्रा निकाली गई, जो ग्राम पंचायत पड़रिया से शुरू होकर बस स्टैंड बाजार प्रांगण होते हुए जनपद पंचायत कार्यालय में समाप्त हुई। रैली के माध्यम से जन-जन तक देशभक्ति के साथ स्वच्छता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष आसाराम भारतीय, उपाध्यक्ष अविनाश शर्मा, जिला पंचायत सदस्य भूपेंद्र वरकडे, ग्राम पंचायत पड़रिया सरपंच और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इनके साथ ही समाज कार्य में स्नातकोत्तर के विद्यार्थी, नवांकुर संस्था के प्रतिनिधि अमरनाथ मरकाम और इंद्रा और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
जनपद पंचायत उपाध्यक्ष अविनाश शर्मा ने अपने उद्बोधन में मिट्टी के गणेश विषय पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को अपने घर में मिट्टी के गणेश की स्थापना के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने सख्त लहजे में व्यापारियों को चेतावनी दी कि जो भी प्लास्टर ऑफ पेरिस की गणेश मूर्तियां बेचते पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस आयोजन में सत्येंद्र लोधी परामर्शदाता, वीरेंद्र अग्रवाल, सुरेश सोनी, चंद्रकला पटेल, कृष्ण कुमार झारिया, राकेश अग्रवाल, रामू मरावी पंचायत निरीक्षक, संतोष मेश्राम एसबीएम कोऑर्डिनेटर, श्रुति सागर उपाध्याय आजीविका मिशन कोऑर्डिनेटर और राकेश झारिया समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता का दिया संदेश
- बीजाडांडी में निकाली जनजागरूकता रैली
मंडला महावीर न्यूज 29. जनपद पंचायत बीजाडांडी द्वारा हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता अभियान की शुरुआत एक जनजागरूकता रैली के साथ की। शासन के निर्देशानुसार अभियान 8 से 15 अगस्त तक जनपद और पंचायत स्तर पर विभिन्न गतिविधियों के साथ आयोजित कियें जाएगें। बताया गया कि बीजाडांडी ब्लाक में हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता अभियान के तहत जनपद पंचायत बीजाडांडी ने तिरंगा रैली का आयोजन किया।
इसका उद्देश्य नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज फहराने और स्वच्छता के प्रति जागरूक करना था। इस कार्यक्रम का आयोजन मुख्य कार्यपालन अधिकारी वासंती दुबे के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। यह रैली अभियान के शुरुआती चरण का हिस्सा है, जो अगले एक सप्ताह तक जारी रहेगा।
नारायणगंज में हर घर तिरंगा यात्रा, 500 छात्रों ने लिया भाग
मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड नारायणगंज में हर घर तिरंगा अभियान के तहत एक तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा प्राचार्य अर्चना नेम के निर्देशानुसार और ब्लॉक खेल युवा समन्वयक करुणा मर्सकोले के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। तिरंगा यात्रा नारायणगंज के सांदीपनि विद्यालय से शुरू हुई, जिसमें लगभग 500 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों में देशभक्ति की भावना को जगाना और हर घर तिरंगा अभियान के बारे में जागरूकता फैलाना था।
इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में टिकरिया थाने की पुलिस टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिन्होंने सुरक्षा व्यवस्था संभाली। टिकरिया थाना निरीक्षक गोपाल घासले, एसआई पंकज सिंह, एएसआई नारायण सिंह ताराम, प्रधान आरक्षक दीनदयाल गोठरिया और आरक्षक आशीष धुर्वे, अमित सुरेखिया ने मार्गदर्शन प्रदान किया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के पीटीआई सुजीता यादव, ऋषभ यादव, भावना यादव, उर्मिला सोनी, पंकज सोनी, आनंद सोनी, अवधेश सिंगरौरे, सोनम ठाकुर, शिवानी पटेल, नेहा जैन और समस्त स्टाफ सदस्यों का सहयोग रहा।
चलती मैजिक वैन में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान
- निवास बरेला मार्ग में ग्राम हरदुली और ग्वारा के बीच हुई घटना
मंडला महावीर न्यूज 29. निवास-बरेला मार्ग में ग्राम हरदुली और ग्वारा के बीच एक चलती हुई मैजिक माल वाहक वाहन में अचानक आग लग गई। वाहन बेरला से निवास की ओर आ रहा था, इसी दौरान यह हादसा हो गया। इस हादसे में चालक ने वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। बताया गया कि वाहन में आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। आग लगते ही चालक ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए तुरंत वाहन से छलांग लगा दी। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में चालक एक साइकिल सवार से पानी मांगता हुआ दिखाई दे रहा है और उसी पानी से आग बुझाने की कोशिश कर रहा है।
बताया गया कि स्थानीय लोगों ने तुरंत इस घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और जांच शुरू कर दी है। हालांकि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन मैजिक वैन पूरी तरह जलकर खाक हो गई। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं यह कोई तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट के कारण तो वाहन में आग नहीं लगी। बताया गया कि चालक की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया। इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए वाहन चालकों और मालिकों को अपने वाहनों की नियमित जांच करानी चाहिए और अग्निशमन उपकरणों को साथ रखना चाहिए।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे
गोंडी कला से सजी राखियां बढ़ाएंगी भाई-बहन के प्रेम का बंधन
- मंडला की स्व-सहायता समूह की महिलाएं बना रहीं गोंडी पेंटिंग वाली राखियां
- एक हजार राखी बनाने का लक्ष्य
- विगत वर्ष भेंट की थी मप्र मुख्यमंत्री को गौंडी राखी
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले की समृद्ध गोंडी चित्रकला जो सदियों से गोंड जनजाति की सांस्कृतिक पहचान रही है, अब रक्षाबंधन के पावन पर्व पर भाइयों की कलाइयों पर अपनी अनूठी छटा बिखेरेगी। इस वर्ष 25 स्व-सहायता समूह की महिलाएं गोंडी पेंटिंग से सजी मनमोहक राखियां तैयार कर रही हैं, जो न केवल देखने में खूबसूरत हैं, बल्कि जनजातीय संस्कृति की समृद्ध विरासत की झलक दिख रही है। यह पहल न सिर्फ स्थानीय कला को बढ़ावा दे रही है, बल्कि ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का एक सफल प्रयास भी है।
जानकारी अनुसार श्रवण मास की पूर्णिमा को हिन्दू धर्म के अनुसार भाई बहन का पवित्र रक्षाबंधन का त्योहार मनाया जाता है। इस पर्व में बहन अपने भाई को रक्षा सूत्र बांधकर बहन की रक्षा का संकल्प लेते है। यह परंपरा सदियों से चली आ रही है। वही दूसरी और बहन अपने भाईयों के लिये विभिन्न प्रकार की राखियां बाजार से खरीद कर लाती हैं और अपने भाईयों की कलाई में बांधती है। इस बार बहनें अपने भाईयों की कलाई में गौंडी चित्रकारी की राखियां बांधेगी, इन राखियों में पेड़ों, जानवरों, पक्षियों और अन्य प्राकृतिक तत्वों को जीवंत रंगों से दर्शाया गया है। परंपरागत रूप से यह कला दीवारों, फर्श और शरीर पर गोदना के रूप में उकेरी जाती रही है। अब इस कला में उपयोग किए जाने वाले रंग भी प्राकृतिक हैं, जिसमें रंगीन मिट्टी, कोयला, पौधों का रस, पत्तियां और फूल। ये प्राकृतिक रंग गोंड समुदाय के प्रकृति के साथ गहरे जुड़ाव प्रदर्शित करती हैं।
कला को मिला नया रूप
महिला उत्थान समिति मंडला के संचालक रामकुमार सिंगौर ने बताया कि गोंडी कला को व्यापक पहचान दिलाने और इसे व्यवसायिक रूप देने के लिए जिला प्रशासन, नाबार्ड और ग्रामीण विकास एवं महिला उत्थान संस्था के सहयोग से प्रयास किए जा रहे हैं। इन प्रयासों के तहत गोंडी पेंटिंग को छोटे-छोटे आकर्षक उत्पादों पर उकेरा गया है, जिसमें हेण्डमेड पेपर, केनवास, पोस्टकार्ड, रुमाल, पेपर वेट, लोटा, फ्रिज मैग्नेट, डायरी, बुकमार्क, टीशर्ट, साड़ी और बैग है। इन उत्पादों को देश भर में आयोजित होने वाली प्रदर्शनियों में खूब सराहना मिली है। अब इस कला को राखियों पर उतारकर एक नई पहल की गई है। इस कला से अब ग्रामीण महिलाएं सशक्त बनने के साथ उनकी आर्थिक स्थिति भी बेहतर हो रही है।
52 महिलाओं की बेहतर हुई आर्थिक स्थिति
बताया गया कि मंडला के नैनपुर और मंडला विकासखंड की स्व-सहायता समूह की 52 महिलाएं गौंडी चित्रकारी के काम में जुटी हुई हैं। ये ऊन, मोती, गोटा पट्टी और अन्य सजावटी सामग्रियों का उपयोग कर गोंडी कला से सजी मनमोहक राखियोंं के साथ अन्य चित्रकारी भी बना रही हैं। समूह की 25 महिलाएं राखी के त्यौहार के लिए गौंडी चित्रकारी की राखी बनाने का कार्य कर रही है। इनके द्वारा बनाई जा रही राखियो की लागत 10 रुपये से 40 रुपये तक आती है और 25 रुपये से 100 रुपये तक की कीमत में बेची जा रही हैं। यह उनके लिए आत्मनिर्भरता का एक बड़ा जरिया बन गया है। इसके अलावा 52 समूह की महिलाएं गौंडी चित्रकारी से अब प्रतिमाह आठ से दस हजार रूपए आमदनी कर रही है।
खास गिफ्ट पैक भी है उपलब्ध
रामकुमार सिंगौर ने बताया कि इस वर्ष इन महिलाओं ने ग्राहकों के लिए एक विशेष गिफ्ट पैक भी तैयार किया है, जिसकी कीमत 350 रुपये है। इस पैक में दो गोंडी राखी, दो गोंडी पेंटिंग वाले रुमाल, आंवला कैंडी और दो आंवला लड्डू शामिल हैं। यह पैक न केवल राखियों को एक विशेष तोहफा बनाता है, बल्कि स्थानीय उत्पादों को भी बढ़ावा देता है।
भोपाल हॉट बाजार और आर्मी केंटिन में पंसद आ रही राखी
बताया गया कि विगत वर्ष से मंडला जिले में गौंडी चित्रकारी की कलाकृतियां लोगों को खूब भा रही है। इसके प्रचार प्रसार के लिए प्रदर्शनी भी लगाई जा रही है। विगत वर्ष से भोपाल के हॉट बाजार में गौंडी चित्रकारी की प्रदर्शनी लगाई जा रही है। इस वर्ष भी यहां गौंडी कला की करीब 450 राखियां बेचने के लिए भेजी गई है, जो लोगों को खूब पंसद आ रही है। वहीं जबलपुर के आर्मी केंटिन में भी इन राखियों को खूब पंसद किया जा रहा है। यहां केंटिन में 100 राखियां बेचने के लिए रखी गई है।
कला को मिल रही पहचान
इन राखियों को आजीविका मिशन के आउटलेट और विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से बेचा जा रहा है। इस पहल को पिछले साल तब और ज्यादा पहचान मिली, जब इन समूहों की दीदियों ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को गोंडी राखी भेंट की थी। मुख्यमंत्री ने इस अनूठी कला और महिलाओं के प्रयास की खूब सराहना की थी, जिससे इन राखियों की मांग में और भी इजाफा हुआ।
एक हजार राखियों का लक्ष्य
बताया गया कि समूह की लगभग 25 महिलाओं द्वारा गोड़ी चित्रकारी से बनी राखियां बना रही है। इन्होंने 1000 राखियॉं बनाने का लक्ष्य रखा है जो लगभग 800 राखी तैयार हो चुकी हैं। इससे समूह की दीदियों को आर्थिक लाभ भी मिल रहा है। चित्रकारी से लगभग 8 से 10 हजार रूपए तक की आय ये महिलाएं कर रही है।
सोशल मीडिया खूब भा रही ये राखियां
गौड़ी चित्रकारी की राखियॉं मंडला जिला ही नहीं पूरे प्रदेश के लिये एक अभिनव प्रयास है, जिसकी मांग दूर दूर तक है। इस राखी को सोशल मीडिया में भी रखा गया है, जो लोग इसे पसंद कर रहे है वे इसे आर्डर करते हैं और जो आमदनी आती है, वह स्वादेशी स्वयं सहायाता समूह के खाते में जमा होती है।
इनका कहना है
हमारी संस्था ग्रामीण महिलाओं को गोंडी पेंटिंग के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही है। इन राखियों के जरिए हम गोंडी कला को पूरे देश में पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।

हेमलता सिंगौर, महिला उत्थान समिति मंडला
पहले हमें अपनी कला को सिर्फ घरों तक सीमित रखना पड़ता था। अब इन राखियों के माध्यम से हमारी कला को एक पहचान मिल रही है और हमें अच्छी कमाई भी हो रही है।

सुमन बंदेवार, सदस्य स्व-सहायता समूह, ग्राम इंद्री
हम सभी बहनें मिलकर बहुत मेहनत से ये राखियां बना रही हैं। हमें उम्मीद है कि इस साल भी लोग हमारी इन कलात्मक राखियों को पसंद करेंगे।

बसंती भांवरे, सदस्य स्व-सहायता समूह
बांस की खेती से बदलेगी मंडला की तकदीर, परती भूमि बनेगी किसानों की आय का जरिया
- आदिवासी किसानों को मिल रहा स्थायी आजीविका का साधन
- बाय-बैक योजना से बिक्री की गारंटी
मंडला महावीर न्यूज 29. आदिवासी बाहुल्य मंडला जिले में कृषि योग्य भूमि का एक बड़ा हिस्सा लगभग 70 प्रतिशत अभी भी परती है। इन क्षेत्रों के किसान मुख्य रूप से कोदो-कुटकी जैसी पारंपरिक मोटे अनाज की फसलों पर निर्भर हैं, जिनसे उन्हें प्रति एकड़ सालाना दो हजार रुपये से भी कम का शुद्ध लाभ होता है, लेकिन अब इस समस्या का एक स्थायी और दूरदर्शी समाधान मिल गया है। बांस की खेती के माध्यम से न केवल किसानों की आर्थिक स्थिति सुधरेगी बल्कि पर्यावरणीय संतुलन में भी मददगार साबित होगी।
जानकारी अनुसार राज्य बांस मिशन ने किसानों को बांस की खेती के लिए प्रोत्साहित करने के लिए एक उत्कृष्ट योजना लागू की है। इस योजना के तहत किसानों को लगाए गए प्रत्येक पौधे पर 150 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है, बशर्ते 80 प्रतिशत पौधे जीवित रहें। यह योजना किसानों की प्रारंभिक लागत को लगभग शून्य कर देती है। एक बार लगने के बाद बांस हर साल कटाई योग्य होता है और 30 से 40 वर्षों तक लगातार उपज देता है। विशेषज्ञों के अनुसार एक एकड़ भूमि से किसान सालाना 30 हजार रुपये तक का शुद्ध लाभ कमा सकते हैं।
फाउंडेशन के डायरेक्टर विवेक जैन ने बताया कि बांस की खेती के कई फायदे हैं। यह एक तेजी से बढऩे वाला और कम पानी में पनपने वाला पौधा है। इसके साथ ही यह मिट्टी के कटाव को रोकने, कार्बन अवशोषण बढ़ाने और परती भूमि को उपजाऊ बनाने में भी सहायक है। इस तरह यह न केवल किसानों के लिए आर्थिक रूप से फायदेमंद है, बल्कि पर्यावरण के लिए भी बहुत महत्वपूर्ण है। इसके साथ ही बांस की बाजार में निरंतर मांग बनी रहती है, क्योंकि इसका उपयोग फर्नीचर, अगरबत्ती, निर्माण सामग्री, कागज और हैंडीक्राफ्ट जैसे कई क्षेत्रों में किया जाता है।
बाय-बैक योजना से बिक्री की गारंटी
लाइवलीहुड केयर फाउंडेशन ने मंडला जिले में बांस की खेती को किसानों के लिए और भी अधिक व्यावसायिक रूप से लाभदायक बनाने के उद्देश्य से बाय बैक (पूर्व-अनुबंध आधारित खरीद) योजना शुरू की है। इस योजना के तहत फाउंडेशन किसानों के साथ एक लिखित अनुबंध करेगा और बांस को सीधे उनके खेत से 3000 रुपये प्रति टन की दर पर खरीदेगा। इससे किसानों को बाजार में अपनी फसल बेचने की चिंता से मुक्ति मिलेगी। फाउंडेशन के डायरेक्टर विवेक जैन ने बताया हमारा लक्ष्य केवल किसानों को बांस लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि हम उनकी फसल को उचित मूल्य पर बेचने की गारंटी भी देते हैं। हमारा उद्देश्य परती जमीन को उत्पादक बनाकर किसानों की आय को कई गुना बढ़ाना है।
इंटरक्रॉपिंग से एक ही जमीन से दोहरी कमाई
बांस की खेती का एक और बड़ा लाभ यह है कि इसकी छाया और जड़ों का फैलाव सीमित होता है, जिससे पौधों के बीच की जगह में अन्य फसलें भी उगाई जा सकती हैं। फाउंडेशन की योजना के तहत किसानों को हल्दी, अरबी, अदरक और मिर्च जैसी नकदी फसलों की इंटरक्रॉपिंग की ट्रेनिंग भी दी जाएगी। इससे किसानों को एक ही भूमि से दोहरे लाभ मिल सकेंगे, जिसमें एक तरफ बांस की बिक्री से और दूसरी तरफ इन सहफसलों से आर्थिक मदद मिलेगी।
स्थानीय ग्रामीण अर्थव्यवस्था को देंगे मजबूती
मंडला जैसे जनजातीय अंचल में बांस की खेती एक गेम चेंजर साबित हो सकती है। यह पहल न केवल स्थानीय ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देगी, बल्कि ग्रामीण पलायन को भी कम करेगी। इसके साथ ही यह हरित रोजगार के अवसर पैदा करेगी, स्थायी और जैविक खेती को बढ़ावा देगी और जलवायु परिवर्तन के असर से निपटने में भी मदद करेगी।
इनका कहना है
इस योजना से हाल ही में जुड़े है, पहले हमारी जमीन पर कुछ नहीं होता था, कोदो-कुटकी भी मुश्किल से उगती थी। अब फाउंडेशन ने बांस के पौधे भी दिए हैं और खरीद की गारंटी भी। अब तो हर साल कमाई होगी।
रामचरण मरकाम, किसान, बिछिया
सरकारी योजनाओं, गैर-सरकारी संस्थाओं और किसानों के आपसी सहयोग से मंडला की परती भूमि अब हरियाली और समृद्धि की ओर अग्रसर है, जहां एक ओर पर्यावरण का संवर्धन हो रहा है, तो दूसरी ओर स्थायी आजीविका का एक मजबूत आधार बन रहा है। यह पहल निश्चित रूप से मंडला के आदिवासी किसानों के लिए एक उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करेगी।

विवेक जैन, डॉयरेक्टर, लाइवलीहुड केयर फाउंडेशन
एक ही दिन में दो बार साइकिल वितरण कार्यक्रम पर उठे सवाल
- सांसद और जिला पंचायत सदस्य ने अलग-अलग बांटी साइकिलें
- जनता ने पूछा दिखावे की राजनीति क्यों
मंडला महावीर न्यूज 29. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा सीएम राइज स्कूलों का नाम बदलकर सांदीपनि विद्यालय रखने की घोषणा की गई है, जिसका उद्देश्य शिक्षा को वैदिक मूल्यों से जोडऩा है। लेकिन मंडला जिले में इन आदर्शों से हटकर जमीनी हकीकत सामने आई है। यहां एक ही दिन में दो बार साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिससे सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और राजनीतिक दिखावे पर सवाल खड़े हो गए हैं।
सांदीपनि विद्यालय सागर मंडला में विगत दिवस दोपहर में सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने साइकिल वितरण किया। यह कार्यक्रम संपन्न होने के कुछ घंटों बाद उसी दिन शाम को उसी स्थान पर एक और कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जिला पंचायत सदस्य शैलेश मिश्रा ने साइकिलें बांटीं। एक ही योजना के लिए एक ही दिन में दो अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित करने से छात्रों की पढ़ाई भी बाधित हुई।
बताया गया कि इस दोहराव की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जनता के बीच कई सवाल उठ रहे हैं। लोग पूछ रहे हैं कि क्या यह राजनीतिक मंच सजाने की होड़ है या सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग, यह भी सवाल उठ रहा है कि क्या स्कूल प्रबंधन ने राजनीतिक दबाव में आकर यह फैसला लिया।
इनका कहना है
शासकीय कार्यक्रमों का उद्देश्य जनहित होता है, लेकिन यह देखा जा रहा है कि कुछ अवसरों पर इन कार्यक्रमों को सत्तापक्ष द्वारा अपने प्रचार-प्रसार का माध्यम बना लिया जाता है। यदि कोई कार्यक्रम सांसद की उपस्थिति में पहले ही आयोजित हो चुका है, तो उसी दिन और उसी स्थान पर पुन: अलग से कार्यक्रम आयोजित करना उचित नहीं माना जा सकता। इससे न केवल सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग होता है, बल्कि बच्चों की पढ़ाई-लिखाई पर भी विपरीत प्रभाव पड़ता है। शिक्षा के क्षेत्र में हम सभी को संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्य करना चाहिए।
इंजी. कमलेश तेकाम, उपाध्यक्ष, अध्यक्ष शिक्षा समिति
जिला पंचायत मंडला
मामला जानकारी आया है, स्कूलों में साइकिल वितरण का कार्य जिला शिक्षा अधिकारी के अंतर्गत आता है। चूंकि जनजाति विभाग का स्कूल है। इसलिए हमारे द्वारा जांच कराई जाएगी।
वंदना गुप्ता, सहायक आयुक्त
जनजाति कार्य विभाग, मंडला
चुटका प्रभावितों ने मनाया हिरोशिमा दिवस, परमाणु परियोजना का किया विरोध
- गोंडवाना राज्य संकल्प यात्रा पहुंची चुटका
- चुटका प्रभावितों ने हिरोशिमा दिवस पर किया परमाणु परियोजना का विरोध
- गोंडवाना संकल्प यात्रा ने दिया समर्थन
मंडला महावीर न्यूज 29. चुटका परमाणु परियोजना से प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों में हिरोशिमा दिवस मनाया गया। यह दिवस द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान 6 अगस्त, 1945 को जापान के हिरोशिमा शहर पर हुए परमाणु हमले की बरसी के रूप में मनाया जाता है। ग्रामीणों ने इस मौके पर परमाणु परियोजना के संभावित खतरों को लेकर अपनी चिंताएं जाहिर कीं और परियोजना का पुरजोर विरोध किया।
चुटका परमाणु विरोधी संघर्ष समिति के अध्यक्ष दादु लाल कुड़ापे ने कहा कि परमाणु विकिरण के खतरे जगजाहिर हैं। ऐसे में आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में इस तरह की परियोजना स्थापित करना न्यायसंगत नहीं है। समिति की सदस्य मीरा बाई मरावी ने भारत सरकार द्वारा स्वीकृत 10 परमाणु रिएक्टरों का जिक्र करते हुए कहा कि इनमें से दो रिएक्टर चुटका के लिए भी हैं, जो उनके और उनके क्षेत्र के लिए मौत का अनुबंध हैं।
विगत दिवस राज राजेश्वरी मंडला से शुरू हुई गोंडवाना राज्य संकल्प यात्रा भी चुटका पहुंची, जहां ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। ग्रामीणों ने यात्रा में शामिल लोगों को बताया कि चुटका परमाणु परियोजना 2009 से प्रस्तावित है और ग्राम सभा लगातार इसका विरोध कर रही है। विरोध के कारण दो बार पर्यावरणीय जन सुनवाई को भी स्थगित करना पड़ा था।
ग्रामीणों ने बताया कि भूमि अधिग्रहण को लेकर उनकी आपत्तियों को दरकिनार करते हुए जबलपुर कमिश्नर ने भू-अर्जन का अवार्ड पारित कर दिया और बिना सहमति के जमीन का मुआवजा उनके खातों में डाल दिया गया। इसे लोकतांत्रिक और कानूनी प्रावधानों का उल्लंघन बताया गया।
संकल्प यात्रा का नेतृत्व कर रहे संतोष परस्ते, मंडला जिला गोंडवाना गणतंत्र पार्टी युवा मोर्चा के अध्यक्ष ने चुटका संघर्ष का पूर्ण समर्थन किया। उन्होंने कहा कि बांध, राष्ट्रीय उद्यान, टाइगर प्रोजेक्ट और चुटका जैसी विकास परियोजनाओं के नाम पर आदिवासियों को उनकी पैतृक जमीन से बेदखल किया जा रहा है। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के प्रवक्ता राधेश्याम कोकडिय़ा ने वनाधिकार कानून के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यह कानून आदिवासियों को उनकी जमीन से जोड़ता है।

गोंडवाना स्टूडेंट यूनियन के प्रदेश महासचिव सेम परते ने कहा कि पेसा कानून और नियमों की अनदेखी करते हुए उनकी पारंपरिक व्यवस्था को कमजोर किया जा रहा है। इस संकल्प यात्रा में चुटका गांव के सोना बाई, सरिता बाई, हीरा बती बाई, कमल सिंह बड़कड़े, तेजी लाल कोकडिय़ा, गेहबर सिंह, संतराम, धरम सिंह समेत कई अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
राष्ट्रीय हथकरघा दिवस
- गौशाला में हथकरघा केंद्र ने बदलती लोगों की जीवनशैली
- हथकरघा केन्द्र से मिला 50 से ज्यादा परिवारों को रोजगार
मंडला महावीर न्यूज 29. राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर मंडला के दयोदय गौशाला आमानाला में स्थापित श्रमदान हथकरघा प्रशिक्षण केंद्र ने ग्रामीण जीवन में बदलाव की एक प्रेरक कहानी पेश की है। आचार्य विद्यासागर और आचार्य समयसागर महाराज के आशीर्वाद से संचालित यह केंद्र न केवल कपड़े बुन रहा है, बल्कि 50 से अधिक परिवारों को स्थायी और सम्मानजनक रोजगार भी प्रदान कर रहा है।
बताया गया कि एक समय था जब आमानाला गांव कच्ची शराब के उत्पादन के लिए जाना जाता था, लेकिन इस केंद्र की स्थापना के बाद यहां के लोगों ने अपनी जीवनशैली बदल ली है। अब ग्रामीण हथकरघा चला रहे हैं, शाकाहारी जीवन अपना चुके हैं और सामाजिक चेतना का एक नया उदाहरण बन रहे हैं। यह केंद्र ग्रामीण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए नि:शुल्क प्रशिक्षण, प्रशिक्षण काल में मानदेय और पौष्टिक भोजन जैसी सुविधाएं प्रदान कर रहा है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उन्हें अपना उत्पादन कार्य शुरू करने के लिए नि:शुल्क हथकरघा भी दिया जाता है।
बताया गया कि वर्तमान में इस केंद्र में 36 हथकरघों पर काम चल रहा है, जिससे प्रत्येक परिवार औसतन 12 से 20 हजार रुपये प्रतिमाह कमा रहा है। यहां लहंगा, शेरवानी, साड़ी, कुर्ता, शर्ट, जैकेट, गमछा जैसे पारंपरिक और आधुनिक परिधान बनाए जा रहे हैं। इन वस्त्रों पर जरदोजी जैसे विशिष्ट हस्तशिल्प का काम भी किया जाता है, जिससे इनकी मांग देश-विदेश में बढ़ रही है। पुणे, दिल्ली, मुंबई के साथ अमेरिका और कनाडा जैसे देशों से भी इनके लिए ऑर्डर आ रहे हैं।
इन वस्त्रों की बिक्री के लिए केंद्र परिसर में ही एक विक्रय केंद्र भी संचालित है। इसके अलावा संस्था की वेबसाइट के माध्यम से इन उत्पादों को ऑनलाइन भी खरीदा जा सकता है। यह केंद्र भारत की सांस्कृतिक परंपरा, स्वावलंबन और सामाजिक सुधार का एक जीवंत उदाहरण बनकर उभरा रहा है।
कई दशकों से सड़क की समस्या से जूझ रहे 500 लोग, बारिश में कीचड़ बन जाता है रास्ता
- कटंग सिवनी के मवई मॉल में सड़क का अभाव
- ग्रामीण उग्र आंदोलन की तैयारी में
- कीचड़ भरी सड़क से पैदल चलने को मजबूर ग्रामीण
मंडला महावीर न्यूज 29. निवास जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत कटंग सिवनी के पोषक ग्राम मवई मॉल के ग्रामीण कई दशकों से सड़क की समस्या से जूझ रहे हैं। लगभग 500 की आबादी वाले इस गांव को मुख्य मार्ग से जोडऩे वाली सड़क न होने के कारण ग्रामीणों को कच्चे और कीचड़ भरे रास्ते से गुजरना पड़ता है। बारिश के दिनों में तो स्थिति और भी बदतर हो जाती है, जब कच्चा रास्ता कीचड़ में तब्दील हो जाता है, जिससे बड़े वाहनों का गांव तक पहुंचना असंभव हो जाता है।
बताया गया कि ग्रामीणों को मुख्य मार्ग तक पहुंचने के लिए कीचड़ भरे रास्ते से पैदल चलना पड़ता है। स्कूल जाने वाले बच्चे भी इसी रास्ते से गुजरते हैं, जिससे उनकी पढ़ाई के साथ-साथ दैनिक कामकाज भी प्रभावित हो रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी तब होती है, जब कोई बीमार हो जाता है। मरीजों को अस्पताल ले जाने में भी काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।
पिछले साल गर्भवती महिला को खाट पर ले जाना पड़ा था अस्पताल
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले साल बारिश के दिनों में गांव की एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा हुई थी। परिजनों ने जननी वाहन एम्बुलेंस को बुलाया, लेकिन सड़क कीचड़ से भरी होने के कारण एम्बुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी। एम्बुलेंस मुख्य मार्ग से लगभग दो किलोमीटर दूर खड़ी रही। इसके बाद ग्रामीणों ने गर्भवती महिला को खाट पर लिटाकर पैदल एम्बुलेंस तक पहुंचाया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था, जिसने प्रशासन की उदासीनता पर सवाल खड़े कर दिए थे।
आंदोलन की तैयारी
ग्रामीणों का कहना है कि वे इस समस्या से निपटने के लिए कई बार स्थानीय प्रशासन के साथ विधायक और सांसद को भी अवगत करा चुके हैं, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। अब ग्रामीण इस समस्या से तंग आ चुके हैं और उन्होंने उग्र आंदोलन की तैयारी कर ली है। ग्रामीणों ने प्रशासन को अंतिम चेतावनी दी है कि अगर उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
इनका कहना हैं
लगातार हमारे द्वारा सड़क की मांग को लेकर अनेकों बार पंचायत स्तर से हमने उच्च अधिकारियों के साथ विधायक और सांसद को अवगत कराया गया हैं परन्तु इस समस्या से कोई गंभीरता से नहीं ले रहा हैं इतना ही नहीं पिछले वर्ष एक गर्भवती महिला को प्रसव के लिए ले अस्पताल ले जाना था रोड खराब के चलते एम्बुलेंस गांव के बाहर खड़ा हुआ था अंदर नहीं आ पाया तब हमारे कुछ ग्रामीणों ने खाट पर लिटाकर महिला को एम्बुलेंस तक लाना पड़ा था।
संतोष परस्ते, ग्रामीण ,मवई मॉल
जब से हम शादी होकर आए हैं तब से देख रहे हैं कि गांव में सड़क ही नहीं हैं कई ग्रामों में छोटी छोटी रोड पक्की हो गई पर हमारे गांव की स्थिति जस की तस हैं हम अपना दुख दर्द किसे बताए।
बिलसो बाई, ग्रामीण महिला
ग्राम में सड़क की समस्या को देखते हुए वारिश के समय आधे से ज्यादा रिश्तेदार गांव के बाहर से वापिस चले जाते हैं इतना ही नहीं घर की बहुएं भी पानी लाने से इनकार कर देती हैं कीचड़ से न जाने के लिए बहुत ही समस्या का सामना करना पड़ रहा हैं।
प्रेम बाई, ग्रामीण महिला
मवई मॉल की सड़क की समस्या को देखते हुए उच्च अधिकारियों के साथ बैठकर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से मार्ग को जुड़वा दिया गया हैं जल्द ही समस्या का समाधान मिल जाएगा।
चैन सिंह वरकड़े, निवास विधायक
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे
पंचायत उन्नति सूचकांक में पडरिया ग्राम पंचायत को मिला प्रथम स्थान
- विकास कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 11000 रुपये का मिला पुरस्कार, कार्यशाला आयोजित
मंडला महावीर न्यूज 29. पंचायत उन्नति सूचकांक 1.0-2.0 प्रचार-प्रसार विषय पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम की अध्यक्षता में कार्यशाला जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित की गई। कार्यशाला में ग्राम पंचायतों के लिए समग्र, समावेशी और सतत विकास, पंचायत उन्नति सूचकांक में ग्राम पंचायतों के प्रदर्शन को एक मानकीकृत स्कोर के रूप में मापना, पंचायतों को देय संचालित निर्णय लेने के लिए प्रेरित करना, सतत विकास के लक्ष्यों का स्थानीयकरण थीम पर चर्चा की गई। इस दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमलेश तेकाम, अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, जनपद पंचायत सदस्य सावित्री धूमकेती, श्रीमती झरिया, शकुन जंघेला, गीता मरावी, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनोद मरावी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक उर्मिला मरावी, समन्वयक मो. नजीम खान, सहायक परियोजना अधिकारी कपिल तिवारी उपस्थित रहे।
जानकारी अनुसार पंचायत उन्नति सूचकांक के तहत मंडला जिले के विकासखंड नारायणगंज की ग्राम पंचायत पडरिया को प्रथम स्थान मिला है। पंचायत के समग्र विकास के लिए किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए उसे 11 हजार रुपये का पुरस्कार भी प्रदान किया गया है। भारत सरकार के निर्देशानुसार वर्ष 2022-2023 में किए गए पंचायत उन्नति सूचकांक का विमोचन जिला स्तर पर जिला पंचायत के सभा कक्ष में एक कार्यशाला के दौरान किया गया। इस कार्यशाला में जिले की सर्वोच्च रैंकिंग प्राप्त करने वाली 10 पंचायतों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
बताया गया कि पंचायत उन्नति सूचकांक के तहत जिले की जिन पंचायतों को सर्वोच्च स्थान मिला है, उनमें नारायणगंज की पडरिया पंचायत को प्रथम के साथ 11 हजार रूपए, मंडला की मलारा पंचायत को द्वितीय स्थान के साथ 7 हजार 100 रुपये और बीजाडांडी की बीजाडांडी पंचायत को तृतीय स्थान 5 हजार100 रुपये का पुरस्कार मिला है। इसके साथ ही घुघरी चौथे स्थान पर रही, नैनपुर की निवारी पंचायत पांचवां स्थान, मंडला की ग्राम पंचायत जंतीपुर छटवां स्थान, नैनपुर की ग्राम पंचायत गौझी सातवां स्थान, नारायणगंज की ग्राम पंचायत मैली आठवें स्थान पर, बीजाडांडी की ग्राम पंचायत पौंडी नौवे स्थान पर और नैनपुर की ग्राम पंचायत झीरिया दसवें स्थान पर रही। चौथे से दसवें स्थान प्राप्त करने वाली ग्राम पंचायतों को 2100 रूपए पुरस्कार के रूप में मिले है।
तीन दिन से 30 डिग्री के ऊपर पारा, उमस और गर्मी से लोग बेहाल
- अगस्त की शुरुआत में ही गर्मी ने किया परेशान, पंखे-कूलर का ले रहे सहारा
मंडला महावीर न्यूज 29. अगस्त का महीना शुरू होते ही मौसम ने अचानक अपना मिजाज बदल दिया है। जहां अगस्त में आमतौर पर बारिश और सुहावने मौसम की उम्मीद होती है, वहीं इस बार शुरुआत के तीन दिनों से ही गर्मी और उमस ने लोगों को बेहाल कर रखा है। बीते तीन दिनों से तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। बताया गया कि बुधवार को न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री और अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री रहा। वहीं इसके पहले रविवार को न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री और अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री, सोमवार को न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री और अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री और मंगलवार को न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री और अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री दर्ज किया। लगातार अधिकतम तापमान में उछाल देखा जा रहा है। जिससे गर्मी और उमस बढ़ गई है।
जानकारी अनुसार पिछले कुछ दिनों से बारिश का दौर थम सा गया है, जिसके कारण मौसम में नमी बढ़ गई है। इस नमी के साथ बढ़ती गर्मी ने उमस को बहुत ज्यादा बढ़ा दिया है। दिन के समय सूरज की तेज किरणें लोगों को घरों से निकलने में भी हिचकिचाने पर मजबूर कर रही हैं। सबसे ज्यादा परेशानी दोपहर के समय हो रही है, जब गर्मी और उमस अपने चरम पर होती है। लोग इस अचानक बढ़ी गर्मी से काफी परेशान हैं। खासकर बुजुर्ग और छोटे बच्चे इस मौसम से ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। बाजारों में भी दोपहर के समय सन्नाटा पसरा रहता है, क्योंकि लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। जो लोग जरूरी काम से बाहर निकल रहे हैं, वे भी छाता, टोपी और पानी की बोतलें साथ लेकर चल रहे हैं।
बताया गया कि इस गर्मी से राहत पाने के लिए लोग एक बार फिर से कूलर और पंखों का सहारा ले रहे हैं। जिन घरों में एयर कंडीशनर हैं, वहां भी उनका इस्तेमाल बढ़ गया है। वहीं बिजली की खपत भी अचानक बढ़ गई है, जिससे बिजली विभाग पर भी दबाव बढ़ रहा है। मौसम विशेषज्ञ आदित्य बिसेन का कहना है कि बारिश थमने के कारण वातावरण में नमी और गर्मी का मिश्रण हो रहा है, जिससे उमस बढ़ रही है। आगामी दिनों में अगर अच्छी बारिश होती है, तो ही इस गर्मी से राहत मिल पाएगी। अन्यथा, यह स्थिति कुछ दिनों तक बनी रह सकती है। इस गर्मी और उमस से बचने के लिए चिकित्सक भी लोगों को कुछ सावधानियां बरतने की सलाह दे रहे हैं। उनका कहना है कि ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं, हल्के और ढीले कपड़े पहनें, और जरूरत पडऩे पर ही घर से बाहर निकलें।
ट्रैक्टर से लदा ट्रेलर बाइक सवार को बचाने पलटा, चालक, परिचालक घायल
- निवास से बरेला मार्ग पर हादसा, हरियाणा से आ रहे थे आठ ट्रैक्टरों से लदा वाहन
मंडला महावीर न्यूज 29. निवास थाना क्षेत्र के अंतर्गत निवास से बरेला मार्ग पर एक बड़ा हादसा सामने आया है। हाथीतारा और गुंदलई गांव के बीच एक ट्रैक्टर से लदा ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। यह घटना तब हुई जब चालक एक बाइक सवार को बचाने की कोशिश कर रहा था। हादसे में ट्रेलर के चालक और परिचालक को मामूली चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही निवास पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच में जुट गई।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार यह ट्रेलर वाहन हरियाणा के फरीदाबाद से आठ ट्रैक्टर लोड करके मंडला की ओर जा रहा था। जब वाहन हाथीतारा और गुंदलई के बीच से गुजर रहा था, इसी दौरान अचानक सामने एक बाइक सवार आ गया। बाइक सवार को बचाने की कोशिश में, ट्रेलर के चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पलट गया।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आस-पास के लोग मदद के लिए तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने चालक और परिचालक को वाहन से बाहर निकाला। सौभाग्य से, दोनों को गंभीर चोटें नहीं आईं। बताया गया कि कई बार तेज रफ्तार और अचानक सामने आने वाले वाहनों के कारण इस तरह के हादसे होते हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और हादसे की जानकारी जुटाई जा रही है।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे
पशु चिकित्सा अधिकारी पर लापरवाही, दवाओं की कमी और अभद्र व्यवहार का आरोप
- विश्व हिंदू परिषद ने हटाने की मांग, कलेक्टर को सौंपा गया ज्ञापन
मंडला महावीर न्यूज 29. विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के जिला गौ रक्षा विभाग ने जिला पशु चिकित्सा अधिकारी उग्रसेन तिवारी पर चिकित्सा में लापरवाही बरतने और गौ सेवकों का अपमान करने का आरोप लगाते हुए जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन सौंपने के पहले सभी कार्यकर्ताओं ने अधिकारी के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन भी किया। दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि अधिकारी द्वारा पिछले कई वर्षों से अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाही बरती जा रही है, जिससे पशुओं के इलाज में समस्याएं आ रही हैं। विश्व हिंदू परिषद ने अपने ज्ञापन में बताया है कि जिला पशु चिकित्सालय में पशुओं के लिए किसी भी प्रकार की कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है । हर साल दवाईयां आती हैं, लेकिन वे अस्पताल तक पूरी नहीं पहुंच पातीं। घायल जानवरों के इलाज के लिए रूई और पट्टी जैसी सामान्य चीजें भी नहीं होतीं, जिन्हें बाजार से खरीदने के लिए कहा जाता है। इसके अलावा, अस्पताल में घायल जानवरों को भर्ती करने की भी कोई व्यवस्था नहीं है और न ही ऑपरेशन की सुविधा है, जबकि सालों से मशीनें रखी हुई हैं ।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि जब घायल जानवरों को अस्पताल लाया जाता है, तो कुछ दवाएं बाजार से लाने के लिए कहा जाता है। अधिकारी का कहना है कि दवाइयां ऊपर से नहीं आ रही हैं, तो वे क्या करें। यह भी बताया कि स्टॉफ द्वारा आवारा गौवंश का इलाज बीच में ही छोड़ दिया जाता है, जिसके कारण अधिकतर जानवरों की मृत्यु हो जाती है। इसके अलावा अधिकारी ड्यूटी के दौरान भी इलाज के लिए बुलाने पर नहीं आते और रात के समय फोन बंद कर देते हैं। एक पशु एम्बुलेंस 10 बजे सुबह से 5 बजे शाम तक ही उपलब्ध रहती है, जबकि अधिकतर घटनाएं शाम या रात को होती हैं।
विश्व हिंदू परिषद ने ज्ञापन में बताया कि विगत दिवस एक पागल गाय को बेहोशी का इंजेक्शन लगाना था, लेकिन अधिकारी ने कहा कि उनके पास कोई व्यवस्था नहीं है। जब कलेक्टर को सूचना दी गई, तब जाकर व्यवस्था बन पाई। इन सभी समस्याओं के कारण विश्व हिंदू परिषद ने पशु चिकित्सा अधिकारी को तत्काल पद से हटाने की मांग की है इसके साथ ही जिले के सभी पशु चिकित्सा केंद्रों में दवाओं, डॉक्टरों और घायल जानवरों के खाने-पीने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी की गई है। ज्ञापन देने वालों में रेनू कछवाहा, विश्व हिंदू परिषद, जिला गौ रक्षा प्रमुख समेत सभी पदाधिकारी, कार्यकर्ता शामिल रहे।
लापरवाह अतिथि शिक्षक को हटाने जनसुनवाई में पहुंचे पालक
- पालकों ने शाला प्रबंधन समिति से इस्तीफा और बच्चों को दूसरे विद्यालय में भर्ती कराने की धमकी दी
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला मुख्यालय मंडला के योजना सभागार में प्रति मंगलवार को होने वाली जनसुनवाई में आए दो दर्जन से अधिक अभिभावक अपने कार्य के प्रति लापरवाही करने का आवेदन देकर कार्यरत अतिथि शिक्षक को हटाने की मांग की। एकीकृत माध्यमिक शाला बरबसपुर संकुल केंद्र पाठासिहोरा के शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष मंगल सिंह, देवकुमार, पनकू सिंह, नेहा झारिया, आशा बाई ने बताया कि एकीकृत माध्यमिक शाला बरबसपुर में संगीता झारिया पिछले तीन-चार वर्षों से शैक्षिक कार्य कर रही है, लेकिन उसके शैक्षिक कार्य से अभिभावक संतुष्ट नहीं हैं।
बताया गया कि अतिथि शिक्षक द्वारा शैक्षिक कार्य के साथ ही अन्य शालेय कार्यों में भी लापरवाही की जाती है। शाला के प्रभारी और अभिभावकों द्वारा बार बार लिखित और मौखिक रूप से समझाने के बाद भी अतिथि शिक्षक के कार्य-व्यवहार में कोई सुधार नहीं हो रहा था, जिसके कारण सत्र 2024-25 में शाला प्रबंधन समिति की दो बैठकों में नये सत्र 2025-26 में कार्यरत अतिथि शिक्षक संगीता झारिया को हटाकर शाला प्रबंधन समिति द्वारा नई वैकेंसी निकलकर नये सिरे से अतिथि शिक्षक की भर्ती करने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया और पारित प्रस्ताव से अतिथि शिक्षक को अवगत करा दिया गया था।
नया शैक्षिक सत्र 2025-26 के शुरूआत से ही अतिथि शिक्षक संगीता झारिया और उसके परिवार की ओर से शाला प्रभारी और शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों के ऊपर राजनीतिक दबाव डाल कर संगीता झारिया को अतिथि शिक्षक के रूप में भर्ती करने का भारी दबाव बनाया जा रहा है। परिजनों ने सीएम हेल्पलाइन और जनसुनवाई में आवेदन देकर और शाला में जाकर प्रभारी शिक्षिका को धमकी देकर संगीता झारिया की ज्वाइन के आवेदन पर जबरदस्ती पावती देने का प्रयास किया गया, जिससे परेशान और भयभीत होकर प्रभारी शिक्षिका को पुलिस चौकी में अतिथि शिक्षक के परिजों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराना पड़ा।
बताया गया कि इसके बाद भी ग्राम पंचायत और क्षेत्र की राजनीति में बड़ा प्रभाव रखने वाले अतिथि शिक्षक के परिजनों द्वारा बड़े नेताओं से फोन पर धमकी देते हुए जबरदस्ती संगीता झारिया की भर्ती करने का दबाव बनाया जाता रहा, जिसके बाद हम सभी अभिभावकों को मजबूरन जनसुनवाई में आवेदन देने आना पड़ा। अभिभावकों ने बताया कि इसके बाद भी यदि जिला प्रशासन और विभाग शाला प्रबंधन समिति के उचित निर्णय को नकारते हुए संगीता झारिया को अतिथि शिक्षक के रूप में एकीकृत माध्यमिक शाला बरबसपुर में कार्य कराता है तो मजबूरन हम अभिभावकों द्वारा शाला प्रबंधन समिति से इस्तीफा देकर अपने बच्चों की टीसी निकलवाकर अन्य विद्यालय में भर्ती कराना पड़ेगा।
बाईक हुई अनियंत्रित, दो युवक हुए घायल
- नारायणगंज के ग्राम चटरा से परतला के बीच हुआ हादसा
मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज के ग्राम चटरा से ग्राम परतला की तरफ जा रहे बाईक सवार दो युवक हादसे का शिकार हो गए। हादसे में एक युवक के पैर में गंभीर चोट आई। जिसे स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस को सूचना दी और नारायणगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र उपचार के लिए भेजा गया।
बताया गया कि ग्राम चटरा निवासी संतोष झारिया पिता पंचम 20 वर्ष अपने साथी के साथ ग्राम परतला की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान इनकी बाईक गड्डे के कारण अनियंत्रित हो गई और बाईक सवार दोनों युवक नीचे गिर गए। हादसे में बाईक सवार संतोष को पैर में गंभीर चोट आई है, जिसमें उसके पैर फेक्चर हो गया। स्थानीय लोगों ने दोनों युवकों को घायल अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लेकर आए। यहां प्राथमिक उपचार के बाद मंडला जिला चिकित्सालय रैफर कर दिया गया। जहां घायल युवक संतोष का उपचार किया जा रहा है।
आरोप-स्कूल में छात्रों के काटे बाल, अभिभावकों में रोष
- सांदीपनि स्कूल टिकरिया के बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार की शिकायत
- सांदीपनि स्कूल में छात्रों के बाल काटने का मामला
मंडला महावीर न्यूज 29. सांदीपनि विद्यालय के दर्जनो बच्चों के बाल काटने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर अभिभावकों में रोष है। जानकारी के अनुसार नारायणगंज ब्लॉक के ग्राम टिकरिया स्थित शासकीय सांदीपनि हायर सेकंडरी स्कूल में छात्रों के साथ हुए व्यवहार को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। स्कूल में अध्ययनरत छात्रों ने आरोप लगाया है कि विद्यालय प्रबंधन द्वारा उनके सिर के बाल काट दिए गए और उन्हें स्कूल से यह कहकर बाहर कर दिया गया कि बाल बड़े हैं, छोटे कराकर वापस आओ।
पीडि़त बच्चों का कहना है कि स्कूल में ही कंैची से उनके बाल बेढंग तरीके से काटे गए जिस कारण उन्हें सबके सामने शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा और बाद में स्कूल से भगा दिया गया। इस घटना से जहां बच्चों में अपमान और हीन भावना उत्पन्न वहीं उन्हें अत्यधिक मानसिक प्रताडऩा से गुजरना पड़ रहा है। बच्चों का आरोप है कि बिना किसी पूर्व सूचना या अभिभावकों को जानकारी दिए सीधे इस प्रकार की कार्रवाई करना अनुचित है।
अभिभावकों का कहना है कि यदि वास्तव में बालों की लंबाई अनुशासन के विरुद्ध थी, तो पहले बच्चों को लिखित नोटिस देना चाहिए था या उनके अभिभावकों को सूचित करना चाहिए था। बावजूद इसके समस्या बनी रहती, तो उच्च अधिकारियों को जानकारी देकर उचित कदम उठाया जा सकता था, लेकिन स्कूल प्रबंधन ने सीधे बच्चों के बाल काटकर न सिर्फ नियमों का उल्लंघन किया, बल्कि बच्चों की मानसिक स्थिति को भी प्रभावित किया है।
बताया गया कि कोमल मन मस्तिष्क में बुरा असर न पड़े इसलिए पूर्व में न्यायालय एवं वरिष्ठ कार्यालय से ऐसे दिशा-निर्देश है कि बच्चों के साथ प्रताडऩा एवं ऐसा कोई कार्य न किए जाएं जिससे उनके मन मस्तिष्क में गलत असर पड़े। छात्रों ने जिला प्रशासन से इस घटना की गहराई से जांच कराने की मांग की है, जिससे उन्हें न्याय मिल सके और भविष्य में किसी छात्र के साथ ऐसा गलत व्यवहार न हो।
दोषी मिलने पर की जाएगी वैधानिक कार्रवाई
विद्यालय पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली गई। विद्यालय में विद्यार्थियों को बाल कटवाकर आने के लिए निर्देशित किया गया था तथा इस संबंध में अभिभावकों को भी सूचित किया गया। जब विद्यार्थियों के बाल नहीं कटे पाए गए, तब पीटीआई के निर्देश पर बाल काटे गए। यह विद्यालय प्रबंधन का पक्ष है। इस संबंध में जांच कराकर, दोषी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
राजेश विश्वकर्मा, खंड शिक्षा अधिकारी, नारायणगंज
इनका कहना है
बच्चों को बीते एक महीने से बाल छोटे रखने की हिदायत दी जा रही थी और अभिभावकों को भी सूचित किया गया था। उन्होंने कहा बालों को स्कूल में किसने और कैसे काटा, इसकी जानकारी मैं ले रही हूं। किसी भी छात्र को स्कूल से बाहर नहीं किया गया है।
अर्चना नेमा, प्राचार्य, सांदीपनि विद्यालय टिकरिया
मामले की जानकारी मिली है, इस संबंध में जांच कराते हुए नियम अनुसार कार्रवाई को कराई जाएगी।
अविनाश शर्मा, अध्यक्ष शिक्षा समिति, जनपद पंचायत नारायणगंज
विद्यालय में अव्यवस्था पर जताई नाराजगी, दी सख्त हिदायत
- औचक निरीक्षण में बीईओ ने पाई अनियमित्ताएं, शिक्षक से मांगा स्पष्टीकरण
मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड नारायणगंज के ग्राम किकरिया में संचालित शासकीय माध्यमिक शाला का बीईओ ने औचक निरीक्षण किया, जहां उन्हें विद्यालय में अव्यवस्था और अनियमित्ताएं मिली। जिस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए शाला में पदस्थ शिक्षक से स्पष्टीकरण मांगा है।
जानकारी अनुसार नारायणगंज बीईओ राजेश विश्वकर्मा ने शासकीय माध्यमिक शाला किकरिया का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में उन्होंने विद्यालय में कई अनियमितताएं पाईं, जिन पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। निरीक्षण के दौरान एक शिक्षक बिना किसी पूर्व सूचना या स्वीकृति के अनुपस्थित पाए गए। बीईओ राजेश विश्वकर्मा ने इस पर सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित शिक्षक से तुरंत स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

बीईओ ने स्वयं कक्षा में जाकर बच्चों से सवाल-जवाब किए और उनकी पढ़ाई की गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने बच्चों से संवाद कर यह भी जानने की कोशिश की कि शिक्षण कार्य किस स्तर का हो रहा है। इसके साथ ही विद्यालय परिसर की साफ-सफाई की अव्यवस्थित स्थिति देखकर भी बीईओ ने गहरी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने शाला प्रबंधन को तत्काल साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।

उन्होंने कहां कि विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता के साथ परिसर की स्वच्छता भी अत्यंत आवश्यक है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बीईओ राजेश विश्वकर्मा ने बताया कि वह आगामी दिनों में अन्य विद्यालयों का भी औचक निरीक्षण करेंगे, जिससे शिक्षा व्यवस्था में और अधिक पारदर्शिता और अनुशासन सुनिश्चित किया जा सके। इस कार्रवाई से यह साफ हो गया है कि शिक्षा विभाग अब विद्यालयों में व्याप्त अनियमितताओं के प्रति गंभीर है।
छात्राओं का किया स्वास्थ्य परीक्षण, वायरल फीवर और डायरिया से पीडि़त मिली छात्राएं
- मेडिकल आफिसर ने सुखराम कन्या छात्रावास सहायक वार्डन को दिया फर्स्ट एड का प्रशिक्षण
मंडला महावीर न्यूज 29. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बबलिया द्वारा रैनी सीजन को देखते हुए बबलिया क्षेत्र के स्कूल और छात्रावास के बच्चों को संक्रामक बीमारी से बचने के लिए स्वास्थ्य शिविर लगाया जा रहा है। पीएचसी बबलिया के अंतर्गत सुखराम छात्रावास में छात्राओं का स्वास्थ्य जांच, परीक्षण किया गया। मेडिकल आफिसर डा. सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि इन दिनों वायरल फीवर और डायरिया का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे कई बच्चे बीमार हो रहे हैं। जिसको देखते हुए पीएचसी बबलिया की स्वास्थ्य टीम ने सुखराम कन्या छात्रावास में छात्राओं का जांच परीक्षण किया।
बताया गया कि मेडिकल टीम में मेडिकल आफिसर डा. सुरेन्द्र सिंह ने छात्रावास के सभी छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। स्वास्थ्य जांच के दौरान छात्राओं में वायरल फीवर और डायरिया के लक्षण की जांच की गई। जिसमें चार छात्राएं वायरल फीवर और तीन छात्राएं डायरिया से पीडि़त मिले। चिकित्सक द्वारा बीमार बच्चों को आवश्यक दवाइयां दी गई। डा. सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि यह मौसम में बदलाव और साफ-सफाई की कमी के कारण वायरल फीवर और डायरिया हो सकता है। इसलिए सावधानी बरतने की जरूरत है।
स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान मेडिकल आफिसर डा. सुरेन्द्र सिंह ने छात्रावास सहायक वार्डन को प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण भी दिया, जिससे आपातकालीन स्थिति में वे बच्चों को तत्काल सहायता प्रदान कर सकें। वार्डन को यह भी समझाया गया कि बच्चों को साफ-सुथरा भोजन और पीने का साफ पानी दिया जाए। कन्या छात्रावास प्रबंधन से कहां कि वे परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें और छात्राओं के स्वास्थ्य को लेकर कोई लापरवाही न बरतें।
मंदिर का ताला तोड़कर चोरी, पुलिस गश्त पर उठे सवाल
- शहर में बढ़ रही हैं चोरी की घटनाएं
- रपटा स्थित सिद्धी विनायक मंदिर को चोरों ने बनाया निशाना
मंडला महावीर न्यूज 29. कोतवाली थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। अज्ञात चोरों ने रपटा घाट स्थित श्री सिद्धी विनायक गौरी शंकर मंदिर को निशाना बनाया और चोरी की घटना को अंजाम दिया। सुबह जब मंदिर प्रबंधन को घटना की जानकारी हुई, तो उन्होंने तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचित किया। वहीं पुलिस की रात्रि गश्त पर भी सवाल खड़े हो रहे है।
जानकारी अनुसार सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात को अज्ञात चोरों ने पहले आरी ब्लेड से मंदिर के मुख्य गेट का ताला काटा। इसके बाद प्रथम तल पर बने गणेश मंदिर के गेट का ताला पत्थर से तोड़कर अंदर घुसे। चोरों ने मंदिर में रखी दान पेटी से सारी नगदी चुरा ली। इतना ही नहीं चोर मंदिर में लगे बल्ब भी अपने साथ ले गए।
इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। उनका कहना है कि शहर में पुलिस की रात्रि गश्त कमजोर होने का फायदा उठाकर चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है, लेकिन लगातार हो रही चोरियों से आम जनता में भय का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरों को पकडऩे और रात्रि गश्त को और अधिक मजबूत करने की मांग की है।
जबलपुर न्यायालय का स्थायी वारंटी तापस मोदी गिरफ्तार
- महाराजपुर पुलिस ने किया न्यायालय में पेश
- फरार वारंटियों के खिलाफ मंडला पुलिस का अभियान जारी
- एक और आरोपी सलाखों के पीछे
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला पुलिस द्वारा स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत महाराजपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। जबलपुर न्यायालय से स्थायी वारंटी घोषित आरोपी तापस मोदी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा और एसडीओपी मंडला पीयूष मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी महाराजपुर की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। आरोपी तापस मोदी जो पेशे से मटेरियल सप्लायर है, मंडला का निवासी है। उसके खिलाफ माननीय न्यायालय जबलपुर द्वारा विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण में स्थायी वारंट जारी किया गया था।
पुलिस ने आरोपी को मंगलवार को गिरफ्तार कर न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी जबलपुर के समक्ष पेश किया। इस गिरफ्तारी में निरीक्षक डॉ. जय सिंह यादव, उप निरीक्षक लक्ष्मीचंद बिसेन, आरक्षक अमित गारयार, शिवा नाविक और चालक विष्णु जांभरे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मंडला पुलिस का फरार और स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी का अभियान लगातार जारी है।
भाजपा सरकार का ओबीसी विरोधी चेहरा फिर बेनकाब–विभा पटेल
- सुप्रीम कोर्ट में तथ्य रखने से भागी मोहन यादव सरकार, लाखों ओबीसी युवाओं का भविष्य बर्बाद
- भाजपा का दोहरा चरित्र – आरक्षण का नाम लेकर वोट, सत्ता में आते ही धोखा”
- 27% ओबीसी आरक्षण से भाजपा की नफ़रत – अदालत में सच का सामना करने से भी भागी”
मंडला महावीर न्यूज 29. मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व महापौर श्रीमती विभा पटेल ने भाजपा सरकार पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि “मोहन यादव सरकार एक बार फिर ओबीसी आरक्षण के मुद्दे पर भाग खड़ी हुई है। सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान भाजपा सरकार ने अपना पक्ष रखने के बजाय बेशर्मी से समय मांग लिया। यह साबित करता है कि भाजपा की नीयत ओबीसी वर्ग के खिलाफ है और वह आरक्षण विरोधी मानसिकता से बाहर नहीं आना चाहती।”
श्रीमती विभा पटेल ने स्मरण कराते हुए कहा कि 8 मार्च 2019 को मध्यप्रदेश लोक सेवा (अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों और अन्य पिछड़े वर्गों के लिए आरक्षण) (संशोधन) अध्यादेश, 2019 जारी किया गया, जिसने ओबीसी आरक्षण को 14% से बढ़ाकर 27% किया। 9 मार्च 2019 को तत्कालीन राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अध्यादेश को मंजूरी दी, जिससे ओबीसी आरक्षण को बढ़ाकर 27% करने का कानून लागू हुआ। इसके उपरांत 14 अगस्त 2019 को मध्यप्रदेश विधानसभा ने कांग्रेस की कमलनाथ सरकार द्वारा प्रस्तुत मध्यप्रदेश लोक सेवा (अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों और अन्य पिछड़े वर्गों के लिए आरक्षण) (संशोधन) विधेयक, 2019 को पारित किया था। इस विधेयक के तहत ओबीसी आरक्षण को 14% से बढ़ाकर 27% किया गया, जो 8 मार्च 2019 को जारी अध्यादेश को स्थायी कानून में बदलने के लिए था। उपरोक्त तथ्यों से यह स्पष्ट है कि ओबीसी आरक्षण को 14% से बढ़ाकर 27% करने का यह कानून सभी तरह की प्रक्रियाओं और औपचारिकताओं को पूर्ण कर लागू किया गया था। लेकिन भाजपा ने सत्ता में आते ही अध्यादेश को खत्म कर दिया। अगर इसे खत्म नहीं किया जाता तो ओबीसी को लाभ मिलता। लेकिन शिवराज सिंह चौहान से लेकर मोहन यादव तक भाजपा की हर सरकार ने सिर्फ छलावा किया। लाखों ओबीसी युवाओं को उनका हक देने के बजाय भाजपा सरकार लगातार कोर्ट का बहाना बनाकर उनके सपनों को रौंद रही है।”
श्रीमती विभा पटेल ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट में ओबीसी छात्रों की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अनूप जॉर्ज चौधरी, एडवोकेट वरुण ठाकुर, ओबीसी महासभा के राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य एवं एडवोकेट धर्मेंद्र कुशवाहा और एडवोकेट रामकरण प्रजापति ने मजबूती से पक्ष रखा। उन्होंने दलील दी कि छत्तीसगढ़ की तरह मध्य प्रदेश में भी 27% आरक्षण तुरंत लागू होना चाहिए। “लेकिन भाजपा सरकार ने 2022 में एडवोकेट जनरल की सलाह पर इसे रोक दिया, जिसके कारण चयनित अभ्यर्थियों का रिज़ल्ट आज तक होल्ड पड़ा है। यह भाजपा की ओबीसी विरोधी साजिश का साफ सबूत है।”
श्रीमती विभा पटेल ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट तक भाजपा सरकार का रवैया बेहद शर्मनाक रहा। “कोर्ट ने साफ पूछा कि जब कानून में कोई रोक नहीं है तो आप 27% आरक्षण क्यों नहीं दे रहे हैं? भाजपा सरकार के पास इसका कोई जवाब नहीं था। यह दिखाता है कि भाजपा ओबीसी के संवैधानिक अधिकार छीनने पर तुली हुई है।” सुप्रीम कोर्ट ने अगली सुनवाई 12 अगस्त को तय की है।
श्रीमती विभा पटेल ने कहा कि प्रदेश में लाखों सरकारी पद खाली हैं लेकिन भाजपा सरकार न तो आरक्षण लागू कर रही है और न ही नई भर्तियां कर रही है। “मोहन यादव सरकार अगर सच में ओबीसी समर्थक है तो तत्काल आदेश जारी करे, 13% आरक्षण वाले पदों को अनहोल्ड करे और इसे राजपत्र में प्रकाशित करे।”
श्रीमती विभा पटेल ने कहा कि ओबीसी चाहता हैं कि -सभी सरकारी भर्तियों में 27% ओबीसी आरक्षण का पूरा लाभ मिले और होल्ड किए गए 13% पद तुरंत जारी हों और योग्य अभ्यर्थियों को उनका हक दिया जाए। उन्होंने कहा कि “भाजपा सरकार ओबीसी युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रही है। प्रदेश की जनता इसे बर्दाश्त नहीं करेगी और आने वाले समय में भाजपा को इसका करारा राजनीतिक जवाब मिलेगा।”
माहिष्मती नर्मदेश्वर कांवड़ यात्रा का भव्य आयोजन
- सांसद, जिला पंचायत अध्यक्ष, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक हुए शामिल
मंडला महावीर न्यूज 29. नमामि नर्मदे महा आरती ट्रस्ट के तत्वाधान में श्रावण मास के अंतिम सोमवार को माहिष्मती नर्मदेश्वर कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। इस भव्य आयोजन में मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, जिला पंचायत सदस्य शैलेष मिश्रा, कलेक्टर सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा एवं सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट शामिल हुए। जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने इस यात्रा में स्वयं कांवड़ सेवा की। साथ ही भगवान भोलेनाथ की पालकी भी उठाई।
कांवड़ यात्रा की शुरूआत माहिष्मती घाट में नर्मदापूजन के साथ की गई। माँ नर्मदा मंदिर के सामने पुलिस बैंड द्वारा माँ नर्मदा आरती की धुन के साथ यात्रा को गंतव्य के लिए आगे बढ़ाया गया। कांवड़ यात्रा माहिष्मती घाट से सर्किटहाउस चौक, नेहरूस्मारक, बैगा-बैगी चौक, रेडक्रॉस, बड़चौराहा, उदयचौक, बुधवारी बाजार से होते हुए किलाघाट में स्थित व्यासनारायण मंदिर परिसर में संपन्न हुई। यात्रा में 151 कांवड़ यात्रियों ने माँ नर्मदा का पवित्र जल व्यासनारायण मंदिर में शिवलिंग पर अर्पित किया।
यात्रा में शामिल सांसद, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगरपालिका अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य, कलेक्टर, एसपी तथा सीईओ जिला पंचायत ने व्यासनारायण मंदिर परिसर में हवन एवं आरती कर जिलेवासियों के कल्याण की कामना की। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर में फलाहार का वितरण किया गया। इस दौरान अपर कलेक्टर अरविंद सिंह, एसडीएम मंडला सोनल सिडाम, तहसीलदार मंडला हिमांशु भलावी, पुष्पेन्द्र पंद्रे, तहसीलदार बम्हनी वृत हीरालाल तिवारी सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी, कर्मचारी तथा श्रद्धालुजन बड़ी तादात में मौजूद रहे।
जगह-जगह हुआ कांवड़ यात्रियों का स्वागत
नगर में अंतिम श्रावण सोमवार के अवसर पर आयोजित भव्य कांवड़ यात्रा में शामिल यात्रियों का नगर के विभिन्न चौक-चौराहों में आत्मीय स्वागत किया गया। नगर के धर्मप्रेमीजनों ने कांवडय़ात्रियों का तिलक-वंदन तथा पुष्पवर्षा कर सम्मान किया। नगरपालिका परिषद की ओर से कांवड़ यात्रा पर पुष्पवर्षा की गई। यात्रा मार्ग में स्थित श्रीराम मंदिर एवं श्री हनुमान मंदिर बुधवारी चौक में श्रद्धालुओं ने पूजन-अर्चन कर प्रसाद ग्रहण किया। विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से कांवड़ यात्रियों को यात्रा के दौरान शीतल जल भी उपलब्ध कराया गया।
दो जिंदगियां लील गई कंटेनर की टक्कर, मां-बेटे की मौके पर मौत
- मंडला-जबलपुर NH-30 मार्ग में हादसा
- बेलगाम, तेज रफ्तार कंटेनर ने तीन बाईक सवारों को मारी टक्कर
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग में सोमवार दोपहर एक तेज रफ्तार कंटेनर तीन बाईक सवार को जोरदार टक्कर मारकर आगे फरार हो गया। कंटेनर की टक्कर से एक बाइक सवार मां-बेटे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा फूलसागर क्षेत्र के वेलवेदर स्कूल के सामने हुआ। हादसे की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पहुंची और फरार कंनटेर को पकडऩे टिकरिया थाना पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद भागते कंनटेर को टिकरिया पुलिस ने पकड़ कर कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी अनुसार रायपुर की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर ने पहले एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर में नारायणगंज चिरईडोंगरी निवासी 43 वर्षीय महिला संगीता बर्मन और उसके 21 वर्षीय बेटे मोहित बर्मन की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। बताया गया है कि दोनों मां-बेटे पोल्ट्री का कारोबार करते थे और मंडला की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कंटेनर का शिकार हो गए।
बताया गया कि मां, बेटे को टक्कर मारने के बाद कंटेनर चालक मौके से भागने की कोशिश करने लगा। इस दौरान उसने जबलपुर की ओर जाते हुए दो और बाइकों को टक्कर मार दी, जिससे तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में मंडला जनपद के सब इंजीनियर डोंगरे और सागर निवासी गोपाल उइके और उनके परिजन शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस ने तत्काल हादसे में घायलों को एम्बुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय भेजा।
बताया गया कि कोतवाली पुलिस की सूचना पर टिकरिया पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुम्हा के पास कंटेनर को रोक लिया और चालक को हिरासत में ले लिया। कंटेनर और चालक को बाद में कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया गया। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और चालक से पूछताछ की जा रही है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
गंभीर कुपोषित बच्चों की पहचान में ना बरते लापरवाही
- कोई भी एएनसी जांच में ना छूटे, सभी जांच करना अनिवार्य
- स्वास्थ्य सेवा, संचालित योजनाओं के प्रगति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित
मंडला महावीर न्यूज 29. सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज में सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल द्वारा मासिक समीक्षा बैठक में संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में परिवार कल्याण कार्यक्रम, किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम, मातृ स्वास्थ्य कार्यक्रम, शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम, टीकाकरण कार्यक्रम समेत अन्य संचालित कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक में की गई। बैठक में अधिकारी, कर्मचारी, सीएचओ और एएनएम की ऐजंडा वाइज विगत माह किये गए कार्यो का मूल्यांकन कर विगत माह आयोजित हुई बैठकों की भी समीक्षा और उसकी प्रगति की जानकारी ली गई। समीक्षा बैठक में सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल, बीईई विजय मरावी, बीसीएम शैलेन्द्र सिंह, सीएचओ, एएनएम, सुपरवाईजर समेत सेक्टर के स्वास्थ्य कर्मचारी मौजूद रहे।
आयोजित समीक्षा बैठक में सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल ने उपस्थित सीएचओ, एएनएम, सुपरवाईजर और स्वास्थ्य कर्मचारियों को स्वास्थ्य सेवाओं अंतर्गत चल रही योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा करते हुए उनकी समीक्षा की गई। सभी उपस्थित कर्मचारियों से उनके द्वारा किये जा रहे कार्यो की जानकारी ली। संचालित कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए संचालित दस्तक अभियान का फालोअप लिया। जिन ग्रामों में दस्तक अभियान का कार्य पूर्ण हो चुका है, ऐसे ग्रामों की जानकारी लेते हुए कहा निर्देश दिए कि तत्काल इनकी एण्ट्री कराए। इसके साथ ही सिकलसेल से संबंधित जानकारी ली। जिसमें बताया कि छूटे हुए लोगों की सिकलसेल की जांच करना जरूरी है। नारायणगंज क्षेत्र में कोई भी एएनसी सिकलसेल की जांच में ना छूटे, इनकी सभी जांच करना अनिवार्य है। इसके साथ ही सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल ने एनसीडी की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि जिनके द्वारा एनसीडी की जानकारी एण्ट्री नहीं की जा रही है, वे तत्काल एण्ट्री करना शुरू कर दे। निर्देश की अवहेलना पर सख्त कार्रवाई करने की बात कही।
बैठक में मातृ स्वास्थ्य कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि एएनसी की जांच में लापरवाही ना करें। एएनसी महिलाओं की प्रथम जांच में पता चल जाता है कि गर्भवती महिलाओं में सात ग्राम से कम एचबी है और क्यों है। बताया गया कि अनमोल एप में एएनसी पंजीयन करना अनिवार्य है, एएनसी की प्रथम त्रिमाही में एण्ट्री, एएनसी चौथी जांच की एण्ट्री अनमोल एप में करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं को उच्च स्वास्थ्य सेवाओं के लिए निर्देश दिए गए। इसके साथ ही एमडीआर, सीडीआर की जानकारी सभी उपस्थित कर्मचारियों से ली गई।
समीक्षा बैठक में घर में होने वाले प्रसव की जानकारी ली गई। इसके साथ ही वीएचएनडी सत्रों में औषधी एवं वैक्सीन की सूची मांगी गई। बैठक में सीबीएमओ ने सभी सीएचओ को निर्देशित करते हुए कहां कि ग्राम के गंभीर गर्भवती केस समय रहते उच्च स्वास्थ्य केन्द्र में रैफर करने के लिए निर्देशित किया। इसके साथ ही बाल मृत्यु की समीक्षा की गई। एसएनसीयू से डिस्चार्ज हुए गृह भेंट करने, आरबीएसके मोबाईल टीम द्वारा विद्यालयों में स्वास्थ्य परीक्षण नियमित रूप से करने के लिए निर्देशित किया गया।
विहिप ने महिष्मति घाट पर किया भव्य रुद्राभिषेक, शिवमय हुआ मंडला शहर
- बाबा बर्फानी की दिव्य झांकी रही आकर्षण का केंद्र
- हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा घाट
मंडला महावीर न्यूज 29. श्रावण मास के अंतिम सोमवार को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल मंडला द्वारा महिष्मति घाट में भव्य रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। इस दिव्य अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े। इस दौरान पूरा शहर शिव नाम के जयघोष से गूंज उठा। सामूहिक रुद्राभिषेक में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और हर-हर महादेव के गगनभेदी जयघोष के साथ भगवान शिव का अभिषेक किया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य भक्तों को ईश्वर भक्ति, समर्पण और धर्म के प्रति जागरूक करना था। इस मौके पर कई दंपतियों और महिलाओं ने अपने हाथों से निर्मित शिवलिंगों का विधिवत अभिषेक कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
इस आयोजन का मुख्य आकर्षण बाबा बर्फानी की झांकी रही, जिसे आयोजकों ने बर्फ से विशेष रूप से निर्मित कराया था। इस अद्भुत झांकी के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। सावन में बर्फ से निर्मित बाबा बर्फानी की झांकी ने सभी को अमरनाथ धाम का अनुभव कराया। प्रयागराज के आचार्य शशिकांत ने शिव रुद्राभिषेक की महिमा का संगीतमय वाचन किया, जिसमें उन्होंने रुद्राभिषेक के महत्व, आध्यात्मिक प्रभाव और जीवन में शिव आराधना की भूमिका पर प्रकाश डाला।
इस विशेष आयोजन की संपूर्ण व्यवस्था विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ की गई, जिन्होंने आयोजन को सफल और सुव्यवस्थित बनाने में अहम भूमिका निभाई। भोले बाबा की महाआरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ, जिसके बाद भक्तों को विशेष पूजन और प्रसादी का वितरण किया गया।
गूंजे भोलेनाथ के जयकारे, शिव शंकर से की मंगल कामना
- सावन के अंतिम सोमवार पर शिवालयों में लगा भक्तों का तांता
मंडला महावीर न्यूज 29. शिव भक्त चार सोमवार तक भोले की भक्ति में डूबे रहे। नगर समेत जिले के अन्य क्षेत्रों में भोले के जयकारों से गुंजायमान रहा और भक्त दिन भर भोले की भक्ति में लीन रहे। शिवालयों में जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक के लिए भक्तों का तांता दिन भर लगा रहा। भक्तों ने शिवलिंग पर आक-धतूरा बिल्वपत्र चढ़ाए और प्रसादी का भोग लगाकर खुशहाली की कामना की।
जिले भर में सावन का अंतिम सोमवार श्रृद्धापूर्वक मनाया। इस दौरान शिवालयों पर दिन भर शिव-भक्तों का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं की आवाजाही अलसुबह से ही शुरू हो गई थी। शिव को रिझाने के लिए शिवभक्तों ने श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर बिल पत्र, सूखा मेवा, दूध, अबीर, गुलाल चढ़ा कर पूजा-अर्चना की। वहीं जिले में अंतिम सावन सोमवार के अवसर पर कांवड़ यात्री भी निकाली गई। जगह-जगह कांवडिय़ों का जत्था देखने मिला। शिव के जयकारों के साथ पूरा जिला शिवमय हो गया।
बताया गया कि कई श्रद्धालु पैदल नंगे पैर चलकर शिवालयों में पहुंचकर शिव की पूजा-अर्चना की। शहर के रपटाघाट स्थित बाहर ज्योर्तिलिंग शिव मंदिर, सिद्ध घाट, सहस्त्रधारा सहित आसपास क्षेत्र कई शिवमंदिरों में दर्शनार्थियों की भीड़ रही। इस दौरान शिवालयों में दिन में भजन-कीर्तन का कार्यक्रम भी चलता रहा। मंदिर में सुबह से ही भक्तों आना शुरू हो गया। शाम को भी कई धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ।

श्रावण मास का यह महीना परंपराओं के मुताबिक पुण्य माह माना जाता है। जिससे विशेष रूप से धार्मिक आयोजन हो रहे है। खासकर महिलाओ द्वारा श्रावण मास के हर सोमवार पर व्रत धारण किया जा रहा है। शिवजी का पूजन पूरे माह भर चलता है। श्रद्घालुओं की अधिक संख्या को देखते हुए मंदिरों, शिवालयों में विशेष इंतजाम किए गए। जगह जगह भोलेनाथ का रूद्राभिषेक किया गया। सावन सोमवार के अवसर पर शाम को रेवातट पर होने वाली महाआरती में शहर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से श्रद्घालु शामिल हुए। भोलेनाथ के साथ पतित पावनी नर्मदा का पूजन अर्चन किया। महाआरती के लिए समिति ने विशेष इंतजाम किए।
गूंजे ओम नम:शिवाय और त्रयम्बकम यजामहे
श्रावण मास के सोमवार पर शिवालयों में भोले बाबा के भक्तों ने पहुंचकर आराधना की। हर जगह जय बोले बाबा, हरहर महादेव, ओम नम:शिवाय और त्रयम्बकम यजामहे आदि जयकारे, मंत्र गूंजते रहे जिससे सारा शहर धर्ममय बना रहा। भोले बाबा के जयकारों से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा। श्रद्घालुओं ने सावन सोमवार का अंतिम व्रत धारण किया। नगर सहित आसपास के क्षेत्र के धार्मिक स्थलों और शिवालयों में भक्तों का तांता लगा रहा। विभिन्न धार्मिक आयोजन भी हुए। श्रावण मास में पूरे माह धार्मिक आयोजन नगर में होते रहे। जिसमें अखंड रामायण, रामधुन, रूद्रि निर्माण शामिल है।
झंडा चौक में हुआ अभिषेक, पूजन
सावन सोमवार के चलते अंतिम सोमवार को राजीव कालोनी झंडा चौक स्थित सार्वजनिक शिव मंदिर में भगवान भोले के भक्त अनुष्ठान में जुटे रहे है। रूद्रि निर्माण, अखंड रामायण पाठ, सोमवार व्रत समेत अन्य धार्मिक आयोजन का क्रम चल रहा है। शिव मंदिर में सोमवार के दिन विशेष पूजन अर्चन किया गया। यहां भगवान शिव के दर्शन करने बड़ी संख्या में श्रद्धालु आए। भोले बाबा के भक्तो को मंदिर में प्रसाद वितरित किया गया। सावन सोमवार में नगर का वातावरण धर्ममय बना रहा।
जर्जर भवन में जान जोखिम में डालकर पढऩे मजबूर कटंग सिवनी के बच्चे
- शिक्षा विभाग की लापरवाही
- 20 साल पुराने स्कूल भवन में बारिश में टपकता है पानी
मंडला महावीर न्यूज 29. आदिवासी बाहुल्य जिला मंडला में बेहतर शिक्षा देने की कवायद की जा रही है, लेकिन जर्जर भवन इसमें रोढ़ा बना हुआ है। जहाँ बच्चों के जीवन को खतरे में डालकर उन्हें असुरक्षित भवनों में बैठाकर पढ़ाया जा रहा है। जिले से मिले निर्देश के बाद भी कई शासकीय शालाएं जर्जर और क्षतिग्रस्त विद्यालयों में कक्षाएं लगा रहे है। इस लापरवाही से बच्चों की जान कर खतरा बना हुआ है।

जानकारी अनुसार निवास जनपद शिक्षा केंद्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम कटंगसिवनी की एकीकृत बालक माध्यमिक शाला में पढऩे वाले लगभग 80 बच्चों को अपनी जान जोखिम में डालकर जर्जर भवन में शिक्षा ग्रहण करनी पड़ रही है। स्कूल का भवन करीब 20 साल पुराना है और इसकी हालत बेहद खराब हो चुकी है। बारिश के मौसम में छत से पानी टपकने के कारण बच्चों की पढ़ाई में बाधा आ रही है। स्थिति इतनी गंभीर है कि जिस अतिरिक्त कक्ष में बच्चों को बिठाया गया था, वहाँ भी छत से पानी रिस रहा था।
जब स्कूल की स्थिति का जायजा लेने पत्रिका की टीम मौके पहुंचकर जमीनी हकीकत जानी तो पता चला कि एकीकृत विद्यालय में लगभग 8 से 10 कक्ष हैं, जिनमें से एक रसोई कक्ष भी है। लेकिन ये सभी कक्ष पूरी तरह से जर्जर और क्षतिग्रस्त अवस्था में है। मजबूरी में बच्चों को अतिरिक्त कक्ष में शिफ्ट किया गया था, लेकिन उस कक्ष का छज्जा भी टूटा हुआ था और छत से पानी टपक रहा था। यह पानी सीधे छात्र-छात्राओं के ऊपर गिर रहा था। प्रधानाचार्य के कक्ष में भी छत से पानी टपक रहा था, जिसके चलते दस्तावेजों को बचाने के लिए तिरपाल का सहारा लिया गया था।

पंचायत के अतिरिक्त कक्ष में कराया शिफ्ट
स्कूल के बच्चों और अभिभावकों ने बताया कि स्कूल परिसर के सामने कोई बाउंड्री वॉल नहीं है और मुख्य सड़क से स्कूल तक पहुंचने के लिए कोई उचित रास्ता भी नहीं है। खेल के मैदान के बीच से कीचड़ से होकर ही बच्चों को स्कूल पहुंचना पड़ता है, जिससे उन्हें हर दिन परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए पत्रिका टीम ने तत्काल विकासखंड शिक्षा अधिकारी सुनील दुबे से दूरभाष पर संपर्क किया। उन्होंने जनशिक्षक और शाला के प्रधानाचार्य आत्माराम मसराम से बात की और तत्काल कक्षाएं ग्राम पंचायत के अतिरिक्त कक्ष में संचालित करने के निर्देश जारी किए। विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि उन्होंने पहले भी एक पत्र जारी कर जर्जर शालाओं में कक्षाएं संचालित नहीं करने और अतिरिक्त कक्ष या सार्वजनिक सुरक्षित स्थानों पर कक्षाएं लगाने के निर्देश दिए थे, बावजूद इसके निर्देश का उल्लंघन करते हुए लापरवाही बरती गई है।
इनका कहना है
हमारे बच्चें जर्जर भवन में पढऩे से डरते हैं जिसको लेकर हम चिंतित हैं। बच्चों का कहना है कि वे पढऩा चाहते हैं, लेकिन इस जर्जर भवन में नहीं लगातार हमारे द्वारा शासन प्रशासन को भी अवगत कराया गया लेकिन ध्यान नहीं दिया जा रहा हैं।
राजेश मरावी,अभिभावक
स्थानीय प्रशासन को कई बार शाला की दुर्दशा के बारे में बताया गया है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। अब देखना यह है कि प्रशासन कब तक इस समस्या का समाधान करता है और बच्चों को सुरक्षित और सुविधाजनक शिक्षा प्रदान करने के लिए क्या कदम उठाता है
संतोष परस्ते, सरपंच पति, ग्राम पंचायत कटंगसिवनी
लगातार बारिश का दौर जारी हैं सभी जर्जर शालाएं के प्रधानाचार्य को जर्जर शाला में कक्षा न संचालित करने के निर्देश दिए हैं, कटंगसिवनी में जजर्र भवन को देखते हुए अतिरिक्त कक्ष में शाला लग रही थी लेकिन इसकी भी छत से पानी सीपेज हो रहा है, अब हमने पंचायत के अतिरिक्त कक्ष में बच्चों को शिप्ट करा दिया हैं।
सुनील दुबे ,विकासखंड शिक्षा अधिकारी, निवास
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे
मंत्री और सांसद ने दिखाई ट्रेनों को हरी झंडी, नैनपुर में जश्न का माहौल
- जबलपुर-रायपुर इंटरसिटी और रीवा-पुणे सुपरफास्ट ट्रेन की सौगात से यात्रियों में खुशी
मंडला महावीर न्यूज 29. नैनपुर में उस समय जश्न का माहौल था, जब दो महत्वपूर्ण ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इनमें पहली जबलपुर से रायपुर की और प्रतिदिन चलने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस और दूसरी रीवा से पुणे की ओर जाने वाली साप्ताहिक सुपरफास्ट ट्रेन शामिल थी। कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके और मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने नैनपुर जंक्शन स्टेशन पहुंचकर जबलपुर से रायपुर जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस और रीवा से पुणे जाने वाली सुपरफास्ट ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बताया गया कि श्रावण मास में शुरू हुई यह ट्रेन कई मायनों में क्षेत्रवासियों के लिए एक नई सौगात लेकर आई है। यह ट्रेन विशेष रूप से उन लोगों के लिए उपयोगी साबित होगी जो द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से त्रंबकेश्वर, भीमाशंकर और घृष्णेश्वर के दर्शन करना चाहते हैं।

जानकारी अनुसार नैनपुर रेलवे स्टेशन पर गाड़ी संख्या 01709 रायपुर-जबलपुर नई दैनिक एक्सप्रेस के नैनपुर स्टेशन आगमन पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके एवं सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने भव्य स्वागत किया। प्लेटफॉर्म नंबर एक पर पहुंची इस ट्रेन को उन्होंने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रेल सेवाओं के विस्तार से लोगों को यात्रा करने में सहुलियत होगी, साथ ही व्यापार, व्यवसाय करने वाले लोग कम समय में आसानी से सफर पूरा कर सकेंगे। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा इन रेल सेवाओं के लिए बधाई दी।

बताया गया कि गाड़ी संख्या 01702 जबलपुर-रायपुर नई दैनिक एक्सप्रेस जबलपुर से चलकर नैनपुर स्टेशन पर दोपहर 1:35 बजे पहुंचेगी एवं दोपहर 1:40 बजे यहां से रवाना होगी। इसी तरह गाड़ी संख्या 01709 रायपुर-जबलपुर नई दैनिक एक्सप्रेस रायपुर से चलकर शाम 4:35 बजे नैनपुर स्टेशन पहुंचेगी और शाम 4:40 बजे जबलपुर के लिए रवाना होगी। रविवार को केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा गाड़ी संख्या 01702 जबलपुर-रायपुर नई दैनिक एक्सप्रेस, गाड़ी संख्या 01709 रायपुर-जबलपुर नई दैनिक एक्सप्रेस एवं गाड़ी संख्या 02152 रीवा-पुणे नई साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस रेल सेवाओं का शुभारंभ किया गया है। कार्यक्रम में नगरपालिका परिषद नैनपुर अध्यक्ष कृष्णा पंजवानी, एसडीएम आशुतोष ठाकुर, नगरपालिका परिषद नैनपुर उपाध्यक्ष संजूलता वैष्णव सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि और रेल विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और यात्रीगण उपस्थित थे।
40 दिवसीय श्री झूलेलाल चालीसा महोत्सव
- सामूहिक नृत्य गायन के माध्यम से दे रहे मनमोहक प्रस्तुति
- श्री झूलेलाल चालीसा महोत्सव में बड़ी संख्या में शामिल हो रहे श्रद्धालु
- 16 जुलाई से शुरू चालीस दिवसीय धार्मिक आयोजन
- प्रत्येक शुक्रवार को हो रही महाआरती
मंडला महावीर न्यूज 29. अंबेडकर वार्ड स्थित भगवानी बाई केवल राम श्री झूलेलाल मंदिर में चालीसा महोत्सव का 16 जुलाई से प्रारंभ हुआ है,जो 24 अगस्त तक चलेगा। श्री झूलेलाल चालीसा महोत्सव का उद्देश्य हर परिवार की खुशहाली के लिए कामना करना है। प्रतिवर्ष की भांति चालीस दिन के इस धार्मिक महोत्सव में रोजाना विभिन्न आयोजन किए जा रहे हैं, इसमें सुबह-शाम आरती में बड़ी संख्या में लोग जुट रहे हैं। प्रत्येक शुक्रवार को महाआरती का आयोजन किया जा रहा है। इसमें बड़ी संख्या में धार्मिक श्रद्धालु शामिल होकर भगवान झूलेलाल साइन की उपासना कर रहे हैं। इसमें पुरुष महिलाओं के साथ बच्चे भी धर्म आस्था के साथ शामिल हो रहे हैं।
बताया गया कि श्री झूलेलाल मंदिर में चल रहे चालीसा महोत्सव का समापन 24 अगस्त को भव्य रूप से किया जाएगा। जिसके चलते महिलाओं के द्वारा भगवान इष्ट देव की आराधना में भक्ति गीतों के साथ नृत्य गायन किया जा रहा है और खुशियां मनाई जा रही हैं। इसमें भगवान झूलेलाल साईं की आराधना के साथ महिलाओं के द्वारा चालीसा महोत्सव धूमधाम से मनाते हुए सहभागिता की जा रही है।
पल्लव पूजा, अरदास के साथ फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता
बताया गया कि महोत्सव में भगवान झूलेलाल साईं की आरती पूजा,कर्पूर गौरम,पल्लव पूजा अरदास नियमित रूप से की जा रही है। पल्लव पूजा अरदास का उद्देश्य इष्टदेव से सभी परिवारों के लिए निरोगी जीवन और खुशहाली के लिए कामना करना है। श्री झूलेलाल चालीसा महोत्सव के अवसर पर नौनिहाल कियान पमनानी, मानविक गुरवानी, रोली क्षत्री, रिदम क्षत्री, सार्थक क्षत्री, जान्या चंदानी, पूर्णा पमनानी, क्रिशा उदासी, हीर असरानी, हेयांश पमनानी, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में शामिल होकर भगवान शंकर, भगवान कृष्ण, हनुमान, झूलेलाल साईं, संत कंवरराम, मीरा, राधा आदि के किरदारों में सुशोभित हुए।
नाना प्रकार के लगे भोग, प्रसाद का हुआ वितरण
चालीस दिवसीय श्री झूलेलाल चालीसा महोत्सव में रोजाना आरती पूजा के साथ-साथ नाना प्रकार के व्यंजनों का इष्ट देव को भोग लगाया जा रहा है। इसमें धार्मिक श्रद्धालुओं के द्वारा रोजाना घरों से नए-नए पकवान बनाकर प्रसाद में शामिल किये जा रहे हैं। सभी श्रद्धालु दरबार में माथा टेकने के बाद प्रसादी ग्रहण कर रहे हैं। प्रसादी में रोजाना विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन शामिल किये जा रहे हैं।श्रृद्धालुओं के द्वारा रोजाना अपने घरों से स्वादिष्ट व्यंजन बनाकर लाए जा रहे हैं।
वाहनों की सघन जांच में 17 वाहनों पर जुर्माना
- राह-वीर योजना के प्रति लोगों को जागरूक किया गया
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला-जबलपुर मार्ग पर वाहनों की सघन जाँच का अभियान चलाया जा रहा है। परिवहन आयुक्त मप्र ग्वालियर और मंडला कलेक्टर के आदेश का पालन करते हुए जिला परिवहन अधिकारी और यातायात पुलिस ने शनिवार को इस अभियान के दौरान कुल 39 वाहनों का निरीक्षण किया गया। जाँच में यात्रियों से अधिक किराया लेने, फिटनेस, परमिट, बीमा, पीयूसी, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट-एड बॉक्स, ओवरलोडिंग, हेलमेट, सीटबेल्ट और ब्रेथ एनालाइजर की जांच की गई। बताया गया कि सघन जांच अभियान के तहत मोटरयान अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के उल्लंघन में 17 वाहनों से 15 हजार रुपए का समन शुल्क वसूल किया गया है।
जाँच अभियान के दौरान राह-वीर योजना के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया। बताया गया कि यह योजना सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय भारत सरकार द्वारा शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को गोल्डन आवर के दौरान चिकित्सा सहायता प्रदान करना है। इस योजना के तहत घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुँचाने वाले नागरिक को 25 हजार रुपए और एक सर्टिफिकेट देकर प्रोत्साहित किया जाता है। लोगों को जागरूक करने के लिए वाहनों पर राह-वीर योजना से संबंधित पोस्टर भी लगाए गए।
इसके साथ ही यात्री बसों में किराया सूची भी लगाई गई और चालकों-परिचालकों को निर्देशित किया गया कि वे सूची के अनुसार ही किराया लें। उन्हें यह भी चेतावनी दी गई कि अधिक किराया लेने या किसी अन्य शिकायत पर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस चेकिंग अभियान में जिला परिवहन अधिकारी विमलेश कुमार गुप्ता, यातायात उपनिरीक्षक योगेश राजपूत और परिवहन कार्यालय व यातायात थाने के स्टाफ शामिल रहा। यह जाँच अभियान आगे भी जारी रहेगा।
कीचड़ भरे रास्ते, बेहाल ग्रामीण, मंडला में सड़कों की सच्चाई
- विकास का दावा हुआ कीचड़ में गुम
- ग्रामीण मूलभूत सुविधाओं को तरसे
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले में बारिश ने एक बार फिर सरकार के विकास के दावों की पोल खोल दी है। जिला मुख्यालय से महज कुछ दूरी पर स्थित ग्राम खैरीखापा के लोग आज भी सड़क जैसी बुनियादी सुविधा के लिए तरस रहे हैं। यहां की सड़कें बारिश के मौसम में पूरी तरह से कीचड़ और गड्ढों में तब्दील हो जाती हैं, जिससे ग्रामीणों का जीवन दूभर हो गया है।
बताया गया कि जो यह तस्वीर दिख रही है, वह दूर-दराज के जंगल की नहीं, बल्कि मंडला जिले की इमलीगोहान पंचायत के पोषक ग्राम खैरीखापा की है। यहां बजरंग चौराहा से खरमाई तक की सड़क पिछले कई सालों से बदहाल है और अब तो यह पूरी तरह से मिट्टी में मिल चुकी है। ग्रामीणों को हर दिन इसी कीचड़ भरे रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है। बच्चों को स्कूल और आंगनवाड़ी जाने में मुश्किल होती है और कई बार वे इन गड्ढों में गिर जाते हैं।

सबसे गंभीर स्थिति स्वास्थ्य सेवाओं की है। गांव तक एंबुलेंस या जननी एक्सप्रेस का पहुंचना लगभग नामुमकिन है। किसी भी मरीज खासकर गर्भवती महिलाओं को चारपाई पर लिटाकर मुख्य सड़क तक लाना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि वे इस समस्या को लेकर कई बार प्रशासन के चक्कर काट चुके हैं, लेकिन आज तक कोई समाधान नहीं निकला है। ग्रामीणों का कहना है कि क्या विकास केवल कागजों तक ही सीमित है। ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए यूं ही संघर्ष करना पड़ेगा? ग्रामीणों का यह संघर्ष सिस्टम की नाकामी का एक जीता-जागता उदाहरण है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
इनका कहना है
हमारी जिंदगी तो इस कीचड़ में उलझकर रह गई है। पानी भरने निकलो तो पैर धंस जाते हैं, बच्चे स्कूल जाते हैं तो गिरते-पड़ते जाते हैं। हम बस यही चाहते हैं कि सरकार हमारे लिए एक पक्की सड़क बना दे।
चेतीबाई, ग्रामीण
हमने कई बार इस सड़क के लिए अधिकारियों से संपर्क किया है, लेकिन आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला। यह सिर्फ सड़क नहीं, बल्कि हमारी जीवन रेखा है। इसके अभाव में ग्रामीणों को भारी परेशानी हो रही है।
प्रमोद यादव, उप सरपंच
ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर मंडला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। इसके पहले भी ग्राम सभा में बताया गया था कि हनुमानथाना से खैरमाई और मरकाम टोला तक मार्ग बनना था, लेकिन यहां के सचिव, सरपंच अपने हिसाब से योजना तैयार करते है। यहां बनने वाली योजना ग्राम के हिसाब से नहीं बनती है, योजना सचिव, सरपंच के हिसाब से बनती है, और इस योजना को लागू करने के लिए यहां के वार्ड मेंबर, पंच और ठेकेदार को लाकर काम शुरू कर देते है।
हिरेंद्र मसराम, जनपद सदस्य
बिना कर्ज लिए बैंक में दर्ज है ऋण, पीडि़त ने की शिकायत
- साइबर ठगी का नया मामला
- गगन कछवाहा दो साल से परेशान
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले में धोखाधड़ी और ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इसी बीच एक और चौंकाने वाला मामला उजागर हुआ है, जहाँ एक व्यक्ति के नाम पर बिना उसकी जानकारी के बैंक में कर्ज दर्ज कर दिया गया है। इस धोखाधड़ी की वजह से पीडि़त को अब अन्य बैंकों से कर्ज लेने में परेशानी हो रही है। बताया गया कि जिला मुख्यालय के नजदीकी ग्राम सकवाह पुरवा निवासी गगन कछवाहा ने हाल ही में कर्ज लेने के लिए एक बैंक में आवेदन दिया था। जब बैंक ने उनकी सिबिल रिपोर्ट की जांच की तो यह देखकर सभी हैरान रह गए कि गगन के नाम पर आईडीबीआई बैंक मंडला शाखा में 50 हजार रुपये का कर्ज बकाया है। गगन का कहना है कि उन्होंने न तो आईडीबीआई बैंक से कोई कर्ज लिया है, न ही उनका उस बैंक में कोई खाता है, और न ही वे किसी के गारंटर हैं।
गगन कछवाहा ने बताया कि जब उन्होंने इस संबंध में आईडीबीआई बैंक से संपर्क किया तो बैंक प्रबंधन ने मामले को ठीक करने का आश्वासन दिया, लेकिन दो साल बीत जाने के बाद भी उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। बैंक ने उनकी लिखित शिकायत लेने से भी इंकार कर दिया, जिसके बाद गगन ने डाक के माध्यम से बैंक को आवेदन भेजा। इस धोखाधड़ी की वजह से गगन कछवाहा को मानसिक और आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया गया कि उनके नाम पर कर्ज दर्ज होने के कारण उन्हें अन्य बैंकों से भी कर्ज नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनके काम रुक गए हैं। गगन ने अब इस मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक और बैंक के उच्च अधिकारियों से की है। उन्होंने अपनी शिकायत में आग्रह किया है कि इस बात की जांच की जाए कि उनके नाम से कर्ज किसने लिया है, और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही उन्होंने मांग की है कि उनके नाम से दर्ज इस फर्जी कर्ज को तुरंत हटाया जाए, जिससे वे भविष्य में अन्य बैंकों से कर्ज का लाभ उठा सकें।
मंडला जिला अस्पताल को मिली दो नए शव वाहन की सौगात
- नि:शुल्क मिलेगी सेवा
- मंडला सांसद, कलेक्टर ने हरी झंडी दिखा कर शुरू हुई सुविधा
- सरकारी अस्पताल में हुई मौत के बाद ही मिलेगी सेवा
मंडला महावीर न्यूज 29. लोक स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग मंडला द्वारा जिले को दो शव वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने बताया कि जिला कलेक्टर सोमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में इन शव वाहनों का संचालन जिला अस्पताल से शुरू किया गया है। इन वाहनों का उद्देश्य रोगियों या दुर्घटना पीडि़तों की मृत्यु के बाद उनके शवों को उनके निवास स्थान या श्मशान घाट तक नि:शुल्क पहुंचाया जाएगा।
इस सेवा का शुभारंभ मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, कलेक्टर मंडला सोमेश मिश्रा, सीईओ मंडला श्रेयांश कूमट, नपा अध्यक्ष विनोद कछवाहा द्वारा हरी झंडी दिखा कर इस सुविधा की शुरूआत की। सिविल सर्जन डॉ. विजय सिंह धुर्वे ने बताया कि यह सेवा केवल जिले की सीमा के भीतर ही उपलब्ध होगी। इन वाहनों का उपयोग केवल सरकारी अस्पताल में हुई मृत्यु के मामलों में किया जाएगा। इस सेवा का लाभ उठाने के लिए मृत्यु प्रमाण पत्र उपलब्ध कराना भी आवश्यक होगा।

बताया गया कि जिले को मिले दो नए शव वाहन सेवा से मंडला जिले के निवासियों को राहत मिलेगी। ये सुविधा उनके लिए बेहतर साबित होगी, जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं और जिन्हें शव को ले जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। योजना का शुभारंभ शनिवार 1 अगस्त को किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा, भाजपा जिला पर्यावरण प्रभारी जयदत्त झा, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. यतींद्र झरिया, सहायक प्रबंधक अजय सिंह सैयाम, डॉ. जागृति अग्रवाल, डॉ. कांची सिंह, डॉ. रमा पटेल, शरद मेश्राम, अर्जुन सिंह, कपिल शर्मा, पद्मक्षी शुक्ला, माया भोयर, दीपिका, सोनम, दिव्या और नर्सिंग स्टाफ सहित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
लक्ष्य को लिखकर एकाग्रता के साथ करें मेहनत
- खेलो बढ़ो अभियान के तहत नारायणगंज के 200 छात्र-छात्राओं ने किया जिला खेल अधोसंरचना का अवलोकन
मंडला महावीर न्यूज 29. खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित खेलो बढ़ो अभियान के तहत विकासखंड नारायणगंज के विभिन्न विद्यालयों के लगभग 200 छात्र-छात्राओं को खेल की महत्ता और उसके प्रति रूचि जागृत करने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय स्थित विभागीय खेल अधोसंरचना का शैक्षणिक एवं प्रेरणात्मक भ्रमण कराया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने बैडमिंटन कोर्ट, हैंडबॉल ग्राउंड, खो-खो मैदान, स्विमिंग पूल, स्केटिंग ट्रैक जैसी आधुनिक खेल सुविधाओं का अवलोकन किया। भ्रमण के दौरान जिला खेल अधिकारी विकास खड़ाकर ने बच्चों को खेलों में करियर की संभावनाओं पर विस्तार से जानकारी दी और उन्हें अपने लक्ष्य को लिखकर एकाग्रता के साथ मेहनत करने की प्रेरणा दी।
इस भ्रमण में संदीपनी स्कूल टिकरिया, एकीकृत कन्या शाला पड़रिया, शासकीय कन्या छात्रावास सहित कई विद्यालयों के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। बच्चों में इस अवसर को लेकर उत्साह और उमंग रहा। इस कार्यक्रम की सफलता का श्रेय जनपद उपाध्यक्ष नारायणगंज अविनाश शर्मा को है, जिनके निरंतर प्रयासों और मार्गदर्शन से यह आयोजन संभव हो सका। उन्होंने न केवल कार्यक्रम को सक्रिय समर्थन दिया, बल्कि खिलाडिय़ों के लिए हमेशा की तरह हरसंभव सहयोग और सुविधा सुनिश्चित की। इस आयोजन में चुटका मप्र विद्युत परमाणु परियोजना जबलपुर के इकाई प्रमुख द्वारा बस सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिससे विद्यार्थियों को जिला मुख्यालय तक सुरक्षित और सुविधा मिली।
बताया गया कि कार्यक्रम के संचालन में ब्लॉक खेल समन्वयक करुणा मर्सकोले की भूमिका सराहनीय रही। उनके साथ सुजीता यादव, अवधेश सिंगरौरे, प्रमिला बैरागी, मुकेश नायक, रानू उइके सहित शिक्षकों और कर्मचारियों ने इस आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। यह आयोजन न केवल बच्चों के लिए एक प्रेरणास्त्रोत रहा, बल्कि खेलों के प्रति उनकी सोच को नया आयाम भी दिया।
खेल की बारिकीयां और उपलब्धियां बताई
जिला खेल अधोसंरचना के अवलोकन के दौरान खो-खो कोच डॉ. आकाश खत्री ने खेलों के माध्यम से विभिन्न उपलब्धियां हासिल करने और स्वस्थ शरीर व मन के लिए खेलों के महत्व पर जोर दिया। इसके अलावा कराटे कोच त्रिलोकचंद डोंगरे ने आत्मरक्षा के गुण सिखाए, जबकि फुटबॉल कोच पंकज उसेरांठे ने फुटबॉल खेल की बारीकियों और विभिन्न अकादमियों में चयन प्रक्रिया की जानकारी दी। विक्रम अवार्ड विजेता और जिला हैंडबॉल कोच सोना दुबे ने हैंडबॉल खेल के बारे में बताया और खिलाडिय़ों को महारत हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत और लगन से अभ्यास करने की प्रेरणा दी। इस दौरान छात्रों के बीच मनोरंजन के लिए खेल भी आयोजित किए गए, जिसमें विजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
फ्रेंडशिप डे
मवई में दो सहेलियों की दोस्ती बनी मिसाल, सुख-दुख में रहती हैं साथ
- एक-दूजे के लिए हरदम रहती है तैयार
- भारती और सरोज की दोस्ती की चर्चा पूरे वनांचल में
मंडला महावीर न्यूज 29. आदिवासी बाहुल्य जिला मंडला के वनांचल विकासखंड मवई में दो युवतियों की दोस्ती आज पूरे क्षेत्र के लिए मिसाल बन गई है। ये दोनों दोस्त सरोज पड़वार और भारती धुर्वे हैं, जो मवई के ग्राम पखवार और परसाटोला की निवासी हैं। इनकी दोस्ती इतनी गहरी है कि लोग इन्हें दो जिस्म एक जान कहते हैं। सरोज और भारती की दोस्ती की सबसे खास बात यह है कि वे हर सुख-दुख में एक-दूसरे के साथ खड़ी रहती हैं। चाहे कितनी भी मुश्किल समय हो, एक-दूसरे की मदद के लिए वे हमेशा तैयार रहती हैं। अक्सर ऐसा हुआ है कि सरोज को आधी रात में किसी मदद की जरूरत पड़ी हो, और भारती बिना किसी हिचकिचाहट के उसकी मदद के लिए पहुंच गई। उनकी यह अटूट दोस्ती स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
बताया गया कि मवई एक ऐसा क्षेत्र है जहाँ पर बुनियादी सुविधाओं की कमी है और लोगों को अक्सर छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए संघर्ष करना पड़ता है। ऐसे में एक-दूसरे का सहारा बनना बहुत महत्वपूर्ण हो जाता है। सरोज और भारती ने अपनी दोस्ती के माध्यम से यह साबित कर दिया है कि सच्ची दोस्ती हर मुश्किल को आसान बना सकती है। सरोज पड़वार ने बताया कि भारती मेरे लिए सिर्फ एक दोस्त नहीं, बल्कि मेरी बहन जैसी है। जब भी मुझे कोई परेशानी होती है, वह सबसे पहले मेरे साथ खड़ी होती है। वहीं भारती धुर्वे का कहना है कि हम दोनों एक-दूसरे की खुशियों और दुखों में हमेशा साथ रहते हैं। हम दोनों का परिवार भी हमारी दोस्ती का सम्मान करता है।
आने वाली पीढ़ी के लिए के लिए प्रेरणा स्त्रोत
दोनों की दोस्ती ने मवई क्षेत्र में एक सकारात्मक संदेश दिया है। इन दोनों की दोस्ती हमें सिखाती है कि सच्ची मित्रता जाति, धर्म और आर्थिक स्थिति से परे होती है। सरोज और भारती ने अपनी दोस्ती से यह सिद्ध कर दिया है कि जीवन में सच्चा साथी होना कितना जरूरी है। उनकी दोस्ती की यह मिसाल आने वाली पीढिय़ों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी। स्थानीय लोग भी इन दोनों की दोस्ती की तारीफ करते नहीं थकते। उनका कहना है कि आज के स्वार्थी युग में ऐसी निस्वार्थ दोस्ती देखना बहुत दुर्लभ है। मवई के लोग उम्मीद करते हैं कि इनकी यह दोस्ती इसी तरह मजबूत बनी रहेगी और दूसरों को भी सच्ची दोस्ती की प्रेरणा देती रहेगी।
नसबंदी पखवाड़ा के अंतर्गत हितग्राहियों का करें चयन
- एएनसी पंजीयन अनमोल एप में करने के दिए निर्देश
- स्वास्थ्य सेवाओं का किया जाए सफल क्रियान्वयन
- नारायणगंज सेक्टर की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित
मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अंतर्गत नारायणगंज सेक्टर की साप्ताहिक समीक्षा बैठक सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। बैठक में मातृ स्वास्थ्य कार्यक्रम, शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम, टीकाकरण, किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम, परिवार कल्याण समेत अन्य संचालित कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। समीक्षा बैठक में नारायणगंज सेक्टर की बीसीएम शैलेन्द्र सिंह, बीईई विजय मरावी, सीएचओ, एएनएम, सुपरवाईजर समेत सेक्टर के स्वास्थ्य कर्मचारी मौजूद रहे।
आयोजित बैठक में बीसीएम शैलेन्द्र सिंह ने उपस्थित सीएचओ, एएनएम, सुपरवाईजर से स्वास्थ्य सेवाओं अंतर्गत चल रही योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा करते हुए उनकी समीक्षा की गई। इसके साथ ही सीएचओ, सुपरवाईजरों से कहां कि ग्राम की आशा कार्यकर्ताओं से संक्रामक बीमारियों की जानकारी प्रतिदिन ले। जल शुद्धीकरण की जानकारी अपडेट कराए। ग्राम में स्थित कुंओं में जल शुद्धीकरण के लिए दिए गए दवा का घोल डाले। बीईई विजय मरावी ने कहां कि इसके साथ ही पुरूष और महिला नसबंदी पखवाड़ा के अंतर्गत हितग्राहियों का चयन करें।
बैठक में बीसीएम शैलेन्द्र सिंह ने उपस्थित स्वास्थ्य कर्मचारियों से कहां कि अनमोल एप में एएनसी पंजीयन करना अनिवार्य है, एएनसी की प्रथम त्रिमाही में एण्ट्री, एएनसी चौथी जांच की एण्ट्री अनमोल एप में करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं को उच्च स्वास्थ्य के लिए निर्देश दिए गए। इसके साथ ही एमडीआर, सीडीआर की जानकारी सभी उपस्थित कर्मचारियों से ली गई।
गंभीर गर्भवती केस समय में रैफर करें
समीक्षा बैठक में घर में होने वाले प्रसव की जानकारी ली गई। इसके साथ ही वीएचएनडी सत्रों में औषधी एवं वैक्सीन की सूची मांगी गई। बैठक में सभी सीएचओ, एएनएम को निर्देशित करते हुए कहां कि ग्राम के गंभीर गर्भवती केस समय रहते उच्च स्वास्थ्य केन्द्र में रैफर करें, जिससे उन्हें समय में उपचार मिल सके। इसके साथ ही बाल मृत्यु की समीक्षा की गई। एसएनसीयू से डिस्चार्ज हुए गृह भेंट करने, आरबीएसके मोबाईल टीम द्वारा विद्यालयों में स्वास्थ्य परीक्षण नियमित रूप से करने के लिए निर्देशित किया गया।
कार्य में प्रगति लाने के निर्देश
स्वास्थ्य कर्मचारियों की साप्ताहिक कार्य की समीक्षा करते हुए मलेरिया प्रभारी एससी जैन के द्वारा 70 प्रतिशत से कम उपलब्धि वाले गांवो की जानकारी दी गई। इसके साथ ही स्वस्थ्य यकृत मिशन में किये गए कार्य की समीक्षा की। आयुष्मान योजना अंतर्गत 70 प्लस के हितग्राहियों की जानकारी ली गई। इसके साथ ही सीएचओ, एएनएम ओर सुपरवाईजरों को निर्देशित किया कि ग्राम स्तर पर आशा कार्यकता के संपर्क में रहे। जिससे ग्राम में होने वाली संक्रमाक बीमारियों की जानकारी मिल सके। बैठक में निर्देश दिए गए है कि कार्य में प्रगति लाए। समय सीमा में अपना कार्य पूर्ण करें।
15 करोड़ मत्स्य उत्पादन लक्ष्य में 7 करोड़ 18 लाख उत्पादन
- तीन प्रक्षेत्र में तैयार हुए स्पॉन, विभागीय तालाब में किये वितरित
- कम तापमान और अच्छी बारिश से मत्स्य उत्पादन का होगा लक्ष्य पूरा
मंडला महावीर न्यूज 29. अगस्त माह के दो दिन बीत गए है, इस बीच तापमान में उतार चढ़ाव भी रहा। जिसके कारण मत्स्य उत्पादन प्रभावित हुआ। इस सीजन में मौसम का मिजाज कुछ अलग ही अंदाज में रहा, जहां बारिश की शुरूआत मूसलाधार के साथ हुई, वहीं इसके बाद तापमान में अचानक बदलाव भी देखा गया। जिसके कारण कुछ दिन मौसम में उमस बढ़ गई और कृषि के साथ इससे जुड़ी अन्य विभागों की योजनाएं भी प्रभावित हुई। खास तौर पर तालाब एवं जलाशयों में मत्स्य विकास की योजना बारिश लेट होने के कारण प्रभावित है। जून के बाद से ही मत्स्य योजना बारिश के साथ रफ्तार पकड़ती है लेकिन जुलाई के प्रथम पखवाड़े में मूसलाधार बारिश हुई लेकिन बारिश थम गई और तापमान भी 30 डिग्री के ऊपर पहुंच गया। जिसके कारण मत्स्य विभाग को मिला लक्ष्य पूरा करने में अब मशक्कत करनी पड़ रही है। लक्ष्य के हिसाब से उत्पादन अभी आधा ही हो पाया है। तापमान में उतार चढ़ाव के कारण बीज उत्पादन प्रभावित होने की संभावना बनी है। मत्स्य विभाग के अनुसार इस वर्ष विभाग को 15 करोड़ मत्स्य उत्पादन का लक्ष्य मिला है। विभाग का लक्ष्य तभी पूरा होगा जब अच्छी बारिश के साथ तापमान भी साथ देगा।
जानकारी अनुसार मछली पालन विभाग द्वारा मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिये बीज उत्पादन किया जा रहा है। मछली पालन प्रक्षेत्र में स्पॉन तैयार किये जा रहे है। जिसके बाद मछुआरों, निजी मत्स्य पालकों और किसानों को मछली बीज दिया जाएगा। जिले में इस बार 15 करोड़ मत्स्य उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है। फिलहाल विभाग तीन प्रक्षेत्र में 09 सेट लगा चुकी है, जबकि मछली बीज उत्पादन के लिए इससे ज्यादा सेट लगाना था, लेकिन बारिश के साथ तापमान भी विभाग को साथ नहीं दे पा रहा है। इस वर्ष जिले के तीनों प्रक्षेत्र से 07 करोड़ 18 लाख स्पॉन उत्पादन तैयार किया गया है। वहीं कटरा प्रक्षेत्र में तीन सेट तैयार कर विभागीय तालाबों को दिए गए है और चौथा सेट इस सप्ताह ही लगाया गया है।
बताया गया कि मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए शासन कम दर पर मछली बीज हितग्राहियों को उपलब्ध कराता है। मांग के आधार पर शासन जिले का टारगेट निर्धारित करता है। मंडला में इस वर्ष 15 करोड़ मछली बीज उत्पादन का लक्ष्य दिया गया है। जिसमें मंडला में 7 करोड़, निवास में 7 करोड़ और बंजी में 1 करोड़ 50 लाख स्पान तैयार किया जाएगा। जिसमें कटरा मछली पालन प्रक्षेत्र में चार सेट, बंजी में दो सेट और निवास प्रक्षेत्र में तीन सेट लगाकर स्पॉन तैयार किये गए है। तीनों प्रक्षेत्र मिलाकर करीब 07 करोड़ 18 लाख बीज तैयार किए गए है।
न्यूनतम तापमान 30 डिग्री जरूरी
प्रभारी सहायक संचालक मत्स्य विभाग के हेंमत भगत ने बताया कि इस बार तापमान में उतार चढ़ाव जारी है, जिसके कारण विभाग को मिले लक्ष्य को पूरा करने में थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कटरा में चार सेट लगाकर करीब दो करोड़ 50 हजार बीज तैयार किए गए है। इसमें भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। तापमान बढऩे के कारण तीन सेट में एक सेट खराब हो गया। फिलहाल निवास और बंजी में भी स्पान तैयार किये जा रहे है। क्योंकि स्पान तैयार करने के लिए न्यूनतम तापमान लगभग 28 से 30 डिग्री का तापमान होना जरूरी है।
07 करोड़ 18 लाख तैयार किए स्पॉन
मत्स्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार मानसून में देरी और तापमान में उतार चढ़ाव के चलते तीन प्रक्षेत्र में फिलहाल लक्ष्य का आधा ही उत्पादन हुआ है। तीनों प्रक्षेत्र में 07 करोड़ 18 लाख मछली बीज तैयार हुए है। स्पॉन तैयार करने के लिए तीनों प्रक्षेत्र के बंगलाबंध में मछलियों का प्रजनन कराकर अंडे इक्यूवेलेशनपूल में छोड़े गए। जिसके बाद यहां स्पॉन तैयार हुए। प्रक्षेत्र कटरा में चार सेट, बंजी में एक और निवास में तीन सेट लगाया गया है। जिसमें 07 करोड़ 18 लाख स्पॉन तैयार किए गए। यदि आगे और झमाझम बारिश होती है तो मत्स्य विभाग से हितग्राही, मछुआरे और किसान मछली बीज ले जाएंगे। इसके साथ ही मछली बीज को सुरक्षित रखने के लिए हितग्राहियों को देने से पहले बीज के पैकेट में ऑक्सीजन की व्यवस्था भी की जाती है।
विभागीय तालाबों में दिए स्पॉन
इस वर्ष मत्स्य बीज उत्पादन लेट बारिश और तापमान के के कारण विभाग अभी आधा ही लक्ष्य पूरा कर पाया है। जिले में मत्स्य बीज का उत्पादन जुलाई की शुरूआत से शुरू किया जाता है और एक पखवाड़ा खत्म होते तक किसान और मछुआरे मछली बीज ले जाना शुरू भी कर देते है। लेकिन बारिश समय से ना होने के कारण इस बार कुछ ही किसान और हितग्राही मछली बीज लेने पहुंचे। कटरा प्रक्षेत्र में 02 करोड़ 50 लाख मछली बीज उत्पादन किया गया, जिसमें 02 करोड़ 10 लाख मछली बीज विभागीय तालाब में दिए गए है और 40 लाख बीज किसानों और हितग्राहियों को दिए गए है। बताया गया कि आगामी दिनों में मत्स्य विभाग मछली बीज उत्पादन करके मत्स्य पालकों और विभागीय तालाब को देगी।
नदी में छोड़ेंगे मछलिया
मछुआरों के अलावा नदी, नालों में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिये प्रति वर्ष विभाग द्वारा मछलियां जलाशयों में छोड़ी जाती है। इस वर्ष भी विभाग को 15 करोड़ का लक्ष्य दिया गया है। जिसमें विभाग लक्ष्य को पूरा करने के लिए नर्मदा नदी में स्थान चिन्हित किए है। विभाग को अब अच्छी बारिश का इंतजार है। जिससे जलाशयों, नदियों में पानी का भराव हो सके। विभाग द्वारा तैयार किये गई मछलियों को गहरे क्षेत्र में छोड़ेंगे। जिससे यहां मछलियों की संख्या बढ़ सके।
इस साल कैसे होगा लक्ष्य पूरा
बताया गया कि पिछले साल मत्स्य विभाग को 13 करोड़ बीज उत्पादन का लक्ष्य रखा था, लेकिन इस वर्ष यह लक्ष्य डेढ़ करोड़ बढ़ गया है। विभाग को 14 करोड़ 50 लाख बीज उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है। विगत वर्ष तो विभाग ने लक्ष्य जैसे तैसे पूरा कर लिए थे, लेकिन इस वर्ष तो बारिश ने भी धोखा दे दिया है। अगस्त का पहला पखवाड़ा समाप्त होने को है, लेकिन वातावरण में अभी भी उमस है। वहीं विभाग को अभी और झमाझम बारिश का इंतजार है। यदि तापमान में उतार चढ़ाव रहा और झमाझम बारिश ना हुई तो इस वर्ष बीज उत्पादन प्रभावित होने का अंदेशा बना हुआ है। इस बार मत्स्य विभाग को दिया गया 14 करोड़ 50 लाख का लक्ष्य कैसे पूरा होगा।
बंजी और निवास में तैयार हो रहे स्पॉन
मत्स्य निरीक्षक पीआर वैद्य ने बताया कि निवास मत्स्य पालन विभाग को इस बार सात करोड़ मत्स्य उत्पादन का लक्ष्य मिला है। जिसमें तीन सेट लगाकर 4 करोड 28 लाख मत्स्य उत्पादन कर लिया गया है। इस मत्स्य उत्पादन में 1 करोड़ 80 लाख मत्स्य बीज को बिछिया बंजी के विभागीय तालाब में दिया गया है। वहीं 70 लाख स्पॉन थांवर नैनपुर के विभागीय तालाब, इसके साथ ही सहायक संचालक मत्स्य उद्योग जबलपुर को 40 लाख स्पॉन दिए गए है। विभागीय मत्स्य विभाग निवास को 1 करोड़ स्पॉन दिए गए है और 38 लाख स्पॉन किसान समेत अन्य को दिए गए है। बंजी के मत्स्य निरीक्षक एसके भारद्वाज ने बताया कि डेढ़ करोड़ का विभागीय लक्ष्य मिला है। दो सेट अभी तक लगाए गए है। जिसमें 40 लाख स्पॉन तैयार कर लिये गए है। आगामी दिनों में मिले लक्ष्य को पूरा कर लिया जाएगा।
पिकअप ने ओमनी वेन को मारी जोरदार टक्कर, आठ यात्री घायल
- एनएच-30 में बीजाडांडी के खूटा पड़ाव में हुआ हादसा
- बीजाडांडी एसडीओ ने घायलों की मदद अपने वाहन से पहुंचा अस्पताल
मंडला महावीर न्यूज 29. तेज रफ्तार और बेलगाम वाहनों पर लगाम नहीं लग पा रही है। एक बार फिर नेशनल हाईवे 30 मार्ग के बीजाडांडी क्षेत्र में सड़क हादसे का आधा दर्जन से अधिक लोग शिकार हो गए। इस हादसे में यात्री वाहन में बैठे सभी लोग घायल हो गए। तत्काल घायलों को स्थानीय लोग और बीजाडांडी एसडीओ ने अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बीजाडांडी उपचार के लिए लेकर पहुंचे। इस हादसे की सूचना बीजाडांडी थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने में मदद की। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच कर रही है।
जानकारी अनुसार बीजाडांडी ब्लाक के ग्राम घोंटा से करीब आठ लोग यात्री वाहन ओमनी वेन में ग्राम बीरमपुर गमी के दसगात्र कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान बीजाडांडी के ग्राम खूटा पड़ाव के पास एक पिकअप वाहन जो तेज रफ्तार में जबलपुर की तरफ जा रहा था, खड़ी ओमनी वेन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद पिकअप वाहन मौके से फरार हो गया। हादसे में ओमनी वेन में सवार करीब आठ लोग घायल हो गए। मौके पर चीख पुकार मच गई। हादसा होते ही मौके पर स्थानीय लोग पहुंच और घायलों को वाहन से निकलकर एक किनारे किये और बीजाडांडी पुलिस और 108 एम्बुलेंस को सूचना दी।
बताया गया कि ग्राम घोंटा के ग्रामीण खूटा पड़ाव में किसी अन्य व्यक्ति की राह देख रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के दौरान वहां से बीजाडांडी एसडीओ दिव्याम उइके जा रहे थे। घटना स्थल पर भीड़ को देख अपने वाहन को रोका और इसकी सूचना तत्काल संबंधितों और अपनी जनपद में दी। जिसके जनपद की टीम मौके पर पहुंची। वहीं जनपद की टीम, बीजाडांडी पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से हादसे में घायलों को एसडीओ ने अपने वाहन में बैठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बीजाडांडी पहुंचाया। बताया गया कि घटना के बाद पिकअप वाहन मौके से फरार हो गया था। जिसे आगे जाकर पुलिस द्वारा पकड़ लिया गया। बीजाडांडी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे की जांच कर रही है।
ये हुए घायल
बीजाडांडी पुलिस ने बताया कि हादसे में ओमनी वेन में सवार सुशीला उइके पति हल्के सिंह 60 वर्ष निवासी घोंटा, द्रोपती उइके पति अग्रसेन उइके 40 वर्ष निवासी घोंटा, सुकरतवती पुषाम पति थमीलाल 50 वर्ष निवासी घोंटा, ललीया बाई बरकड़े पति चीतू सिंह बरकड़े 60 वर्ष निवासी घोंटा, सोनवती बाई पति ब्रजलाल 45 वर्ष निवासी घोंटा, रोशनी पुषाम पति गुलाब सिंह 38 वर्ष निवासी घोंटा, भगवान दास पिता कल्लू लाल यादव 44 वर्ष निवासी पडरिया नारायणगंज, पवन कुलस्ते पिता मन्नू लाल 38 वर्ष निवासी देवाझर घायल हुए है। सभी घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बीजाडांडी में किया जा रहा है। घायलों को सिर में चोटें आई है।
बाईक सवार पुलिया में हुए स्लिप, दो घायल
- नारायणगंज से सिकोसी जा रहे थे बाईक सवार
- नारायणगंज पडरिया के आगे पुलिया में हुआ हादसा
मंडला महावीर न्यूज 29. रैनी सीजन चल रहा है। कभी बारिश झमाझम हो रही है तो कभी मूसलाधार बारिश का दौर चल रहा है। इसी दौरान बारिश थम भी रही है। बारिश के कारण पुल, पुलिया और मार्ग किनारे के हिस्सों में चिकनाई युक्त काई जमा होने लगी है, जो हादसे का कारण बन गई है। ऐसे ही काई का शिकार हुए नारायणगंज के ग्राम खम्हरिया डुमरिया निवासी युवक घायल हो गए। जिन्हें स्थानीय लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज उपचार के लिए पहुंचा।
जानकारी अनुसार नारायणगंज के ग्राम खम्हरिया डुमरिया निवासी रविशंकर यादव पिता रमेश यादव 28 वर्ष अपने साथी झनक बरकड़े 28 वर्ष के साथ नारायणगंज मुख्यालय किसी काम से आए हुए थे। यहां ग्राम सिकोसी मशीन का समान लेने के लिए निकले। ग्राम सिकोसी जाते समय पडरिया के आगे पुलिया के पास जमा काई से उनकी बाईक फिसल गई। जिसके कारण बाईक में सवार दोनों युवक स्लिप होकर नीचे गिर गए। इस हादसे में दोनों को हाथ, पैर में काफी चोटे आई है। बताया गया कि हादसे के दौरान मौजूद स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज लेकर पहुंचे। जहां दोंनों का उपचार किया गया। हालाकि दोनों घायला युवकों को हाथ पैर में चोटे आई है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को डिस्चार्ज कर दिया गया।
राष्ट्र भक्ति की अलख जगाने दो मिनट राष्ट्र के नाम
- मंडला में हर महीने राष्ट्रगान से होगी नई शुरुआत
- हम फाउंडेशन की पहल को मिला समर्थन
मंडला महावीर न्यूज 29. देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने के उद्देश्य से हम फाउंडेशन मंडला ने एक अनूठी पहल शुरू की है। अब हर महीने की पहली तारीख को सुबह 9 बजे शहर के गणमान्य नागरिक नेहरू स्मारक पर एकत्र होकर राष्ट्रगान करेंगे। इस कार्यक्रम का शुभारंभ 1 अगस्त को पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने राष्ट्रगान गाकर किया। जनहित और देशभक्ति से प्रेरित इस स्वयंसेवी संस्था ने निर्णय लिया है कि पूरे देश के साथ मध्यप्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में इस परंपरा को शुरू किया जाएगा। मंडला में हुए पहले कार्यक्रम में भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित किए गए, जिसके बाद राष्ट्रगीत का गायन हुआ।
इस अवसर पर शहर के कई वरिष्ठ नागरिक जिसमें डॉ. हर्ष कर्महे, डॉ. ओपी तपा, पतंजलि योग समिति से सुनील बाली, हम फाउंडेशन प्रदेश संरक्षक बीके राय और सुधीर कांसकार शामिल थे। कार्यक्रम की व्यवस्था और अनुशासन की सभी उपस्थित नागरिकों ने सराहना की। बताया गया कि यह कार्यक्रम हर महीने की पहली तारीख को नेहरू स्मारक में आयोजित होगा। आगामी माह 1 सितंबर का कार्यक्रम पतंजलि योग समिति, मंडला के द्वारा आयोजित किया जाएगा। हम फाउंडेशन मंडला की इस पहल को नागरिकों का व्यापक समर्थन मिल रहा है, जो देशप्रेम की भावना को जागृत करने के लिए एक सकारात्मक कदम है।
18 दिनों तक चला अखंड रामायण पाठ संपन्न
- श्रीराम मंदिर पड़ाव में समापन समारोह
- हजारों भक्तों ने ग्रहण किया प्रसाद
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला मुख्यालय के श्रीराम मंदिर पड़ाव में हर वर्ष की तरह इस साल भी श्रावण मास में आयोजित अखंड रामायण पाठ का भव्य समापन किया गया। 18 दिनों तक चले इस धार्मिक अनुष्ठान का समापन हवन-पूजन के साथ हुआ, जिसके बाद शाम तक भक्तों के लिए महाप्रसादी भंडारा का आयोजन किया गया। श्रीराम मंदिर ट्रस्ट कछवाहा समाज मंडला द्वारा संचालित इस आयोजन में 13 जुलाई से रामायण का पाठ शुरू हुआ था। ट्रस्ट के ट्रस्टी और अखंड रामायण पाठ के प्रभारी विक्रम सिंह कुशवाहा ने बताया कि यह आयोजन श्रद्धालुओं और ट्रस्ट के सदस्यों के आर्थिक सहयोग से संभव हो पाता है। समापन के दौरान हवन-पूजन में युवा, बुजुर्ग और मातृशक्तियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भंडारे में हजारों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ कमाया।

विक्रम कुशवाहा ने कहा कि उनकी इच्छा पूरे श्रावण माह तक अखंड रामायण पाठ चलाने की होती है, लेकिन आजकल अखंड रामायण पढऩे वालों की संख्या में कमी आ रही है। विशेष रूप से युवा वर्ग में इस पाठ के प्रति रुचि कम दिख रही है। बावजूद इसके ईश्वर के कार्यों में कभी बाधा नहीं आती और इस साल 23 पाठों के साथ सफलतापूर्वक समापन किया गया। उन्होंने इस आयोजन में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि उनके सहयोग और सहभागिता ने इस धार्मिक कार्यक्रम से जुड़े साथियों का मनोबल बढ़ाया। इस सफल आयोजन से क्षेत्र में धार्मिक और सामाजिक सौहार्द का माहौल बना रहा।
जन्मदिन पर समाजसेवा का संदेश, आंगनवाड़ी बच्चों के साथ मनाया जश्न
- विश्व स्तनपान सप्ताह पर निकाली जागरूकता रैली
मंडला महावीर न्यूज 29. समाजसेवा के प्रति अपनी गहरी प्रतिबद्धता दिखाते हुए समाजसेवी उमा यादव ने अपना जन्मदिन बूढ़ी माई वार्ड क्रमांक 23 महाराजपुर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र के बच्चों के साथ मनाया। इस खास मौके पर उन्होंने बच्चों को खिलौने और मिठाइयाँ वितरित कर खुशियाँ बांटी। जन्मदिन समारोह के साथ विश्व स्तनपान सप्ताह के उपलक्ष्य में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। आंगनवाड़ी केंद्र से जागरूकता रैली निकाली गई, जिसका उद्देश्य माताओं को स्तनपान के महत्व के बारे में जागरूक करना था। इस दौरान एएनएम गोल्डी झरिया और भारती हरदाहा ने माताओं और महिलाओं को बच्चों के पोषण, नियमित टीकाकरण और स्वास्थ्य जांच के फायदों के बारे में जानकारी दी।
उमा यादव हर साल अपना जन्मदिन इसी तरह समाजसेवा को समर्पित करती हैं। उनका यह प्रयास समाज में जागरूकता फैलाने और सेवा भावना को बढ़ावा देने का एक सशक्त माध्यम है। इस पहल से न केवल बच्चों के चेहरों पर मुस्कान आई, बल्कि समाज में भी एक सकारात्मक संदेश गया। इस प्रेरणादायक कार्यक्रम में समाजसेविका शिखा श्रीवास्तव और अप्पू यादव भी उपस्थित रहीं। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से पूरा आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।






























































































प्रशासन की कार्रवाई 




























































































































































