नशे के खिलाफ अलख, छात्रों और युवाओं को किया जागरूक
- नारायणगंज कुड़ामैली हाईस्कूल में आयोजित किया जागरूकता कार्यक्रम
मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज टिकरिया पुलिस द्वारा नशे से दूरी है जरूरी अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम शैक्षणिक संस्थान, साप्ताहिक बाजार और सार्वजनिक स्थल पर आयोजित किया जा रहा है। इस जन-जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देना और उन्हें इसके सेवन से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है। इस अभियान के तहत हर स्कूल और गली-मोहल्ले में बैनर लगाए जा रहे हैं, जिससे व्यापक स्तर पर जागरूकता फैलाई जा सके। टिकरिया थाना प्रभारी गोपाल भोसले और उनके स्टाफ द्वारा शासकीय उत्कृष्ट हाईस्कूल और मॉडल स्कूल कुड़ामैली में छात्रों को नशे से दूरी बनाने के लिए जागरूक किया। उन्होंने छात्रों को नशे से दूर रहने का आग्रह किया। इस दौरान एसआई पंकज सिंह ने भी नशा मुक्ति पर विस्तार से जानकारी देते हुए शपथ दिलाई।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने छात्रों और युवाओं को यह समझाया कि किसी भी प्रकार का नशा, चाहे वह शराब हो या तंबाकू या कोई भी मादक पदार्थ, व्यक्ति के स्वास्थ्य और शरीर को गंभीर नुकसान पहुंचाता है। नशे की लत न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य को प्रभावित करती है, बल्कि सामाजिक और पारिवारिक जीवन पर भी नकारात्मक प्रभाव डालता है।
टिकरिया पुलिस ने लोगों से नशे से दूर रहने और एक स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि नशे से दूरी बनाकर रखना और अपनी भावी पीढिय़ों को भी इससे बचाना अत्यंत आवश्यक है। इस अभियान के तहत 30 जुलाई तक लगातार स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक लोगों को इस गंभीर समस्या के प्रति सचेत किया जा सके और उन्हें नशे से दूर रखा जा सके।










