बीजाडांडी सीईओ पर भ्रष्टाचार के आरोप, जनपद उपाध्यक्ष ने हटाने की मांग की
- उग्र आंदोलन की चेतावनी, सीईओ की कार्यशैली से परेशान जनपद सदस्य
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले की जनपद पंचायत बीजाडांडी में पदस्थ सीईओ वासंती दुबे पर भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगे हैं। जनपद उपाध्यक्ष विजेंद्र यादव ने मंडला कलेक्टर से इसकी शिकायत कर सीईओ को तत्काल हटाने की मांग की है। जनपद उपाध्यक्ष विजेंद्र यादव ने बताया कि सीईओ द्वारा जनपद सदस्यों की उपेक्षा की जा रही है और विभिन्न शाखाओं में फर्जी बिल लगाकर खुला भ्रष्टाचार किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मनरेगा निर्माण कार्यों के सामग्री बिलों के भुगतान के लिए वेंडरों से पांच से दास प्रतिशत कमीशन की मांग की जाती है, जिससे राशि आवंटन होने के बावजूद भुगतान लंबित है।
मंडला कलेक्टर से की गई शिकायत में कहां गया है कि समग्र आईडी विभाजन और आदिवासी हितग्राही मूलक कार्यों में भी पैसों की मांग की जाती है। पांचवें, पंद्रहवें वित्त, विधायक और सांसद निधि के निर्माण कार्यों में भी बिना पैसे लिए राशि जारी नहीं की जाती। इसके साथ ही आवंटन होने के बावजूद मूल कर्मचारियों का पिछले तीन महीने से वेतन भुगतान नहीं किया गया है।
जनपद उपाध्यक्ष विजेंद्र यादव ने कहां कि समस्या निराकरण के लिए यह अंतिम बार आवेदन दिए है, इसके बाद तीन दिन का धरना प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि सीईओ को जल्द नहीं हटाया गया, तो उन्हें उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।









