आज निकलेगी महाकाल की शाही पालकी शोभायात्रा, उदय चौक में होगी भजन संध्या
- शेषनाग मंदिर में रामायण पाठ का समापन
- सोमवार को झंडा शोभायात्रा का स्वागत
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला शहर आज धार्मिक आयोजनों से गुलजार रहेगा। सावन महोत्सव के तहत आज महाकाल की शाही पालकी शोभायात्रा निकाली जाएगी। झंडा यात्रा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि यह शोभायात्रा महिष्मति घाट मंडला से दोपहर 3 बजे आरंभ होगी। शाम 5 बजे उदय चौक में सुप्रसिद्ध कथावाचक और पचरा गीत गायक छत्तीसगढ़ के पंडित युवराज पांडेय द्वारा भजन गीत की शानदार प्रस्तुति दी जाएगी।
पंडित युवराज पांडेय छत्तीसगढ़ के गौरव और राष्ट्रीय कथावाचक आचार्य के रूप में जाने जाते हैं। इस आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पालकी शोभायात्रा के दौरान विशेष आतिशबाजी और पुष्प वर्षा के साथ नगर के अनेक स्थानों पर सामाजिक संगठनों द्वारा स्वागत कार्यक्रम का आयोजन भी किया जा रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता आकाश चौरसिया ने बताया कि उदय चौक में भव्य आयोजन की तैयारी है, जहां भजन गीत के साथ बाबा महाकाल की महाआरती भी होगी।
इसी क्रम में जिला पंचायत के सामने स्थित हनुमान शेषनाग मंदिर में श्रावण मास के अवसर पर आयोजित अखंड रामायण पाठ का समापन आज होगा। सामाजिक कार्यकर्ता सुधीर कांसकार ने बताया कि इसके साथ ही भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक, हवन, पूजन, आरती एवं प्रसाद वितरण भी किया जाएगा। वहीं, सोमवार को महिष्मति घाट मंडला से आरंभ हो रही भव्य झंडा शोभायात्रा का स्वागत भी शेषनाग मंदिर में होगा। यह संपूर्ण आयोजन पंडित पौराणिक पूज्य रामनाथ शास्त्री के सानिध्य में संपादित होंगे।
मंगलवार को जन जागृति महिला मंडल राजीव कॉलोनी देवदरा के तत्वावधान में कांवड़ यात्रा हनुमान मंदिर बजरंग चौक माउंटफोर्ट राजीव कॉलोनी देवदरा से महिष्मति घाट के लिए सुबह 11 बजे से प्रारंभ होगी। इस कांवड़ यात्रा का स्वागत वंदन कार्यक्रम झंडा चौक स्थित कल्याण आभूषण सोनी, सन्याल स्कूल के पास स्थित चौकसे फर्नीचर और महाराजपुर स्थित दादा धनीराम आश्रम के बाजू से राधा राज आश्रम में उत्तरवाहिनी मां नर्मदा समिति द्वारा किया जाएगा।










