चटरा डुंगरिया में शहीद रेवत सिंह का मनाया बलिदान दिवस

चटरा डुंगरिया में शहीद रेवत सिंह का मनाया बलिदान दिवस

  • जवान शहीद की याद में वृक्षारोपण
  • गांव को नशामुक्त बनाने का लिया संकल्प

मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड नारायणगंज के भवाल के ग्राम चटरा डुंगरिया में आरपीएफ जवान शहीद रेवत सिंह उइके का बलिदान दिवस गौरव दिवस के रूप में मनाया गया। वर्ष 2009 में जम्मू-कश्मीर में देश की सेवा करते हुए शहीद हुए रेवत सिंह उइके की शहादत को ग्रामवासियों ने बड़े ही सम्मान और श्रद्धा के साथ याद किया। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी ग्राम के भारतीय आम नागरिक देश संघर्ष युवा संगठन भवाल क्षेत्र के चटरा डुंगरिया के युवाओं ने शहीद रेवत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर उनके बलिदान को नमन किया। प्रतिमा पूजा के बाद राष्ट्रगान गाकर शहीद को श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने अपने-अपने विचार व्यक्त किए और शहीद को याद किया।

ग्राम के सरपंच हेम राज पंद्रो ने इस दौरान समाज को नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया। समाज सेवक दुर्गेश सिंगरोरे ने शहीद रेवत के बलिदान को याद करते हुए भावुक होकर कहा कि जिस दिन रेवत शहीद हुए थे, पूरा गांव शोक में डूब गया था। उन्होंने गांव को नशामुक्त बनाने की बात पंचों, मुकद्दमों और बुजुर्गों से कही। इसके साथ ही अगले साल रेवत सिंह की याद में गांव के आर्थिक उत्थान के लिए रेवत महुआ वन वृक्षारोपण करने का संकल्प भी लिया गया।

शहीद रेवत सिंह उइके की स्मृति में भारतीय आम नागरिक देश संघर्ष युवा संगठन के कार्यकर्ताओं ने वृक्षारोपण किया। आरपीएफ जवान की याद में एक अशोक का पेड़ लगाया गया। ग्रामवासियों ने आगामी वर्ष में रेवत महुआ वन बनाने का संकल्प लिया, जो उनकी याद को चिरस्थायी बनाएगा। कार्यक्रम में शहीद रेवत सिंह उइके के परिजन उनकी माता समलो बाई और बहन बसंती उइके उपस्थित रहीं। इनके अलावा ग्राम के पंच, मुकद्दम अकल सिंह, बाबू लाल, हरिचंद्र तेकाम, फाग राम उइके, फूलचंद्र वरकड़े, रूपसिंह मलथरिया, सूमरत सहित समस्त ग्रामवासी और भारतीय आम नागरिक देश संघर्ष युवा संगठन के कार्यकर्ता रमेश, जयसिंह, सुखसेन, सुब्बे लाल, बीरेंद्र भी शामिल हुए।


 

Leave a Comment