विद्यार्थी परिषद का देश के भविष्य गढऩे में 77 वर्षों से महत्वपूर्ण योगदान-संजय कुशराम
- अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का मनाया 77 वां स्थापना दिवस
- आयोजित हुई संगोष्ठी, रक्तदान जागरूकता और किया पौधारोपण
मंडला महावीर न्यूज 29. विश्व के सबसे बड़े छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने शासकीय आईटीआई मंडला में अपना 77वां स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों के रक्त समूह का परीक्षण कर उन्हें रक्तदान के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के अंत में पौधारोपण भी किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम ने कहा कि भारत के सर्वांगीण विकास के लिए युवा शक्ति को स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात करते हुए आगे आना होगा। उन्होंने एबीवीपी की सराहना करते हुए कहा कि संगठन स्वामी विवेकानंद के विचारों को युवाओं तक पहुंचाकर राष्ट्रीय पुनर्निर्माण में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि विद्यार्थी परिषद छात्र शक्ति को राष्ट्र शक्ति के रूप में विकसित करता है और युवाओं के हृदय में राष्ट्रवाद का भाव जागृत करता है।
एबीवीपी ने इतने लंबे समय तक अपने ध्येय पथ पर बने रहकर और देश हित में कार्य करते रहने का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया है। एक छात्र संगठन होने के बावजूद, एबीवीपी ने शिक्षा क्षेत्र के साथ-साथ समाज और देश हित में भी कई विषयों पर कार्य किया है और नए आयाम स्थापित किए हैं। कार्यक्रम में महाविद्यालय प्राचार्य आरएस वरकड़े, नगर विस्तारक विशाल ओबेराय, प्रांत कार्यसमिति सदस्य वागीश पटेल, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य व नगर मंत्री प्रिंस सिंह, जिला खेलो भारत प्रमुख शिवांग मार्को सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










