मंडला में 14 जुलाई को लगेगा आयुष्मान आरोग्यम शिविर
- जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर मिलेंगी विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएँ, जांच व उपचार की सुविधा
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में जन समुदाय को उनके निवास के नजदीक ही स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 14 जुलाई को जिले भर में आयुष्मान आरोग्यम शिविर का आयोजन किया जाएगा। ये शिविर सभी आयुष्मान आरोग्यम मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, शहरी स्वास्थ्य केंद्र, मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक और सभी उप स्वास्थ्य केंद्र पर लगाए जाएंगे, जिससे लोगों को लगातार और सुचारू रूप से स्वास्थ्य सुविधाएँ मिल सकें। इन शिविरों में कई तरह की स्वास्थ्य सेवाओं की जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी। इनमें गर्भावस्था एवं प्रसव संबंधित देखभाल, नवजात एवं शिशु स्वास्थ्य संबंधित देखभाल, गैर संचारी रोग उपचार, संचारी रोग और वैलनेस गतिविधियां शामिल हैं।
बताया गया कि स्वास्थ्य सुविधाए प्रदान करने में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मेडिकल ऑफिसर और आयुष्मान आरोग्यम मंदिरों में कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर की मुख्य भूमिका रहेगी। इस पूरे कार्य की निगरानी ब्लॉक स्तर पर विकासखंड चिकित्सा अधिकारी, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक और विकासखंड कम्युनिटी मोबिलाइजर करेंगे। जिला स्तर पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी, जिला टीकाकरण अधिकारी, जिला एनसीडी नोडल अधिकारी और संचारी रोग की निगरानी के लिए जिला टीबी अधिकारी एवं एपिडर्मियोलॉजिस्ट द्वारा मॉनिटरिंग की जाएगी। इसके साथ ही किए गए कार्यों की रिपोर्टिंग भारत सरकार द्वारा निर्मित आयुष्मान आरोग्यम पोर्टल पर 14 जुलाई की शाम 5 बजे तक सभी आयुष्मान आरोग्यम मंदिरों से पूरी कर ली जाएगी। सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने जन समुदाय से अपील की है कि वे अपने नजदीकी आयुष्मान आरोग्यम शिविर में जाकर इन स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाएं।











