यादव समाज का पांच दिवसीय श्रीकृष्ण जन्मोत्सव आज 3 सितंबर से
वाहन रैली और मेधावी छात्रों का सम्मान होगाा आकर्षण का केन्द्र
- कृष्ण जन्माष्टमी की भव्य तैयारी, 3 से 7 सितंबर तक मनेगा जन्मोत्सव
- यादव युवा मंडल निकालेगा विशाल वाहन रैली
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला यादव समाज युवा एवं महिला मंडल मंडला द्वारा वर्ष 2026 के श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह पांच दिवसीय महोत्सव 3 सितंबर गुरुवार से प्रारंभ होकर 7 सितंबर बुधवार तक उल्लास के साथ मनाया जाएगा। आयोजन को लेकर यादव समाज ने सामाजिक भवन में बैठक कर विस्तृत रूपरेखा तैयार कर ली है और इसकी तैयारियां जोरों पर हैं।
महोत्सव की विस्तृत रूपरेखा के अंतर्गत आज 3 सितंबर को सुबह 10 बजे से भगवान श्रीकृष्ण के विशेष पूजन एवं आरती के साथ महोत्सव का विधिवत शुभारंभ होगा। 4 सितंबर शुक्रवार सुबह 7 बजे से भगवान का अभिषेक, हवन-पूजन और प्रसादी वितरण किया जाएगा। इसी दिन दोपहर में युवा यादव समाज के नेतृत्व में नगर में एक विशाल और भव्य वाहन रैली निकाली जाएगी। 7 सितंबर बुधवार सुबह 10 बजे भगवान श्रीकृष्ण का छठी कार्यक्रम संपन्न होगा। इसके साथ ही समाज के उत्कृष्ट छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह का आयोजन कर महोत्सव का समापन किया जाएगा।
महोत्सव के यह सभी कार्यक्रम जिला यादव समाज भवन, पिपलघाट स्वामी सीताराम वार्ड, मंडला में आयोजित किए जाएंगे। आयोजन समिति ने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से सपरिवार उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने और कार्यक्रमों को सफल बनाने का आग्रह किया है।








