बम्हनी हवेली की सड़कें ओवरलोड डोलोमाइट डंपरों से छलनी

बम्हनी हवेली की सड़कें ओवरलोड डोलोमाइट डंपरों से छलनी

  • प्रशासन पर निष्क्रियता का आरोप
  • जनता में गहरा आक्रोश, दुर्घटनाओं का बढ़ा खतरा

मंडला महावीर न्यूज 29. बम्हनी हवेली क्षेत्र की सड़कें इन दिनों ओवरलोड डोलोमाइट से भरे डंपरों के कहर से जूझ रही हैं। मानक क्षमता से डेढ़ गुना तक अधिक भार लेकर दौड़ते ये भारी वाहन बरसात से कमजोर हुई सड़कों को पूरी तरह से तबाह कर रहे हैं। इस गंभीर समस्या के कारण आमजन को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे जनता में प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश व्याप्त है।

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि प्रशासनिक लापरवाही और प्रभावशाली जनप्रतिनिधियों के दबाव में डंपर मालिकों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। जिसके कारण सड़कें जगह-जगह से बुरी तरह टूट चुकी हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल जाने वाले बच्चे, बीमार व्यक्ति और यहां तक कि आपातकालीन सेवाएं भी इस अव्यवस्था से बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन ओवरलोड वाहनों की सघन जांच और उन पर कड़ी कार्रवाई करे तो न केवल सरकारी राजस्व में वृद्धि हो सकती है, बल्कि सड़कों को बर्बाद होने से भी बचाया जा सकता है। हालांकि ऐसा प्रतीत होता है कि डंपर लॉबी के आगे प्रशासन बेबस और निष्क्रिय है। क्षेत्रवासियों ने कहां कि ओवरलोडिंग के कारण आए दिन वाहन पलटने, टायरों के फटने और ब्रेक फेल होने जैसी दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन इन घटनाओं के बाद केवल कागजी खानापूर्ति कर चुप बैठ जाता है। स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि इस अवैध परिवहन पर जल्द रोक नहीं लगाई गई तो क्षेत्र में एक बड़ा जन आंदोलन करने मजबूर होंगे।


 

Leave a Comment