दस्तक अभियान की सफलता पर जोर, प्रचार-प्रसार सामग्री वितरित

दस्तक अभियान की सफलता पर जोर, प्रचार-प्रसार सामग्री वितरित

  • नारायणगंज में आशा कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित
  • दस्तक अभियान और सर्पदंश, मलेरिया जागरूकता पर दिया जोर

मंडला महावीर न्यूज 29. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज में सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल के मार्गदर्शन में आशा कार्यकर्ताओं और पर्यवेक्षकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी दस्तक अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए विस्तृत कार्य योजना तैयार करना था। बैठक में डॉ. अमृत लाल कोल ने दस्तक अभियान के महत्व पर प्रकाश डाला और सभी आशा कार्यकर्ताओं एवं पर्यवेक्षकों से इस अभियान को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया। उन्होंने जोर दिया कि घर-घर जाकर बच्चों और गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जानकारी एकत्र करना और उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान करना अत्यंत महत्वपूर्ण है।

बैठक में बीसीएम शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि दस्तक अभियान से संबंधित प्रचार-प्रसार सामग्री भी सभी आशा कार्यकर्ताओं को वितरित की गई, जिससे वे अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान के उद्देश्यों और संदेशों को प्रभावी ढंग से पहुँचा सकें। इस सामग्री में स्वास्थ्य जागरूकता संबंधी पैम्फलेट, पोस्टर शामिल थे। इस अवसर पर सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल, बीसीएम शैलेन्द्र सिंह, बीईई विजय मरावी, नारायणगंज ब्लॉक के सभी सेक्टरों की आशा कार्यकर्ता एवं आशा पर्यवेक्षक और सुपरवाईजर उपस्थित रहे।

नारायणगंज सेक्टर की मासिक बैठक आयोजित 

नारायणगंज सेक्टर की मासिक बैठक आयोजित की गई। जिसमें आशा कार्यकर्ताओं के मासिक भुगतान पत्रक जमा किये गए और उनके द्वारा पूरे माह किए गए कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में दस्तक अभियान पर विस्तार से चर्चा की गई। आशा पर्यवेक्षक मीना चक्रवर्ती ने सभी कार्यकर्ताओं से इस अभियान के सफल क्रियान्वयन में सक्रिय सहभागिता निभाने का आग्रह किया।

उन्होंने जोर दिया कि घर-घर जाकर लोगों को महत्वपूर्ण स्वास्थ्य जानकारियाँ प्रदान की जाएँ। मीना चक्रवर्ती ने आशाकार्यकर्ताओं से सर्पदंश के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि वे अपने क्षेत्र में लोगों को सर्पदंश से बचाव और प्राथमिक उपचार के बारे में शिक्षित करें। इसके साथ ही जल जनित बीमारियों और मलेरिया के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। कार्यकर्ताओं को बताया कि वे लोगों को मलेरिया कैसे फैलता है और इसके लक्षणों के बारे में विस्तार से बताएँ, जिससे समुदाय में इन बीमारियों के प्रति जागरूकता बढ़े और उचित सावधानी बरती जा सके।


 

Leave a Comment