एकलव्य स्कूल की छात्रा शिल्पा की हालत नाजुक
- आईसीयू में जारी है इलाज, जबलपुर के बाद नागपुर किया रेफर
- स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के बाद हुई थी बीमार
- 16 अन्य छात्र भी मंडला अस्पताल में भर्ती
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के निवास ब्लाक की एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पिपरिया के कक्षा 10वीं की छात्रा शिल्पा मरावी की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। स्वतंत्रता दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद अचानक बेहोश होकर गिरी शिल्पा पिछले तीन दिनों से जबलपुर के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में जिंदगी की जंग लड़ रही है अब जबलपुर के चिकित्सक ने छात्रा की गंभीर हालत देखते हुए नागपुर रेफर कर दिया हैं। देर शाम परिजन निजी एम्बुलेंस से छात्रा को नागपुर के लिए रवाना हो गए हैं। बताया गया है कि शिल्पा स्कूल की हर गतिविधि में भाग लेती थी। स्वतंत्रता दिवस पर अपनी प्रस्तुति देने के एक घंटे बाद ही उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन होश न आने पर उसे जबलपुर मेडिकल रेफर कर दिया गया था
प्रशासनिक अमला अलर्ट, परिसर में साफ-सफाई
जब यह मामला मीडिया और जनप्रतिनिधियों के संज्ञान में आया तो स्कूल प्रबंधन द्वारा स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई और हॉस्टल के गेट पर ताला लगा दिया गया। विरोध के बाद निवास एसडीएम सीएल वर्मा सहित पूरा प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। जाँच में पाया गया कि लगभग डेढ़ दर्जन बच्चे बीमार थे। इनमें से 16 बच्चों को इलाज के लिए जिला अस्पताल मंडला भेजा गया, जहाँ मंडला कलेक्टर सोमेश मिश्रा खुद उनसे मिलने पहुंचे।
बच्चों को दिया गया तीन दिन का अवकाश
घटना के बाद से ही स्कूल परिसर में प्रशासन का डेरा जमा हुआ है। अन्य बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया और परिसर में विशेष साफ-सफाई की गई है। रविवार को सभी स्वस्थ बच्चों को शासकीय वाहनों से उनके घर भेजा गया और हॉस्टल में पाउडर का छिड़काव किया गया। रविवार को मंडला जिला स्वास्थ एवं जबलपुर स्वास्थ विभाग की टीम पहुंची। विकासखंड शिक्षा अधिकारी सुनील दुबे ने बताया कि बच्चों को तीन दिन का अवकाश दिया गया हैं जिससे बच्चे घर पर अपनी सेहत का अच्छे से ख्याल रख सकें और दूरी बनाए रखें। स्कूल परिसर पर विशेष साफ सफाई कराई जा रही है। लगातार जिला कलेक्टर सोमेश मिश्रा, निवास एसडीएम सीएल वर्मा समेत जिला शिक्षा अधिकारी पल पल की अपडेट ले रहे है।
इनका कहना हैं
लगातार हमारे द्वारा निगरानी की जा रही हैं, जो बच्चे स्वस्थ थे उन्हें शासकीय वाहनों से घर भेजा गया हैं, तीन दिन का अवकाश दिया गया हैं, परिसर पर विशेष तौर पर साफ सफाई की जा रही है, पल पल की अपडेट निवास एसडीएम और जिला कलेक्टर हमसे ले रहे हैं। 16 बच्चे मंडला जिला अस्पताल में हैं अभी और एक छात्रा की है हालत नाजुक हैं।
सुनील दुबे, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, निवास
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे
⇓
एकलव्य विद्यालय में डेढ़ दर्जन बच्चे बीमार – Mahaveer News 29










