बाल व शिशु मृत्यु दर रोकने दस्तक अभियान का आगाज

बाल व शिशु मृत्यु दर रोकने दस्तक अभियान का आगाज

  • दस्तक अभियान और एनीमिया मुक्त भारत पर टास्क फोर्स बैठक
  • 22 जुलाई से 16 सितंबर तक चलेगा अभियान
  • बाल स्वास्थ्य सुधार पर दिया जाएगा जोर

मंडला महावीर न्यूज 29. दस्तक अभियान और एनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि दस्तक अभियान में 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों की जांच की जाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य बाल एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाना और बाल्यकालीन बीमारियों की रोकथाम करना है। जिला टीकाकरण अधिकारी ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता और एएनएम द्वारा बीमार कुपोषित बच्चों, गंभीर एनीमिया के बच्चों, निर्जलीकरण, निमोनिया और अन्य खतरे वाले बच्चों की जांच और उपचार किया जाएगा।

सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने बताया कि एनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम के तहत सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर 6 माह से 59 माह तक के बच्चों को प्रति मंगलवार और शुक्रवार को आईएफए सिरप पिलाई जाएगी। 6 माह से 3 वर्ष तक के बच्चों को घर-घर जाकर कार्यकर्ता द्वारा आईएफए सिरप की बोतल दी जाएगी। सभी निजी और शासकीय स्कूलों में शिक्षकों द्वारा प्रति मंगलवार को भोजन के बाद बच्चों को आईएफए गोली खिलाना सुनिश्चित किया जाएगा। इसके साथ ही विटामिन सी और आयरन युक्त खाद्य पदार्थ लेने की सलाह भी दी जाएगी। महिला बाल विकास और शिक्षा विभाग द्वारा समय-समय पर आंगनबाड़ी केंद्रों और स्कूलों का मूल्यांकन भी किया जाएगा।


 

Leave a Comment