मंडला-बम्हनी मार्ग पर गड्ढों का राज, रोज हो रही दुर्घटनाएं
- पीडब्ल्यूडी ने झाड़ा पल्ला
- वाहन चालकों ने की तत्काल मरम्मत की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला को बम्हनी बंजर से जोडऩे वाली सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि इस पर चलना किसी सर्कस में करतब दिखाने जैसा हो गया है। जगह-जगह हुए गहरे गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह रास्ता किसी खतरे से खाली नहीं है। प्रेमपुर के पास भी बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर इतने गड्ढे हैं कि यह समझना मुश्किल हो जाता है कि वाहन कहाँ से निकाले। बारिश के कारण गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अनुमान लगाना और भी मुश्किल हो जाता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इन दुर्घटनाओं में जान-माल का नुकसान भी हो रहा है।
वाहन चालकों ने अपनी समस्या बताते हुए कहा कि सिवनी जिले को जोडऩे वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग पर संबंधित विभाग द्वारा गड्ढों को भरने के लिए कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। इससे दोपहिया और चारपहिया वाहन अनियंत्रित हो रहे हैं, जिससे कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है। जब इस सड़क की समस्या को लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के संज्ञान में लाया गया, तो उन्होंने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि यह सड़क नेशनल हाईवे की है, और वे इसमें कोई सुधार कार्य नहीं कर सकते।
बताया गया कि सड़क की इस बदहाली के पीछे रात-दिन ओवरलोड डंपरों का आवागमन भी एक बड़ा कारण है। संबंधित अधिकारियों के इस लापरवाही और अनदेखी रवैये के बाद जनता से अपील की गई है कि वे अपनी जान-माल की सुरक्षा खुद करें और बम्हनी से मंडला मार्ग पर संभलकर चलें।









