जिला अस्पताल में डॉक्टरों की कमी, संघ ने सौंपा ज्ञापन
- 32 स्वीकृत पदों पर सिर्फ 2 महिला चिकित्सक, मरीजों का इलाज प्रभावित
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला अस्पताल मंडला में नियमित चिकित्सा अधिकारियों की कमी को लेकर मध्यप्रदेश चिकित्सा अधिकारी संघ ने चिंता व्यक्त की है। संघ ने सीएमएचओ और सिविल सर्जन को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें तत्काल नियमित डॉक्टरों की नियुक्ति की मांग की गई है। संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. हेमेंद्र चौहान ने बताया कि जिला चिकित्सालय में 32 चिकित्सकों के पद स्वीकृत हैं, लेकिन वर्तमान में केवल दो नियमित महिला चिकित्सा अधिकारी ही पदस्थ हैं। अस्पताल में एक भी नियमित पुरुष चिकित्सा अधिकारी नहीं है।
डॉ. हेमेन्द्र चौहान ने बताया कि जिला अस्पताल में रोजाना 500 से 700 मरीज इलाज के लिए आते हैं, और इनमें से 50 से 80 गंभीर मरीज भर्ती होकर उपचार कराते हैं। नियमित चिकित्सा अधिकारियों की कमी के कारण पोस्ट ग्रेजुएट चिकित्सा अधिकारियों को अत्यधिक शारीरिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ओपीडी, आईपीडी, एमएलसी, पोस्टमार्टम और आपातकालीन ड्यूटी जैसे सभी महत्वपूर्ण कार्य इन्हीं गिने-चुने डॉक्टरों द्वारा संभाले जा रहे हैं।
संघ का कहना है कि पोस्ट ग्रेजुएट चिकित्सा अधिकारी भी इन कार्यों में शामिल हैं, लेकिन इस दबाव के कारण वे अपनी विशेषज्ञता का कार्य पूर्ण क्षमता से नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उन पर मानसिक दबाव बढ़ रहा है। मेडिकल ऑफिसर एसोसिएशन ने शीघ्र से शीघ्र मंडला जिला अस्पताल में नियमित चिकित्सा अधिकारियों की नियुक्ति के लिए आवश्यक कार्यवाही करने का अनुरोध किया है।









